Haryana Abhitak News 04/01/26

दैनिक समाचारों का विश्वसनीय मंच हरियाणा अभीतक न्यूज पोर्टल अपना निरंतर विस्तार कर रहा है। इसी कड़ी में पोर्टल नए पत्रकार साथियों साथ जोड़ना जा रहा है. आप भी जुड़ें और पत्रकार बने।

प्रतिदिन के ताजा समाचारों का मंच
हरियाणा अभीतक (न्यूज पोर्टल)
सुबह का इंतजार नहीं, रात्रि में ही पढ़े दिनभर के सभी समाचार
निचे दिए लिंक पर क्लिक करें और पढं़े
आप भी अपनी खबरें, लेख, फोटो, वीडियो, कहानियाँ व विज्ञापन भेज सकते हैं।
मनमोहन खंडेलवाल
9350180916, 8168180916

manmohankhandelwal7@gmail.com

बैरागी समाज कार्यकारिणी व ब्लॉकों की व महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई
झज्जर, 04 जनवरी, अभीतक: जिला झज्जर की जिला बैरागी समाज कार्यकारिणी एवं जिले के सभी सातों ब्लॉकों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आज जिला बैरागी समाज कार्यालय, झज्जर में जिला प्रधान श्री कुलदीप स्वामी की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के सातों ब्लॉकों के प्रधानों के साथ-साथ जिला कार्यकारिणी के सभी वरिष्ठ एवं सक्रिय पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 25 जनवरी को जिला झज्जर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं विशाल रक्तदान शिविर को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श करना रहा। इस कार्यक्रम को समाज के लिए प्रेरणास्रोत एवं ऐतिहासिक बनाने हेतु सभी उपस्थित पदाधिकारियों से गंभीरता से सुझाव लिए गए तथा कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्था, प्रचार-प्रसार एवं जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर ’जिला प्रधान श्री कुलदीप स्वामी जी’ ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की असली ताकत उसकी प्रतिभाएं होती हैं। समाज के किसी भी क्षेत्रकृजैसे शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, प्रशासन, संस्कृति, व्यवसाय अथवा अन्य क्षेत्रोंकृमें जिन भी बेटा-बेटियों एवं युवाओं ने समाज का नाम रोशन किया है, उन्हें इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी बंधुओं से अपील की कि वे ऐसी प्रतिभाओं के नाम अधिक से अधिक संख्या में संगठन तक पहुंचाएं, ताकि उन्हें उचित सम्मान दिया जा सके और अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिले। साथ ही जिला प्रधान ने कहा कि रक्तदान शिविर मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है और इस पुनीत कार्य में समाज के युवाओं की भागीदारी सराहनीय रहेगी। उन्होंने सभी ब्लॉकों से अधिक से अधिक रक्तदाताओं को जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि यह संपूर्ण कार्यक्रम’प्रदेश अध्यक्ष श्री शिव कुमार बैरागी के कुशल मार्गदर्शन, दूरदर्शी सोच एवं प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है, समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है तथा ऐसे आयोजन समाज को संगठित और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बैठक में ’जिला उपप्रधान’ श्री भूपेंद्र स्वामी, श्री पवन, श्री धर्मबीर स्वामी, श्री रोहतास स्वामी, श्री चांद सिवाना, श्री राकेश पटवारी, श्री अशोक स्वामी, श्री आजाद स्वामी, श्री सुरेश स्वामी, श्री महेश (सरपंच), श्री रघुबीर स्वामी, श्री जोगिंद्र स्वामी, श्री प्रदीप स्वामी, श्री राजपाल स्वामी, श्री मूलचंद स्वामी, श्री रणबीर, श्री विनोद (फोटोग्राफर), एसआई श्री आजाद सिवाना विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सभी ब्लॉकों से ब्लॉक प्रधान श्री अशोक, श्री दीपक (बेरी), श्री पुष्पराज (बहादुरगढ़), श्री विक्रम (साल्हावास), श्री प्रदीप (बादली), श्री नरेंद्र (मारोत), श्री राजीव (माछरौली) सहित अनेक अन्य पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग बैठक में मौजूद रहे। अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि 25 जनवरी को आयोजित होने वाला जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर समाज के इतिहास में एक यादगार आयोजन बनेगा। सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत करने, समाज हित में निरंतर कार्य करने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।

प्रतियोगी परीक्षाओं से आता है प्रतिभाओं में निखार: स्वामी राजेंद्र दास महाराज
झज्जर, 04 जनवरी, अभीतक: तपोभूमि जटेला धाम, माजरा दूबलधन, जिला झज्जर में स्वामी नितानन्द दयाल जी महाराज की कृपा एवं मार्गदर्शन में नववर्ष के अवसर पर पढ़ने वाली बहनों के लिए एक भव्य प्रतिभा परीक्षा का आयोजन 04 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस परीक्षा में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग की कुल 125 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगी परीक्षा में गणित, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी एवं कंप्यूटर जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। परीक्षा का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रीति पुत्री नरेंद्र, निवासी गांव माजरा दूबलधन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और ₹7100 का नकद पुरस्कार जीता। द्वितीय स्थान पर प्रीति पुत्री सुरेश, निवासी गांव झिंझर रहीं, जिन्हें ₹5100 का पुरस्कार प्रदान किया गया। तृतीय स्थान के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें गांव दूबलधन की दो छात्राएंकृप्रिया एवं सुरेखाकृके बीच कड़ा मुकाबला रहा। कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप रजिस्टर प्रदान किए गए, जिससे उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरणा मिल सके। इस अवसर पर गुरु जी ने प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि किसी को भी इस बात से निराश नहीं होना चाहिए कि वह पीछे रहा या अंतिम स्थान पर आया। गुरु जी ने उदाहरण देते हुए कहा, यदि सभी लोग एक ही पंक्ति में खड़े हों और कमांडर पीछे मुड़ने का आदेश दे दे, तो जो सबसे पीछे खड़ा होता है वही सबसे आगे आ जाता है। इसी प्रकार निरंतर अभ्यास और सही दिशा में की गई मेहनत से अगली परीक्षा में सफलता निश्चित है। गुरु जी ने सभी छात्राओं को आत्मविश्वास बनाए रखने, निरंतर परिश्रम करने और भविष्य की परीक्षाओं के लिए पूरे मनोयोग से तैयारी करने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। धर्मवीर माजरा, रणवीर, राहुल, अमित, राकेश, दलवीर, प्रियांश दुजाना, विशाल बेरी, दीप बेरी, सचिन बेरी, मैडम सरोज माजरा, सुमन, अंजली, विनेश अहलावत बहराणा, मनोज बेरी, सरिता खनगवाल बीईओ महम, डाॅ सुरेंद्र सीएमओ कलानौर, मास्टर आशीष, डाॅ जब्बर, नरेंद्र सरपंच मंच संचालन, देवेंद्र चेयरमैन बेरी, संजय सिवाना, सोनू माजरा, सुनील, मास्टर चांद, राजबीर डबास, रघबीर, आश्रम कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।

संस्कारम पब्लिक स्कूल में शिक्षा, तकनीक और सैन्य प्रशिक्षण का संगमय एनसीसी कैंप के साथ-साथ रोबोटिक्स प्रदर्शनी और अभिभावक संवाद संपन्न
झज्जर, 04 जनवरी, अभीतक: संस्कारम पब्लिक स्कूल में रविवार, 4 जनवरी 2026 को नर्सरी से लेकर बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य अभिभावक-शिक्षक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बैठक में अभिभावकों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला, जहाँ लगभग 90 प्रतिशत अभिभावकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर बच्चों के भविष्य के प्रति अपनी सजगता का परिचय दिया। इस अवसर पर विद्यालय की आधुनिक रोबोटिक्स प्रयोगशाला में छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक और क्रियाशील मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह दंग रह गया। विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मिट्टी की नमी बताने वाला अलार्म, स्वचालित द्वार, वर्षा की सूचना देने वाला यंत्र, स्वचालित सड़क रोशनी प्रणाली, रडार प्रणाली, दूरसंवेदी टैंक, यातायात संकेत बत्तियाँ और स्वचालित स्वच्छता मशीन (सैनिटाइजर डिस्पेंसर) जैसे उन्नत मॉडल प्रदर्शित किए। अभिभावकों ने इन परियोजनाओं का बारीकी से अवलोकन किया और नन्हे वैज्ञानिकों के आत्मविश्वास व तकनीकी ज्ञान की जमकर सराहना की। अभिभावकों ने माना कि विद्यालय की रोबोटिक्स प्रयोगशाला बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने में मील का पत्थर साबित हो रही है। इसी दौरान नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के वरिष्ठ विद्यार्थियों के लिए विशेष करियर परामर्श सत्र का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्रों और उनके अभिभावकों को भविष्य के विभिन्न विकल्पों और उभरते हुए वैश्विक अवसरों के बारे में जागरूक किया गया। शिक्षकों ने प्रत्येक छात्र की शैक्षणिक प्रगति और अनुशासन पर व्यक्तिगत रूप से चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में संस्कारम समूह के अध्यक्ष डॉ. महिपाल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि इतनी भारी संख्या में अभिभावकों का आगमन और बच्चों के वैज्ञानिक नवाचार यह प्रमाणित करते हैं कि विद्यालय सही दिशा में अग्रसर है। उन्होंने शिक्षकों और नन्हे वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी कड़ी में, विद्यालय परिसर में 8 हरियाणा एनसीसी बटालियन, रेवाड़ी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ब्।ज्ब्) का तीसरा दिन भी बेहद सक्रिय रहा। कैंप कमांडेंट के कुशल निर्देशन और ट्रेनिंग स्टाफ की देखरेख में कैडेट्स को सैन्य अनुशासन, ड्रिल और हथियार चलाने का कड़ा अभ्यास कराया गया। शिविर के दौरान कैडेट्स को देश सेवा के प्रति समर्पित रहने और एक अनुशासित नागरिक बनने की सीख दी गई। अभिभावकों ने भी परिसर में चल रहे इस सैन्य प्रशिक्षण को देखा और विद्यालय द्वारा बच्चों को दिए जा रहे इस सर्वांगीण विकास के अवसर की प्रशंसा की।

अरावली बचाने की मुहिम तेज: बहादुरगढ़ में लोग एक दिन के अनशन पर बैठे
बहादुरगढ़, 04 जनवरी, अभीतक: पर्यावरण संरक्षण समिति हरियाणा द्वारा अरावली बचाओ मुहिम को आगे बढ़ाते हुए शहीद स्मारक पर काफी संख्या लोग एक दिन का अनशन पर बैठे। अनशनकारियों ने अरावली की 100 मीटर की उंचाई वाली परिभाषा का विरोध करने के लिए बाजु पर काली पट्टियां बांधी। अनशन पर स्पष्ट किया गया कि सर्वोच्च न्यायालय ने मामले की मैरिट पर फैंसला नहीं दिया है, केवल सुप्रीम कोर्ट के उस फैंसले को स्थगित किया है। जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की 100 मीटर से कम ऊंची पहाड़ियों को अरावली न मानने का फैंसला दिया था। अभी तक सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की नई परिभाषा के विरुद्ध रिटायर्ड वन अधिकारियों द्वारा डाली गई याचिकाओं पर सुनवाई भी नहीं की है। सुप्रीम कोर्ट का फैंसला स्वागत योग्य तो है परन्तु अरावली के भविष्य को बचाने के लिए अपर्याप्त व अधूरा है। फैंसला तभी पूरा माना जाएगा जब सरकार अपने सौ मीटर से कम ऊंची पहाड़ियों को अरावली न मानने के फैंसले से वापिस हटेगी और सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका प्रस्तुत करेगी और कोर्ट उसको स्वीकार कर लेगा। सरकार द्धारा और अन्य याचिका कर्ताओं द्वारा पुरजोर पैरवी समय की जरुरत है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट से सही फैंसले की उम्मीद की जा सकती है। उपरोक्त स्पष्टीकरण समिति के प्रभारी सतवीर सिंह दहिया ने दिया।

चैरासी धंटे वाले मन्दिर के पंडित शिव औम भारद्वाज श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए

दुःख जीवन का एक हिस्सा है, अंत नहीं : शिवऔम भारद्वाज
भज ले हरि को बन्दे एक दिन है जाना… भजन के माध्यम से दी श्रद्धांजलि

झज्जर, 04 जनवरी, अभीतक: दुख जीवन का एक हिस्सा है। दुख इंसान को अंदर तक झकझोर देता है लेकिन साथ ही उसे सोचने, समझने और खुद को परखने का अवसर भी देता है। अगर जीवन में दुख न हो, तो सुख का कोई मूल्य नहीं। दुख हमें धैर्य सिखाता है, हमें विनम्र बनाता है और दूसरों के दर्द को समझने की क्षमता विकसित करता है। कई बार, दुख ही इंसान को मजबूत बनाता है, उसे उसकी असली ताकत से जोड़ता है। यह सच है कि दुख में हिम्मत हारने का डर रहता है लेकिन हर रात के बाद सुबह आती है। अगर इंसान हिम्मत न हारे, तो दुख भी एक दिन सबक बन जाता है। यह बात प्राचीन खाटू श्याम मन्दिर में चैरासी धंटे वाले मन्दिर के पंडित शिव औम भारद्वाज ने धर्म सभा में उपस्थित श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जिनके संस्कार में जितने ज्यादा व्यक्ति होते है, वह उतना ही प्रिय होता है। धर्म सभा में योगेश रंजन, अनिल भारद्वाज, शिव औम भारद्वाज ने श्री राधा रमन हरि गोविंद हरे हरे.. जीवन अनमोल तेरा धीरे धीरे जा रहा.. हम तो भूले जननी मां ए तूने क्या क्या कष्ट उठाए.. योगेश रंजन ने प्रेम से बस दो घड़ी प्रभु का नाम लीजिए, अपनी अतर आत्मा को शांति से भर लीजिए..कर लो ले ठाठ थोड़े से दिनन का.. गुलशन शर्मा ने सुख के सब साथी दुख में ना कोए.. भज ले हरि को बन्दे एक दिन है जाना… भजनों के माध्यम से भाजपा नेता मनीष बंसल की चाची स्वर्गीय सरोज रानी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। पंडित प्रथम शर्मा ने कहा मां की भूमिका पूरे परिवार अहम होता है। पंडित गुलशन शर्मा ने कहा जब तक मां है, जिंदगी में कुछ भी अधूरा नही क्योकि मां के होने से भी घर में भगवान का वास होता है। सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े अमित, जितेंद्र बंसल की माता जी 26 दिसंबर को अपनी सांसारिक जीवन यात्रा पूर्ण कर परमधाम चली गई। जीप चेयरमैन कप्तान बिरधाना, नगर परिषद के प्रधान जिले सिंह सैनी, केशव सिंघल, गौशाला प्रधान प्रमोद बंसल, रमेश वाल्मीकि, सनातन धर्म सोसाइटी के प्रधान प्रकाश चंद गर्ग, प्रीतम कुकडोला, पार्षद जगदीश वर्मा, मुलतान सभा के प्रधान प्रवीण सुखीजा, पार्षद मीतू शर्मा, गुलशन शर्मा, ईश्वर शर्मा, एडवोकेट नीरज गुप्ता-मोहित गुप्ता गौतम आर्य, बाल किशन जागड़ा, संजय भाटिया, सुभाष गुर्जर, पूर्णचंद सुनेजा, सूबे सिंह हरित, अनिल छाबड़ा, सुरेंद्र कत्याल, अमित पोपली, तपस्वी शर्मा, नाहर सिंह, दिनेश छिक्कारा, संजय यादव, सुभाष वर्मा, ईश्वर सिंघल, गुलशन मिगलानी, विनित पोपली सहित शहर में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आज दिनांक 04.01.26 को श्री दीपेन्द्र सिंह हुड्डा, सांसद लोकसभा एवं मेंबर सीडब्ल्यूसी के जन्मदिन के अवसर पर श्रीमती गीता भुक्कल विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री हरियाणा ने दिल्ली निवास स्थान पर जाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके उज्वल भविष्य की कामना की।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा की जा रही लगातार कार्रवाई
बहादुरगढ़, 04 जनवरी, अभीतक: झज्जर पुलिस ने बहादुरगढ़ शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती करते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। शहर को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार दुकानदारों और आम नागरिकों को हिदायतें दी जा रही हैं। इसी कड़ी में आज बहादुरगढ़ के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों को नोटिस थमाए गए और उन्हें दुकान के बाहर सामान न रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने साफ किया है कि दुकानों के बाहर सामान रखना, रेहड़ी लगाना या सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करना यातायात व्यवस्था को बाधित करता है, जिससे शहर में बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने ऑटो मार्केट के दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी है। जिन दुकानदारों को ऑटो मार्केट में दुकानें अलॉट की गई हैं, उन्हें वहीं जाकर अपना कारोबार करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई दुकानदार नियमों की अनदेखी करता है तो संबंधित विभाग को दुकान की परमिशन रद्द करने के लिए लिख कर दिया जाएगा।बहादुरगढ़ के ट्रैफिक एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम लगा रहता है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निजात पाने के लिए दुकानदारों और आमजन को जिम्मेदारी दिखानी होगी। आज अतिक्रमण करने वालों को सख्त हिदायत देते हुए कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं।पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शहर को जाम मुक्त बनाने में सहयोग करें और किसी भी तरह का अतिक्रमण न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पशु व्यापारी के साथ लुट करने के मामले में दो व्यक्ति गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग गाड़ी और पैसे बरामद
बहादुरगढ़, 04 जनवरी, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना सदर बहादुरगढ़ पुलिस ने लूट के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता सौफियान, निवासी उत्तर प्रदेश, पशु खरीद-फरोख्त का कार्य करता है। सौफियान ने अपनी शिकायत में बताया कि 3 जनवरी 2026 को वह कुलासी गांव पहुंचा था। गांव के एक घेर के गेट पर दो युवक खड़े थे, जिन्होंने उससे पूछा कि क्या उसके पास पशु खरीदने के पैसे हैं। जैसे ही उसने हां कहा, दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उससे 45 हजार रुपये छीन लिए।शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना सदर बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनिल और केवल, निवासी कुलासी, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी और छीने गए 45 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।गिरफ्तार आरोपियों को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

स्वप्निल रविन्द्र पाटिल, डीसी झज्जर।

ओटीएस योजना से अतिदेय ऋणी किसानों को ऋण से मुक्ति का बड़ा अवसर: डीसी
पूरा मूलधन जमा करने पर अतिदेय ब्याज में 50 प्रतिशत तक की छूट

झज्जर, 04 जनवरी, अभीतक: सरकार द्वारा अतिदेय ऋणी किसानों को ऋण मुक्त करने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के माध्यम से एकमुश्त ऋण समाधान योजना (ओटीएस) लागू की गई है। यह योजना किसानों के लिए ऋण के बोझ से बाहर निकलने का एक सुनहरा अवसर है। उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत यदि अतिदेय ऋणी किसान द्वारा पूरा मूलधन जमा कर दिया जाता है, तो अतिदेय ब्याज में 50 प्रतिशत तक की माफी तथा सम्पूर्ण जुर्माना ब्याज पूरी तरह माफ किया जाएगा। इससे किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि विशेष परिस्थितियों में योजना के तहत और अधिक राहत का प्रावधान किया गया है। जिन अतिदेय ऋणी किसानों की मृत्यु हो चुकी है अथवा जो महिला ऋणी विधवा हो चुकी हैं, उनके मामलों में पूरा मूलधन जमा करने पर अतिदेय ब्याज की 100 प्रतिशत माफी तथा सम्पूर्ण जुर्माना ब्याज पूरी तरह माफ किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित शाखा प्रबंधकों, भूमि मूल्यांकन अधिकारियों एवं बैंक स्टाफ को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर अतिदेय ऋणी किसानों से संपर्क करें, उन्हें ओटीएस योजना की शर्तों एवं लाभों से अवगत कराएं तथा अधिक से अधिक पात्र किसानों को इस योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जिले के किसानों को ऋण मुक्त होने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया गया है। किसान समय रहते संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं और अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाएं।

स्वप्निल रविन्द्र पाटिल, डीसी झज्जर।

19वीं सर्कल नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता के लिए ट्रायल (5 जनवरी) आज
झज्जर, 04 जनवरी, अभीतक: उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल बताया कि कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 19वीं सर्कल नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आयोजन 10 से 12 जनवरी तक श्री गुरुद्वारा साहिब, बाजपुर, नैनीताल (उत्तराखंड) में किया जाएगा, जिसमें देश के सभी राज्य टीमें भाग लेंगी। उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा राज्य की पुरुष एवं महिला कबड्डी टीमों के चयन हेतु राज्य स्तरीय ट्रायल 5 जनवरी 2026 को गांव सुताना (मतलौडा), जिला पानीपत में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का चयन उनकी शारीरिक क्षमता, तकनीकी कौशल, खेल समझ एवं समग्र प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मेरिट के आधार पर होगी। उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा आज खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए प्रभावी खेल नीतियां लागू की जा रही हैं। खेल नर्सरी, खेल अकादमियां, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आधुनिक स्टेडियम एवं जिम्नेजियम का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरी, खेल कोटे में भर्ती, छात्रवृत्ति, स्पोर्ट्स किट तथा उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने पात्र पुरुष एवं महिला कबड्डी खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर चयन ट्रायल में भाग लेकर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त करें।

स्वप्निल रविन्द्र पाटिल, डीसी झज्जर।

जिला व उपमंडल स्तर पर आज आयोजित होंगे समाधान शिविर
सुबह 10 से 12 बजे तक नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

झज्जर, 04 जनवरी, अभीतक: जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आज सोमवार को जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ये शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन लघु सचिवालय, झज्जर के कॉन्फ्रेंस कक्ष में किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल स्वयं करेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त नागरिकों की विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्ध समाधान के निर्देश देंगे। वहीं, उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन संबंधित लघु सचिवालय परिसरों में किया जाएगा। बहादुरगढ़ में एसडीएम अभिनव सिवाच, आईएएस, बादली में एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता व बेरी में एसडीएम रेणुका नांदल की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित होंगे, जहां नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी मंच हैं। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में समाधान शिविर प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं गुरुवार को नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहते हैं, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध हो सके।

डीसी अभिषेक मीणा

मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत इलाज के लिए 15 दिन में मिलेगी आर्थिक सहायता: डीसी
पात्र सरल पोर्टल के माध्यम से योजना का लाभ लेने के लिए कर सकते हैं आवेदन

रेवाड़ी, 04 जनवरी, अभीतक: हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत चिकित्सा आधार पर वित्तीय सहायता प्राप्त करने वालों को सरल पोर्टल पर सुविधा प्रदान की जा रही है। इससे यह प्रक्रिया अधिक सरल हो गई है। अब आर्थिक सहायता के लिए प्रार्थी आवेदक सरल पोर्टल के माध्यम से सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता की राशि सीधे आवेदक या लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदक अपनी पीपीपी यानी परिवार पहचान पत्र आईडी के माध्यम से सरल पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए आवेदकों को अपने चिकित्सा बिल, ओपीडी बिल आदि जैसे अन्य संबंधित दस्तावेजों को अपलोड कर मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से चिकित्सा आधार पर वित्तीय सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना में किए गए बदलावों के तहत यदि कोई बीमारी आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना में कवर नहीं हो रही है, तो आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को भी इस योजना के तहत लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत आर्थिक सहायता के लिए जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें संबंधित एमपी, संबंधित एमएलए, उपायुक्त, सिविल सर्जन, नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, जिला परिषद के चेयरमैन, पंचायत समिति के चेयरमैन को सदस्य और नगराधीश को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
इस तरह करने आवेदन
डीसी अभिषेक मीणा ने आवेदन मंजूरी की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही आवेदक आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए पोर्टल पर अपना आवेदन डालेगा, वैसे ही आवेदन को संबंधित क्षेत्र के सांसद, विधायक, अध्यक्ष जिला परिषद, अध्यक्ष ब्लॉक समिति, मेयरध्एमसी के अध्यक्ष के पास भेजा जाएगा और ये जनप्रतिनिधि पांच दिन के भीतर अपनी सिफारिशों के साथ डीसी कार्यालय को भेजेंगे। उसके उपरांत आवेदन को डीसी कार्यालय द्वारा संबंधित तहसीलदार को आवेदक की चल -अचल संपत्ति की वेरिफिकेशन तथा सिविल सर्जन को मेडिकल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए भेजा जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में संपत्ति की वेरिफिकेशन के लिए चार दिन व सिविल सर्जन कार्यालय से जुड़े सत्यापन कार्य के लिए पांच दिन की समयसीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त दोनों विभागों से मिली रिपोर्ट्स को उपायुक्त की संस्तुति के साथ कमेटी के सदस्य सचिव को भेजा जाएगा, जिसे वे सीनियर अकाउंट अधिकारी को भेजेंगे। इसके बाद स्वीकृत की गई राशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेज दी जाएगी।
अधिकतम सीमा एक लाख रुपए निर्धारित
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता के रूप में इलाज खर्च का 25 प्रतिशत पैसा ही मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा एक लाख रुपए निर्धारित की गई है। आवेदक वित्त वर्ष में केवल एक बार ही इस सुविधा का लाभ ले सकता है। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया को आम जनता के लिए सरल बनाने के साथ ही समयबद्ध भी किया गया है। मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता की राशि सीधे आवेदक या लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। यदि कोई आवेदक दूसरे राज्य में इलाज करवा रहा है और वह चाहता है कि उपचार की राशि सीधे अस्पताल को मिले तो वह संबंधित अस्पताल की बैंकिंग डिटेल्स भी सांझा कर सकता है।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया आज सुनेंगी शिकायतें
दो दिवसीय दौरे के दौरान आयोग की चेयरपर्सन शिकायतों की सुनवाई के साथ वन स्टॉप सेंटर, जिला जेल व महिला थाना का करेंगी निरीक्षण

रेवाड़ी, 04 जनवरी, अभीतक: हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया 05 जनवरी, 2026 को जिला रेवाड़ी में शिकायतों की सुनवाई करेंगी। प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि चेयरपर्सन रेनू भाटिया सोमवार, 05 जनवरी, 2026 दोपहर 12 बजे लघु सचिवालय सभागार रेवाड़ी में शिकायतों की सुनवाई करेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा चेयरपर्सन 5 जनवरी को ही सायं साढ़े चार बजे पर लोक निर्माण विश्राम गृह में जिला परिषद के चेयरमैन व सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। इसी दिन सायं 5 बजकर 30 मिनट पर रेवाड़ी जिम का दौरा भी करेंगी। प्रवक्ता ने बताया कि चेयरपर्सन रेनू भाटिया 06 जनवरी को प्रात: 11 बजे वन स्टॉप सेंटर कर दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर जिला जेल तथा दोपहर 3 बजे महिला थाना रेवाड़ी का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लेंगी।

कांग्रेस और भाजपा से प्रदेश की जनता दुखी, एक पार्टी की जनता ने दुकान बंद की: अभय चैटाला
फतेहाबाद में इनेलो राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, पूर्व मंत्री सम्पत सिंह का किया गया अभिनन्दन

फतेहाबाद, 04 जनवरी, अभीतक: इंडियन नेशनल लोकदल की राष्ट्रीय, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को फतेहाबाद में सिरसा रोड स्थित सेतिया पैलेस में हुई। बैठक की अध्यक्षता इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चैटाला ने की वहीं विशेष तौर पर इनेलो संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, शेर सिंह बड़शामी, महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चैटाला, प्रकाश भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान, प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव संपत सिंह, रानियां के विधायक अर्जुन चैटाला और डबवाली के विधायक आदित्य चैटाला, पूर्व विधायक समालखा भरत सिंह छोकर समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में देश भर से इनेलो के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला व हलका स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा सांझा की गई और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चैटाला ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। इनेला जिला कार्यकारिणी की ओर से प्रधान बीकर सिंह हड़ौली ने अभय चैटाला को पगड़ी पहनाकर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अभय चैटाला ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार दोनों हाथों से लोगों को लूटने में लगी है। भाजपा के लोग जहां अवैध कालोनियां काटकर जेबें भर रहे हैं वहीं दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर कालोनियां काटकर सस्ते प्लाट देने के नाम पर लाखों के प्लाट बेचकर लोगों को ठगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने में कांग्रेस का बड़ा हाथ रहा है। बापू-बेटे की जोड़ी ने इस सरकार को बनाने में पूरी भूमिका निभाई लेकिन अब इनके पाप का घड़ा भर चुक है और जमीन घोटाले में सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है और बढ़ते नशे ने युवाओं का भविष्य खत्म कर दिया है। अभय चैटाला ने कहा कि कांग्रेस से प्रदेश के लोग दुखी है और भाजपा से परेशान है वहीं एक पार्टी की तो दुकान भी बंद हो चुकी है। कांग्रेस और भाजपा से परेशान लोग आज इनेलो की तरफ देख रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह कड़ी मेहनत कर पुराने कार्यकर्ताओं को दोबारा पार्टी से जोड़े। कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत 2029 में इनेलो एक बार फिर सरकार बनाएगी। पूर्व मंत्री सम्पत सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए अभय चैटाला ने कहा कि पूर्व सीएम चै. ओमप्रकाश चैटाला की तरह इनके आशीर्वाद की पार्टी को जरूरत है। उनके आने से पार्टी को मजबूती मिली है।

विधायक डा. कृष्ण कुमार।

विधायक डा. कृष्ण कुमार के प्रयास से बावल विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात, तीन नए पावर हाउस मंजूर’
24 करोड़ रुपये की लागत से गांव मनेठी, बिदावास और रणसिंह माजरा में बनेंगे 12.50 मेगावाट क्षमता के पावर हाउस’

रेवाड़ी, 04 जनवरी, अभीतक: विधायक डा कृष्ण कुमार के प्रयास से बावल विधानसभा क्षेत्र के लिए बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा सरकार ने तीन नए पावर हाउस को मंजूरी प्रदान की है। यह निर्णय क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीण इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। इन पावर हाउसों की स्थापना से बावल क्षेत्र के कई दर्जन गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने हालही में विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग और बार-बार आने वाली विद्युत समस्याओं को उठाते हुए नए पावर हाउस की आवश्यकता पर जोर दिया था। विधायक द्वारा रखी गई जनहितकारी मांग पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, जिसके परिणामस्वरूप इन पावर हाउस को स्वीकृति मिली। स्वीकृत योजना के अंतर्गत बावल विधानसभा क्षेत्र के गांव मनेठी, बिदावास और रणसिंह माजरा में 12.50-12.50 मेगावाट क्षमता के आधुनिक पावर हाउस स्थापित किए जाएंगे। इस परियोजना पर कुल 24 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन पावर हाउस के निर्माण से न केवल बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि भविष्य की बढ़ती मांग को भी प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह के कुशल मार्गदर्शन में बावल क्षेत्र में विकास की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गांव आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती है। नए पावर हाउस के निर्माण से बावल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में कृषि कार्य, छोटे उद्योग, रोजगार के अवसर और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बावल क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा स्वीकृत यह योजना “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करने की दिशा में एक और सशक्त कदम है, जिससे बावल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी। इस घोषणा के बाद बावल क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी है। स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विधायक डॉ. कृष्ण कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, जिससे कृषि, उद्योग, शिक्षा और घरेलू कार्य प्रभावित होते थे। नए पावर हाउस बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

भाजपा नेता को रंगदारी की धमकी के बाद हमला, घर के गेट पर अंधाधुंध फायरिंग
ब्हादुरगढ में हरियाणा ओलम्पिक संघ उपाध्यक्ष राकेश कोच के स्कूल पर फायरिंग
स्कूल परिसर में ही हरियाणा ओलम्पिक संघ उपाध्यक्ष नेता का घर
कार से आए बदमाश, गेट पर 9 राउंड की फायरिंग

बहादुरगढ़, 04 जनवरी, अभीतक: हरियाणा में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हरियाणा ओलम्पिक संघ उपाध्यक्ष एवं बीजेपी नेता राकेश कोच के बहादुरगढ़-बेरी मार्ग स्थित स्कूल पर शनिवार रात दो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात साफ नजर आ रही है। सीसीटीवी फुटेज में शनिवार रात करीब पौने 10 बजे दो बदमाश कार में सवार होकर स्कूल के मुख्य गेट के सामने पहुंचे। एक बदमाश दोनों हाथों में हथियार लेकर सीधे गेट तक पहुंचा और बिना रुके ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। चंद सेकेंड में स्कूल के गेट पर करीब 9 गोलियां दागी गईं। इसके बाद दोनों बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही राकेश कोच के परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। भाजपा नेता ने बताया कि फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन स्कूल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। कहा जा रहा है कुछ दिन पहले राकेश कोच को फोन कॉल के जरिए रंगदारी की धमकी दी गई थी। ऐसे में इस फायरिंग की घटना को उसी धमकी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और हर एंगल से जांच किए जाने की बात कही है। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे ब्ब्ज्ट कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, आरोपियों की पहचान और मंशा की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्यपाल को साल 2026 के भाजपा सरकार के संकल्प से अवगत कराया चंडीगढ़, 04 जनवरी, अभीतक: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्यपाल को साल 2026 के भाजपा सरकार के संकल्प से अवगत कराया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि साल 2026 में उनकी सरकार महिला सशक्तीकरण, तकनीक आधारित रोजगार और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर देगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी ने राज्यपाल प्रो. असीम घोष व उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष से राजभवन में मुलाकात की। मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच प्रदेश की विकास परियोजनाओं की गति के साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई है। रेलवे के नक्शे पर इतिहास रचने को तैयार हुआ जींद
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लाभ पात्रों में यह श्रेणी इसलिए जोड़ी है, ताकि बच्चे अधिक प्रतिभाशाली बनने की ओर अग्रसर हो सकें और माताएं अपने बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने में तन्मयता से काम कर सकें। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष के नाते मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने राज्यपाल को गतिविधियों व भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। महिला सशक्तीकरण की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव से कर दी है। इसके अंतर्गत अब राज्य की उन गरीब महिलाओं को भी लाडो लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 2100 रुपये मासिक का लाभ मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये तक है तथा जिनके बच्चों ने 10वीं और 12वीं क्लास में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश घायल, सीआईए ने किया गिरफ्तार
आरोपी पर कई राज्यों में 38 मुकदमें, केएमपी एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा था बदमाश

फरीदाबाद, 04 जनवरी, अभीतक: हथीन सीआईए टीम ने शनिवार रात एक बड़ी कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के बाद 7 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर हरियाणा समेत कई राज्यों में करीब 38 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। इस संबंध में डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि डीएसपी पलवल के सीआईए हथीन प्रभारी दीपक गुलिया को शनिवार रात विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गांव खिल्लुका निवासी मुश्ताक उर्फ हुकड़ी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में बिना नंबर की अपाचे बाइक से केएमपी एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रणनीति बनाई। सूचना के आधार पर हथीन सीआईए टीम ने गुराकसर रोड बाईपास पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में बिना नंबर की बाइक पर सवार संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह नहीं रुका, बल्कि बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपी को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपी मुश्ताक उर्फ हुकड़ी ने चेतावनी के बावजूद पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए सीआईए हथीन प्रभारी दीपक गुलिया और एसआई मोहम्मद यासीर ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आरोपी के गिरते ही पुलिस टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई, जो टीम की सतर्कता और संयम को दर्शाता है। पुलिस ने मौके से बिना नंबर की अपाचे बाइक, एक पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुश्ताक उर्फ हुकड़ी शातिर अपराधी है और उस पर हरियाणा सहित अन्य राज्यों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और अवैध हथियार रखने जैसे करीब 38 मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था और उस पर 7 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उससे जुड़े अन्य आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और हालिया वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी और संभावित बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया है।

आईएमए रेवाड़ी को मिला महिला नेतृत्व, स्वास्थ्य के साथी बनेंगे डॉक्टर
रेवाड़ी, 04 जनवरी, अभीतक: नववर्ष के उपलक्ष्य में आईएमए रेवाड़ी द्वारा जिमखाना क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पुरानी टीम ने 2026 की नई कार्यकारिणी को कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर डॉ. नीरज यादव ने औपचारिक रूप से प्ड। रेवाड़ी की अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। यह कार्यकारिणी विशेष रूप से महिला नेतृत्व वाली टीम है, जो चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है। समारोह में नई टीम का परिचय भी कराया गया।
आईएमए रेवाड़ी 2026 के प्रमुख पदाधिकारी
अध्यक्ष: डॉ. नीरज यादव
सचिव: डॉ. पूजा अनेजा
कोषाध्यक्ष: डॉ. मीनाक्षी यादव
आयोजन सचिव: डॉ. कृतिका पांडे
डॉ शीला यादव व डॉ सुषमा क्वात्रा को उपदेशक के रूप में चुना गया। वहीं डॉ नीलम यादव को मुख्य संरक्षक, डॉ कविता यादव व डॉ सोनिया यादव को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई। डॉ सुमित्रा यादव, डॉ अचल सिंगला व डॉ तेजस्वी को उपाध्यक्ष की दायित्व दिया गया। डॉ प्रीति यादव, डॉ मीनाक्षी यादव, डॉ रेखा वी डॉ मनीषा को संयुक्त सचिव का दायित्व दिया गया। पदभार ग्रहण करते हुए डॉ. नीरज यादव ने कहा कि वर्ष 2026 में आईएमए रेवाड़ी का फोकस केवल अकादमिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक सहभागिता और जन-जागरूकता को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। डॉ. यादव ने बताया कि इस वर्ष आईएमए रेवाड़ी द्वारा एक नया सामाजिक विंग पहल रेवाड़ी शुरू किया जा रहा है, जिसका संदेश हैकृ“सोच से संकल्प तक। इस पहल का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, डॉक्टर और मरीज के बीच की दूरी कम करना, विश्वास को मजबूत करना और पारदर्शी व स्पष्ट संवाद स्थापित करना है। डॉ पूनम यादव, डॉ मित्रा सक्सेना, डॉ सरोज मान, डॉ तरुणा यादव, डॉ किरन यादव, डॉ अर्चना यादव, डॉ रुचि सक्सेना व डॉ प्रियंका गुप्ता ने कहा हम चाहते हैं कि समाज डॉक्टर को सिर्फ बीमारी के समय नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के साथी के रूप में देखे। आईएमए रेवाड़ी 2026 इसी सोच के साथ आगे बढ़ेगा। यह कार्यकारिणी इस बात का प्रतीक है कि महिलाएँ आज चिकित्सा क्षेत्र में नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में खड़ी हैं। नई टीम ने वरिष्ठ चिकित्सकों के मार्गदर्शन में सभी सदस्यों को साथ लेकर कुछ नया और सकारात्मक करने का संकल्प लिया। समारोह में आईएमए के वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्यगण उपस्थित रहे और नई टीम को शुभकामनाएँ दीं।

कॉस्मेटिक एसोसिएशन ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाई लुईस ब्रेल की जयंती
लुईस ब्रेल की ब्रेल लिपि ने दुनिया भर के दृष्टिहीन लोगों के लिए खोले शिक्षा व ज्ञान के द्वार : अभिषेक बंसल

भिवानी, 04 जनवरी, अभीतक: स्थानीय मिनी बाईपास के नजदीक स्थित दिव्यांग स्वाभिमान चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रांगण में रविवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉस्मेटिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रेल लिपि के आविष्कारक लुईस ब्रेल की जयंती बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया और उनके जीवन में शिक्षा के महत्व पर चर्चा की। इस मौके पर कॉस्मेटिक एसोसिएशन के प्रधान अभिषेक बंसल ने दीप प्रज्वलित कर लुईस ब्रेल को नमन किया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए लुईस ब्रेल के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके ऐतिहासिक आविष्कार के बारे में विस्तार से बताया। बंसल ने कहा कि लुईस ब्रेल ने स्वयं बचपन में अपनी आंखों की रोशनी खो दी थी, लेकिन उन्होंने अपनी दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उन्होंने मात्र 15 वर्ष की आयु में छह बिंदुओं वाली ऐसी लिपि (ब्रेल लिपि) तैयार की, जिसने दुनिया भर के दृष्टिहीन लोगों के लिए शिक्षा और ज्ञान के द्वार खोल दिए। आज अगर हमारे दृष्टिबाधित बच्चे पढ़-लिखकर ऊंचे पदों पर आसीन हो रहे हैं, तो इसका श्रेय लुईस ब्रेल के अटूट साहस और उनकी बुद्धिमता को जाता है। एसोसिएशन के सदस्यों ने दिव्यांग बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा की। प्रधान अभिषेक बंसल ने समाज के सक्षम वर्गों से अपील करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों को दया की नहीं, बल्कि अवसर और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। इस मौके पर स्वाभिमान चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि लुईस ब्रेल द्वारा विकसित यह लिपि न केवल पढऩे, बल्कि गणित और संगीत सीखने में भी उतनी ही कारगर है। यह लिपि कागजों पर उभरे हुए बिंदुओं के माध्यम से महसूस की जाती है, जिससे दृष्टिबाधित व्यक्ति अपनी उंगलियों के स्पर्श से शब्दों को पढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *