


https://www.facebook.com/share/v/1HwfrJLTTn
https://www.facebook.com/share/v/1FwNWe7n8j
https://www.facebook.com/share/v/18UvG4Ubz1

खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम को ब्राह्मण महासभा ने दिया निमंत्रण
झज्जऱ, 27 मार्च, अभीतक: शनिवार को ब्राह्मण महासभा के प्रधान राज देवरखाना व महासचिव पंडित संत सुरेहती, पंडित जयपाल खुंगाई, पंडित राजेंद्र कोट, पंडित टिंकू नौरंगपुर आदि सभा सदस्यों ने मिलकर हरियाणा के खेल राज्यमंत्री श्री गौरव गौतम को आगामी 5 अप्रैल को सैक्टर-9, झज्जर में भगवान परशुराम भवन की आधारशिला के कार्यक्रम के लिये निमंत्रण दिया। सभा महासचिव पंडित संत सुरेहती ने बताया कि मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डाॅ अरविन्द शर्मा रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली के द्वारा की जायेगी। श्री रामकेश जीवनपुरिया द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समाज के अनेक गणमान्य लोग समारोह में शामिल होंगे।

जिला में एलपीजी, पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बचें
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जिलावासियों से किया आह्वान
झज्जऱ, 27 मार्च, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने जिलावासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि झज्जर जिले में एलपीजी, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 26 गैस एजेंसियां सुचारू रूप से कार्यरत हैं, जो निर्धारित नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की आपूर्ति कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है, इसलिए नागरिक किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
एलपीजी की जमाखोरी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर
डीसी ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वाले, जमाखोरी करने वाले तथा कालाबाजारी में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिले के विभिन्न हिस्सों में कार्यरत प्रवासी श्रमिकों से भी विशेष अपील की है कि वे किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम के कारण पलायन न करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है और उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यदि किसी श्रमिक को एलपीजी की उपलब्धता या कार्य स्थल से जुड़ी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
पेट्रो पदार्थों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने आगे कहा कि यदि किसी भी जिलावासी या प्रवासी को एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की दिक्कत आती है, तो वे तुरंत जिला कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 01251-252516 पर संपर्क करें। यह सेवा सप्ताह के सभी सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी। डीसी ने पुनः नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर ही ऐसी परिस्थितियों में व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सकता है।




बेरी मेले में श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी साबित हुआ कानूनी हेल्प डेस्क
जिला विधिक प्राधिकरण द्वारा बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी मंदिर परिसर में स्थापित स्टाल पर 1245 श्रद्धालुओं ने ली योजनाओं की जानकारी
बेरी, 27 मार्च, अभीतक: धर्मनगरी बेरी में 19 मार्च से शुरू हुए माता भीमेश्वरी देवी नवरात्र मेले के दौरान प्रतिदिन असंख्य श्रद्धालुओं ने देवी माता के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित स्टाल पर कानूनी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजकुमार यादव के कुशल मार्गदर्शन और सीजेएम विशाल के निर्देश अनुसार आमजन को कानूनी रूप से जागरूक करने के उद्देश्य से मेला परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया था। 19 मार्च से निरन्तर चालु हेल्प डेस्क पर 1245 श्रद्धालुओं ने कानूनी जागरूकता से जुड़ी जानकारी पीएलवी से हासिल की। सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल ने बताया कि इस हेल्प डेस्क के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस स्टाल पर श्रद्धालुओं को विशेष रूप से राष्ट्रीय लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत (परमानेंट लोक अदालत), सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र, निःशुल्क कानूनी सहायता और अन्य विधिक सेवाओं के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। इसका उद्देश्य यह है कि आमजन अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और किसी भी कानूनी समस्या का समाधान सरल और सुलभ तरीके से प्राप्त कर सकें। वहीं मेले के दौरान पीएलवी अमला, बबीता और नीता देवी ने बताया कि प्रकार के प्रयास समाज में कानूनी साक्षरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया है।


सोशल मीडिया स्टंटबाजों पर झज्जर ट्रैफिक पुलिस की कड़ी नजर, चालान काटकर दी चेतावनी
झज्जऱ, 27 मार्च, अभीतक: सोशल मीडिया पर मोटरसाइकिल और कार से स्टंट कर वीडियो डालकर शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले युवाओं पर अब झज्जर ट्रैफिक पुलिस की कड़ी नजर है। पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में ट्रैफिक थाना झज्जर के एसएचओ वीरेंद्र कुमार ने सोशल मीडिया पर स्टंट करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले युवाओं की पहचान कर उन्हें ट्रैफिक थाना झज्जर में बुलाया। पुलिस ने इन युवकों के चालान काटे और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं,बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा युवाओं को समझाया गया कि स्टंटबाजी के दौरान दुर्घटना होने की संभावना अधिक रहती है, जिससे उनकी जान भी जा सकती है और दूसरों की जान को भी खतरा हो सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएचओ वीरेंद्र कुमार ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनाएं। झज्जर ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित व सुचारु बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





टिकरी बॉर्डर पर सख्त नाकाबंदीरू अपराध पर लगाम, आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत’
45जवानों की तैनाती, 467 वाहनों की जांच, 50 चालान कर नियमों का कराया पालन
अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और चोरी के वाहनों पर अंकुश के लिए चला विशेष अभियान’
बहादुरगढ़, 27 मार्च, अभीतक: पुलिस महानिदेशक हरियाणा श्री अजय सिंघल के दिशा निर्देशन एवं पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में बहादुरगढ़ के टिकरी बॉर्डर पर विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया। यह नाकाबंदी रात्रि 11ः00 बजे से लेकर सुबह 4ः00 बजे तक सख्ती और सतर्कता के साथ संचालित की गई, जिसमें कुल 45 पुलिस जवानों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत बनाना था। नाकाबंदी के दौरान आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच की गई। इस दौरान कुल 467 वाहनों को चेक किया गया जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई। कुल 50 चालान किए गए, जिनमें 5 वाहन ब्लैक फिल्म लगे होने, 2 मामलों में ड्रिंक एंड ड्राइव तथा 8 वाहन बिना नंबर प्लेट के पाए गए। इस विशेष नाकाबंदी का मुख्य उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना था। पुलिस द्वारा अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों की तस्करी तथा चोरी के वाहनों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस तरह के सघन जांच अभियान अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश हैं कि कानून से बचना अब आसान नहीं है।पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मिलकर एक सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।




पुलिस-जन सहयोग से हुआ महायज्ञ सफल, लाखों श्रद्धालुओं ने दिया विश्व शांति और भाईचारे का संदेश’
11,000 दीप प्रज्ज्वलन और हवन में 6 क्विंटल घी के उपयोग से बना दिव्य वातावरण’
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा और सामाजिक समन्वय की मिसाल’
झज्जऱ, 27 मार्च, अभीतक: झज्जर जिले के बेरी कस्बे में स्थित विश्व प्रसिद्ध माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के पावन परिसर में पुलिस और आमजन के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ का भव्य और श्रद्धापूर्ण समापन हुआ। इस महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य विश्व में शांति, भाईचारा और मानवता का संदेश देना रहा। आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सहयोग की अद्भुत मिसाल देखने को मिली।महायज्ञ में दूर-दराज से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हवन यज्ञ में आहुति डाली और विश्व कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा। महायज्ञ के अंतर्गत 51 वैदिक पंडितों द्वारा निरंतर मंत्रोच्चारण और विधिवत अनुष्ठान किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।इस भव्य आयोजन की विशेषता यह भी रही कि हवन यज्ञ और 11,000 दीप प्रज्ज्वलन के दौरान करीब 6 क्विंटल शुद्ध घी का उपयोग किया गया, जिससे वातावरण और अधिक दिव्य, सुगंधित और आध्यात्मिक बन गया।इस आयोजन में झज्जर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए आमजन के साथ मिलकर इस महायज्ञ को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। महायज्ञ के पहले दिन हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा विशेष रूप से पहुंचे और हवन यज्ञ में आहुति डालकर विश्व में शांति और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। दूसरे दिन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने भी महायज्ञ में भाग लिया और आहुति अर्पित करते हुए विश्व शांति की कामना की। उन्होंने इस आयोजन को पुलिस और आमजन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए इसकी सराहना की।महायज्ञ के अंतिम दिन महंत बालक नाथ ने कार्यक्रम में पहुंचकर हवन यज्ञ में आहुति डाली और माता भीमेश्वरी देवी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 11,000 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और आलोकित हो उठा। महंत बाबा बालक नाथ जी अस्थल बोहर मठ तिजारा से विधायक ने इस सफल आयोजन के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह, पुलिस बल और आमजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता को बढ़ावा देते हैं।इसके अलावा महायज्ञ में अनेक संत-महात्माओं और विद्वानों ने भी भाग लेकर अपनी आहुति दी और समाज को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। इनमें श्री श्री 1008 राघवेंद्र जी महाराज, कथावाचक श्री शंकरानंद जी महाराज, श्री श्री सूर्यनाथ जी सोहटी धाम, महामंडलेश्वर करण पुरी जी महाराज रोहतक, स्वामी विवेक मुनि जी (जैन संत, दिल्ली), अवधूत स्वामी नल स्वरूप जी (छुड़ानी धाम), संत अमर दास (खरक पुनिया), स्वामी कृपा सागर जी (टिटौली), राजू दास जी महाराज (बेरी), बाबा लखा सिंह जी (दिल्ली), स्वरूप नाथ जी, श्री राजेंद्र दास जी (जाटेला धाम), विजयपाल आचार्य (गुरुकुल), योगेश शास्त्री, कुलदीप भास्कर, तरुण शास्त्री, अरुण शास्त्री, धन सिंह शास्त्री और बाल ब्रह्मचारी (झज्जर) सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में शांति, प्रेम और इंसानियत की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व स्तर पर तनावपूर्ण परिस्थितियां बनी हुई हैं और तीसरे विश्व युद्ध जैसी आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। ऐसे में इस प्रकार के आयोजन लोगों को एकजुट कर शांति का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने आगे कहा कि युद्ध हमेशा विनाशकारी होता है और इसमें किसी का भला नहीं होता। मिसाइल, हथियार और गोला-बारूद यह नहीं देखते कि कौन अपना है और कौन पराया, बल्कि यह सब कुछ नष्ट कर देते हैं। इसलिए आवश्यक है कि सभी देश और समाज शांति और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ें।उन्होंने विश्वास जताया कि माता भीमेश्वरी देवी की कृपा से यह महायज्ञ अपने उद्देश्य में सफल होगा और लोगों के भीतर इंसानियत की ज्योत प्रज्वलित करेगा, जिससे विश्व में शांति और सौहार्द कायम रहेगा।




कैबिनेट मंत्री श्रुति चैधरी ने तोशाम में होने वाले उन्नत सिंचाई उत्सव की तैयारियां का लिया जायजा
अधिकारियों से ली व्यवस्थाओं की जानकारी और दिए जरूरी निर्देश
तोशाम, 27 मार्च, अभीतक: तोशाम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के 31 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रुति चैधरी ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से यहां पर की जा रही तैयारियों की बारीकी से जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान बीजेपी के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, एसडीएम संदीप कुमार और मी-काढा के निदेशक कम अधीक्षक अभियंता धूप सिंह और एडवोकेट हरिसिंह सांगवान भी मौजूद रहे। श्रुति चैधरी ने कहा कि किसानों में टपकाध्सूक्ष्म सिंचाई पद्धति के बारे में जागरूकता लाने को लेकर मी-काढ़ा विभाग व ईरीगेशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 31 मार्च से एक अप्रैल तक कस्बा तोशाम में उन्नत सिंचाई उत्सव का आयोजन करवाया जा रहा है। कार्यक्रम में सूक्ष्म सिंचाई उपकरणों की विशाल प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें विभिन्न कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाई जाएंगी। कार्यक्रम का शुभारंभ 31 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने मी-काढ़ा विभाग और ईरीगेशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जाएं। लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत ना आए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसानों की खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करेगा। कार्यक्रम के दौरान किसानों को ड्रिप इरीगेशन के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी, जिसको अपना कर किसान कम पानी में अधिक पैदावार लेकर अपनी कमाई बढ़ा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई से पानी की भी बचत होती है। इसके लिए सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जा रहा है। एसडीएम संदीप कुमार ने मधु मक्खियों का छत्ता हटाने, ब्रेकेटिंग करने और हेली पेड से चैधरी सुरेंद्र सिंह खेल परिसर में रैली स्थल तक पक्का गेट लगाने का दिशा निर्देश दिए।

उप चुनाव के दृष्टिगत किया मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन
जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों व वार्डों के लिए मतदाता सूची जारी
रेवाड़ी, 27 मार्च, अभीतक: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव वर्ष 2026 के लिए हरियाणा पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 8(4)(पÛ) के तहत जिला रेवाड़ी के अंतर्गत विभिन्न खंडों की ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समिति वार्डों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च 2026 को कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि खंड बावल की ग्राम पंचायत रघुनाथपुरा, नैहचाना, सुलखा तथा पंचायत समिति बावल के वार्ड नंबर 5, खंड डहीना की ग्राम पंचायत फतेहपुरी टप्पा डहीना, ढाणी जैरावत, डहीना, काहड़ी, खंड धारूहेड़ा की ग्राम पंचायत डवाना, खंड जाटूसाना की ग्राम पंचायत बेरली खुर्द, बेरली कलां, नांगलिया रणमौख, मालियाकी, खंड खोल की ग्राम पंचायत हरजीपुर, खंड रेवाड़ी की ग्राम पंचायत नया गांव, हांसाका, ढालियावास तथा खंड नाहड़ की ग्राम पंचायत नेहरूगढ़, भाकली-2 और कोहारड़ के उप चुनाव हेतु वार्डवार मतदाता सूचियां तैयार कर अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोई भी नागरिक इन मतदाता सूचियों का निरीक्षण कार्यालय उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत), रेवाड़ी, संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, संबंधित ग्राम पंचायत सचिव के कार्यालय तथा जिला रेवाड़ी की आधिकारिक वेबसाइट www.rewari.gov.in पर कर सकता है।




जिला परिवेदना समिति की बैठक आज बाल भवन में- डीसी
हरियाणा के शहरी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल करेंगे अध्यक्षता
रेवाड़ी, 28 मार्च, अभीतक: जिला के नागरिकों की शिकायतों का निवारण करने के लिए जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक रविवार, 29 मार्च को सायं 4 बजे बाल भवन रेवाड़ी स्थित ऑडिटोरियम में होगी। जिसकी अध्यक्षता हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय और नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल करेंगे। डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 13 परिवादों की सुनवाई की जाएगी। जिनमें 6 नए व 7 लंबित परिवाद शामिल हैं। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय और नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल इन सभी परिवादों तथा मौके पर आम नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे। इस अवसर पर जिला के विधायक, विभाग अध्यक्ष, पंचायत व निकाय समितियों के चेयरमैन तथा जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कलैक्टर रेट वेबसाइट पर अपलोड
30 मार्च 2026 तक नागरिक दे सकते हैं आपत्ति या सुझाव
रेवाड़ी, 28 मार्च, अभीतक: जिला कलेक्टर एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कलैक्टर रेट के निर्धारण को लेकर आमजन से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। सुझाव व आपत्ति दर्ज करवाने के लिए 30 मार्च 2026 सायं 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। डीसी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कलेक्टर रेट आमजन के आपत्ति व सुझाव के लिए जिला रेवाड़ी की आधिकारिक वेबसाइट https://rewari.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति सुझाव या आपत्ति दर्ज कराना चाहता है, तो वह आगामी 30 मार्च 2026 सायं 5 बजे तक कार्यालय की ई-मेल आईडी तथा तहसील कार्यालय में आपत्ति या सुझाव दे सकता है। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि और समय के बाद आपत्ति व सुझाव पर विचार नहीं किया जाएगा।




कोबी कार्यालय में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा संचालित “मंथन: सम्पूर्ण विकास केंद्र” के बच्चों का वार्षिक परिणाम घोषित किया गया
बहादुरगढ, 28 मार्च, अभीतक: झज्जर जिले के उद्योगों का नेतृत्व करने वाली अग्रणी औद्योगिक संस्था कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के कार्यालय में आज दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा संचालित “मंथन: सम्पूर्ण विकास केंद्र” के बच्चों का वार्षिक परिणाम घोषित किया गया। यह शिक्षा केंद्र, श्री आशुतोष महाराज जी द्वारा स्थापित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की एक महत्वपूर्ण पहल है। देशभर में इस प्रकार के कुल 19 “मंथन: सम्पूर्ण विकास केंद्र” संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक केंद्र कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के कार्यालय, एकेएम टावर, प्रथम तल, बहादुरगढ़ में संचालित हो रहा है। इस केंद्र में झज्जर जिले के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के अभावग्रस्त बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, संस्कार, जीवन कौशल एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री जैसे किताबें आदि प्रदान की जाती हैं। यह संपूर्ण केंद्र झज्जर जिले के उद्योगों द्वारा ही प्रायोजित है, जहां बच्चों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की समर्पित शिष्याएं यहां बच्चों को शिक्षा प्रदान करती हैं। वर्तमान में कक्षा 1 से 5 तक के लगभग 70 बच्चों को इस केंद्र में शिक्षित किया जा रहा है। साथ ही यहां बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, योगा शिविर इत्यादि भी समय समय पर आयोजित किए जाते हैं। हालांकि, स्थान की सीमित उपलब्धता के कारण अधिक बच्चों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संदर्भ में कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) द्वारा सरकार से निवेदन किया गया है कि इस शिक्षा केंद्र को बड़े स्तर पर विस्तारित करने हेतु किसी खाली सरकारी भवन या विद्यालय की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को इस पहल का लाभ मिल सके और वे अपने जीवन को एक सही दिशा प्रदान कर सकें। कोबी कार्यालय में संचालित ये मंथन संपूर्ण विकास केंद्र लगभग 15 महीनों से चल रहा है। यहां पढ़ रहे बच्चों में शुरू से लेकर अब तक कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं जिसका पूरा श्रेय दिव्य ज्योति जागृति संस्थान साध्वी रचिता भारती, साध्वी ज्योति भारती यहां पढ़ा रही सभी शिक्षिकाओं और संस्थान के स्वयं सेवकों को जाता है। आज आयोजित कार्यक्रम में पिछले वर्ष के 40 बच्चों का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें बच्चों के अभिभावक भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस अवसर पर कोबी के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, महासचिव श्री प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव श्री सुरेंद्र वशिष्ठ, माननीय कार्यकारिणी सदस्य श्री नवल गर्ग, श्री रवि चमड़िया, श्री तिलक राज गर्ग, श्री अनिल गोयल सहित कोबी के सम्मानित सदस्य एवं झज्जर जिले के अनेक उद्योगपति उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को उनका परिणाम प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल बेहद आवश्यक है, जिससे समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतर अवसर प्रदान किए जा सकें। मंथन – संपूर्ण विकास केंद्र के माध्यम से हम अपने सामाजिक जिम्मेदारी को निभाती हुए ऐसे बच्चों को सहयोग कर सकते हैं जो समाज के अभावग्रस्त वर्ग से आता है और शिक्षा उनकी जीवन शैली में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें गलत दिशा की ओर भटकने से रोकने का कार्य कर सकती है। इस मुहीम के साथ आप भी जुड़ सकते हैं और पाने सामाजिक दायित्व को पूरा कर सकते हैं क्योंकि शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं है। कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज का प्रयास है कि इस मंथन – संपूर्ण विकास केंद्र के माध्यम से झज्जर जिले के अधिक से अधिक कर्मचारियों के बच्चों को शिक्षित कर उनके जीवन में एक सकारात्मक बदलाव ला सकें।
रेवाड़ी: कैंसर पीड़ित किसान के बेटी के हाथ पीले के करने के अरमान जलकर हुए राख
खेत में पड़ी सरसों को अज्ञात लोगों ने लगाई आग, 3 एकड़ की फसल जलकर हुई राख
किसान का आरोप रंजीशवस लगाई गई है आग
कैंसर पीड़ित किसान ने बटाई पर ले रखी थी 3 एकड़ जमीन
किसान ने सरसों काटकर खेत में कर रखी थी एकत्रित
दोपहर में खेत से धुआं उठता देख दौड़े ग्रामीण
अग्निशमन केंद्र को दी सूचना
दमकल केंद्र की गाड़ी पहुंचने से पहले ही पूरी तरह से जल चुकी थी सरसों
बावल उपमंडल के गांव राजगढ़ की घटना
किसान को हुआ करीब ढाई लाख रुपए का नुकसान
13 मई को बेटी की शादी थी तय




आज चंडीगढ़ की सुखना झील पर आयोजित ‘सूर्यकिरण एयर शो’ का हिस्सा बनकर गौरव की अनुभूति हुई। भारतीय वायु सेना के वीर पायलटों ने अपने अद्भुत कौशल और साहस का प्रदर्शन करते हुए आसमान में रोमांचक करतब दिखाए। उनकी गरजती उड़ान और निर्भीक प्रदर्शन ने हर भारतीय के हृदय में गर्व और उत्साह का संचार किया। हमारे वीर जवान न केवल अपने कौशल में उत्कृष्ट हैं, बल्कि देश की रक्षा और सेवा के प्रति उनका समर्पण भी अद्वितीय है। उनका साहस, अनुशासन और अदम्य जज्बा हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं भारतीय वायु सेना के सभी वीर पायलटों और जवानों को हृदय से नमन करता हूँ।



चार्ल्स शोभराज के बाद शायद ही कोई और शख्स हो जिसने धनीराम मित्तल जैसे अविश्वसनीय कारनामे कर दिखाए हो।
चोरी की दुनिया में हरियाणा के आदरणीय धनीराम मित्तल ने एक के बाद एक मिसाल कायम की और अकेले ही 1000 से ज्यादा वाहनों की चोरी कर डाली
इनमें से 150 से ज्यादा मुकदमों में नामजद हुए और कुल 95 बार गिरफ्तार होकर जेल गए। लेकिन धनीराम के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड है, जब उन्होंने फर्जी जज बनकर अपने ही केस में फैसला सुना दिया और साथ ही 40 दिनों (या दो महीनों) के अंदर 2000 से अधिक कैदियों को जमानत पर छोड़ने का सत्कार्य भी किया
भिवानी, 28 मार्च, अभीतक: भिवानी के रहने वाले धनीराम मित्तल युवावस्था में एक आम युवक की तरह ही थे, लेकिन अच्छी पढ़ाई करने और सरकारी नौकरी के लिए काफी प्रयास करने के बाद भी जब वे अच्छी नौकरी नहीं पा सके, तो उन्होंने फर्जी कागजातों के आधार पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का धंधा शुरू कर दिया। नकली कागज बनवाने में सिद्धहस्त होने के बाद धनीराम ने अपनी इस कला से भारतीय रेल में नौकरी हासिल कर ली। लेकिन रेलवे में कुछ समय तक स्टेशन मास्टर की नौकरी करने के बाद भी उनकी पुण्यात्मा संतुष्ट नहीं हुई, तब धनीराम जी वाहन चोरी करके फर्जी कागजों के आधार पर उन्हें बेचने के धंधे में आ गए। चोरी के कई मामलों में धनीराम का जेल आना-जाना चलता रहा, लेकिन धनीराम कोई मामूली चोर या ठग नहीं थे, बल्कि वह एक अवतार पुरुष थे। चोरी के बाद अदालती कार्रवाई से बचने के लिए धनीराम मित्तल ने हैंडराइटिंग एक्सपर्ट और ग्राफोलॉजी की पढ़ाई की (कुछ स्रोतों में स्स्ठ का भी उल्लेख है)। यह सब उन्होंने केवल इसलिए किया ताकि अपराध करने के बाद वे पुलिस के चंगुल से बच सकें। वाहन चोरी के मामले में धनीराम इतने एक्सपर्ट हो गए कि उन्होंने 1000 से ज्यादा वाहनों को चुराकर बेच डाला। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और चंडीगढ़ के आसपास के इलाकों में उन्होंने अपना एक नेटवर्क तक तैयार कर लिया था। लेकिन 1980 के आसपास धनीराम ने एक ऐसा अद्वितीय कारनामा किया जिसने फर्जीवाड़े की दुनिया में धनीराम का स्थान किसी ध्रुव तारे सा अटल कर दिया। असल में हुआ ये की धनीराम जी ने अखबार में एक खबर पढ़ी, खबर यह थी की झज्जर के एडिशनल सिविल जज के खिलाफ पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने जांच बैठा दी थी। बस फिर धनीराम का शातिर दिमाग चल पड़ा। हाईकोर्ट रजिस्ट्रार की ओर से झज्जर के एडिशनल सिविल जज के पते पर एक पत्र लिखा गया, पत्र में जज साहब को ये निर्देश दिया गया था कि जांच पूरा होने के दो माह तक आप छुट्टी पर रहेंगे। खबर पढ़ते ही आरोपी जज साहब छुट्टी पर चले गए। धनीराम के फर्जीवाड़े का कारनामा यहीं समाप्त नहीं हुआ। उन्होंने एक और पत्र लिखा। दूसरा पत्र भी पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की ओर से लिखा गया। इसमें लिखा था कि जब तक एडिशनल जज छुट्टी पर हैं, तब तक दूसरे इंचार्ज जज यानी धनीराम जी आगामी 40 दिनों तक उनकी जगह सुनवाई करेंगे। पत्र पहुंच गया गया, धनीराम खुद एडिशनल जज के रूप में काम करने लगे और 40 दिनों (कई जगह पर दो महीने का उल्लेख है) के अंदर उन्होंने 2000 से अधिक केसों की सुनवाई की। हत्या, रेप और कुछ अन्य संगीन मामलों को छोड़कर अधिकांश केसों में धनीराम ने सैकड़ों (कुल 2000़) आरोपियों को जमानत दे दी! इस बीच इन नए हाई-स्पीड जज साहब के तेजी से फैसले की चर्चा होने लगी और वकीलों को भी ताज्जुब होने लगा कि जज साहब अचानक इतने उदार क्यों हो गए कि फटाफट बिना रुके बेल दे रहे हैं। आरोपी मुजरिम भी उनसे सहानुभूति रखने लगे। जेल में अपराधियों के बीच चर्चा होने लगी कि जज साहब तो बड़े अच्छे हैं। चूंकि धनीराम को कानून की समझ थी इसलिए वे विवादों से बचते रहे। शायद यही वजह रही होगी कि उन्होंने जो फैसले दिए, उनमें कुछ फैसले कानूनी तौरपर पूरी तरह से सही भी निकले। 40 दिनों के बाद अचानक धनीराम ने कोर्ट जाना छोड़ दिया और जब इस मामले की पड़ताल हुई तब जाकर लोगों को पूरा मामला समझ में आया, धनीराम जी फिर एक बार पकड़े गए,लेकिन इस घटना ने ठगी की दुनिया में उनका स्थान किसी ध्रुव तारे सा अटल बना दिया। साल 2024 में ठगी और चोरी की दुनिया के लीजेंड धनीराम मित्तल का हार्टअटैक से निधन हुआ।

सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चैधरी ने आज अपने दादा जी विकास पुरुष चैधरी बंसीलाल जी की समाधि स्थल, पैतृक गांव गोलागढ़ पहुंचकर विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा उनका संघर्षपूर्ण जीवन, दूरदर्शी सोच और प्रदेश के विकास के लिए किया गया समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके आदर्श और आशीर्वाद हमें सदैव सही दिशा में आगे बढ़ने की शक्ति देते रहें।

एसजीटीयू की शार्ट फिल्म का एमिटी फेस्ट में डंका, पाया पहला स्थान
दमदार संदेश के दम पर श्ईयरफोन-ए वायरसश् ने 18 प्रतियोगियों को पछाड़ा
बीएजेएमसी प्रथम वर्ष के छात्र हर्षित साबित हुए धुरंधर
गुरुग्राम, 28 मार्च, अभीतक: दमदार सामाजिक संदेश, सजीव अभिनय, कुशल निर्देशन और तकनीकी दक्षता के दम पर श्री गुरु गोबिंद सिंह ट्राई सेंटेनरी यूनिवर्सिटी (एसजीटीयू) के छात्रों ने मोहाली के एमिटी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कल्चरल फेस्ट में श्रेष्ठता की बाजी अपने नाम की। यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इमर्जिंग मीडिया, कम्युनिकेशन एंड फिल्म स्टडीज के छात्रों ने एमिटी यूनिवर्सिटी पंजाब में आयोजित प्रतिष्ठित सांस्कृतिक उत्सव श्एमिफोरिया 2026’ में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया। देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों की 19 लघु फिल्मों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में एसजीटीयू की प्रविष्टि ने डायरेक्टर्स कट श्रेणी में बेस्ट फिल्म का अवार्ड जीतने के साथ ₹5000 का नकद पुरस्कार भी अपने नाम किया। विजेता लघु फिल्म ईयरफोन-ए वायरस ने एक सशक्त सामाजिक संदेश प्रस्तुत किया, जिसमें ईयरफोन के अत्यधिक और लापरवाह उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया। फिल्म ने दर्शाया कि एक छोटी-सी आदत, जिसकी यदि अनदेखी की जाए, तो कैसे गंभीर समस्या का रूप ले सकती है। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन प्रथम वर्ष के बीएजेएमसी छात्र हर्षित त्यागी ने किया, जबकि इसका निर्माण पूरी तरह छात्रों द्वारा ही किया गया। इस प्रोजेक्ट ने युवा फिल्मकारों की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और कहानी कहने की क्षमता को बखूबी सामने रखा। जूरी के अनुसार, फिल्म अपनी सशक्त सिनेमैटोग्राफी, सार्थक शॉट चयन, आकर्षक नैरेटिव और प्रभावशाली सामाजिक संदेश के कारण सबसे अलग नजर आई। इसकी यथार्थपरक प्रस्तुति और तकनीकी उत्कृष्टता ने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। यह उपलब्धि एसजीटी यूनिवर्सिटी में उपलब्ध व्यावहारिक शिक्षण वातावरण और रचनात्मक अवसरों को दर्शाती है, जहां छात्रों को कक्षा में सीखी गई बातों को वास्तविक प्रोजेक्ट्स में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। यह जीत न केवल छात्रों की प्रतिभा को उजागर करती है, बल्कि अंतर-विश्वविद्यालय मंचों पर मीडिया और फिल्म शिक्षा के क्षेत्र में एसजीटी यूनिवर्सिटी की बढ़ती पहचान को भी स्थापित करती है। इस उपलब्धि के साथ इन युवा फिल्मकारों ने यह साबित कर दिया है कि जब जुनून को सही मार्गदर्शन मिलता है, तो वहीं से सार्थक और प्रभावशाली सिनेमा जन्म ले सकता है। एसजीटी यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इमर्जिंग मीडिया, कम्युनिकेशन एंड फिल्म स्टडीज (एसएमसीएफ) ने कामयाबी की अलख जगाई है। एसएमसीएफ के डीन अभिषेक दुबे ने बताया कि मीडिया एंड कम्युनिकेशन के छात्रों को आधारभूत शिक्षा एवं प्रोफेशनल दक्षता प्रदान करना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही कला, साहित्य सृजनात्मकता के लिए भी भरपूर अवसर प्रदान किए जाते हैं। मोहाली की उपलब्धि ने साबित कर दिखया कि हमारे छात्र शिक्षा में मेधावी और कला में धुरंधर हैं।




गेहूं खरीद के लिए खरीद केंद्र शुरू करने और किसानों को फसल बेचने में आ रही समस्याओं को लेकर अभय सिंह चैटाला की अगुवाई में इनेलो के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
किसानों को फसल बेचने में कोई दिक्कत ना आए उसकेे लिए इनेलो मंडियों में बनाएगी किसान कष्ट निवारण केंद्र: अभय सिंह चैटाला
मुख्यमंत्री नायब सैनी डमी सीएम हैं, उनको सिर्फ चेहरा दिखाने के लिए रखा है
सभी जगह गैस के लिए लाइन लगी है और पेट्रोल पंप खाली हो चुके हैं
चंडीगढ़, 28 मार्च, अभीतक: इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी अभय सिंह चैटाला की अगुवाई में शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से लोकआवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. सम्पत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष फूल सिंह मंजूरा, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चैधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, पूर्व मंत्री एवं इनेलो की पार्लियामेंट अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन वासुदेव शर्मा, सदस्य पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा, सदस्य पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर, विधायक अदित्य देवीलाल, विधायक अर्जुन चैटाला, महिला प्रदेशाध्यक्ष तनुजा कश्यप, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश गोयल, पूर्व विधायक रामफल कुंडू, पार्टी सेक्रेटरी नछत्तर सिंह मल्हान, प्रदेश प्रवक्ता डा. सतबीर सैनी शामिल रहे। अभय सिंह चैटाला ने मीडिया को बताया कि सरकार ने गेहूं की खरीद पर ट्रैक्टर-ट्राली का नंबर देने, मंडी में जाकर गेट पास लेने, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराने और 3 लोग नॉमिनी अनिवार्य होने जैसी शर्तें लगाई हैं। ये सभी शर्तें क्यों लगाई गई हैं? गेहूं की खरीद पर ऐसी शर्तें कभी नहीं थी। गेट पास का समय सुबह 6 से रात 8 बजे तक का रखा है यह भी चैबीस घंटे होना चाहिए। क्योंकि दिन में आग लगने का डर रहता है इसलिए गेहूं रात को कटती है और रात को ही मंडियों में आती है। झोटा बुगी, बैल गाड़ी और उंट गाड़ी पर जो फसल लेकर आएगा उनको गेट पास कैसे मिलेगा। इन सभी मांगों को लेकर 12 मार्च को मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया था कि खरीद केंद्र बंद नहीं किए जाएंगे और लाइसेंस रिन्यू किए जाएंगे। आज की तारीख तक मुख्यमंत्री की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है इसलिए महामहिम राज्यपाल से मिले हैं। इसके लिए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। राज्यपाल ने आश्वासन दिया है इनेलो की मांगों को लेकर वे सरकार से बातचीत करेंगे। खरीद शुरू ना होने के चलते किसानों को बहुत दिक्कत आ रही है। अभय चैटाला ने एक फिर मुख्यमंत्री नायब सैनी को डमी सीएम बताते हुए कहा कि नायब सैनी को तो सिर्फ चेहरा दिखाने के लिए रखा है। अगर नायब सैनी सच में मुख्यमंत्री होते तो 12 मार्च को जो उन्होंने आश्वासन दिया था उसपर कार्रवाई कर चुके होते। 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। अगर खरीद केंद्र नहीं बनाए गए तो किसानों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। अभय चैटाला ने कहा इनेलो 30 मार्च को पानीपत में बैठक करेगी और किसानों को लेकर रणनीति बनाएगी। इनेलो मंडियों में किसान कष्ट निवारण केंद्र बनाएगी। अगर किसी किसान को कोई दिक्कत आएगी तो किसान हमारे किसान कष्ट निवारण केंद्र पर आकर संपर्क करेगा। उसके बाद किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से बात करेंगे। अभय चैटाला ने सरकार को चेताते हुए कहा कि हमारी मांगों को तुरंत माने और खरीद केंद्र शुरू करें साथ ही उन खरीद केंद्रों में किसानों के बैठने के लिए टेंट, पानी और बिजली की सुविधा प्रदान करे। वरना हमारी पार्टी की तरफ से बड़ा आंदोलन खड़ा करेंगे जैसे बुजुर्ग सम्मान पेंशन काटने पर ऐलान किया था। मुख्यमंत्री द्वारा गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी ना होने के बयान पर अभय ने निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को सब मिल रहा है। मेरे साथ पंचकूला या किसी अन्य जिलों में चलें वहां गैस के लिए लाइन लगी है और पेट्रोल पंप खाली हो चुके हैं।
सीएम फ्लाइंग टीम ने गैस एजेंसी पर छापेमारी कर अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए
कोसली, 28 मार्च, अभीतक: रेवाड़ी में सीएम फ्लाइंग टीम ने एक गैस एजेंसी पर छापेमारी कर काफी संख्या में अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। जानकारी अनुसार टीम द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। सीएम फ्लाइंग टीम ने सूचना पर कोसली स्थित शहीद सुरेंद्र सिंह गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में गड़बड़ी की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएम फ्लाइंग टीम ने शनिवार को गैस एजेंसी के दफ्तर और गोदाम पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान गोदाम से अलग एक कमरे में 144 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा कमरे से 32 एलपीजी, 71 खाली और 15 छोटे सिलेंडर भी मिले हैं। एजेंसी स्टाफ इन सिलेंडरों का कोई रिकार्ड पेश नहीं कर सका।



हरियाणा और दिल्ली के व्यापारियों से करोड़ों की फिरौती मांगने वाले पांच शार्प शूटरों को किया गिरफ्तार
सोनीपत, 28 मार्च, अभीतक: सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट सैक्टर -7 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा और दिल्ली के व्यापारियों से करोड़ों की फिरौती मांगने वाले पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार गिरफ्तार किये गए सभी विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के इशारे पर वारदातों को अंजाम देते थे। जानकारी अनुसार, ये आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने गोली चलने से पहले ही इन्हें काबू कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क का खुलासा करेगी। जानकारी अनुसार पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विदेश में बैठे गैंगस्टर के निर्देश पर काम कर रहा था। हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, जींद और दिल्ली के नरेला क्षेत्र में व्यापारियों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपए की फिरौती मांगी जा रही थी। एंटी गैंगस्टर यूनिट को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए पांचों शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
युवक की गला काटकर हत्या रोहतक, 28 मार्च, अभीतक: रोहतक में एक युवक की गला काटकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। खेतों में युवक का धड़ और सिर अलग-अलग पड़े मिले। जानकारी अनुसार फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमर के आधे हिस्से में गहरे कट मिले हैं। गर्दन से ऊपर का हिस्सा बुरी हालत में मिला है। सिर से बाल उखाड़कर खाल भी खींची गई है। उसकी आंख भी गायब मिली है। पूरा फेस पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। आशंका है कि तेजधार हथियार से युवक की गर्दन काटी गई है। जानकारी अनुसार हाथ-पैरों पर भी चोट के निशान मिले हैं। ग्रामीणों का कहना है कि युवक 26 मार्च की शाम पड़ोस में ही एक शादी में गया था, जिसके बाद से लापता था। जानकारी अनुसार महम ब्लॉक के फरमाणा गांव का रहने वाला मोहित (20) 2 दिन पहले लापता हुआ था। परिजनों का कहना है कि मोहित पड़ोस में ही एक शादी में गया था, लेकिन शाम तक भी घर नहीं लौटा। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस में इसकी शिकायत दी। गांव फरमाणा में सुबह करीब 8 बजे गेंहू के खेत में मोहित का शव मिला। सुबह जब ग्रामीण खेत में पहुंचे तो उसका शव दिखाई दिया। क्राइम सीन देखकर आशंका जताई जा रही है कि यहां आरोपी यहां काफी देर तक रुके।



प्रो. राजेश धनखड़ को सीडीओई के निदेशक का कार्यभार सौंपा
रोहतक, 28 मार्च, अभीतक: महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने पर्यावरण विज्ञान विभाग की वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. राजेश धनखड़ को सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने बताया कि प्रो राजेश धनखड़ को सीडीओई के निदेशक का दायित्व अतिरिक्त कार्यभार के तौर पर सौंपा गया है। यह कार्यभार तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगा। प्रो. राजेश धनखड़ ने विवि प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि वे इस दायित्व को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि सीडीओई के माध्यम से दूरस्थ और ऑनलाइन शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाने, छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने और नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
भिवानी: सिंचाई मंत्री श्रुति चैधरी ने भिवानी जिला में साढ़े 16 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की रखी आधारशिला व किया शिलान्यास
चै. बंसीलाल की 20वीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए चै. बंसीलाल को बताया हरियाणा का निर्माण
श्रुति चैधरी बोली रू 31 मार्च को भिवानी के तोशाम में मुख्यमंत्री करेंगे सूक्ष्म सिंचाई मेले का उद्घाटन
प्रकृतिदत्त सिंचाई के संसाधनों का करना होगा संरक्षण: सिंचाई मंत्री श्रुति चैधरी
देश में नहीं है ईंधन संकट, भारत के पास रिजर्व भंडार: श्रुति चैधरी
कहा: एलपीजी व पैट्रोल को लेकर सरकार अलर्ट, प्रधानमंत्री लगातार कर रहे मॉनिटरिंग
देश में पैट्रोल की कमी नहीं, कालाबाजारी पर होग सख्त कार्रवाई: श्रुति चैधरी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पैट्रोल स्थिति पर शुरू की हाई लेवल मॉनिटरिंग
ईंधन के वैश्विक संकट के बीच केंद्र सरकार ने एक्साईज ड्यूटी को कम कर कीमतें बढने से रोकी: श्रुति चैधरी
राज्यसभा चुनाव को लेकर श्रुति चैधरी ने कांग्रेस को घेरा, कहा: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस मुश्किल से बची
कांग्रेस क्रॉस वोटिंग को लेकर कभी 4, कभी 5 तो कभी 9 वोटों की बात कहकर अपनी स्थिति नहीं कर पाई स्पष्ट: श्रुति चैधरी
श्रुति चैधरी ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेताओं पर क्रॉस वोटिंग करने वालों के नाम छिपाने का लगाया आरोप
जिला में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है: डीसी
डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी आपूर्ति को लेकर आयोजित हुई समीक्षा बैठक
डीसी ने जिला में नागरिकों से किया पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस स्टॉक न करने का आह्वान
भिवानी, 28 मार्च, अभीतक: डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस की सुचारू रूप से आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीसी ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से भी आह्वान करते हुए कहा कि वे जरूरत के अनुरूप ही पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस लें, इनका स्टॉक ना करें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाए। अगर कोई इसका व्यावसायिक उपयोग करते हैं तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। गैस एजेंसियों पर घरेलू एलपीजी मांग के अनुसार पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने डीएफएसई अपार तिवारी से जिले में गैस एजेंसी व पेट्रोल पंपों पर गैस व पेट्रोल की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन डिपो व लेबर केंटीन पर खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखें। घरेलू गैस व पेट्रोल-डीजल की किसी भी कीमत पर कालाबाजारी या जमाखोरी न हो। इसके लिए छापेमारी की जाए। नागरिकों को नियमानुसार सुचारू रूप से घेरलू गैस व पेट्रोल-डीजल मिलना चाहिए ताकि दिनचर्या प्रभावित ना हो। डीसी ने संबंधित विभाग को लेबर कॉलोनियों में स्थित कैंटीनों में समय पर गैस व राशन आदि उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खाद्यान्न या पेट्रोल-डीजल के अवैध भंडारण पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि फसल खरीद के दौरान मंडियों में भी सभी जरूरी व्यवस्थाएं हो ताकि किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो। डीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि उपमंडल स्तर पर भी एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। प्रत्येक कंट्रोल रूम के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए, जिस पर आमजन अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का सही तरीके से समाधान किया जाए तथा उनका दैनिक आधार पर रिकॉर्ड भी रखा जाए। इसके अलावा कितनी शिकायतें प्राप्त हुईं और कितनों का समाधान किया गया उसका का रिकार्ड रखा जाए। उन्होंने संबंधित विभाग को नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बायोगैस (सीएनजीध्बीएनजी) को अधिक से अधिक प्रमोट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएनजी से संबंधित माइल कनेक्टिविटी या अप्रुवल से जुड़े किसी भी प्रकार के लंबित मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि बायोगैस प्लांट पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो सकें।
नागरिक हरसंभव पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें
डीसी ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि भले ही फिलहाल डीजल, पेट्रोल का कोई संकट नहीं है, लेकिन फिर भी नागरिक जहां तक संभव हो सरकारीध्प्राइवेट बस या रेल सेवा यानि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें। इससे तेल और पैसे दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि जिले में पर्याप्त संख्या में रोडवेज बस सेवा उपलब्ध है और सभी बसें सुचारू रूप से चल रही हैं। बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, सीटीएम अनिल कुमार तथा एसडीएम भिवानी महेश कुमार, लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल, सिवानी एसडीएम विजया मलिक, नवनियुक्त डीएमसी हरबीर सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के एसई सुनील रंगा, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीईओ निर्मल दहिया, बिजली निगम कार्यकारी अभियंता संजय रंगा, पंचायती राज कार्यकारी अभियंता वैभव जैन, नप ईओ राजा राम, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता अजय राठी, रैडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एनईएफटीध्आरटीजीएस लेनदेन विफल रहने से प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए डीएचबीवीएन ने बढ़ाई अंतिम तिथि
भिवानी, 28 मार्च, अभीतक: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने 23 से 26 मार्च 2026 के दौरान एनईएफटी या आरटीजीएस लेनदेन में आई तकनीकी समस्या के चलते प्रभावित उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। इस अवधि में लगभग 1900 उपभोक्ता प्रभावित हुए, जिनमें से 1526 उपभोक्ताओं की बिल भुगतान की अंतिम तिथि 25 मार्च या 27 मार्च 2026 थी। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार इन 1526 उपभोक्ताओं की भुगतान अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 मार्च 2026 कर दी है। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर सीसीबी में पंजीकृत हैं, उन्हें इस संबंध में एसएमएस के माध्यम से सूचना भी भेज दी गई है। निगम प्रवक्ता संजय चुघ ने बताया कि प्रभावित 1900 से अधिक उपभोक्ताओं की सूची संबंधित सर्कल कार्यालयों को भेज दी गई है, ताकि फील्ड स्तर पर क्षेत्रीय कार्यालय एवं अधिकारी ऐसे उपभोक्ताओं की तुरंत सहायता कर सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अन्य उपभोक्ता, जिसने एनईएफटी या आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किया है और किसी प्रकार की समस्या का सामना किया है, तो वह एसईआईटीञ्चडीएचबीवीएन डॉट ओआरजी डॉट आईएन पर सूचना दे सकता है। ऐसे मामलों में भी आवश्यकता अनुसार व्यक्तिगत केस-टू-केस आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व चेयरमैन नरेश केडिया अग्रवाल वैश्य समाज के भिवानी जिलाध्यक्ष नियुक्त
दीपक बंसल को महासचिव व प्रवीण गोयल को मिली कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला का जताया आभार
भिवानी, 28 मार्च, अभीतक: अग्रवाल वैश्य समाज के संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला की अनुशंशा से भिवानी जिला इकाई का गठन करते हुए नगर पालिका सिवानी के पूर्व चेयरमैन नरेश केडिया को भिवानी का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ये जानकारी देते हुए समाज के प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता ने बताया कि इसी कड़ी में दीपक बंसल को जिला महासचिव तथा प्रवीण गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ज्ञात रहें कि नरेश केडिया सिवानी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन के साथ-साथ जिले की अनेक धार्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं के साथ जुड़ें हुए है। इसी प्रकार दीपक बंसल हरियाणा प्राकृतिक चिकित्सालय एवं प्रवीण गोयल आॅरबिट आर्गेनाईजेशन जैसी अनेक सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संस्थाओं में कार्य करने का अनुभव रखते हैं। प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता ने बताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी अनुभव के साथ ऊर्जावान और सक्रिय व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं, जो संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला के नेतृत्व में समाज लगातार विस्तार की ओर अग्रसर है और विभिन्न जिलों में नई टीमों का गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में भिवानी जिले के लिए भी एक सशक्त और सक्रिय टीम का गठन किया गया है, जिससे समाज की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते है कि नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और समाज के उद्देश्यों को आगे बढ़ाएंगे। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नरेश केडिया ने अपनी नियुक्ति पर प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलें और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। जिला महासचिव दीपक बंसल और कोषाध्यक्ष प्रवीण गोयल ने भी अपनी नियुक्ति पर आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि वे संगठन की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करेंगे तथा समाज के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे वहीं नवनियुक्त महासचिव दीपक बंसल ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों को विस्तार देते हुए जिला टीम की शेष नियुक्यिां के साथ भिवानी जिले के अंतर्गत भिवानी, बवानीखेड़ा, तोशाम व लोहारू विधानसभा की टीमों का गठन भी भी शीघ्र से शीघ्र किया जाएगा।
श्रीरामजन्मोत्सव पर विशेष कविता
रामत्व का नवगीत
राम नाम की लेखनी, और राष्ट्र-धर्म का गान हो,
कण-कण में मर्यादा गूँजे, ऐसा हिन्दुस्तान हो।
शब्द-शब्द में सत्य झलके, अर्थों में विश्वास हो,
हर मस्तक पर राम-राज्य का, उज्ज्वल एक प्रकाश हो।
डिग्री की ऊँचाई नहीं, चरित्र का विस्तार हो,
गुरु वशिष्ठ की शिक्षाओं का, फिर से नव-संचार हो।
विनय हमारा आभूषण हो, शक्ति सदा मर्यादित हो,
राम-नाम के महामंत्र से, शिक्षा का पथ शोधित हो।
(कण-कण में मर्यादा गूँजे, ऐसा हिन्दुस्तान हो…)
शबरी की प्रतीक्षा टूटे, केवट का संताप मिटे,
ऊँच-नीच के कृत्रिम बंधन, भेदभाव का पाप मिटे।
मर्यादा की लक्ष्मण-रेखा, हर चैखट की रक्षक हो,
लेखक की हर एक पंक्ति ही, बुराइयों की भक्षक हो।
(कण-कण में मर्यादा गूँजे, ऐसा हिन्दुस्तान हो…)
सत्ता का संवरण सीखें, और त्याग का मान करें,
राम-काज की खातिर ही हम, अपना सब बलिदान करें।
उत्तर से दक्षिण तक गूँजे, एक प्राण, एक तान हो,
राम ही जिसकी आत्मा है, ऐसा यह राष्ट्र विधान हो।
(कण-कण में मर्यादा गूँजे, ऐसा हिन्दुस्तान हो…)
मनोज वशिष्ठ की वाणी में, जब राम-कथा का स्वर होगा,
हर श्रोता के अंतर्मन में, एक नया अयोध्या सा घर होगा।
आओ मिलकर शपथ उठाएं, रामत्व को धारण करना है,
भारत माँ के इस आँगन को, फिर स्वर्ग सा पावन करना है।
मनोज वशिष्ठ, शिक्षाविद
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी हरियाणा
पता: सावित्री सदन
म.न.4, गली न.1, विकास नगर,
सतीश पब्लिक कॉलेज के सामने,
कालाका रोड़, रेवाड़ी-123401 (हरियाणा)
📲 9416341744
📨 अंेीपेीजंउंदवर1999/हउंपसण्बवउ