Haryana Abhitak News 14/06/23

काजल गुलिया

NEET परीक्षा परिणाम में The Heights के विद्यार्थियों ने मारी बाजी
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : कल घोषित NEET परिणामों में The Heights के विद्यार्थियों का प्रदर्शन शानदार रहा। काजल गुलिया ने 591 अंक लेकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा, काजल कादयान 528, दीपिका यादव ने 447, कृष ने 418, दीपा ने 408 अंक प्राप्त किए। संस्था के कुल 20 बच्चों ने NEET क्वालीफाई किया। इस अवसर पर संस्था निदेशक श्री नवींद्र कुमार, प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार व सभी स्टाफ सदस्यों ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी तथा विद्यालय में मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई। विद्यालय निदेशक ने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। सफलता तो निरंतर मेहनत करने से ही मिलती है। The Heights संस्था लगातार कई वर्षों से सभी तरह की परीक्षाओं में परचम लहराती रही है। निदेशक ने बताया कि हम सभी भविष्य में भी अच्छे परिणामों के लिए कृत संकल्प है।

संस्कारम के विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में स्थापित किया नया कीर्तिमान, परीक्षा को क्वालीफाई किया 36 विद्यार्थियों ने
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : खातीवास स्थित संस्कारम स्कूल के विद्यार्थियों ने कल घोषित किए गए नैशनल टैसटिंग एजेंसी, नई दिल्ली परीक्षा परिणाम में संस्कारम के 36 विद्यार्थियों ने मैडिकल कॉलेज में प्रवेश हेतु नीट 2023 क्वालीफाई कर सरकारी एवं प्रतिष्ठित मैडिकल कॉलेजों में प्रवेश निश्चित किया है। जिनमें साक्षी पुत्री देवेंदर ने 645 अंक, साहिल पुत्र घनश्याम ने 633, राखी पुत्री ईश्वर सिंह ने 617, रश्मि पुत्री राकेश ने 605 अंक, स्वाति पुत्री शरद ने 603 अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अलावा दिव्यांशी, चारु, सरोज, शुभम्, ईशिता, तन्नू, सुरभि, स्नेहा, कोमल, रोहित, मंजीत ने भी क्वालिफाई किया। गौरतलब है कि इस परीक्षा के बाद विद्यार्थियों के पास मेडिकल की पढ़ाई के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज के रास्ते खुलते हैं। संस्कारम समूह के चेयरमैन महिपाल ने नीट परीक्षा के शानदार परिणाम पर विद्यार्थियों व अभिभावकगण के साथ-साथ शिक्षकों को बधाई दी एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चेयरमैन महिपाल ने कहा कि सही समय पर सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है और जो विद्यार्थी लगातार उचित मेहनत करता है वही लक्ष्य को प्राप्त करता है। ज्ञात रहे पिछले दिनों घोषित जेईई, एनडीए के परीक्षा परिणामों में भी संस्कारम के विद्यार्थियों ने सफलता के शिखर को छुआ है और लगातार अपने प्रदर्शन के बदौलत साबित किया है कि बोर्ड के साथ साथ कंपटीशन एग्जाम्स में संस्कारम क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों की पहली पसंद है। छात्रा साक्षी ने अपने श्रेष्ठ परिणाम के लिए अपने माता पिता, चेयरमैन महिपाल को देते हुए बताया कि निश्चित समय पर आयोजित होने वाले मॉक टेस्ट, सेल्फ स्टडी ने संभव बनाया।

नरकीय जिन्दगी जीने को मजबूर झज्जर वासी, जनप्रतिनिधि मौन
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : प्रशासनिक उदासीनता का शिकार बदहाल झज्जर की दयनीय स्थिति को देख आमजन का गुस्सा सरकार व प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी फूट रहा है और लोगों में सरकार व जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी दिनों दिन बड़ रही है। झज्जर की सभी मुख्य सडक़ें बदहाल हैं और प्री मानसून के साथ मानसून भी दस्तक दे रहा है। ऐसे में झज्जर के लोगों को इस बार बरसात में नरक जैसे हालातों का सामना करना पड़ सकता है, जिसे लेकर नगर वासियों की चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस नेता राजकुमार कटारिया ने भी शहर की बदहाली पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकार और चुने हुए प्रतिनिधियों ने झज्जर की दयनीय स्थिति को लेकर कबूतर की तरह आंखें मूंद ली हैं और शहर वासियों को लावारिश की तरह छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जनता बेहाल है, व्यापारी व दुकानदार भुखमरी के कगार पर आ गए हैं और अपनी दुकानों को बंद कर घर बैठने को मजबूर हो गए हैं। श्री कटारिया ने कहा कि सरकार व जनप्रतिनिधियों के लिए डूबकर मरने की बात है। कि वे लोगों की पीड़ा तक नहीं समझ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झज्जर में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद हालात बदतर हैं। राजकुमार ने कहा है कि जनप्रतिनिधि सरकार का हो या विपक्ष का समस्याओं को लेकर सडक़ से लेकर विधानसभा तक आवाज उठानी चाहिए थी। राजकुमार कटारिया ने कहा कि जनता के वोट लेने वाला आज सांसद कहां है? झज्जर की जनता यह जानना चाहती है कि नगर परिषद चेयरमैन, पार्षद, स्थानीय विधायक आखिर कहां है और उन्हें नगर की बदहाली क्यों नहीं दिख रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता का वोट हासिल कर सत्ता सुख भोगने वाले नेता अपना मुंह खोलने की बजाए मुंह में दही जमा कर बैठे हैं लेकिन जनता अब समझ गई है कि ऐसे लोगों को चुुनकर लोकसभा व विधानसभा में भेजने से अच्छा है कि जनता के हितों को समझने वाला व्यक्ति को चुना जाए। उन्होंने कहा कि जिस दिन जनता जाति, वर्ग, धर्म की चादर ओढ़ कर वोट करना बंद कर देगी तो विकास के रास्ते भी उसी दिन से खुल जाएंगे। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है और जनता जनार्दन की समस्याओं से स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि झज्जर शहर की सभी सडक़ें बदहाल हैं। सडक़ों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं और सीवर का गंदा पानी खड़ा है। जिससे नगर में बीमारियां फैलने की आशंका भी बन गई है। राजकुमार कटारिया ने कहा कि इस बार के चुनाव में चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा में जन कल्याणकारी सरकार बनेगी और झज्जर के लोगों को भी वे समस्याओं से छुटकारा दिलाएंगे।

थाना आसौदा का औचक निरीक्षण करते हुए एसपी डॉक्टर अर्पित जैन

एसपी डॉ अर्पित जैन ने किया थाना आसौदा का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दिए आवश्यक दिशा निर्देश
बहादुरगढ़, 14 जून (अभीतक) : पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने बुधवार को थाना आसौदा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना आसौदा के भवन परिसर में की गई व्यवस्थाओं, जवानों के रहन-सहन व रसोई तथा स्वच्छता इत्यादि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रबन्धक को थाना के रिकॉर्ड व अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा थाना प्रांगण में साफ सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण करते हुए उन्होंने थाना में बिजली, पीने का स्वच्छ पानी तथा जवानों के लिए रहने व मैस इत्यादि की व्यवस्थाओं को सुचारू व दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए। एसपी डॉ अर्पित जैन ने थाना प्रबंधक निरीक्षक जसबीर सिंह व थाना में तैनात अनुसंधान अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि जनहित का कोई भी कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी कार्य समय अनुसार पूर्ण किए जाएं। थाना में आई किसी भी तरह की शिकायत पर तुरन्त कार्यवाही करके संबंधित अनुसंधानकर्ता को कार्यवाही के लिए सौंपा जाए। कोई भी शिकायत किसी भी परिस्थिति में लंबित नहीं रहनी चाहिए। किसी भी तरह के अपराध की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर मुनासिब कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने सभी पुलिस कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी निष्ठापूर्वक व इमानदारी से करने तथा आमजन की भलाई के लिए हमेशा तत्पर रहने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने थाना में आए प्रत्येक व्यक्ति/फरियादी के साथ सम्मान पूर्वक व्यवहार करने तथा उनकी शिकायत पर तत्परता से समुचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रबंधक को थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौतरफा निगरानी रखने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल करने तथा वांछित आरोपियों/दोषियों की धरपकड़ के लिए गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी डॉक्टर अर्पित जैन की मुख्य मौजूदगी में थाना प्रबंधक निरीक्षक जसबीर सिंह, एमएचसी (मुंशी) थाना बादली मुख्य सिपाही अनिल कुमार व अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।

मादक एवं नशीले पदार्थ के साथ एक आरोपी काबू, एक किलो 147 ग्राम अफीम बरामद
बहादुरगढ़, 14 जून (अभीतक) : झज्जर पुलिस की एक टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई है। बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र में मुस्तैदी से तैनात सीआईए प्रथम बहादुरगढ़ की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मादक पदार्थ अफीम के साथ काबू किया गया है। सीआईए वन बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक जयवीर ने बताया कि मादक एवं नशीले पदार्थों की तस्करी के अवैध धंधे पर अंकुश लगाने तथा नशीले पदार्थों के अवैध धंधे में लिप्त दोषियों की धरपकड़ के संबंध में एसपी डॉक्टर अर्पित जैन द्वारा कड़े दिशा निर्देश किए गए थे। एसपी के दिशा निर्देशानुसार मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को नशीले पदार्थ अफीम के साथ काबू किया गया। उन्होंने बताया कि सीआईए वन बहादुरगढ़ में तैनात सहायक उपनिरीक्षक शमशेर के नेतृत्व में सीआईए की पुलिस टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर सतर्कता से कार्रवाही करते हुए सेक्टर 09 मोड के नजदीक से काबू किया गया। पुलिस टीम द्वारा काबू किए गए व्यक्ति के पास नशीला पदार्थ होने के संदेह पर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। जिसके पश्चात मौका पर पहुंचे राजपत्रित अधिकारी के समक्ष नियम अनुसार तलाशी ली गई, तो पकड़े गए व्यक्ति के कब्जे से नशीला पदार्थ अफीम बरामद हुई। जिसका वजन करने पर एक किलो 147 ग्राम पाया गया। मादक पदार्थ अफीम के साथ पकड़े गए व्यक्ति की पूछताछ में पहचान धर्मेंद्र पुत्र श्यामलाल निवासी सेखुपुर अतरौली जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में नशा तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वह यह नशीला पदार्थ नोएडा से लेकर आया था और बहादुरगढ़ मे बेचने की फिराक में था। नशीले पदार्थ अफीम के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाही करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ सीआईए प्रथम बहादुरगढ़ में तैनात सहायक उपनिरीक्षक चांदराम ने कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया। अदालत से आरोपी को पूछताछ के लिए 02 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। मामले की जांच पड़ताल की कार्रवाई जारी है।

धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
बहादुरगढ़, 14 जून (अभीतक) : बहादुरगढ़ निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर से गैंगस्टर काला जठेडी के नाम से फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों एसटीएफ हरियाणा द्वारा काबू किया। एसटीएफ हरियाणा की टीम द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों को नियमानुसार थाना लाइनपार बहादुरगढ़ के हवाले किया गया। आरोपियों के खिलाफ थाना लाईनपार बहादुरगढ़ की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रबंधक लाईनपार बहादुरगढ़ निरीक्षक रामकरण ने बताया कि देवेंद्र निवासी नेताजी नगर लाईनपार बहादुरगढ़ ने शिकायत देते हुए बताया कि 06 जून 2023 की सुबह मेरे पास किसी अनजान नंबर से फोन आया कि वह काला जठेड़ी गैंग से पहलवान बोल रहा है उसे 20 लाख रुपए चाहिए। अगर पैसे नहीं दिए तो उसे व उसके लडक़े को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना लाईनपार बहादुरगढ़ में अपराधिक मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आपराधिक मामलों की सुचना पर तत्परता से कार्रवाई करने तथा वांछित आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के संबंध में एसपी डॉ अर्पित जैन द्वारा कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन के दिशा निर्देशानुसार उपरोक्त मामले में गहनता से कार्रवाई करते हुए थाना में तैनात उपनिरीक्षक विजयपाल की पुलिस टीम द्वारा दोनो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जगबीर उर्फ ढिलू निवासी छारा हाल अमर कॉलोनी नांगलोई दिल्ली व नीरज उर्फ भूरा निवासी राजलू गढ़ी सोनीपत हाल नागलोई दिल्ली के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दोनो को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अवैध हथियार देशी पिस्तौल के साथ एक आरोपी काबू
बहादुरगढ़, 14 जून (अभीतक) : पुलिस की एक टीम द्वारा मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की गई। थाना शहर बहादुरगढ़ के एरिया से सीआईए वन बहादुरगढ़ की एक टीम द्वारा मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। विशेष रुप से नाजायज असलाह तथा वांछित आरोपियों की धरपकड़ करने के दिशा निर्देश अनुसार कार्रवाई करते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ की टीम द्वारा एक आरोपी को थाना शहर बहादुरगढ़ के एरिया से काबु करने में कामयाबी हासिल की गई। सीआईए वन बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक जयवीर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अर्पित जैन द्वारा जिला में अवैध असलाह रखने वाले दोषियों को पकडऩे के संबंध में विशेष रुप से कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। एसपी के दिशा निर्देश अनुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ की एक टीम द्वारा अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी को बादली चुंगी बहादुरगढ़ के एरिया से काबू किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्य सिपाही रविंदर कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम थाना शहर बहादुरगढ़ के एरिया में तैनात थी। मुस्तैदी से तैनात पुलिस टीम द्वारा संदेह के आधार पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक युवक को काबू किया गया। पकड़े गए युवक की मौका पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी की पूछताछ में पहचान संदीप निवासी डाबोदा जिला झज्जर के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज किया गया। अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।

राजकीय महाविद्यालय बिरोहड़ में विश्व रक्तदाता दिवस पर विशेष वेबिनार का हुआ आयोजन
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : बुधवार को राजकीय महाविद्यालय बिरोहड़ में यूथ रेड क्रॉस के तत्वाधान में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया। इस वेबिनार के मुख्य वक्ता एवं यूथ रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. अमरदीप ने कहा कि रक्तदाता एक वास्तविक हीरो है और रक्तदान के द्वारा वह दूसरों को जीवन दान देता है, यह एक अतुलनीय योगदान है। प्रत्येक वर्ष 14 जून को महान वैज्ञानिक नोबेल पुरस्कार विजेता कार्ल लैंडस्टेनर का जन्मदिन है जिन्होंने एबीओ ब्लड ग्रुप सिस्टम की खोज की थी और इस खोज से रक्त चिकित्सा में क्रन्तिकारी परिवर्तन आये। क्योंकि कार्ल लैंडस्टेनर द्वारा ब्लड ग्रुप पता लगाये जाने से पहले तक ब्लड ट्रांसफ्यूजन बिना ब्लड ग्रुप की जानकारी से होता था। इसके बाद ब्लड ट्रांसफ्यूजन अधिक सुरक्षित हो गया। 17 बार रक्तदान कर चुके डॉ. अमरदीप ने कहा कि हमें कार्ल लैंडस्टेनर को सच्ची श्रद्धांजलि स्वैच्छिक रक्तदान करके और इसकी सटीक जानकारी दूसरों को पहुँचा कर देनी है। भूगोल प्रोफेसर पवन कुमार ने कहा कि रक्तदान करके एक नई ऊर्जा का संचार होता है आउर इससे शरीर में कोई कमजोरी नही आती है बल्कि हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों की संभावनाएं कम होती हैं। इस अवसर पर जितेंद्र, पवन कुमार, डॉ नरेन्द्र सिंह, मंजू कुमारी इत्यादि प्राध्यापक उपस्थित रहे।

आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दादनपुर (झज्जर) के विद्यार्थी निशांत ने नीट में किया क्वालीफाई
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : मंगलवार को नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) के परीक्षा परिणाम घोषित होने पर आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दादनपुर के निदेशक श्री अमित गहलावत ने ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए बताया कि विद्यालय के छात्र निशांत सुपुत्र श्री मनोज कुमार ने 720 में से 665 अंक हासिल कर अपने विद्यालय को चार चांद लगाते हुए अपने अध्यापकों तथा अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री सखिल मलिक ने बताया कि निशांत बचपन से ही बहुत होनहार व अध्यापकों का एक चहेता विद्यार्थी रहा है। शिक्षा समिति की सदस्या श्रीमती सीजू गहलावत व विद्यालय के निदेशक श्री अमित गहलावत ने निशांत को बधाई देते हुए भविष्य में भी अच्छा प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया तथा अध्यापकों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

झज्जर जिला जेल में औचक निरीक्षण उपरांत बंदियोंं की समस्याएं सुनते हुए जिला सत्र एवं न्यायाधीश अजय तेवतिया साथ डालसा सचिव अरविंद कुमार बंसल।

जिला सत्र एवं न्यायाधीश अजय तेवतिया ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के चेयरमैन जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने जिला कारागार झज्जर का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सीजेएम अरविंद कुमार बंसल भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक बैरक, रसोईघर, महिला वार्ड, निरीक्षण के दौरान बंदियों व कैदियों की समस्याएं सुनी व मौके पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कारागार अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में नियमित साफ सफाई होनी चाहिए। इस मौके पर जेल अधीक्षक सुरेंद्र दलाल, उप अधीक्षक जंगशेर, जिला सत्र एवं न्यायाधीश कार्यालय से सहायक प्रेमशुख व अशोक भटनागर, पीएलवी कर्मजीत छिल्लर सहित जिला कारागार का स्टाफ मौजूद रहा।

झज्जर में उत्तानमाडूकासन करते योग सहायक निशा।

उत्तानमाडूकासन योग करने से मिलेगा पीठ दर्द से छुटकारा : हितेश शर्मा
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : उत्तानमाडूकासन (उरधव दिशा में मेंढक जैसा) उत्तान का अर्थ उध्र्व और मंडूक का अर्थ मेंढक है। इस आसन मे मेंढक जैसी स्थिति में उरदवमुखी हुआ जाता है। इसी कारण इस आसन का नाम उत्तानमांडूकासन पडा। उत्तानमंडूकासन में कोहनियों के सहारे सिर को थामा जाता है। जिला आयुष अधिकारी हितेश शर्मा ने उत्तानमाडूकासन बारे जानकारी देते हुए बताया कि विधि-वृजासन मुद्रा में बैठें। अंगुठों को सटाते हुए दोनों घुटनों को जितना अधिक हो सके फैलाएं। अपनी दाईं हथेली को उठाएं, उसे मोडें़ और उसे पीछे ले जाकर दाहिने कंधे से ऊपर उठाएं। इसके बाद हथेली को बाईं तरफ के कंधे के नीचे लाएं। इसी क्रिया को बाईं हथेली का उपयोग करते हुए दोहराएं और अपनी हथेली को ऊपर ले जाकर बांये कंधे के नीचे ले लाएं। कुछ देर तक इसी मुद्रा में रुकें। उसके बाद धीरे-धीरे बायें कंधे और फिर दायें कंधे को वापस लें आएं। अपने घुटने को मिलाकर पूर्ववत स्थिति में आ जाएं। उन्होंने उत्तानमाडूकासन के लाभ बारे जानकारी देते हुए बताया कि यह आसन पीठ दर्द और ग्रीवा की तकलीफ से छुटकारा दिलाता है। यह आसन शरीर के मध्यपट के लिए लाभ दायक है। यह फेफड़ों की कार्य क्षमता को बढ़ाता है। उन्होंने सावधानियां बारे जानकारी देते हुए बताया कि घुटनों व जोड़ों के दर्द से पीडि़त व्यक्तियों को इस आसन से परहेज करना चाहिए।

कैप्टन शक्ति सिंह, डीसी झज्जर।

किसानों के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना लाभकारी : डीसी
योजना के तहत 40 से 60 प्रतिशत वित्तीय सहायता का प्रावधान

झज्जर, 14 जून (अभीतक) : डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि किसानों और मछली पालन का धंधा करने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना आर्थिक स्थिति मजबूत करने में वरदान सिद्ध हो रही है। योजना के तहत 40 से 60 प्रतिशत वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। डीसी ने बताया कि जिला में उन गांवों के लोगों को मत्स्य पालन के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिन गांवों में बरसात के पानी के ठहराव होता है या भूमि बंजर है। मछली पालन से किसानों की आय बढ़ रही है। झींगा मछली पालन से 5 से 6 लाख रुपये प्रति एकड़ तक आमदनी होती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा योजना के तहत अनुसूचित जाति व महिला वर्ग मछली पालकों को 60 प्रतिशत अनुदान तथा सामान्य वर्ग को मछली पालन पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। कैप्टन शक्ति सिंह ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 60 प्रतिशत सभी वर्गों की महिलाओं व अनुसूचित जाति को तथा 40 प्रतिशत सामान्य व ओबीसी को अनुदान प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत प्रार्थी निजी भूमि में या पट्टे पर भूमि लेकर मछली फीड हैचरी, तालाबों के निर्माण, बायाफेलाक, आरएएस, फीड मिल, कोल्ड स्टोर आदि लगाने पर विभाग से वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
यूनिट लगाने से पूर्व मिट्टी व पानी की टेस्टिंग जरूरी
डीसी ने बताया कि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तथा अन्य विभागीय योजनाओं के लिए किसानों को जागरूक करते हुए समय-समय पर विभाग द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाता है। यूनिट लगाने से पहले प्रशिक्षण अवश्य लें तथा मिट्टी व पानी की टेस्टिंग अवश्य रूप से करवाएं ताकि यूनिट कामयाब हो सके।

कैप्टन शक्ति सिंह, डीसी झज्जर।

अब तीन लाख रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों में बुजुर्गों को मिलेगा पेंशन का लाभ
वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना की पात्रता में आमदनी की सीमा हुई तीन लाख
वर्तमान में जिलाभर में 68 हजार 590 बुजुर्गों को मिल रहा सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने दी जानकारी

झज्जर, 14 जून (अभीतक) : डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि आजादी अमृत महोत्सव की श्रृंखला में प्रदेश सरकार ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना की पात्रता में आय सीमा दो लाख रुपए से बढ़ाकर तीन लाख रुपए वार्षिक कर दिया है, जिसके चलते अब तीन लाख रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों में वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में तीन लाख रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों में बुजुर्गों को आटो मोड से सामाजिक सुरक्षा पेंशन बन रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में झज्जर जिला में 68 हजार 590 बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है। डीसी ने बताया कि सरकार ने बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को इस निर्णय से राहत पहुंचाई है। इस आशय के संदर्भ में सरकार के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसके चलते अब पीपीपी में तीन लाख रुपए आय वाले परिवारों के बुजुर्ग इस योजना के दायरे में शामिल हो गए है। उन्होंने बताया कि पीपीपी के माध्यम से वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना की पात्रता पूरी करने वाले बुजुर्गों की घर बैठे पेंशन बन रही है। कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि तीन लाख आय सीमा होने से जिलाभर में बुजुर्गों को इसका पूरा लाभ होगा।

लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में बुधवार को आयोजित अधिकारियों की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करती एडीसी सलोनी शर्मा।

विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करें अधिकारी : एडीसी
लघु सचिवालय स्थित सभागार में अधिकारियों की बैठक में एडीसी सलोनी शर्मा ने दिए निर्देश

झज्जर, 14 जून (अभीतक) : उपायुक्त कैप्टन शक्ति ङ्क्षसह ने दिशा-निर्देशानुसार अतिरिक्त उपायुक्त सलोनी शर्मा ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत व अन्य सरकार द्वारा मंजूर विकास परियोजनाओं की विभागीय अधिकारियों के साथ प्रगति रिपोर्ट के साथ समीक्षा बैठक की । उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं तय समय में पूरी करें और विकास कार्यों में उपयोग हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का संबंधित विभागों के अधिकारी विशेष ध्यान रखें। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्याे के लिए जारी धनराशि का सही ढंग से उपयोग होना चाहिए। सरकार द्वारा जिन विकास संबंधी कार्यों के लिए धन राशि प्रदान की जाती है, उन्हें निर्धारित समयावधि में ही पूरा करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए। विकास कार्यांे पर खर्च की गई धनराशि,परियोजना का वर्तमान स्टे्ïटस की जानकारी की सूचना नियमित रूप से उपायुक्त कार्यालय में भेजें। बैठक मेें लोकनिर्माण, सिंचाई, मार्किटिंग बोर्ड, एचएसआईआईडीसी, मिकाडा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जनस्वास्थ्य, बिजली, विकास एवं पंचायत, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं को परियोजनों की क्रमवार प्रगति रिपोर्ट के साथ समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि बैठक में विकास कार्यो की समीक्षा का असली मकसद यही है,ताकि स्वीकृत परियोजनाएं तय समय में पूरी हो ताकि नागरिकों को इनका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी परियोजना को लेकर अंतर विभागीय कार्यों में ढि़लाई ना हो पाए,इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्ष प्राथमिकता से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि जिलाभर में ढ़ांचागत विकास, मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सरकार की ओर से अनेक परियोजनाएं व कल्याणकारी कार्यक्रम चल रहे हैं। परियोजनाओं का लाभ मिले,इसके लिए अनेंक परियोजनाएं क्रियांवित की जा रही है, जिनके पूरा होने से नागरिकों को खासा लाभ मिलेगा।
बैठक में इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर डीएमसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद डॉ. सुभिता ढाका, सीटीएम परवेश कादियान,डीडीपीओ ललिता वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

श्री परवेश कादयान, सीटीएम झज्जर

हरियाणा उदय कार्यक्रम को लेकर गांव मातनहेल में जनसंवाद कार्यक्रम आज : सीटीएम
डी सी कैप्टन शक्ति सिंह सुनेंगे ग्रामीणों की जनसमस्याएं, मौके पर होगा समाधान
अगले दिन सुबह सात से आठ बजे तक चलेगा स्वच्छता अभियान
गांव मातनहेल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित होगा जनसंवाद कार्यक्रम

झज्जर, 14 जून (अभीतक) : सामाजिक सद्भाव व सामुदायिक संबंधों को मजबूत बनाने को लेकर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की पहल पर प्रदेशभर में हरियाणा उदय योजना के तहत कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार 15 जून को सुबह दस बजे से गांव मातनहेल में प्रशासनिक स्तर पर जिले का दूसरा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह जिला के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संवाद करेंगे। यह जानकारी सीटीएम परवेश कादियान ने बुधवार को यहां दी। उन्होंने कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि गांव मातनहेल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में सुबह दस बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। प्रात: कालीन सत्र में लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी और मौके पर पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं का क्रमबद्ध तरीके से समाधान को लेकर पंजीकरण डेस्क स्थापित किया जाएगा,जिस पर कोई भी व्यक्ति अपनी लिखित शिकायत पंजीकृत करवा सकेंगे। कार्यक्रम में मातनहेल के अलावा साथ लगते गांवों के लोग भी अपनी समस्याएं रख सकेंगे। इस अवसर पर युवा संसद, ग्राम संसद, डिबेट व अन्य प्रतियोगिताएं होगी। नशा मुक्ति, स्वास्थ्य एवं पोषण आहार, जल संरक्षण, सडक़ सुरक्षा जैसे विषयों पर सेमिनार होगा। अगले दिन सुबह गांव में सात से आठ बजे तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सीटीएम ने बताया कि समस्याओं की सुनवाई उपरांत डीसी के साथ अधिकारी गांव के सरकारी कार्यालयों, भवनों, तालाबों आदि का दौरा करेंगे। इस दौरान स्वच्छता अभियान व पौधरोपण भी होगा। गांव में शाम के समय होने वाले खेलों में भी अधिकारी भागीदार बनेंगे। खेलों उपरांत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम के तहत डीसी कैप्टन शक्ति सिहं और पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन जन संवाद कार्यक्रम ग्रामीणों से सीधे रूबरू होंगे और उनकी समस्याओं को मौके पर निदान करेंगे।

रोजगार कार्यालय में रोजगार मेला 16 जून को
झज्जर, 14 जून (अभीतक) : जिला मुख्यालय स्थित रोजगार कार्यालय परिसर में आगामी 16 जून को प्रात: 10 बजे प्राईवेट कम्पनियों के सहयोग से निजी क्षेत्र में कैरियर बनाने हेतु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि रोजगार मेले में झज्जर जिले के वे सभी 10 व 12वीं पास युवक जिनकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच है, इसका लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय द्वारा भविष्य में भी बेरोजगार युवाओं के लिये निजी क्षेत्र के नियोजकों के सहयोग से इस प्रकार के आयोजन किये जाते रहते हैं, ताकि बेरोजगार युवा लाभान्वित हो सकें।

झाड़ली में ट्रक चालकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आज
डीएलएसए सचिव एवं सीजेएम अरविंद कुमार बंसल ने दी जानकारी

झज्जर, 14 जून (अभीतक) : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर और जेके लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड कंपनी के सहयोग से गुरूवार 15 जून को प्रात: 9 बजे झाड़ली में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी डीएलएसए सचिव एवं सीजेएम अरविंद कुमार बंसल ने दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर में विशेषकर ट्रक चालकों के स्वास्थ्य की जांच की अनुभवी चिकित्सकों द्वारा की जाएगी।

पेयजल सप्लाई में कोई दिक्कत आती है तो उस क्षेत्र में टैंकरों से सप्लाई सुनिश्चित करें: डा. बनवारी लाल
रेवाड़ी, 14 जून (अभीतक) : हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि अधिकारी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए राज्य के नागरिकों को बेहतर पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करें। यदि किसी क्षेत्र में पेयजल सप्लाई में कोई दिक्कत आती है तो उस क्षेत्र में टैंकरों से पेयजल की पूर्ति जाए। जनस्वास्थ्य मंत्री विभाग के अधिकारियों के साथ पेयजल आपूर्ति को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। जनस्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में चल रही पेयजल योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की और उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल सुलभ करवाना विभाग का दायित्व एवं जिम्मेवारी है। इसलिए विभाग के अधिकारी जिम्मेवारी से कार्य करें और किसी भी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या नहीं आने दें। डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पहले सभी लोगों को निर्बाध रूप से पेयजल सप्लाई मिले। इसके लिए सार्थक प्रयास किए जाए। उन्होंने जिला एवं राज्य स्तरीय निगरानी कमेटी के समक्ष क्षेत्रवार आई पेयजल समस्या और कमेटी द्वारा उसके समाधान के लिए उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जनस्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नांगल चौधरी में पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए टैंकरों से पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करें। इसके अलावा इस क्षेत्र में बनाए जा रहे जलघरों के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। बैठक में अधिकारियों ने अवगत करवाया कि राज्य के कई गांवों में टयूबवैल लगाने का कार्य किया जा रहा हैं। इंजीनियरिंग इन चीफ असीम खन्ना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारी जलस्त्रोत का करें निरीक्षण
जनस्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलों में चल रहे पेयजल योजनाएं व जल स्त्रोत का नियमित रूप से निरीक्षण करें। विशेषकर उन क्षेत्रों को ज्यादा प्राथमिकता दें जहां पर पानी की किल्लत आ रही है। दक्षिणी हरियाणा में निरंतर पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए जल घरों की सफाई करवाना भी सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों का सहयोग लें।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा बुधवार को जिला सचिवालय में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए।

जिला की 23 कॉलोनियां होंगी वैध, वैद्य कॉलोनियों को मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
रेवाड़ी, 14 जून (अभीतक) : डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि सरकार की ओर से जिला में अवैध कॉलोनियों को वैध किया जाना है जिसके सर्वे और वेरिफिकेशन के कार्य को सोमवार तक पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि संबंधित रिपोर्ट सरकार को भेजी जा सके। डीसी मोहम्मद इमरान रजा बुधवार को जिला सचिवालय में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जिला में 23 अवैध कॉलोनियों को वैध करने का ड्राफ्ट तैयार किया जा चुका है। उन्होंने जिला नगर योजनाकार विभाग व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द इस कार्ये को पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों के वैध होने से वहां रहने वालें लोगों को बिजली, पानी, सीवरेज, सडक़ों आदि की मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इन कॉलोनियों को वैध करने के लिए सरकार ने कॉलोनियों में सुविधाएं और बुनियादी ढांचा जांचने के लिए डीटीपी विभाग को सर्वे करने की जिम्मेदारी सौंपी। जिला नगर योजनाकार अधिकारी मंदीप सिहाग ने बैठक में बताया कि डीटीपी विभाग की ओर से 23 कॉलोनियों का सर्वे पूरा हो चुका है। इसके अतिरिक्त अन्य संबंधित विभागों द्वारा भी रिपोर्ट प्राप्त करने उपरांत मैप डिटेल के साथ पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि पैरामीटर के हिसाब से एक-एक क्षेत्र की जांच की गई है। जल्द ही रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी जाएगी। इस मौके पर अधीक्षक अभियंता लोक निर्माण विभाग आदित्य देशवाल, अधीक्षक अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग विनय कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

आउटरीच कार्यक्रम के तहत जनता व प्रशासन के बीच संबंधों को बनाया जा रहा बेहतर : एडीसी
हरियाणा उदय कार्यक्रमों में युवाओं, बुजुर्गो व महिलाओं में दिख रहा उत्साह

रेवाड़ी, 14 जून (अभीतक) : हरियाणा सरकार की ओर से चलाए जा रहे हरियाणा उदय आउटरीच के तहत नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए सामुदायिक संबंधों को मजबूत व बेहतर बनाते हुए जिला प्रशासन, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और जनता के बीच संबंधों को बेहतर बनाया जा रहा है। हरियाणा उदय कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एडीसी स्वप्रिल रविन्द्र पाटिल ने बताया कि डीसी मोहम्मद इमरान रजा के मार्गदर्शन में प्रशासन की टीम द्वारा आमजन के बीच पहुंचकर आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों से सीधा संवाद करते हुए हम सबको मिलकर सुरक्षित, सामंजस्यपूर्ण समाज बनाने की दिशा में मिलकर काम करने और जनता के साथ संवाद स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना से समाज में निश्चित तौर पर बदलाव आएगा, जिससे समाज में आपसी भाईचारा बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा उदय के तहत आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं, बुजुर्गो व महिलाओं की बढ़चढ़ कर भागीदारी देखते हुए उनमें उत्साह दिखाई दे रहा है जिससे हरियाणा आउटरीच कार्यक्रम के उद्देश्य की सार्थकता सिद्घ हो रही है। एडीसी ने बताया कि गुरूवार 15 जून को सायं 4:30 बजे से गांव बोडिया कमालपुर में यूपीएससी टॉपर द्वारा युवाओं को यूपीएससी बारे गाइडैंस देने के साथ-साथ उन्हें प्रेरित व प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 16 जून को सायं 5 बजे से खंड नाहड़ के रावमावि मैदान में योगा, विलेज टैलेंट हंट सहित महिलाओं व पुरूषों की खो-खो व रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत गांव जैनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह।
हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत गांव जैनाबाद में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को बैज लगाते हुए एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह।
हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत गांव जैनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह।
हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत गांव जैनाबाद में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते हुए रेवाड़ी होशियार सिंह।
हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत गांव जैनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह।

स्वेच्छा से किया गया रक्तदान सभी दानों से महान : एसडीएम
हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत गांव जैनाबाद में हुआ रक्तदान शिविर का आयोजन
शिविर में रक्तदाताओं ने 115 यूनिट किया रक्तदान

रेवाड़ी, 14 जून (अभीतक) : हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा डहीना खण्ड के गांव जैनाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन के आऊटरीच कार्यक्रम की श्रंृखला में आयोजित कार्यक्रम का एसडीएम होशियार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर लगाया गया साथ ही इस मौके पर स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक कैम्प लगाया गया जिसमें नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। इस अवसर पर एसएमएम रेवाड़ी होशियार सिंह ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर प्रोत्साहित भी किया। एसएमएम रेवाड़ी होशियार सिंह ने सभी रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान का बहुत बड़ा महत्व है। इसलिए सभी को रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं को स्वयं पर गर्व होना चाहिए कि उनका खून किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में काम आ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जीवन में रक्तदान अवश्य करें। बहुत से ऐसे मरीज होते हैं, जिनको इलाज के लिए रक्त की जरूरत होती है। यदि मरीज को समय पर रक्त मिल जाए तो उनको सही ढंग से इलाज हो जाता है और उनका जीवन बच जाता है। उन्होंने कहा कि हम सभी स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए ताकि रक्त की वजह से हम किसी की जिंदगी बचा सकें। उन्होंने कहा कि स्वेच्छा से किया गया रक्तदान सबसे महान पुण्य कार्य है। किसी का जीवन बचाने के लिए ऑक्सीजन की तरह रक्त का भी अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि रक्तदाओं को स्वयं पर गर्व होना चाहिए कि उनके द्वारा दान किया गया रक्त किसी व्यक्ति को नई जिंदगी देने में काम आएगा। उन्होंने कहा कि यहां बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर लोगों में बड़ा उत्साह नजर आ रहा है।
नशा सेहत व स्वास्थ्य के लिए हानिकारक, आमजन नशे से रहे दूर
एसडीएम ने कहा कि लोगों से विशेषकर युवा व विद्यार्थी वर्ग से आह्वïान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशा न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा हमारी सेहत व स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इससे बीमारियों का भी जन्म होता है। उन्होंने कहा कि नशा अपराध का भी प्रमुख कारण है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि लोगों को जागरूक कर नशीले पदार्थों से दूर करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाएं। जिला रेडक्रॉस सोसायटी सचिव महेश गुप्ता ने एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विश्व रक्तदान शिविर का राज्य स्तरीय कार्यक्रम नूंह जिले में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया है। सचिव जिला रैडक्रास ने सभी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि जिला रैडक्रास रेवाडी द्वारा सभी संस्थाओं को रक्तदान के क्षेत्र में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जायेगा। इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने तथा समय-समय पर रक्तदाताओं को जागरूक करने वाली, रक्तदान शिविरों को आयोजन करने वाली सामाजिक संस्थाओं तथा रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में रक्तदाताओं ने 115 यूनिट रक्तदान किया। इसके अतिरिक्त हरियाणा उदय कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में आयुष विभाग एवं सिविल अस्पताल के डाक्टरों द्वारा लगभग 150 लोगों की जांच की गई एवं उन्हें आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथी दवाईयां प्रदान की गयी। एसडीएम होशियार सिंह ने इस अवसर पर रामतीर्थ यादव द्वारा 103वीं बार, होशियार सिंह द्वारा 57वीं बार व वॉलीबाल कोच पवन यादव ने 26वीं बार रक्तदान करने पर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर ग्रामीणों ने एसडीएम होशियार सिंह का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर सीएमओ सुरेन्द्र यादव, डिप्टी सीएमओ अशोक, भारत विकास परिषद प्रेसिडेंट मोहन गोयल, श्री श्याम मंडल के सदस्य, सरपंच भावना यादव सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2022 पर हुई कार्यशाला
सभी को नए मोटर वाहन संशोधित अधिनियम की हो जानकारी:वर्षा जैन

रेवाड़ी, 14 जून (अभीतक) : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला द्वारा चलाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव महोत्सव अभियान के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी विमल कुमार के निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी वर्षा जैन की देखरेख में बुधवार को जिला वैकल्पिक समाधान केंद्र रेवाड़ी में मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2022 पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता राजीव गुप्ता एडवोकेट व बजाज कंपनी से लीगल ऑफिसर विकास गोयल रहे। कार्यशाला में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वर्षा जैन ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य यह है कि कोई भी पीडि़त बिना मुआवजा मिले ना रहे और सभी स्टेक होल्डर व पीडि़त को नए मोटर वाहन संशोधित अधिनियम की जानकारी मिल सके। वर्षा जैन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले गौहर मोहम्मद बनाम उत्तर प्रदेश स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन व राजेश त्यागी बनाम जयवीर सिंह की चर्चा की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार चैप्टर 11 व 12 मोटर वाहन संशोधित अधिनियम के बारे में विस्तार से बताया। इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता रहे विकास गोयल ने भी संशोधित अधिनियम के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि अनुसंधान अधिकारी किसी भी एक्सीडेंट के 48 घंटों के अंदर अपनी पहली एक्सीडेंट रिपोर्ट जमा करवाएं तथा डिटेल्स एक्सीडेंटल रिपोर्ट डी ए आर 90 दिनों में जमा करवाएं। उन्होंने बताया कि यदि पीडि़त मुवावजे का हकदार है तो डि ए आर रिपोर्ट जमा होने के 30 दिन तक इंश्योरेंस कंपनियां पीडि़त को मुआवजा दें। इस प्रकार से बनाए गए नियम हर पीडि़त को मुआवजा दिलवाने में बहुत सहायक होते हैं तथा यह सारी प्रक्रिया बहुत कम समय में पूरी की जा सकती है ताकि पीडि़त को समय पर पैसा मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि मिलने वाले क्लेम को हर वर्ष में बांट कर दिया जाना चाहिए ताकि पैसे का पीडि़त द्वारा सही उपयोग किया जा सके। डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हरीश शर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का अहम योगदान के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लोगों तक कानून की जानकारियां पहुंचाने में सहायक है तथा पीडि़त को समय पर और सही मुआवजा दिलवाने में भी सहायक है। इस कार्यशाला में अधिवक्ता राजीव गुप्ता ने बताया कि मिलने वाले मुआवजे का हर पैसा पीडि़त तक सही रूप से पहुंचे यह बहुत जरूरी है। इस कार्यशाला में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अनुसंधान अधिकारियों के कार्यों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला तथा उनकी विशेष भूमिका के बारे में उनको बताया। कार्यशाला में पुलिस डिपार्टमेंट से अनुसंधान अधिकारी व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, इंश्योरेंस पैनल एडवोकेट और इंश्योरेंस कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लोक गायन शैली में किया जा रहा प्रचार
रेवाड़ी, 14 जून (अभीतक) : सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के भजन पार्टी कलाकारों द्वारा ग्रामीणों को सरकार द्वारा क्रियांवित की गई योजनाओं की जानकारी लोक गायन शैली में दी जा रही है। विभाग के भजन पार्टी कलाकार हरियाणवी कला एवं लोक संस्कृति को जीवित रखते हुए आमजन को भजनों व लोक गीतों माध्यम से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं व नीतियों से रूबरू करा रहे हैं। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के भजन पार्टी सदस्यों रामानंद, मदन लाल, कर्मबीर सिंह व सतबीर सिंह ने जिले के गांव खरखड़ी में ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं व नीतियों की जानकारी देते हुए भजनों व लोक गीतों के माध्यम से प्रचार-प्रचार किया। सरकार का प्रयास है कि हर पात्र व्यक्ति या परिवार तक योजनाओं का लाभ पंहुचे। केंद्र व प्रदेश सरकार की अंत्योदय उत्थान, जनकल्याणकारी व लोक हितैषी नीतियों से आमजन को अपडेट करने के लिए विभाग की प्रचार मंडलियां गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए जनकल्याणकारी नीतियों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान कर रही हैं। कलाकारों द्वारा ग्रामीणों को चिरायु कार्ड, जल संरक्षण, बीमारी से बचाव, जल शक्ति अभियान सहित हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, अंत्योदय सरल पोर्टल, परिवार पहचान पत्र, जल शक्ति अभियान, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, सीएम विंडो, ई-रजिस्ट्रेशन, जमाबंदी-इंतकाल, कॉमन सर्विस सेंटर आदि के बारे में सरल भाषा में जागरूक एवं रूबरू कराया जा रहा है। प्रचार अभियान के दौरान भजन पार्टी कलाकारों ने जहां ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व विकास योजनाओं से अवगत कराया वहीं कलाकारों ने ग्रामीणों को नारी सशक्तिकरण का पाठ पढ़ाते हुए कन्या भ्रूण हत्या रोकने में सरकार व प्रशासन का सहयोग करने का आह्वïन किया।
रेवाड़ी जिला के गांव खरखड़ी में ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं व नीतियों की जानकारी देते हुए लोक संपर्क विभाग के कलाकार।

बहादुरगढ़ में किसानों ने दिल्ली-रोहतक हाईवे पर लगाया जाम
बहादुरगढ़, 14 जून (अभीतक) : बहादुरगढ़ में खाप पंचायत-किसानों ने बुधवार को दिल्ली-रोहतक हाईवे जाम कर दिया है। बहादुरगढ़ में प्रदर्शनकारी सडक़ और फ्लाईओवर पर बैठ गए हैं। वहीं इस हाइवे के नीचे से दिल्ली-रोहतक हाईवे गुजरता है तो ऊपर से कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे जाता है। ये जाम शाम 4 बजे तक चला। प्रदर्शनकारी भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण की गिरफ्तारी, किसानों की कर्ज माफी, फसलों पर एमएसपी समेत 25 मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरकार ने बात नहीं सुनी तो मजबूर होकर उन्हें सडक़ पर उतरना पड़ा। इसे देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। गाडिय़ों को पहले ही दूसरे रूटों से भेज दिया। हालांकि जो वाहन जाम में फंस गए, उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पीबीजी रेजिमेंटल सेंटर में यूएचक्यू के तहत भर्ती रैली
राष्ट्रपति के अंगरक्षक के लिए वर्ष 2023-24 की भर्ती हेतु अग्निवर जीडी कोटा

रेवाड़ी, 14 जून (अभीतक) : अग्निवीर योजना के लिए वार्ड सर्विसमेंट / ईएसएम / विधवाओं / युद्ध विधवाओं और सैनिकों / ईएसएम के भाई के लिए यूएचक्यू भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। पीबीजी रेजिमेंटल सेंटर में एक जुलाई 2023 से उम्मीदवारों को मूल दस्तावेजों के साथ सीधे पीबीजी, परेड ग्राउंड, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, तालकटोरा स्टेडियम के पास, नई दिल्ली में रिपोर्ट करना होगा।
उम्मीदवारों द्वारा रैली मैदान में निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य
प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर योजना के लिए यूएचक्यू भर्ती रैली में संबंध प्रमाण पत्र, पैंशन बुक, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थाई प्रमाण पत्र, सहमति और समेकित प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र ले जाना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *