


https://www.facebook.com/share/v/18ioemy2De
https://www.facebook.com/share/v/1GSWJ29ycM
https://www.facebook.com/share/v/1DGVVYnAnF
https://www.facebook.com/share/v/1CS948gAVV


एचडी पब्लिक स्कूल बिरोहड़ में प्रथम एवं द्वितीय स्तर के ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया
झज्जर, 10 मार्च, अभीतक: एचडी पब्लिक स्कूल बिरोहड़ में प्रथम एवं द्वितीय स्तर के ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक बलराज फौगाट, प्राचार्या नमिता दास और प्रिति पाहवा ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों के ओलंपियाड में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों ने प्रथम और द्वितीय स्तर की परीक्षाओं में शानदार सफलता प्राप्त कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। निदेशक बलराज फौगाट ने अपने संबोधन में कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे अपनी पढ़ाई के प्रति अधिक जागरूक बनते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करते रहें। विद्यालय की प्राचार्या नमिता दास ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि छोटी कक्षाओं से ही प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से बच्चों ने यह सफलता प्राप्त की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना की तथा उन्हें आगे भी इसी प्रकार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी गई तथा भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।



https://www.facebook.com/share/v/18ioemy2De
https://www.facebook.com/share/v/1CS948gAVV
महिलाओं ने बासौडा पूजन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की
बुद्धों माता मंदिर का वार्षिकोत्सव आज
बुद्धों माता मन्दिर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया
झज्जर, 10 मार्च, अभीतक: शंकराचार्य चैक के निकट झज्जर के प्राचीन बुद्धों माता मंदिर में बुधवार को लगने वाले मेले की मन्दिर समिति के द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है। मन्दिर समिति के द्वारा लगने वाले मेले को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो बेरिकेटिंग की व्यवस्था की गई हैं। मन्दिर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। मंगलवार से दुकानदारों ने मन्दिर क्षेत्र के आसपास अपनी दुकानें लगानी शुरू कर दी है। पूजा अर्चना के दौरान व्यवस्था को लेकर सेवको की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। मंगलवार को महिलाओं ने घरों और मंदिरों बासौडा पूजन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। सुबह से ही पूजा अर्चना का क्रम चलता रहा।
पूजा में माथे पर हल्दी तिलक का महत्व
पूजन के बाद माथे पर हल्दी का तिलक लगाया जाता है और घर के मुख्य द्वार पर हल्दी से स्वास्तिक बनाकर सुख-शांति की मंगल कामना की जाती है। हल्दी को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है, जो शरीर को रोगों से बचाने और मन को प्रसन्नता देने में सहायक होती है।
देवी शीतला माता की शीतलाष्टक महिमा का महत्व
देवी शीतला की महिमा का वर्णन शास्त्रों में शीतलाष्टक के रूप में मिलता है। मान्यता है कि इसकी रचना भगवान शिव ने जनकल्याण के लिए की थी। शीतलाष्टक का पाठ करने से देवी प्रसन्न होती हैं और भक्तों को रोग, संकट और भय से मुक्त करती हैं। माता का पौराणिक मंत्र ॐ ह्रीं श्रीं शीतलायै नमः अत्यंत प्रभावकारी माना गया है। इसके जप से मनुष्य को समाज में मान-सम्मान और प्रतिष्ठा की प्राप्ति होती है।




सीए फाउंडेशन में चमका संस्कारम का नाम: साक्षी और तन्नू ने बढ़ाया स्कूल का गौरव’
झज्जर, 10 मार्च, अभीतक: क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थान संस्कारम पब्लिक स्कूल, खातीवास के नाम एक और स्वर्णिम उपलब्धि जुड़ गई है। विद्यालय की दो मेधावी छात्राओं, साक्षी और तन्नू ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (ब्।) फाउंडेशन की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणामों की परंपरा को आगे बढ़ाया है। झज्जर निवासी श्री जीत सिंह की सुपुत्री साक्षी और गांव धौड निवासी श्री बिजेंद्र की सुपुत्री तन्नू ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम से न केवल अपने अभिभावकों का, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। सफल छात्रा साक्षी और तन्नू ने अपनी सफलता का श्रेय संस्कारम स्कूल के अनुशासित वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि स्कूल में मिली विशेष कोचिंग और समय-समय पर हुए करियर काउंसलिंग सत्रों ने उन्हें इस कठिन परीक्षा के लिए मानसिक रूप से तैयार किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर संस्कारम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. महिपाल ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने छात्राओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए बताया कि संस्कारम पब्लिक स्कूल का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि साक्षी और तन्नू की यह शानदार सफलता विद्यालय के समर्पित शिक्षकों और उन्नत शैक्षणिक मॉडल का ही परिणाम है। चेयरमैन ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्होंने दोनों बेटियों के स्वर्णिम भविष्य की कामना की।




झज्जर पुलिस लाइन में एनडीपीएस एक्ट पर एक सेमिनार का किया गया आयोजन, डीसीपी हेडक्वार्टर जसलीन कौर और जिला न्यायवादी अनुज दहिया ने
जांच अधिकारियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
झज्जर, 10 मार्च, अभीतक: झज्जर की पुलिस लाइन में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एनडीपीएस एक्ट को लेकर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजित किया गया। इस सेमिनार में जिले की विभिन्न पुलिस यूनिटों के अनुसंधानकर्ताओं ने भाग लिया और कानून से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में जिला न्यायवादी अनुज दहिया मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामलों की जांच से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। अनुज दहिया ने अनुसंधानकर्ताओं को बताया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में जांच बेहद सावधानी और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जानी चाहिए,ताकि किसी भी तकनीकी कमी के कारण आरोपी अदालत से बरी न हो सके। उन्होंने जांच अधिकारियों को केस की मजबूत पैरवी और साक्ष्यों के सही संकलन के बारे में भी दिशा-निर्देश दिए। सेमिनार के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में कानून की प्रक्रियाओं का पालन करना बेहद जरूरी है। यदि जांच सही तरीके से की जाए तो अपराधियों को सजा दिलाना आसान हो जाता है। साथ ही उन्होंने सजा प्राप्त करने वाले अपराधियों के सुधार और पुनर्वास से जुड़े पहलुओं पर भी मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर डीसीपी हेडक्वार्टर जसलीन कौर ने भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए कानून की पूरी जानकारी होना जरूरी है। इस दौरान सेमिनार में एसीपी अनिरुद्ध चैहान ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस कर्मचारियों के लिए बेहद उपयोगी होते हैं। इससे जांच अधिकारियों को मामलों की बेहतर समझ मिलती है और वे कानून के अनुसार मजबूत केस तैयार कर सकते हैं। इस सेमिनार के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच प्रक्रिया,कानूनी प्रावधानों और केस को मजबूत बनाने के तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई,जिससे भविष्य में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




रेवाड़ी में रुद्र पूजा के साथ होंगे सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दिव्य दर्शन
रेवाड़ी, 10 मार्च, अभीतक: शहर के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सौभाग्य और आस्था से जुड़ा एक ऐतिहासिक अवसर आने जा रहा है। लगभग एक हजार वर्षों से सुरक्षित रखे गए सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेष 13 मार्च 2026 को रेवाड़ी में श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु लाए जा रहे हैं। इस दुर्लभ अवसर पर शहर में रुद्र पूजा एवं दिव्य दर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इतिहास के अनुसार वर्ष 1026 ईस्वी में सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के दौरान ज्योतिर्लिंग के कुछ पवित्र अंशों को संतों और अग्निहोत्री ब्राह्मणों की एक परंपरा द्वारा सुरक्षित रख लिया गया था। इन अवशेषों की सदियों तक गुप्त रूप से पूजा-अर्चना की जाती रही और इन्हें सुरक्षित रखा गया। लंबे समय के बाद अब इन पवित्र अवशेषों को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए देश के विभिन्न स्थानों पर ले जाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत रेवाड़ी में भी दर्शन का यह दुर्लभ अवसर प्राप्त हो रहा है। इसी कड़ी में पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) एवं आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त सहयोग से 13 मार्च 2026 को पंजाबी भवन, पुराना कोर्ट कॉम्प्लेक्स, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुजन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे और विशेष रूप से आयोजित रुद्र पूजा में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। रुद्र पूजा का आयोजन शाम 6ः00 बजे किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अवसर है। सदियों बाद इन पवित्र अवशेषों के दर्शन का अवसर मिलना श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत दुर्लभ और सौभाग्यपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रुद्र पूजा संपन्न करवाई जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है, ताकि सभी भक्त इस पावन अवसर का लाभ उठा सकें। पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) के प्रधान श्री सचिन मलिक ने बताया कि समाज को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि इतने पवित्र और ऐतिहासिक अवशेषों के दर्शन का अवसर रेवाड़ी में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान शिव के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन करने का आह्वान किया। वहीं आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से ब्रह्म प्रकाश भारद्वाज और नरेश कालरा ने कहा कि यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिकता, सकारात्मकता और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे 13 मार्च को पंजाबी भवन, पुराना कोर्ट कॉम्प्लेक्स, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में आयोजित इस पावन कार्यक्रम में सपरिवार पहुंचकर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दर्शन, शाम 6ः00 बजे होने वाली रुद्र पूजा तथा प्रसाद ग्रहण कर इस दुर्लभ अवसर का लाभ उठाएं।
गुड़गांव: दीवार गिरी, 7 की मौत’
गुड़गांव के सिन्धरावली में ग्लोबल सोसाइटी के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा हो गया। एसटीपी के लिए अंडरग्राउंड खुदाई कर दीवार बनाई गई थी, जो गिर गई। इसे नीचे दबने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 गम्भीर हैं। मृतकों व घायलों को भिवाड़ी के अस्पताल में भेजा गया है। बिलासपुर थाना पुलिस जांच में जुटी है।

जिला के 124 गांव और 15 वार्ड नशा मुक्त घोषित
जिला एनकॉर्ड बैठक आयोजित, जिला को शत प्रतिशत नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य
डीसी बोले- नशे के खिलाफ प्रशासन, पुलिस व समाज को मिलकर करना होगा
गांव व वार्ड स्तर की टीमें एक्टिव मोड में करें कार्य, ज्यादा से ज्यादा लोगों को मुहिम से जोड़ें
झज्जर, 10 मार्च, अभीतक: जिले को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की मासिक बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में डीसीपी जसलीन कौर भी मौजूद रही व सभी एसडीएम भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। डीसी ने कहा कि जिला के 124 गांवों और 15 वार्डों को नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है। सभी गांवों को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर आपसी समन्वय से कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर उपमंडल स्तर पर नशा मुक्ति अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव और वार्ड स्तर पर पहले से गठित टीमों को एक्टिव मोड में लाया जाए और एसडीएम इन टीमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जाए और जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर चलाया जाए। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए जरूरी है कि प्रशासन, पुलिस, पंचायतें और समाज सेवी संस्थाएं मिलकर इस दिशा में काम करें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अवेयरनेस कैंपेन आयोजित करें, जिसमें स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम सभाओं में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्लाक स्तर पर बॉलीबाल सहित अन्य खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि मेडिकल स्टोर्स पर कड़ी निगरानी रखी जाए और डॉक्टर की पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाइयां न बेची जाएं। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। डीसीपी जसलीन कौर ने बैठक में बताया कि पुलिस द्वारा लगातार नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, गांव-गांव जाकर युवाओं को जागरूक करने के अभियान भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हर गांव को नशा मुक्त बनाना है। इस अवसर पर एसडीएम आईएएस अंकित कुमार चैकसे, जिला अटॉर्नी अनुज दहिया, जेल अधीक्षक संदीप डांगी, सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान, डीडीपीओ निशा तंवर, डीईओ रतिंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




चिन्हित अपराधों से जुड़े मामलों में पीड़ितों को मिले त्वरित न्याय: डीसी
झज्जर, 10 मार्च, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में चिन्हित अपराधों के मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना है। उपायुक्त ने चिन्हित अपराध से जुड़े मामलों और संवेदनशील कानूनों के तहत दर्ज केसों की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि सामाजिक दृष्टि से संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनकी सुनवाई और निपटान में तेजी लाई जाए। साथ ही गवाहों को समय पर समन भेजने तथा जांच अधिकारी की अदालत में उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में ऐसे मामलों की भी समीक्षा की गई जिनमें अभियुक्तों को बरी कर दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी मामले में न्याय के हित में अपील करना आवश्यक है तो संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से अपील की प्रक्रिया शुरू करना सुनिश्चित करें। डीसीपी जसलीन कौर ने बैठक में बताया कि पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित अपराध से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस अवसर पर एसडीएम झज्जर अंकित चैकसे, जिला न्यायवादी अनुज दहिया, जेल अधीक्षक संदीप डांगी, सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान, डीडीपीओ निशा तंवर, डीईओ रतिंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खाद्य सुरक्षा के मानकों को सख्ती से लागू करे विभाग: डीसी
जिला स्तरीय फूड सेफ्टी एडवाइजरी कमेटी की बैठक में डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने दिए सख्त निर्देश
झज्जर, 10 मार्च, अभीतक: लघु सचिवालय में मंगलवार को जिला स्तरीय फूड सेफ्टी एडवाइजरी कमेटी की बैठक उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जाए और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस बीच फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजेश वर्मा ने जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर बाजारों, होटल-ढाबों, मिठाई की दुकानों,मिड डे मील,फूड प्रोसेसिंग यूनिट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाता है। इस दौरान खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उनकी जांच करवाई जाती है ताकि लोगों को मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों, मेलों और विशेष अवसरों के दौरान बाजारों में विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी खाद्य व्यवसाय संचालक फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) के नियमों का पालन करें और आवश्यक लाइसेंस व पंजीकरण करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और जहां कहीं भी नियमों की अनदेखी पाई जाए वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा आम जनता को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और खाद्य सुरक्षा को लेकर समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जिले में खाद्य सुरक्षा के मानकों को सख्ती से लागू किया जाएगा ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर एसडीएम झज्जर अंकित कुमार चैकसे आईएएस,सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान, डीडीपीओ निशा तंवर, एएफएसओ अमरजीत सिंह, आईईओ सरिता रंगा सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






राजकीय बहुतकनीकी लिसाना में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता हुई आयोजित
रेवाड़ी, 10 मार्च, अभीतक: राजकीय बहुतकनीकी लिसाना में दो दिवसीय 12वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में संस्थान के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में बढ़-चढकर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। संस्थान के प्रधानाचार्य प्रवीन कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विजेता खिलाडियों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों एवं टीचिंग स्टाफ के बीच रोमांचक रस्साकस्सी की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, रिले दौड़, लम्बी व ऊँची कूद, गोला फेंक तथा अन्य कई खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।


गर्मी के मौसम में पेयजल संबंधी सभी व्यवस्थाएं रखें दुरुस्त: डीसी
पेयजल सप्लाई का वैकल्पिक प्रबंध भी करें सुनिश्चित
डीसी अभिषेक मीणा ने की जिला जल एवं सीवरेज मिशन की बैठक
आमजन से अपील- जल को व्यर्थ न बहाए, करें सदुपयोग
रेवाड़ी, 10 मार्च, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए पेयजल संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। साथ ही पेयजल सप्लाई का वैकल्पिक प्रबंध भी सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है इसलिए आने वाले पीढ़ी के भविष्य की चिंता करते हुए जल को व्यर्थ न बहाएं और जल संरक्षण में अपना योगदान देते हुए जल का सदुपयोग करें। डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला जल एवं सीवरेज मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला में कहीं भी पेयजल आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। इसके लिए जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए जिला के सभी गांवों के साथ-साथ स्कूल, महाविद्यालय, अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्रों और बस स्टैंड आदि सार्वजनिक स्थानों पर भी पेयजल की उचित व्यवस्था हो। जहां जरूरी है वहां पर मटके आदि का भी प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पानी के अधिक से अधिक सैंपल लिए जाएं तथा समय-समय पर उनकी जांच कराई जाए। यदि किसी क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता से संबंधित कोई समस्या सामने आती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने गांवों में स्थित जलघरों की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी पाइपलाइन में लीकेज होने पर तुरंत ठीक करवाना सुनिश्चित करें और जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पानी की बर्बादी को हर हाल में रोका जाए। बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता विनय चैहान ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की ओर से जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत 22 मार्च तक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों को जल संरक्षण को लेकर जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा जिला के गांवों में बेहतर पेयजल सप्लाई को लेकर जिला तकनीकी यूनिट भी तैयार की गई है जो ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल सप्लाई से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से निवारण करेगी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जिला में पेयजल सप्लाई से संबंधित शिकायत निवारण नंबर 18001805678 भी जारी किया गया है, जिस पर कोई भी नागरिक पानी से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकता है। बैठक में डीडीपीओ एचपी बंसल, बीडीपीओ संजय सिंह, एसडीओ विनोद बागड़ी, जिला को-ऑर्डिनेटर योगेंद्र सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।





प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के बारे कैंप लगाकर स्ट्रीट वेंडर्स को करें जागरूक: डीसी
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को कराया जाएगा ऋण उपलब्ध
जिला में 6 गांवों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप, अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स करवाएं पंजीकरण
रेवाड़ी, 10 मार्च, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि जिला में 16 मार्च से 15 अप्रैल 2026 तक जिला के छह गांवों में प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के अंतर्गत विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जिसमें रेहड़ी-पटरी व डोर टू डोर सर्विस देने वाले व्यापारियों को योजना के तहत पंजीकरण किया जाएगा। शुरुआत में जिला के छह गांव भाकली, मनेठी, रामपुरा, आकेड़ा, घटाल महैनियावास व महेश्वरी में विशेष कैंपों का आयोजन किया जाएगा। डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय में अपने कार्यालय में संबंधित बीडीपीओ, ग्राम सचिव व बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी लाभार्थियों का पीएम स्वनिधी योजना के तहत पंजीकरण कराया जाए ताकि वे सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही योजना का लाभ ले सकें। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे वे अपने व्यवसाय को सशक्त बना सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के तहत कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। इसके लिए इन गांवों में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने बताया कि शहरों की तरह गांवों में भी सरकार द्वारा छोटे व्यापारियों के लिए भी योजना के तहत लाभ दिया जा रहा है। डीसी ने बताया कि कोई भी रेहड़ी-पटरी व डोर टू डोर सर्विस देने वाले वेंडर्स पंजीकरण कराकर योजना का लाभ ले सकते है। डीसी ने गांवों के सभी जरूरतमंद स्ट्रीट वेंडर्स से आह्वान किया कि वे योजना के तहत पंजीकरण करवाकर इसका लाभ लें और आत्मनिर्भर बनें। यह कैंप छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। एलडीएम राजीव रंजन ने बैठक में बताया कि 17 मार्च को गांव भाकली में, 24 मार्च को गांव मनेठी, 02 अप्रैल को गांव रामपुरा, 7 अप्रैल को गांव आकेडा, 9 अप्रैल को गांव घटाल महैनियावास व 15 अप्रैल को गांव महेश्वरी में प्रातः 11 बजे कैंप का आयोजन किया जाएगा। इन विशेष कैंपों के माध्यम से पात्र लोगों को योजना के तहत पंजीकरण करवाया जाएगा, ताकि लाभार्थी को योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए पात्र लाभार्थी को आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आधार से लिंक मोबाइल नंबर व यूपीआई आईडी अनिवार्य है। बैठक में डीडीपीओ एचपी बंसल, बीडीपीओ, ग्राम सचिव व बैंक के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते डीसी अभिषेक मीणा।
13 मार्च को गांव गोठड़ा टप्पा डहीना में प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम
डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद
रेवाड़ी, 10 मार्च, अभीतक: जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार, 13 मार्च को गांव गोठड़ा टप्पा डहीना में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। नगराधीश जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जाएगा। सीटीएम ने बताया कि सरकार की जनहितकारी नीतियों की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

हरियाणा के कर्मचारियों और पेंशनरों को पंजाब के चार बड़े अस्पतालों में मिलेगा इलाज: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
- इनमें होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुल्लांपुर, पंजाब (यह टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई की यूनिट है), होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल, संगरूर, पंजाब (यह भी टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई की यूनिट है), रीजनल स्पाइनल इंजरीज सेंटर, सेक्टर 70 मोहाली तथा पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंस, फेज 3 बी 1, सेक्टर 60 मोहाली शामिल हैं।
- इन अस्पतालों में कैंसर, रीढ़ की चोट और लिवर से संबंधित गंभीर बीमारियों का बेहतरीन उपचार उपलब्ध
- कर्मचारियों, पेंशनरों और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है राज्य सरकार: आरती सिंह राव
भिवानी का दुर्भाग्य है शहर में 49 एकेडमी बिना किसी सरकारी परमिशन के बिना किसी मान्यता के कोई फायर की एनओसी नहीं कोई बिल्डिंग सेफ्टी नहीं जिन्होंने भिवानी शहर को अपने होर्डिंग द्वारा पूरी तरह से पाट दिया है। यह एकेडमी पहली क्लास से बच्चों को डॉक्टर और इंजीनियर बनाने में लग जाती है। इन्होंने बच्चों के बचपन को खत्म कर दिया बच्चों को जीवन को खत्म कर रहे हैं। तरह-तरह के सस्ते लोग लुभावने प्रलोभन देकर नर्सरी कक्षा से बच्चों को ठोस ठोस के छोटे-छोटे कमरों में भर के उनका शोषण कर रहे हैं। केंद्र और राज्य की सरकार ने कानून बना दिया की स्कूल टाइम में स्कूल गोइंग बच्चा स्कूल में रहे स्कूल में पढ़े इस प्रकार की जो कोचिंग अकैडमी है। वह बिल्कुल गलत है, अवैध है, डायरेक्टर एजुकेशन ने 10 बार आदेश कर दिए कि इस प्रकार की इलीगल संस्थाओं को बंद किया जाए। इस मामले को लेकर प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन बहुत बार प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर गुहार लगा चुकी है कि यह जो डमी बच्चों के दाखिलों का खेल है। इसको रोका जाना चाहिए बच्चों का जिस स्कूल में दाखिला हो स्कूल टाइम में वह बच्चा स्कूल में होना चाहिए। परंतु कार्यवाही करने की बजाय प्रशासनिक अधिकारी जो स्कूल सरकार से मान्यता लेकर चल रहे हैं। सरकार के सभी नियमों की पालना कर रहे हैं, समय-समय पर सरकारी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को सपोर्ट करते हैं, उनको ही सबक सिखाने जैसी बातें करते हैं, जब मिलने जाते हैं तब धमकाने जैसी स्थिति में बात करते हैं। जब प्रशासनिक अधिकारियों को किसी एग्जाम को करने के लिए स्कूली बिल्डिंगों की जरूरत पड़ती है। किसी स्पोर्ट्स मीट को करने के लिए हमारे स्कूलों की छुट्टी करवा दी जाती है। हमारी स्कूल बसों को तीन-तीन दिन तक दूर-दूर भेजा जाता है। तब प्राइवेट स्कूल बहुत अच्छे होते हैं सहयोगी होते हैं, परंतु जब स्कूल नियमों की बात करते हैं कि शहर में यह गलत काम कर रहे हैं। शिक्षा के नाम पर तो इधर से उधर चक्कर कटवाने के नाम पर रिजल्ट जीरो होता है और पहली बार एक बात और देखने में आई है कि अधिकारियों में इगो इतनी है स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से इस टाइप से बात की जाती है, जैसे स्कूल संचालक उनकी नौकरी करते हैं और उनके रहमो करम पर यह स्कूल चल रहे हैं। सभी स्कूल संचालक हरियाणा प्रदेश के बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन देने का काम कर रहे हैं। यह इतने बड़े-बड़े स्कूल युवा साथियों ने लोन पर पैसे लेकर या उधर लेकर खड़ी करी हैं और सरकार को लाखों रुपए विभिन्न फंडों के रूप में देते हैं। बहुत सारे राजनैतिक दलों के पदाधिकारी के भी हैं दोस्त शिक्षा देने जैसा पुनीत कार्य अपने बल पर अपने संसाधनों द्वारा कर रहे हैं। अधिकारियों की इस प्रकार की कार्यशैली को लेकर जल्दी ही संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के 5-6 विधायकों के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्थिति से अवगत करवाएगी।



सरसों की सरकारी खरीद 28 मार्च की बजाय 12 मार्च से शुरू करे सरकार: अभय सिंह चैटाला
किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर सरसों की फसल को 800-1000 रुपए प्रति क्विंटल कम दाम पर खरीद रहे हैं व्यापारी: अभय सिंह चैटाला
28 मार्च तक तो किसानों की 90 प्रतिशत सरसों मंडियों में एमएसपी से कम पर बिक जाएंगी, उसके बाद इसी फसल को व्यापारी सरकारी भ्रष्ट तंत्र से मिलीभगत कर एमएसपी पर बेच कर कमाएंगे हजारों करोड़ रूपए
चंडीगढ़, 10 मार्च, अभीतक: इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी अभय सिंह चैटाला ने सरसों की सरकारी खरीद 28 मार्च की बजाय 12 मार्च से और गेहूं सहित बाकी सभी रबी फसलों की सरकारी खरीद 20 मार्च से शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अबकी बार गर्मी 20 दिन पहले शुरू होने के कारण सरसों की फसल का दाना पक गया है और किसानों ने अपनी सरसों की फसल को मंडियों में लाकर बेचना शुरू कर दिया है। सरसों की सरकारी खरीद की तारीख 28 मार्च होने के कारण सरकारी खरीद नहीं की जा रही है जिसके कारण बिचैलिए किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर सरसों की फसल को 800-1000 रुपए प्रति क्विंटल कम दाम पर खरीद रहे हैं। किसान पहले से ही कर्ज में डूबा हुआ है और सरकारी खरीद शुरू न होने के कारण किसानों को 800-1000 रुपए प्रति क्विंटल दाम का भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। 20 दिन अगेती गर्मी के कारण हरियाणा की मंडियों में 10 मार्च 2026 तक 5 लाख क्विंटल से ज्यादा सरसों बिक्री के लिए पहले ही आ चुकी है। ऐसे में 28 मार्च तक किसानों की 90 प्रतिशत सरसों मंडियों में पहले ही समर्थन मूल्य से कम पर बिक जाएगी और बाकी फसलें भी सामान्य समय से एक पखवाड़ा जल्दी पक कर तैयार हो जाएंगी। साफ दिखाई दे रहा है कि किसानों द्वारा 800-1000 रुपए प्रति क्विंटल कम दाम पर खरीदी गई सरसों की फसल को बिचैलिए और सरकारी भ्रष्ट तंत्र मिलीभगत से 28 मार्च के बाद समर्थन मूल्य पर बेचकर हजारों करोड़ रुपए का सरसों घोटाला रचेंगे। इसलिए सरकार सरसों की सरकारी खरीद को तुरंत शुरू करे और प्रदेश की सभी मंडियों के आढ़तियों को लिखित आदेश द्वारा अवैध कच्ची पर्ची विपणन सिस्टम पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए।


वैश्य महाविद्यालय में हुआ दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यबल (नेशनल टास्क फोर्स) फैकल्टी प्रशिक्षण कार्यशाला का प्रारंभ’
प्रथम दिवस पर महाविद्यालय के शिक्षण और गैर शिक्षण स्टाफ को दिया गया प्रशिक्षण
भिवानी, 10 मार्च, अभीतक: वैश्य महाविद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेशनल टास्क फोर्स फैकल्टी प्रशिक्षण कार्यशाला का प्रथम दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ।कार्यशाला का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित, संवेदनशील और उत्तरदायी वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संकाय सदस्यों को जागरूक करना तथा उनकी क्षमता का विकास करना है।कार्यशाला के दूसरे दिन महाविद्यालय के विद्यार्थियों को इसके गुण प्रभावों से रूबरू करवाया जाएगा। कार्यशाला के प्रथम दिन मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित महर्षि दयानंद विश्विद्यालय के सेंटर फॉर डिसेबिलिटी स्टडी के डायरेक्टर और मनोविज्ञान के पूर्व अध्यक्ष प्रो. राधेश्याम ने अपने व्याख्यान में मानसिक स्वास्थ्य को सामाजिक, शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य से जोड़ते हुए शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित और सहयोगी वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में स्वस्थ शैक्षणिक माहौल तभी संभव है जब मानसिक स्वास्थ्य को समग्र दृष्टि से समझा जाए और विद्यार्थियों के लिए संवेदनशील वातावरण तैयार किया जाए।प्रो. राधेश्याम ने शिक्षक और विद्यार्थी के बीच सकारात्मक संबंधों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यही संबंध शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी और सार्थक बनाते हैं। उन्होंने नेशनल टास्क फोर्स की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संस्थानों में इसे प्रभावी रूप से लागू करने के मनोवैज्ञानिक पहलुओं की भी जानकारी दी।कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा की आज का दौर तनाव का दौर है और इस दौर में शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियो की भूमिका और भी ज्यादा बढ़ जाती है। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. हरिकेश पंघाल द्वारा किया गया।इस अवसर पर एनटीएफ सेल के नोडल अधिकारी डॉ. सतीश श्योराण, महाविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो धीरज त्रिखा, डीन एकेडमिक डॉ. नरेंद्र सिंह , डॉ अनिल शर्मा, डॉ इंदु तंवर,कार्यालय अधीक्षक श्री कमल भारद्वाज सहित विश्वविद्यालय के सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।





289 करोड़ से दुरुस्त होगी पेयजल आपूर्ति व ब्लॉक सीवरेज लाइन व्यवस्था: दीपक अग्रवाल तौला
ब्लॉक सीवरेज लाइन का हुआ स्थाई निवारण: तौला
व्यापारी बंधुओ को बीमारियां फैलने का सताने लगा था डर: दीपक अग्रवाल तौला
हांसी गेट पंचायत भवन जाने वाले रोड पर डैमेज मेनहोल का हुआ पुनः निर्माण, नहीं आएगी ओवरफ्लो की समस्या
व्यापारी बंधुओ की प्रत्येक समस्याओं के निवारण हेतु चैबीस घंटे खुले रहते है संत कबीर कुटीर के दरवाजे: दीपक अग्रवाल तौला
भिवानी, 10 मार्च, अभीतक: जन कल्याण सहयोग संगठन(रजि.)प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक अग्रवाल तौला ने बताया कि हांसी गेट पर पंचायत भवन जाने वाले रोड पर ब्लॉक सीवरेज लाइन की वजह से उक्त क्षेत्र के व्यापारी बंधुओ का ओवरफ्लो सीवरेज के कारण शॉप पर बैठना मुश्किल हो गया था।काफी दिनों से सीवरेज लाइन के ब्लॉक व ओवरफ्लो की शिकायत निरंतर बनी हुई थी।आमजन व व्यापारी बंधुओ द्वारा जब हर जगह शिकायत देने के बाद भी सीवरेज ब्लॉक व ओवरफ्लो लीकेज लाइन की शिकायत दूर नहीं हुई तो व्यापारी बंधुओ ने लिखित में एक ज्ञापन उन्हें देकर जल्द से जल्द निवारण हेतु निवेदन किया था। ओवरफ्लो व ब्लॉक सीवरेज लाइन के कारण उत्पन्न बदबूदार मेल्ट दूषित पानी से उक्त रोड से जाने वाले आमजन,राहगीरों,स्कूली बच्चों व व्यापारी बंधुओ का निकलना मुश्किल हो गया था व अनेकों बीमारियां फैलने का डर सताने लगा था। वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक अग्रवाल तौला ने बताया कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक सीवरेज लाइन को दुरुस्त करवाने हेतु त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उच्च अधिकारियों से इस विषय में गहनता से बातचीत हुई व विभाग द्वारा त्वरित विभागीय कार्यवाही करते हुए ब्लॉक सीवरेज लाइन के निवारण हेतु संबंधित विभाग के कर्मचारी शुक्रवार को मौके पर सुपर स्कर मशीन आदि के साथ पहुंचे व ब्लॉक सीवरेज लाइन को क्लियर किया था लेकिन बार बार बनी समस्या के स्थाई समाधान के लिए आज इस रोड के मध्य में स्थित डेमेज हुए सीवर मेनहोल के पुनः निर्माण करके ओवरफ्लो की समस्या का स्थाई निवारण किया गया है।संबंधित विभाग द्वारा समस्या के स्थाई निवारण करने हेतु की गई कार्यवाही के बाद व्यापारी बंधुओं ने राहत की सांस ली व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा,कार्यकारी अभियंता विकास धनखड़,एसडीओ रवि ग्रेवाल, कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार,सुपरवाइजर सुरेश के साथ समस्त टीम का व जन कल्याण सहयोग संगठन प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक अग्रवाल तौला का विशेष तौर पर हार्दिक आभार भी व्यक्त किया। दीपक अग्रवाल तौला ने कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा जाता है व किसी भी व्यापारी बंधु या आमजन की किसी भी प्रकार की समस्या के लिए चैबीस घंटे सीएम हाउस संत कबीर कुटीर के दरवाजे खुले रहते है। माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में भिवानी क्षेत्र के लिए पेयजल आपूर्ति व सीवरेज व्यवस्था के लिए भारी भरकम 289 करोड़ रु की राशि जारी की गई है ताकि भिवानीवासियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। तौला ने विभाग के अधिकारियों के साथ पीएचईडी विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा, भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चैधरी श्री धर्मवीर सिंह, भिवानी के विधायक घनश्याम दास सर्राफ का विशेष तौर पर धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यकारणी सदस्य मामनचन्द अग्रवाल, गोविंद गुप्ता, राजपाल, लक्ष्मी बुक डिपो, चंद्रभान, महता, जगदीश, सुरेश, राहुल, सन्नी व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।
शोक समाचार
दक्षिण हरियाणा के दिग्गज भाजपा नेता एवं पर्यटन विभाग के पूर्व चेयरमैन डाक्टर अरविंद यादव की माताजी का देहांत हो गया है। उनकी रस्म पगड़ी 17 मार्च 2026 मंगलवार को दोपहर 2 से 3 बजे तक रेवाड़ी की जाट धर्मशाला में होगी।



जब राजनीति के बड़े चेहरे सुरक्षा का घेरा तोड़कर सीधे आम आदमी के आंगन तक पहुंचना, यह केवल खबर नहीं, बल्कि एक जज्बात है…
सियासत से दूर रिश्तों की मिठास
सोनीपत, 10 मार्च, अभीतक: राजनीति की गहमागहमी और वीआईपी कल्चर से इतर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक बेहद सादगी भरा अंदाज हरियाणा के मदीना गांव में देखने को मिला। यहाँ राहुल गांधी किसी राजनेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक पारिवारिक सदस्य की तरह एक साधारण किसान की बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए।
पुरानी यादें और गहराता रिश्ता
यह कहानी तीन साल पहले शुरू हुई थी, जब राहुल गांधी ने इसी गांव (मदीना) के किसान संजय के खेतों में ट्रैक्टर चलाया था और कीचड़ में उतरकर धान की रोपाई की थी। उस समय की गई मुलाकात केवल एक फोटो तक सीमित नहीं रही, बल्कि राहुल ने उस किसान परिवार से अपना रिश्ता कायम रखा।
सादगी ने जीता ग्रामीणों का दिल
शादी समारोह के दौरान राहुल गांधी का व्यवहार चर्चा का विषय बना रहा।
बिना सुरक्षा का घेरा
राहुल गांधी बिना किसी भारी-भरकम सुरक्षा ताम-झाम के गांव पहुंचे।
जमीन पर बैठकर भोजन
उन्होंने वीआईपी ट्रीटमेंट के बजाय ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर सादा भोजन किया और घर के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
परिवार का सदस्य
दुल्हन तनु को आशीर्वाद देते समय राहुल बिल्कुल एक बड़े भाई या अभिभावक की भूमिका में नजर आए।
जब राहुल हमारे घर आए, तो लगा ही नहीं कि कोई बड़ा नेता आया है। वो तो हमारे अपने बन गए हैं: किसान संजय, मदीना गांव
एक संदेश सादगी का
आज के दौर में जहाँ नेताओं और जनता के बीच की दूरियां बढ़ती जा रही हैं, मदीना गांव से आई ये तस्वीरें एक अलग ही संदेश दे रही हैं। यह न केवल राजनीति है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का एक सुंदर उदाहरण है।
वरिष्ठ पत्रकार ईश्वर धामु लगातार तीसरी बार जर्नलिस्ट क्लब के प्रधान बने’
यू-ट्यूबर पत्रकारों को सम्मान दिलाने का काम करेगा जर्नलिस्ट क्लब’
भिवानी, 10 मार्च, अभीतक: वरिष्ठ पत्रकार ईश्वर धामु को तीसरी बार जर्नलिस्ट क्लब भिवानी का सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। क्लब कार्यालय में हुई बैठक में चुनाव सम्पन्न हुए। प्रदीप चैहान को महासचिव चुना गया। बाकी के पदाधिकारियों की नियुक्ति का अधिकार प्रधान को दिया गया। क्लब सदस्यों का आभार जताते हुए नव निवार्चित प्रधान ईश्वर धामु ने कहा कि जिले के हर बड़े शहर में क्लब की इकाई का गठन किया जायेगा। उन्होने यह भी कहा कि अब क्लब सेे यूट्यूब पर पत्रकारों को भी जोड़ा जायेगा। उन्होने कहा कि दुख का विषय है कि यू-ट्यूबर पत्रकारों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार किया जाता है। यंहा तक कि सीएम के कार्यक्रम का उनको निमंत्रण तक नहीं दिया जाता। अब जर्नलिस्ट क्लब यू-ट्यूबर पत्रकारों को उनका हक और उनको सरकारी मान्यता दिलवाने के लिए संघर्ष करेगा। इस बारे जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी में मिलकर उनको यू-ट्यूबर पत्रकारों के बारे में वास्तविकता से अवगत कराया जायेगा। धामु ने कहा कि यू-ट्यूबर पत्रकारों की मेहनत किसी भी चैनल के लिए काम करने वाले पत्रकार से कम नहीं है। इसके बावजूद भी इनको सम्मान और मान्यता नहीं मिल पा रही है। जबकि यू-ट्यूब चैनल के दर्शकों की संख्या कम नहीं है। उन्होने यूट्यूबर पत्रकारों से आगे आकर इस मुहिम में अपना सहयोग करें। प्रधान ईश्वर धामु ने यह भी कहा कि क्लब युवाओं को नशे की आदत से दूर रखने के लिए भी काम करेगा। इसके लिए पुलिस के साथ मिलकर कॉलेज में सेमिनार का आयोजन करेगा।


