Haryana Abhitak News 18/08/24

       

भ्रष्टाचार में रिकार्ड बनाने वाले मांग रहे हैं हिसाब, प्रदेश की जनता देगी जवाब: नायब सैनी
सीएम बोले, पिता-पुत्र झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का कर रहे हैं प्रयास
कांग्रेस में सैलजा-रणदीप और हुड्डा बाप-बेटे के बीच जनता का पैसा बांटने की लड़ाई – सीएम नायब सैनी
हुड्डा शासन काल में किसानों को दो-दो रुपये के मिलते थे मुआवजे के चैक
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को झज्जर में नॉन स्टॉप हरियाणा जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में रिकार्ड बनाने वाले अब हिसाब मांग रहे है, विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता उनका हिसाब कर देगी। नायब सैनी ने कहा कि हम तो जनता को हर साल हिसाब देते हैं, लेकिन हुड्डा का क्या करें, इन्होंने तो अपने हिसाब के कागज ही जला दिए हैं, उनके बही-खाते फटे पड़े हैं। अब बाप-बेटा हिसाब मांगते घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस की गुटबाजी पर तंज कसा और कहा कि सैलजा और रणदीप सुरजेवाला अपना अलग गुट चला रहे हैं, दूसरी तरफ बाप-बेटा का अपना निजी गुट है। इनमें लड़ाई हरियाणा के भले के लिए नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार करके जनता के रुपये बांटने और खाने के लिए है। अब फिर हुड्डा और कांग्रेसी जनता को लूटने का सपना देख रहे हैं। हमने भ्रष्टाचार पर कड़ी चोट की तो इनका पेट खराब हो गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस और हुड्डा पिता-पुत्र को आड़े हाथों लिया और कहा कि जब विपक्ष के पास कहने को कुछ नहीं रहा तो एक मनघडंत शोशा छोड़कर यात्रा निकालते घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मैंने हुड्डा से पांच सवाल किए थे, आज तक उनका जवाब नहीं दिया जा रहा। अब हुड्डा किसानों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, उनसे जनता पूछती है कि जब 10 साल उनकी सरकार रही, वे स्वामीनाथन कमेटी के चेयरमैन भी थे तब किसानों का हित करने से उन्हें किसने रोका था। सच्चाई ये है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों के हित में नहीं सोच सकते, उनकी सोच भ्रष्टाचार और किसानों के नाम से रुपये खाने की है। अब वे झूठ बोलकर जनता को बरगला रहे हैं। लेकिन जनता इस बार विधानसभा चुनाव में उनका बिस्तरा गोल कर उनका खाता भी नहीं खुलने देगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं दे रही और जनता के आशीर्वाद से भाजपा तीसरी बार सरकार बना रही है।
कांग्रेस राज में नौकरी के लिए बेचनी पड़ती थी जमीन व जेवरात
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा कह रहे हैं कि हरियाणा में बेरोजगारी बहुत ज्यादा है। दीपेंद्र अपने पिता के कार्यकाल का हिसाब भी दें और बताएं कि कितनों को कितना रोजगार दिया था। दरअसल दीपेंद्र हुड्डा हमेशा एसी में रहते थे और उन्हें कुछ पता ही नहीं था कि हो क्या रहा है। कांग्रेश शासन काल में नौकरी पाने के लिए अपनी जमीन व जेवरात तक बेचने पड़ते थे। हमने जनता में विश्वास पैदा किया और युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी दी। कांग्रेस के समय में नौकरी की बात आती थी तो लोग कहते थे कि मंत्री का बेटा एसडीएम लगेगा, इंस्पेक्टर लगेगा लेकिन अब हमारी सरकार में नौकरी का रिजल्ट आता है तो पता चलता है कि एक गरीब का बेटा एचसीएस लग गया।
गरीबों के प्लाटों पर हुड्डा कर रहे हैं राजनीति
जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 100-100 गज के प्लॉट पर राजनीति की, लोगों को न कागज दिए न कब्जा। लेकिन भाजपा ने लोगों को प्लॉट भी दिए कागज भी दिए और प्लॉट पर कब्जा भी दिलवाया। इससे आगे बढ़कर हमने पोर्टल खोल दिया है, जो पात्र परिवार हैं वे अपना रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं और चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनते ही उन्हें 100-100 गज के प्लॉट दे दिए जाएंगे। हमने शहरी आवास योजना के तहत भी लोगों को 30-30 गज के प्लॉट दिए। रोडवेज में फ्री यात्रा करने के लिए 84 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड दिए।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा झूठ बोलने में माहिर
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा की जनता से झूठ बोल रहे हैं कि बुजुर्गों की पेंशन 6 हजार रुपये कर देंगे, लेकिन 10 साल सरकार रही तो 500 रुपये से आगे नहीं बढ़ पाए। 2013-14 में एक हजार करने का वादा किया लेकिन,दी नहीं। बाद में भाजपा ने पेंशन बढ़ाई। आज पूरे देश में हरियाणा ऐसा पहला राज्य है जहां सबसे ज्यादा 3 हजार रुपये पेंशन मिलती है। हुड्डा झूठ बोलकर चले जाते हैं, लेकिन हम काम करते हैं।
ये रहे मौजूद
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड, डॉ अरविन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, कप्तान बिरधाना, जिलेसिंह सैनी, सभी मोर्चो के जिलाध्यक्ष सोमवती जाखड़, शेखर यादव, डॉ राकेश, वीरेन्द्र कलश्यान, राजकुमार कटारिया, राजेश आर्य, पूर्व मंत्री कांतादेवी, नवीन बंटी आदि।


जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल सौंधी निमाना में राखी का त्यौहार हर्ष के साथ मनाया
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल सौंधी निमाना में राखी का त्यौहार बड़े ही हर्ष के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्कूल के सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में भावना ने अब्दुल कलाम सदन से प्रथम, शास्त्री सदन से एकता ने द्वितीय स्थान, विवेकानंद सदन से छवि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राखी बनाओ प्रतियोगिता में वंशीका ने अब्दुल कलाम सदन से प्रथम स्थान अनुष्का ने सुभाष सदन से द्वितीय स्थान तथा दीक्षा ने शास्त्री सदन से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में नीतू ने शास्त्री सदन से प्रथम स्थान, वंशिका ने विवेकानंद सदन से द्वितीय स्थान और मुस्कान ने अब्दुल कलाम सदन से तृतीय स्थान प्राप्त किया। पतंग बनाओ प्रतियोगिता में जतिन ने शास्त्रीय सदन से पहला स्थान, लक्ष्य ने शास्त्री सदन से दूसरा स्थान और नितिन ने सुभाष सदन से तीसरा स्थान प्राप्त किया। पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता में अब्दुल कलाम सदन के बच्चों ने प्रथम स्थान, सुभाष सदन के बच्चों ने द्वितीय स्थान और विवेकानंद सदन के बच्चों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका सुरेखा यादव मैम और पवन कटारिया सर ने निभाई। स्कूल संचालिका श्रीमती नीलम जितेंद्र गुलिया ने सभी विजेता बच्चों को जीतने की हार्दिक बधाई दी और सभी बच्चों को रक्षाबंधन के त्यौहार की शुभकामना दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


जानकार बनकर ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी काबू
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- थाना साइबर झज्जर की पुलिस टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रबंधक साइबर झज्जर निरीक्षक अजय मलिक ने बताया कि महराणा निवासी लड़की ने शिकायत देते हुए बताया कि 3 फरवरी 2024 को उसके मोबाइल नंबर पर एक अनजान व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि वह आपके पापा का दोस्त बोल रहा है आपके पापा ने मुझे 10000 रूपये आपके खाते में ट्रांसफर करने के लिए बोला है। इसके बाद उसने मेरे खाते में 10000 रूपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसने 20000 रूपये और ट्रांसफर कर दिए। फिर उसने फोन करके बोला कि गलती से 20000 आपके खाते में आ गए हैं। आप वापस मेरे खाते में वापिस कर दो। मैंने उसके नंबर पर पेटीएम के माध्यम से 20000 रूपये वापिस कर दिये। पेटीएम में डाल दिए उसने बोला कि मैं आपके पापा का अच्छा दोस्त हूं आप मेरी इतनी सहायता कर दो कि मुझे कुछ पैसे दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करने हैं इसके बाद मेरे मोबाइल नंबर पर पैसे आने के मैसेज आने लगे और मैंने वह पैसे उसके द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस तरह से साइबर ठग द्वारा शिकायतकर्ता के साथ करीब एक लाख रुपए की धोखाधड़ी कि गई। जिस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर झज्जर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उपरोक्त मामले पर गहनता से कार्रवाई करने के संबंध में पुलिस उपायुक्त श्री लोगेश कुमार द्वारा कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस उपायुक्त झज्जर के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार की पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की पकड़े गए आरोपी की पहचान ओमकार निवासी हिरौड़ा जिला उत्तर प्रदेश के तौर पर की गई पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे अदालत झज्जर में पेश किया गया माननीय अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गाँव गुभाना के लोकहित पुस्तकालय में अपराजित हिन्दू सम्राट बाजीराव पेशवा की जयंती पर किया नमन
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- गुभाना गाँव के लोकहित पुस्तकालय में अपराजित हिन्दू सम्राट बाजीराव पेशवा की जयंती पर समिति सदस्यों ओर ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। समिति अध्यक्ष नरेश कौशिक ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेशवा बाजीराव प्रथम महान सेनानायक थे, 1720 से से 1740 तक मराठा साम्राज्य के चैथे छत्रपति शाहूजी महाराज के पेशवा रहे। इनका जन्म चितपावन कुल के ब्राह्मण परिवार में हुआ। इनको बाजीराव बलाड तथा थोरले बाजीराव के नाम से भी जाना जाता ह।ै इन्हें लोग अपराजित हिन्दू सेनानी सम्राट भी कहते हैं। बाजीराव पेशवा को इतिहास में सबसे तेज आक्रमण करने वाला योद्धा माना जाता है। बाजीराव ने 10 दिन की दूरी केवल 500 घोड़ों के साथ 48 घंटे में पूरी की बिना रुके बिना थके देश के इतिहास में दो आक्रमण ही सबसे तेज माने गए हैं। एक अकबर का फतेहपुर से गुजरात के विद्रोह को दबाने के लिए 9 दिन के अंदर वापस गुजरात जाकर हमला करना और दूसरा बाजीराव का दिल्ली पर हमला करना बाजीराव मुसलमान को 41 युद्ध हारने वाला योद्धा मुगलों को काटकर लाहौर पर भगवा लहराने वाला अजय बाजीराव पेशवा जिसके डर से मुगल बादशाह भी लाल किले में छुप गया था। बाजीराव का जन्म 18 अगस्त 1700 में श्रीवर्धन में हुआ था। 28 अप्रैल 1740 को मराठा पेशवा बाजीराव का रावेर में बीमारी के कारण निधन हुआ। उसे दौरान उनसे प्रेम करने वालीं मस्तानी भी पेशवा की चिता पर सती हो गई थी। श्रद्धांजलि देने वालों में सूबेदार मेजर सुरेश कुमार, जय भगवान प्रधान, सुदेश कौशिक, हुकम सिंह, अनुज उर्फ चिंटू, दीपक, विशेष, समिति अध्यक्ष नरेश कौशिक मौजूद रहे।

सभी फसलों की एमएसपी पर होगी खरीद – धनखड़
दस साल में किसानों को 13 हजार 500 करोड़ रूपये मुआवजा दिया
झज्जर की जनता जनार्दन चारों सीटों पर देगी भाजपा को आशीर्वाद -बोले धनखड़
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- देश में भाजपा की हरियाणा सरकार ऐसी पहली सरकार होगी जो किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदेगी। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने झज्जर की अनाज में आयोजित पार्टी की जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए यह बात दोहराई। उन्होंने कहा कि किसानों को सबसे ज्यादा भला उनकी सरकार के समय हुआ है। दस साल में 13 हजार 500 करोड़ रूपये फसल खराबे का मुआवजा किसानों को दिया गया। पीएम सम्मान किसान निधि के माध्यम से हर किसानों के बैंक खातों छह हजार रूपये पंहुचाए जा रहे हैं। धनखड़ ने रैली में उमड़ी भारी भीड़ के जोश व उत्साह को देखते हुए कहा कि अबकी झज्जर की जनता ने चारों सीटों पर भाजपा को आशीर्वाद देने का मन बना लिया है। जो लोग इलाके की सरकार की बात करते हैं उन्होने ही झज्जर की जनता को सबसे ज्यादा लूटने का काम किया है। किसानों की हजारों एकड़ भूमि को एसईजेड के नाम पर लूटा गया। कहां हैं एसईजेड और कहां मिली हजारों युवाओं को नौकरी। कोडियों के भाव लूटी गई जमीन अब मंहगे दामों में गजों के हिसाब से बेची जा रही है। धनखड़ ने कहा कि भाजपा की सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। किसान, मजदूर, दुकानदार, युवा, महिला, श्रमिक सभी की भलाई की सोचती है और कार्य करती है। भाजपा ने कभी भी क्षेत्रवाद और इलाकावाद की सरकार का नारा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी मैदान सज चुका है और भाजपा का एक एक कार्यकर्ता चुनावी मैदान में तैयार है। धनखड़ ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2014 में जब कृषि विभाग संभाला तो किसानों की मुआवजा राशि डबल करते हुए 12 हजार रूपये प्रति एकड़ किया। बाद में हमारी सरकार ने बढ़ाकर 15 हजार रूपये प्रति एकड़ किया। हमने नहर टूटने और ड्रेन के ओवर फ्लो से होने वाले नुकसान का भी किसानों को मुवावजा देना शुरू किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में दो -दो अढ़ाई अढ़ाई रूपये के चैक किसानों को मिलते थे। रैली को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता की जिला में पालना रहे सुनिश्चित – डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने विधानसभा चुनाव को लेकर दिए निर्देश
आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही बिना अनुमति के निजी भवनों पर लगी प्रचार सामग्री हटाई जाए
रेवाड़ी, 18 अगस्त, अभीतक:- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा कर जा चुकी है। प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों के साथ साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा हरियाणा डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की पालना सुनिश्चित की जाए। डीसी मीणा ने कहा कि सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार चुनाव संहिता की दृढ़ता से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी ढंग से आदर्श चुनाव संहिता की उल्लंघना ना करें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आदर्श चुनाव आचार संहिता के दौरान सरकारी, गैर सरकारी संपत्ति या सरकारी परिसर यानि कार्यालय भवन, परिसर और प्रतिष्ठान की पर दीवार-लेखन, पोस्टर आदि सभी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाना प्रतिबंधित है। आचार संहिता लागू हो चुकी है और सरकारी संपत्ति, सार्वजनिक स्थानों व निजी संपत्ति से प्रचार सामग्री उतरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला में तिपहिया वाहनों जैसे ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा आदि से भी प्रचार सामग्री हटाई जाए। यह हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंटट प्रॉपर्टी एक्ट 1989 और संशोधित अधिनियम 1996 के अंतर्गत उल्लंघन माना जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति और सार्वजनिक स्थान पर जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रेलवे पुल, सडक मार्ग, सरकारी बसों, बिजली, टेलीफोन के खंभे, नगर निगम, स्थानीय निकाय व ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सचिवालय, सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष, स्वास्थ्य विभाग व पशुपालन विभाग की डिस्पेंसरी के भवनों पर प्रचार सामग्री नहीं होनी चाहिए। इसके साथ-साथ यदि ऐसा कोई करता है तो वह आदर्श चुनाव आचार संहिता और डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की अवहेलना माना जाएगा। वहीं कोई भी राजनीतिक दल मकान या प्रतिष्ठान के मालिक की इजाजत के बिना उस पर अपनी प्रचार सामग्री चस्पां नहीं कर सकता। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि वे अपने-अपने कार्यालय परिसर में डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला की तीनों बावल, कोसली व रेवाड़ी विधानसभा में रैली व लाउडस्पीकर की अनुमति के लिए हलका के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी कम एसडीएम को आवेदन किया जाएगा। जिला में प्रचार व जनसभा के लिए चिन्हित स्थानों की सूचि जल्द ही जारी कर दी जाएगी। कोई भी उम्मीदवार या पार्टी चुनाव प्रचार के लिए धार्मिक स्थलों जैसे मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा या अन्य पूजा स्थलों का इस्तेमाल नहीं कर सकता। प्रशासनिक अनुमति लेकर प्रचार-प्रसार के लिए वाहन का प्रयोग करें। इसके साथ-साथ प्रचार के दौरान अपने भाषण में जाति-धर्म विशेष और असभ्य भाषा का प्रयोग न करें। मर्यादित ढंग से अपना चुनावी प्रचार करें। किसी भी चुनावी रैली या जनसभा के लिए प्रशासनिक अनुमति जरूर लें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ-साथ आमजन से भी ये अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार से भ्रामक, आपत्तिजनक या विवादित पोस्ट न डालें। कोई भी पोस्ट करने से पहले से उसको अच्छी प्रकार से जरूर देख लें। चुनाव आयोग व जिला प्रशासन की सोशल मीडिया पर पूरी नजर है। यदि कोई सोशल मीडिया पर गैर जिम्मेदाराना पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला में मतदाता जागरूकता अभियान के लिए एडीसी नोडल ऑफिसर के तौर पर कार्य करेंगे। जिला के विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 अगस्त को किया जाएगा।

इंडो अमेरिकन स्कूल में किया गया राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- शनिवार को इंडो अमेरिकन स्कूल में भाई – बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने तरह – तरह की सुन्दर राखियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शौर्य, अंश व तनिश ने सबसे आकर्षक राखी बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, अक्ष व मिवान ने द्वितीय, मानवी, हिमांशी व कुनाल तृतीय स्थान पर रहे। अध्यापकों ने नन्हीं – नन्हीं बालिकाओं से राखी बंधवाकर इस पावन पर्व की शोभा में चार चांद लगा दिय। इस अवसर पर स्कूल निदेशक बिजेंद्र कादयान ने कहा कि विद्यार्थियों को त्यौहारों के महत्व के बारे में बताना बहुत जरूरी है। तभी ये भारतीय संस्कृति से जुड़े रहेंगे। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया और सभी को रक्षाबंधन के इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दी।


एल. ए. स्कूल में राखी महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- एल. ए. सी. सै. स्कूल झज्जर में राखी महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। अध्यापकों ने बच्चों के लिए राखी मेकिंग,कार्ड मेकिंग व मेहंदी लगाओ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इन प्रतियोगिताओं में कक्षा तीसरी से आठवीं कक्षा के बच्चों ने भाग लिया। स्कूल प्रबंधक के. एम. डागर व स्कूल प्राचार्या निधि कादयान ने सभी बच्चों के कार्य की प्रशंसा की। स्कूल संचालिका अनिता गुलिया व नीलम दहिया ने विजेता बच्चों को मैरिट सर्टिफिकेट प्रदान कर उनकों सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अनीता गुलिया, नीलम दहिया ने निभाई। इन प्रतियोगिताओं को सफल बनाने में एचऑडी रविंद्र लोहचब, पिंकी अहलावत, पुष्पा यादव, आर्ट टीचर रीतू, म्यूजिक टीचर जितेंद्र व एक्टिवी इंचार्ज भूगोल प्राध्यायक मुकेश शर्मा का अभिनय योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में स्कूल संचालक जगपाल गुलिया, जयदेव दहिया,की तरफ से सभी बच्चों को रक्षाबंधन के पावन की हार्दिक शुभकामनाएं भेंट की।

 

इस तरह की प्रतियोगिताओं में बच्चे अपनी कल्पनाओं को उड़ान देते हैं – बलराज फौगाट
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- एचडी स्कूल बिरोहड में रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में काइटमेकिंग (पतंग बनाना) और राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, कला कौशल और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। प्रतियोगिता में सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपनी कलात्मक सोच से नई ऊँचाइयाँ हासिल कीं। पतंग बनाते समय बच्चों ने अपने-अपने रंगों का प्रयोग करते हुए आकर्षक डिजाइनों का निर्माण किया, जिसमें कई विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को उड़ान दी और भ्रातृत्व भावना के रंगों में रंगी पतंगें तैयार कीं। राखी मेकिंग प्रतियोगिता भी उतनी ही उत्साहजनक रही। बच्चों ने सुंदर, पारंपरिक और नवीन डिजाइन वाली राखियों का निर्माण किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल उनके हाथों का कौशल निखर कर सामने आया, बल्कि भाई-बहन के पवित्र संबंध की महत्ता को भी उन्होंने अपनी कला के माध्यम से व्यक्त किया। राखियों में इस्तेमाल किए गए रंग-बिरंगे धागों और मोतियों ने बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत का शानदार नमूना पेश किया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन किया और उन्हें प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के अंत में निदेशक ने बच्चों के उत्साह और कला के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं बल्कि उनकी सांस्कृतिक और नैतिक शिक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्राचार्या नमिता दास ने विजेताओं को बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन की इच्छा व्यक्त की। उपप्राचार्य नवीन सनसनवाल, कविता जांगड़ा और अध्यापिका मुक्ता रानी ने विद्यार्थियों में टीम भावना, रचनात्मक सोच, और अपने कार्य के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित किया। विद्यालय प्रबंधन समिति रमेश गुलिया, बलजीत नेहरा और सुरेन्द्र फौगाट ने सभी क्षेत्रवासियों, अभिभावकों, अध्यापकों और विद्यार्थियों को रक्षा बंधन पर्व की हार्दिक शुभ कामनाएँ दीं और कहा कि एचडी स्कूल बिरोहड इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

 

एनएचएम कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मिले सीएम से, सीएम ने किया आश्वस्त – जिला प्रवक्ता
एनएचएम कर्मचारियों ने सीएम को कहा जल्दी हमारी मांगों को पूरा करें तो फूल बरसाएंगे’
झज्जर, 18 अगस्त, अभीतक:- एनएचएम कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर लगातार 22दिनों तक हड़ताल पर अड़े रहे इसी को लेकर आज झज्जर में एनएचएम कर्मचारी सिस्ट मंडल मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिले। एनएचएम कर्मचारी जिला प्रवक्ता संदीप कुमार जांगड़ा ने बताया कि 30 सालों से भी ज्यादा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एनएचएम कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार से लड़ रहे हैं लेकिन अभी तक मांगे पूरी नहीं हो पाई,एनएचएम कर्मचारी सांझा मोर्चा लगातार 22 दिनों से हड़ताल पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर सरकार से लड़ते रहे आचार संहिता लगने के कारण हड़ताल को स्थगित किया गया लेकिन एनएचएम कर्मचारियों को पूरा विश्वास है कि हरियाणा सरकार द्वारा लंबित मांगों को पूरा कर बंद पोटली में रखा गया है और हरियाणा सरकार से उम्मीद की है कि वह जल्द खुलेगी इसी को लेकर आज झज्जर में पधारे मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी से मिलते हुए एनएचएम कर्मचारियों ने गुहार लगाई तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एनएचएम कर्मचारी सिस्ट मंडल को विश्वास दिलाते हुए आश्वस्त किया कि आप आज का अखबार पढ़िए हमारी सरकार सकारात्मक और जल्द ही आपकी मांगे पूरी हो जाएगी। इसी के साथ एनएचएम कर्मचारी राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को भी ज्ञापन देते हुए आग्रह किया कि हमारी मांगी जल्दी पूरी हो और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने भी कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि मैं अभी मुख्यमंत्री जी से बात करूंगा और आपकी मांगे जल्द पूरी होगी। सिस्ट मंडल में एनएचएम कर्मचारियों सिस्ट मंडल में एनएचएम कर्मचारी जिला सचिन गुलशन भटनागर, अनीता रोहिल्ला एएनएम, देवेंद्र सैनी, अखिल सिंघल व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *