


https://www.facebook.com/share/v/1Bm7Srhmzs
https://www.facebook.com/share/v/17RgthQpSj
https://www.facebook.com/share/r/17eYMMLtrg

प्राचार्य प्रो० (डॉ०) सतवीर सिंह के सेवानिवृत्ति समारोह का गरिमामय आयोजन
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: राजकीय महाविद्यालय, बिरोहड़ में मंगलवार को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० (डॉ०) सतवीर सिंह के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिवार द्वारा अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ० सुरेन्द्र सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ० सुरेन्द्र सिंह ने प्राचार्य प्रो० (डॉ०) सतवीर सिंह को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया, साथ ही शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके उपरांत विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए प्राचार्य के कुशल नेतृत्व, अनुकरणीय कार्यशैली एवं महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। सभी वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता एवं कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ० सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रो० (डॉ०) सतवीर सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान महाविद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्राचार्य महोदय ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा सभी को निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्राचार्य की धर्मपत्नी श्रीमती कुसुम तथा बिटिया नंदिनी में भी भाग लिया। अंत में कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।



15 वर्ष की समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवा के बाद डीआईपीआरओ सतीश कुमार सेवानिवृत्त
गरिमामयी समारोह में भावभीनी विदाई, अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया सम्मानित
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सतीश कुमार 15 वर्ष की संतोषजनक, समर्पित एवं सराहनीय सेवा पूर्ण करने के उपरांत मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इससे पहले सतीश कुमार ने लगभग 20 वर्ष भारतीय वायुसेना में भी कार्य किया है,इसके उपरांत वे 2011 में सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नियुक्त हुए थे। समारोह के दौरान अधीक्षक धर्मबीर सिंह गुलिया, एआईपीआरओ बेरी डॉ अश्वनी कुमार और समस्त स्टाफ सदस्यों ने डीआईपीआरओ सतीश कुमार के सेवाकाल को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सतीश कुमार ने अपने पूरे कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए विभागीय दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सतीश कुमार का सरल स्वभाव, सहयोगात्मक दृष्टिकोण एवं कार्य के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणादायक रहेगा। उनके मार्गदर्शन में विभाग ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक धर्मबीर सिंह गुलिया व समस्त स्टाफ सदस्यों ने डीआईपीआरओ सतीश कुमार स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। स्टाफ सदस्यों ने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने जीवन के इस नए चरण में भी इसी ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ते रहें। अपने संबोधन में डीआईपीआरओ सतीश कुमार ने विभाग में मिले सहयोग, स्नेह एवं विश्वास के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग में बिताया गया समय उनके जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं यादगार अध्याय रहेगा। हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए, लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए, टीमवर्क और समर्पण के बल पर ही किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर रिटायर्ड कानूनगो सुनील डांगी, मेनपाल रोहतक, रेवाड़ी से दिनेश यादव, सुरेश चैधरी, पत्रकार प्रदीप धनखड़, चैनसुख गुरहिया, संजीत खन्ना, सुमित थरान, रमाकान्त मित्तल, राकेश कुमार, बलराज सिंहल, आशीष कुमार, विक्की जाखड़ अविनाश कुमार, भोपाल किशन, मनोज कुमार सहित एआईपीआरओ बेरी और बहादुरगढ़ कार्यालय के स्टाफ सदस्य उपस्थित थे





घंटी बजाओ, गंदगी भगाओ – नवीन जयहिंद की झज्जर में हुंकार
सट्टेबाजी, नशेबाजी, ओर गुंडेबाजी पर सरकार सो रही कुंभकरण की नींद: जयहिंद’
युवाओं की जवानी विनाश के रास्ते पर: जयहिंद
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: नवीन जयहिंद झज्जर में घंटी बजाओ, गंदगी भगाओष् मुहिम के तहत मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही श्डिजिटल गंदगीश् को लेकर सरकार और समाज दोनों को सचेत किया। नवीन जयहिंद ने बताया कि आज के समय में सोशल मीडिया एक ऐसा माध्यम बन गया है जहाँ खुलेआम सट्टेबाजी, अश्लीलता, और गाली-गलौज का प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्घंटीश् बजाना एक प्रतीकात्मक कदम है ताकि सोई हुई सरकार और प्रशासन को जगाया जा सके।
सट्टेबाजी पर जयहिंद का प्रहार
आईपीएल के दौरान युवा सट्टेबाजी के जाल में फंसकर कर्जदार हो रहे हैं और अपनी जमीनें तक बेच रहे हैं। सोशल मीडिया पर श्गंद कल्चरश् (अश्लीलता और गाली-गलौज) के बढ़ते प्रभाव को रोकना इस मुहिम का मुख्य लक्ष्य है।
सरकार की चुप्पी पर जयहिंद ने उठाए सवाल
जयहिंद ने सवाल उठाया कि सरकार इस डिजिटल अपराध और गंदगी पर मौन क्यों है? जयहिंद ने हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए बताया कि मुहिम को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 7027-822-822 जारी किया गया है। कोई भी नागरिक इस नंबर पर संपर्क करके इस मुहिम से जुड़ सकता है। जयहिंद ने स्पष्ट किया कि यह मुहिम केवल झज्जर तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में वे सभी विधायकों और सांसदों के घरों के बाहर भी श्घंटीश् बजाकर उन्हें जगाने का काम करेंगे ताकि इस गंदगी के खिलाफ सख्त कानून और नीतियां बनाई जा सकें। अगर आज हम नहीं जागे, तो 2047 तक हमारी संस्कृति और सभ्यता का विनाश हो जाएगा। हमें अपने भविष्य और बच्चों को इस डिजिटल गंदगी से बचाना ही होगा। जयहिंद ने कड़े शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर जिस तरह से मां-बहन की गालियाँ दी जा रही हैं और युवा पीढ़ी को गुमराह किया जा रहा है, वह समाज के ताने-बाने को तोड़ रहा है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से इस पर लगाम लगाने की मांग की है। नवीन जयहिंद ने मांग की है कि सोशल मीडिया पर अभद्रता रोकने के लिए डायल 112 की तर्ज पर एक त्वरित रिस्पांस सिस्टम होना चाहिए।
प्रशासन से जयहिंद की अपील
उन्होंने झज्जर की पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री से अपील करते हुए कहा कि अगर पुलिस प्रशासन चाहे, तो 24 घंटे के अंदर ऐसे बदमाशों का इलाज किया जा सकता है जो सोशल मीडिया पर गंदगी फैला रहे हैं।


रंगोली कलाकार प्राध्यापक मुकेश शर्मा को मातृ शोक
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: गाँव भदाना से रंगोली कलाकार, भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा की माता कौशिल्या देवी का स्वर्गवास 30 मार्च, 2026 को हो गया। वह 77 वर्ष कि थी। उनका सामाजिक कार्यों में एक अनूठा योगदान रहा। गाँव भदाना में उनकों प्रकृति स्नेही के रूप में जाना जाता है। जीव – जंतुओं कि रक्षा का संदेश उन्होंने अपने कार्यों से प्रदान किया। उनका पार्थिव शरीर 30 तारीख को पंचतत्व में विलीन हो कर दिया गया। उनकी तेहरवीं 9 अप्रैल को उनके गाँव भदाना में रहेगी।



आईटीआई पास छात्र-छात्राओं के लिए अप्रेंटिसशिप मेला आज
आईटीआई के प्राचार्य जीतपाल ने दी जानकारी
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, झज्जर एट गुढ़ा के प्रधानाचार्य जीतपाल ने बताया कि आईटीआई प्रांगण में एक अप्रैल बुधवार को प्रातः 10 बजे अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिजली निगम के अधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि वायर मेन, कोपा और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग व्यवसाय के जो आईटीआई पास छात्र-छात्राएं अपरेंटिस करना चाहते हैं। वो छात्र इस अप्रेंटिसशिप मेले में भाग ले सकते हैं। प्राचार्य ने बताया कि अप्रेंटिसशिप मेले में आईटीआई पास-आउट छात्र व छात्राओं का इंटरव्यू व लिखित परीक्षा ली जाएगी। जो छात्र छात्राएं रिटन टेस्ट व इंटरव्यू में अच्छे अंक प्राप्त करेंगे, उनको विभाग द्वारा अप्रेंटिस हेतु चयन किया जाएगा। अप्रेंटिसशिप मेले में भाग लेने वाले छात्र अपने साथ रिज्यूम, सभी दस्तावेजो (मेट्रिक, आईटीआई पास सर्टिफिकेट) की ओरिजिनल व फोटो कॉपी और 5 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य रहेगा।


समस्याओं का जल्द निवारण प्रशासन की पहली प्राथमिकता: डीसी
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने अधिकारियों की बैठक में समाधान शिविरों से प्राप्त समस्याओं के निपटान के दिए निर्देश
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है और इसमें प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित व संतोषजनक निवारण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए निर्धारित समयावधि में उनका समाधान करें। डीसी मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में विकास एवं पंचायत, राजस्व और पंचायती राज विभागो से संबंधित मामलों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर से प्राप्त समस्याओं का निर्धारित अवधि में समाधान जरूरी है। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, उनकी एटीआर समय पर प्रस्तुत की जाए, ताकि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों के माध्यम से अब तक 5774 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 179 शिकायतें लंबित हैं। इन सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटान किया जाए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करना भी है। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए, ताकि भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति न हो।
यह अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीसी जगनिवास, डीआरओ मनबीर सिंह, तहसीलदार श्री भगवान, बीडीपीओ बेरी राजाराम, बीडीपीओ झज्जर भारती शर्मा, बीडीपीओ मातनहेल अंजली शर्मा, बीडीपीओ बादली सुमित बेनीवाल, साल्हावास बीडीपीओ राहुल मेहरा,माछरौली बीडीपीओ धर्मपाल, बहादुरगढ़ जोगेंद्र सिंह,पंचायती राज के एसडीओ सौरभ उप्पल, मनीष दहिया, देवानन्द माछरौली विकास एवं पंचायत, राजस्व, पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।





जिला में गैस सिलेंडर आपूर्ति सुचारू रूप से जारी
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए जरूरी दिशा निर्देश
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि जिला में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ साथ सम्बंधित विभागों के अधिकारी नियमित जांच सुनिश्चित करें। प्रत्येक उपभोक्ता को एलपीजी गैस और पेट्रो पदार्थों की सुगमता से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में जिला में 26 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और 10539 सिलेंडर उपलब्ध हैं और मांग केवल 7500 की ही है। उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सभी एजेंसी उनके यहां उपलब्ध स्टॉक की पूर्ण जानकारी अपने परिसर के बाहर चस्पा करे और साथ ही जिन उपभोक्ताओं को अगले दिन सिलेंडर दिए जाने हैं उनकी सूची भी पहले दिन रात को या अल सुबह बाहर लगा दें। इससे एजेंसी के बाहर भीड़ नहीं होगी और लोगों को पता चल जाएगा कि सिलेंडर किसको मिलना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल ही में सिलेंडर बुकिंग को लेकर सरकार द्वारा नियमों में किए गए बदलाव का प्रत्येक एजेंसी को पालन करना है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों की टीमो द्वारा गैस गोदाम के स्टॉक का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि जिला के नागरिक गैस सिलेंडरों को लेकर चलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान ना दें। जिला में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक हैं और मांग से भी ज्यादा गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। लोगों को लाइन में लगकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन माध्यम से भी आसानी से गैस सिलेंडर की बुकिंग की जा सकती है। लोगों को गैस को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला में मांग से भी ज्यादा संख्या में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और सभी एजेंसियों में सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक है। जिला प्रशासन लगातार निगरानी भी कर रहा है और हर रोज स्टॉक व ट्रांजिट की रिपोर्ट ली जा रही है। साथ ही सभी एजेंसियों को स्टॉक की पूर्ण जानकारी प्रतिदिन के आधार पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर गैस सिलेंडरों को लेकर कोई कालाबाजारी करता है तो उसकी तुरंत सूचना नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 01251-254270 पर दें। दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

ग्वालिसन रोड़ स्थित हनुमान मंदिर में अखंड रामचरितमानस पाठ एवं देसी घी का भंडारा
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: मॉडल टाउन ग्वालिसन रोड़ स्थित हनुमान मंदिर में अखंड रामचरितमानस पाठ एवं देसी घी के भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर प्रबंधक महिपाल सैनी ने बताया कि हनुमान जयंती के शुभावसर पर बुधवार एक अप्रैल को सुबह आठ बजे अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया जाएगा। वीरवार दो अप्रैल को सुबह नौ बजे हवन के बाद 11 बजे से प्रभु इच्छा तक भंडारे का प्रसाद शुरू किया जाएगा। उन्होंने आव्हान किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर हनुमान जी का आशीर्वाद व प्रसाद ग्रहण करें।



खाप पंचायत एवं ग्राम पंचायत सहयोग करे: कर्मजीत छिल्लर
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के अध्यक्ष जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव एवं सीजेएम श्री विशाल के मार्गदर्शन में जिला झज्जर में एक सामुदायिक मध्यसथा केंद्र ग्राम सचिवालय छुछकवास में खुला हुआ है। उपरोक्त सामुदायिक मध्यसथा केंद्र में ग्रामीण अंचल के होने वाले छोटे विवादों का आपसी मनमुटाव दूर करके समझा कर विवादों का समाधान समझौता आपसी सहमति से कराया जाता है। इस समझौता सदन में जो भी समझौता दोनों पक्षों की सहमति से होगा उसका लिखित विवरण किया जाएगा तथा इस लिखित फैसले के विरुद्ध किसी भी न्यायालय में कोई अपील नहीं की जा सकती। शिकायतकर्ताध् प्रार्थी उपरोक्त समझौता सदन में स्वयं प्रार्थना पत्र पेश कर अपने मामले की सुनवाई करा सकता है इस प्रकार प्रार्थी पुलिस थाने व न्यायालय के चक्कर लगाने से बच सकता है उपरोक्त समझौता सदन में अब तक 27 दरखास्त प्राप्त हुई। जिनमें 21 दरखास्तों पर आपसी सहमति से समझौता कराया गया। उपरोक्त समझौता सदन में नियुक्त प्रशिक्षित मध्यस्थ कर्मजीत छिल्लर ने लोगों से अपील की है कि अपने छोटे विवादों का अधिक से अधिक संख्या में मध्यस्थता केंद्र के समक्ष रखकर लाभ उठाएं और अपने कीमती समय में पैसे की बचत करें।

डिजिटल अरेस्ट से न घबराएं, तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं: एसपी श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस’
पानीपत, 31 मार्च, अभीतक: पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने साइबर अपराध में एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने इससे बचने के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठग अपराध करने के नए नए तरीके अपना रहें है। आमजन के जागरूक होने से ही साइबर अपराधियों के चंगुल में आने से बचा जा सकता है। साइबर ठग व्हाट्सएप कॉल कर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर ठगी करने की कोशिश करते हैं। पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि आपके पास किसी अज्ञात नंबर से फोन कर आपके बेटा, बेटी का नाम लेकर कहा जाए कि वह कहां है और अगले ही पल कहा जाए नारकोटिक्स विभाग, सीबीआई या पुलिस से बोल रहा हूं और वह हमारी हिरासत में है। ड्रग्स या अन्य किसी गतिविधि में शामिल होने की वजह से उसे पकड़ा गया है। इसके अलावा आपके नाम विदेश से पार्सल आया और उसमे आपत्तिजनक वस्तु होने की बात कही जाए तो तुंरत सतर्क हो जाएं। यह साइबर ठगों का काम हो सकता है। साइबर ठग आपको डिजिटल अरेस्ट कर ठगी का शिकार बना सकते हैं। यह साइबर ठगों द्वारा अपनाया जाने वाला ठगी का नया तरीका है। डिजिटल अरेस्ट के मामलों में ठग किसी सरकारी एजेंसी का ऑफिसर या पुलिस ऑफिसर बनकर वीडियो कॉल करते है। वीडियो कॉल के बैकग्राउंड को किसी पुलिस स्टेशन की तरह बना लिया जाता है। जिसे देखने वाला हर कोई व्यक्ति डर कर उनकी बातों में आ जाता है। इसमें पीड़ित को फोन कर झूठे मामले में पहले डराया जाता है। कहा जाता है कि ऊपर मामला दर्ज किया जा रहा है, जिससे वह डर जाता है। इसमें वीडियो कॉल के द्वारा पीड़ित को घर में बंधक बना लिया जाता है। ठगों द्वारा व्यक्ति को 24 घंटे उनके संपर्क में रहने के लिए सर्विलांस पर फोन या वेबसाइट के जरिये नजर रखने की बात कही जाती है। अपराधी इस दौरान आपको वीडियो कॉल से हटने भी नहीं देता और न ही किसी को कॉल करने देते है। लंबी सजा और बड़े जुर्माने व समाज में अपमान होने के डर से पीड़ित ठगों द्वारा कही हर बात को फॉलो करता है। इस दौरान ठग केस को रफा-दफा करने के लिए पीड़ित से पैसे मांगता है और पीड़ित उसे रकम भी दे देता है। अगर कोई इस तरह की कॉल करता है तो उसके झांसे में न आए। पहले अपने परिजनों व परिचितों से फोन पर बात करें, और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को या साइबर थाना में दे। डिजिटल अरेस्ट कानून में कोई शब्द नहीं है। लोगों को इससे नहीं घबराना चाहिए। पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि इस प्रकार की वारदातों से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहें। फोन पर कोई अपने आप को पुलिस, सीबीआई, नारकोटिक्स विभाग, सीबीआई विभाग, आरबीआई और ईडी इत्यादि का अधिकारी बताकर इस तरह ब्लैकमेल, जबरन वसूली या डिजिटल अरेस्ट इत्यादि की धमकी देता है तो उनसे डरे नहीं तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।







संस्कारों से ही बनता है सशक्त समाज: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह का विद्यार्थियों और अभिभावकों को संदेश’
गांव निमाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर मातृशक्ति और शिक्षकों को दिए नैतिक मूल्यों के महत्वपूर्ण संदेश
सुनील निमाना के सामाजिक कार्यों की सराहना, बच्चों को अनुशासन और संयम अपनाने की दी सीख’
झज्जर, 31 मार्च, अभीतक: गांव निमाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उस समय प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला जब पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह विद्यालय पहुंचीं। उनके आगमन पर सुनील निमाना (गौ रक्षा दल), ग्रामीणों तथा विद्यालय के शिक्षकों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण बना रहा।पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से मातृशक्ति को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में माता-पिता, विशेषकर माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यदि बचपन से ही बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का समावेश किया जाए, तो वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।उन्होंने अपने संबोधन में एक गंभीर घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि हाल ही में एक व्यक्ति द्वारा अपने ही पिता को गोली मार दी गई, जो न केवल निंदनीय है बल्कि समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक भी है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं इस बात की ओर संकेत करती हैं कि कहीं न कहीं संस्कारों और नैतिक शिक्षा की कमी रह गई है। इसलिए अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को सही दिशा में मार्गदर्शन दें और उन्हें अच्छे-बुरे का अंतर समझाएं।पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बच्चों को संयम और आत्मनियंत्रण का महत्व बताते हुए कहा कि गुस्से पर काबू पाना और विवेकपूर्ण निर्णय लेना जीवन में सफलता की कुंजी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को धैर्य, सहनशीलता और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करें, ताकि वे हर परिस्थिति में संतुलित और समझदारी भरा व्यवहार कर सकें।उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का आधार होता है। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी ही भविष्य के अधिकारी, नेता और समाज के मार्गदर्शक बनते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस विद्यालय से पढ़कर बच्चे आगे चलकर होनहार और काबिल अधिकारी बनेंगे और समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाएंगे।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया। कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित कर उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। इस दौरान उन्होंने सुनील निमाना द्वारा विद्यालय में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का विकास और सामाजिक सहयोग अत्यंत सराहनीय पहल है, जो अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के विचारों को सराहा और संकल्प लिया कि वे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संस्कार और शिक्षा दोनों पर समान रूप से ध्यान देंगे।इस दौरान सुनील निमाना, विक्रम हेडमास्टर, मलखान सिंह निमाना, बीरमती सरपंच निमाना, सुनील गुलिया प्रधान गुलिया खाप, काला प्रधान निमाना, ठेकेदार अनार सिंह, रामकुमार मास्टर जी बादली, कंवर सिंह, दलेल सिंह, कुलदीप मास्टर जी बामडोला स्कूल, विकास प्रिंसिपल पेलपा स्कूल, दीपक गुलिया बादली, सुरेन्द्र और नरेश सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सट्टा खाई वाली करते हुए एक आरोपी काबू
बहादुरगढ़, 31 मार्च, अभीतक: एंटी नारकोटिक्स सेल झज्जर की पुलिस टीम ने थाना शहर बहादुरगढ़ के एरिया से एक आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खाई वाली करते हुए काबू करने में कामयाबी हासिल की गई। मामले की जानकारी देते हुए एंटीनाकोटिक्स सेल झज्जर निरीक्षक दिनकर ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल झज्जर की पुलिस टीम थाना शहर बहादुरगढ़ के एरिया में मौजूद थी। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि चंदन निवासी मैन पोस्ट ऑफिस वाली गली जटिया मोहल्ला बहादुरगढ़ सट्टा खाई वाली करने का अवैध धंधा करता है। उन्होंने बताया कि अपराधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा वांछित आरोपियों को पकड़ने के संबंध में पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह के द्वारा कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस कमिश्नर के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए एंटी नारकोटिक सेल झज्जर में तैनात मुख्य सिपाही पवन कुमार की पुलिस टीम को सूचना मिली कि जटिया मोहल्ला बहादुरगढ़ पोस्ट ऑफिस के एटीएम के एरिया में सट्टा खाई वाली का काम करता है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते उपरोक्त स्थान पर पहुंची तो वहां पर उपरोक्त व्यक्ति सट्टा खाई वाली करते हुए पाया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान उपरोक्त के तौर पर कीगई। पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 2120 रुपए की नगदी व सट्टा पर्चियां बरामद की गई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके नियम अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।





नशे से दूर रहकर सेवा और शिक्षा का नशा अपनाएं, बाबा सोटे वाला मंदिर में पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने दिया युवाओं को संदेश’
डाबोदा खुर्द के वार्षिक भंडारे में पहुंचकर युवाओं को नशामुक्ति, संस्कार और माता-पिता की सेवा का दिया संदेश’
बहादुरगढ़, 31 मार्च, अभीतक: गांव डाबोदा खुर्द स्थित बाबा सोटे वाला मंदिर में आयोजित वार्षिक भंडारे के अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह एवं जैकलीन जिंदल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। उनके मंदिर परिसर में पहुंचने पर मंदिर कमेटी के सदस्यों और गांव के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन, परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा अगर नशा ही करना है तो पढ़ाई, मेहनत और अपने माता-पिता की सेवा का नशा करें। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अनुशासन, कड़ी मेहनत और अच्छे संस्कार बेहद जरूरी हैं। जो बच्चे अपने माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा करते हैं, उन्हें जीवन में उसका फल अवश्य मिलता है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और यदि वे सही दिशा में आगे बढ़ें, तो न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाएं और एक काबिल अधिकारी बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं।कार्यक्रम में मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने उनके संदेश को गंभीरता से सुना और नशामुक्त एवं संस्कारित समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान प्रधान मनजीत मलिक, रामकिशन, सतीश, रमेश, राज, राजीव, प्रदीप, मेहर सिंह, रमेश राठी, अशोक, आनंद, राजेंद्र मलिक सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
लोवा कलां में 64वां हनुमान जन्मोत्सव 2 अप्रैल को, देशव्यापी भंडारे में उमड़ेगा जनसैलाब
बहादुरगढ़, 31 मार्च, अभीतक: लोवा कलां (सिद्दिपुर) में आगामी 2 अप्रैल को भगवान हनुमान जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर 64वां भव्य आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी यह कार्यक्रम देशव्यापी स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस भव्य परंपरा की शुरुआत स्वर्गीय हुकुमचंद मान द्वारा की गई थी, जिसे आज मान परिवार निरंतर आगे बढ़ा रहा है। वर्तमान में अशोक मान (प्रधान लोवा 17), दलबीर मान एवं सिकंदर मान इस आयोजन की जिम्मेदारी संभालते हुए इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातःकाल हवन-यज्ञ, सत्संग एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इस भंडारे की विशेषता शुद्ध देशी घी से तैयार किए गए प्रसाद हैं, जिनमें विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजन श्रद्धालुओं को परोसे जाएंगे। इस आयोजन की खास बात यह है कि यहां हर वर्ष देशभर से राजनीतिक, सामाजिक एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रमुख व्यक्ति भी पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ जाती है। नई पीढ़ी भी इस सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रही है, जिसमें विराट मान, साहिबा एम चैधरी, पारस मान, सूर्या मान, आर्यन मान एवं मानसी मान सहित लोवा कलां, सिद्दिपुर के सभी सदस्य मिलकर आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। आयोजन स्थल पर भव्य स्वागत द्वार, फूलों की वर्षा, भजन-कीर्तन एवं रागनियों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण तैयार किया जाएगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनें और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।




जिला में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य: डीसी
आमजन घबराएं नहीं, मांग के अनुरूप जिला में एलपीजी गैस, पेट्रोल व डीजल उपलब्ध
रेवाड़ी, 31 मार्च, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला में एलपीजी गैस सिलेंडर सहित पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर 01274-225214 भी जारी किया गया है। इस हेल्पलाइन नंबर पर कोई भी एलपीजी गैस उपभोक्ता एलपीजी से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। इसके अलावा विभाग की टीमें भी निरंतर फील्ड में रहकर कालाबाजारी करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई कर ही है। उन्होंने बताया कि जिला में पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध है और दैनिक आधार पर उपभोक्ताओं को डिलीवरी किए जा रहे हैं। डीसी ने आह्वान किया है कि जिला में एलपीजी गैस सिलेंडर सहित पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। आमजन पैनिक न हो और सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी की जा रही अधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। एलपीजी गैस के लिए लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में लगकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन माध्यम से भी आसानी से गैस सिलेंडर की बुकिंग की जा सकती है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन हर रोज स्टॉक व ट्रांजिट की रिपोर्ट ले रहा है। उन्होंने कहा कि अगर गैस सिलेंडरों, पेट्रोल व डीजल का अनावश्यक भंडारण और कालाबाजारी करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया है कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों, पेट्रोल व डीजल का अनावश्यक भंडारण और कालाबाजारी करता है तो उसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर या जिला प्रशासन को दें, ताकि ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।


पीएचसी स्वीकृति पर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का जताया आभार
महेंद्रगढ़ जिला के खातोदड़ा व पाली गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री से मिलने पहुंचे ग्रामीण
रेवाड़ी, 31 मार्च, अभीतक: महेंद्रगढ़ जिला की खातोदड़ा और पाली ग्राम पंचायतों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्वीकृत होने पर ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पंचों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने रेवाड़ी स्थित रामपुरा हाउस पहुंचकर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा लिए गए इस निर्णय की सराहना की। ग्राम खतोदड़ा के सरपंच कृष्ण और पाली के सरपंच देशराज सरपंच सहित ग्राम प्रतिनिधियों ने बताया कि अब मरीजों को छोटे-छोटे उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि गांव के नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीणों की मांग रही पीएचसी की स्वीकृति अब पूरी होने जा रही है, जिससे आसपास के गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में और भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि स्वीकृत पीएचसी को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।

राजकीय महाविद्यालय, खरखड़ा में प्राध्यापिका डा. सुशीला लाम्बा की सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह का आयोजन
रेवाड़ी, 31 मार्च, अभीतक: राजकीय महाविद्यालय, खरखड़ा में हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डा. सुशीला लाम्बा की सेवानिवृत्ति पर जिला उच्च शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय प्राचार्या डा. ज्योति यादव की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्या द्वारा डा. लाम्बा को पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। मीरपुर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग अध्यक्ष डा. मुकेश यादव द्वारा भी पगड़ी पहनाकर डा. लाम्बा को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गई। इसी क्रम में महाविद्यालय के अन्य सदस्यों द्वारा भी डा. सुशीला लाम्बा के कार्यकाल पर प्रकाश डालते हुए उनकी प्रशंसा की व उनके अनुशासन, समयनिष्ठा, परिश्रम, कार्य के प्रति समर्पण, एवं निष्ठा पूर्ण कार्यशैली के विषय में चर्चा की। प्राचार्या डॉ. ज्योति यादव के साथ समस्त महाविद्यालय सदस्यों ने इस विदाई अवसर पर उनके परिवार के सदस्यों को डा. लाम्बा के कार्यकाल के वीडियो एवं फोटो दिखाकर उनकी कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर सेवानिवृत्त डा. सुशीला लाम्बा के परिजन उनके पति एस.वी. लाम्बा, सेवानिवृत्त कोषागार अधिकारी, विक्रम लाम्बा, डॉ. प्रीति लाम्बा, ध्रुव लाम्बा, कीर्ति लाम्बा, आदित्य रंजन न्यायाधीश (उत्तर प्रदेश), दिव्य लाम्बा, डा. जगदीप, एडवोकेट रीना, सारा व अर्जुन आदि उपस्थित रहे।


युद्ध से उत्पन्न चुनौतियाँ और आगे का रास्ता’
मध्य-पूर्व क्षेत्र में एक अभूतपूर्व स्थिति के कारणकृजो एक तरफ अमेरिका व इजराइल, और दूसरी तरफ ईरान के बीच संघर्ष से उत्पन्न हुई हैकृयुद्ध की लपटों ने पूरे क्षेत्र के देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। इसका न केवल गैस और तेल, उर्वरक और अन्य आवश्यक सामग्रियों की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ा है, बल्कि इससे शरारती तत्वों को भी स्थिति का फायदा उठाने का मौका मिल गया हैय वे भविष्य में कमी की आशंका के मद्देनजर इन सामग्रियों की जमाखोरी कर रहे हैं। हालांकि सरकार ने लोगों को यह भरोसा दिलाया है कि वह तेल और गैस की कीमतें बढ़ने नहीं देगी, फिर भी बड़े पैमाने पर फैली घबराहट के चलते लोग एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के लिए कतारों में खड़े हो रहे हैं। यह इस तथ्य से स्पष्ट है कि एलपीजी सिलेंडरों की औसत दैनिक बुकिंग जो जो 55 से 60 लाख थी, अचानक बढ़कर प्रतिदिन 75 से 88 लाख हो गई हैय इसी तरह, पेट्रोल की मांग में भी काफी उछाल आया है। अकेले उत्तर प्रदेश में ही, एक ही दिन में पेट्रोल की मांग में 46 प्रतिशत की वृद्धि हो गई। हालाँकि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त मात्रा में मौजूद है, और सरकार के कूटनीतिक प्रयासों से लगातार सप्लाई भी आ रही है, और सरकार भी बार बार आश्वस्त कर रही है, फिर भी घबराहट में की जा रही खरीदारी के कारण कमी पैदा हो रही है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ रही है। समझा जा सकता है कि स्थिति बहुत अनिश्चित है और यह पता नहीं है कि युद्ध कब समाप्त होगा। हालाँकि, वर्तमान में भारत होरमुज जलडमरूमध्य के रास्ते पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्राप्त करने में सक्षम है, लेकिन यदि युद्ध और अधिक भड़कता है, तो आपूर्ति पर बुरा असर पड़ सकता है। मध्य-पूर्व क्षेत्र में बढ़ता तनाव तेल की कीमतों को और ऊपर धकेल सकता है, जिससे वैश्विक मुद्रास्फीति को बढ़ावा मिलेगा और अमेरिका में भी मंदी का जोखिम बढ़ जाएगा। इतना ही नहीं, मुद्राओं का अवमूल्यन, बढ़ता चालू खाता घाटा और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ता दबावकृये सभी कारक उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं के लिए भी भविष्य को विशेष रूप से नाजुक बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी युद्ध के कारण उत्पन्न हो रही इन सभी चुनौतियों की ओर संकेत किया है। युद्ध जैसी उभरती हुई वैश्विक स्थिति ने, महत्वपूर्ण आर्थिक और रणनीतिक आवश्यकताओं के लिए बाहरी ताकतों पर अत्यधिक निर्भरता की कमजोरियों को भी उजागर कर दिया है। जैसा कि कोविड -19 ने हमें यह एहसास कराया कि दुनिया में कोई भी उथल-पुथल, उत्पादन और सप्लाई चेन में रुकावट के कारण देश के लिए समस्याएँ खड़ी कर सकती है, और आर्थिक गतिविधियों को ठप कर सकती है। मौजूदा युद्ध का माहौल भी इससे अलग नहीं है। लेकिन, यह भी सच है कि भारत के पास वैश्विक अनिश्चितताओं से सफलतापूर्वक निपटने की क्षमता, लचीलापन और संसाधन मौजूद हैं। जरूरत है तो बस आत्मनिर्भरता, आर्थिक राष्ट्रवाद और जागरूक सार्वजनिक आचरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता की। स्वदेशी जागरण मंच एक आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है और सभी हितधारकोंकृसरकार, उद्योग और नागरिकोंकृसे इस दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान करता है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि यद्यपि वैश्विक परस्पर निर्भरता एक वास्तविकता है, फिर भी दुनिया में किसी भी उथल-पुथल का हमारी अर्थव्यवस्था के सुचारू कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। यह केवल आत्मनिर्भरता के उच्च स्तर को प्राप्त करके ही संभव है। यद्यपि, वर्तमान में हम आयातित कच्चे तेल पर 88 प्रतिशत तक और गैस पर लगभग 50 प्रतिशत तक निर्भर हैं, और यह निर्भरता लगातार बढ़ती ही जा रही है, हमें ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से इस निर्भरता को व्यवस्थित रूप से कम करने की आवश्यकता है। अतीत में, हमारा देश धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहनों, सौर, पवन, परमाणु और ऊर्जा के अन्य नवीकरणीय स्रोतों की ओर बढ़ रहा है। हालाँकि, इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बदलाव अन्य देशों की तुलना में धीमा हैय सौर ऊर्जा में आत्मनिर्भरता 20 प्रतिशत से भी कम है, जबकि पवन ऊर्जा उपकरणों में आत्मनिर्भरता लगभग 70 से 80 प्रतिशत तक पहुँच गई हैय परमाणु ऊर्जा भारत के कुल बिजली उत्पादन का मुश्किल से 2.5 से 3 प्रतिशत ही प्रदान करती है। हमारी सरकार पहले से ही आत्मनिर्भरता के मार्ग पर अग्रसर हैय इस तथ्य को देखते हुए कि जलविद्युत उत्पादन को छोड़कर, कोयला, तेल और गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों पर हमारी निर्भरता के कारण हम वैश्विक झटकों से ज्यादा प्रभावित होते हैं, हमें सौर, पवन और परमाणु ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की गति को तेज करने की आवश्यकता है।
इस स्थिति में, स्वदेशी जागरण मंच देशभक्त नागरिकों से भी अपील करता है कि
- केवल सत्यापित और आधिकारिक सूचना स्रोतों पर ही भरोसा करें।
- असत्यापित संदेशों और अफवाहों को आगे भेजने से बचें।
- राष्ट्रीय एकता को बनाए रखें और देश के व्यापक हित में जिम्मेदारी से कार्य करें।
- आने वाले दिनों में, जितना हो सके पेट्रोल, गैस और डीजल बचाएँ, और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों का उपयोग करें। नागरिकों का यह सामूहिक प्रयास देश को इस कठिन परिस्थिति से उबरने में मदद कर सकता है।
डॉ. अश्वनी महाजन
राष्ट्रीय सह-संयोजक
छात्राओं की बस का बिना आदेश बदला रूट, सांपला में फूटा आक्रोश, विरोध के बाद वापस पुराना: बहाल
सांपला, 31 मार्च, अभीतक: मोरखेड़ी से चलकर रोहतक जाने वाली छात्राओं वाली स्पेशल रोडवेज बस का रूट बिना किसी लिखित आदेश के अचानक बदल दिए जाने से सांपला में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। रोजाना रोहतकदृसमचाना, सांपला, इस्माईला रूट पर चलने वाली यह बस आज दतोड़, अटायल, पाकस्मा होते हुए रोहतक भेजी जा रही थी, जिससे छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जैसे ही छात्राओं को रूट बदलने की जानकारी मिली, करीब 10-15 छात्राओं ने सांपला के बेरी रोड पर बस को रुकवाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं का कहना था कि यह बस खास तौर पर उनके आवागमन के लिए है और बिना किसी सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था के रूट बदलना सीधे तौर पर उनकी पढ़ाई और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने चालक से रूट बदलने को लेकर विभाग जी एम का लिखित आदेश मांगा, लेकिन चालक कोई भी लिखित आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका। यहां तक कि मौखिक आदेश का भी कोई ठोस आधार सामने नहीं आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने बिना किसी लिखित या स्पष्ट मौखिक आदेश के ही चालक व परिचालक को समझाकर बस को तुरंत पुराने रूट इस्माईला के रास्ते रोहतक के लिए रवाना करवा दिया। घटना के बाद छात्राओं में गहरा रोष है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में बिना लिखित आदेश के इस तरह रूट बदला गया, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी। उनका साफ कहना है कि बार-बार ऐसे फैसले उनके समय, शिक्षा और सुरक्षा कृ तीनों के साथ अन्याय हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना आदेश और बिना योजना के इस तरह के फैसले न केवल अव्यवस्था फैलाते हैं, बल्कि जनता के भरोसे को भी कमजोर करते हैं।
ऐतिहासिक दान: राकेश जून का ₹25 लाख का योगदान, धाम निर्माण को नई ऊंचाई
बहादुरगढ़, 31 मार्च, अभीतक: आज का दिन जाट सेवा संघ (चैधरी छोटू राम धाम) के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। समाज के महान दानवीर, एचएल सिटी बहादुरगढ़ के मालिक एवं जिला झज्जर के गांव खुंगाई से संबंध रखने वाले चैधरी राकेश जून ने एक बार फिर अपनी उदारता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। चैधरी राकेश जून सुपुत्र चैधरी सुंदरलाल जून द्वारा ₹25,00,000 (पच्चीस लाख रुपये) का भव्य एवं ऐतिहासिक योगदान धाम निर्माण कार्य हेतु समर्पित किया गया। यह कोई साधारण सहयोग नहीं, बल्कि समाज सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। विशेष बात यह है कि जून परिवार हर वर्ष ₹25 लाख का सहयोग देता है और इससे पूर्व भी वे ₹75 लाख की विशाल राशि धाम को समर्पित कर चुके हैं। आज का यह योगदान उनकी महान सोच और समाज के प्रति कर्तव्य भावना को और भी ऊँचाई प्रदान करता है। इसके साथ ही श्री राकेश जून की उपस्थिति में ही दिल्ली के पुठ खुर्द गांव से चैधरी सुनील कुमार सोलंकी सुपुत्र चैधरी जगदीश सिंह सोलंकी जी ने भी ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) का सराहनीय योगदान कर एक कमरे की घोषणा की है। सोलंकी साहब जिला झज्जर उप प्रधान श्रीभगवान सुहाग के भांजे हैं और धाम के कमरा दानदाता हैं, पूर्व में भी ₹21,000 का सहयोग दे चुके हैं। यह निरंतर सेवा भावना उनके संस्कारों को दर्शाती है। इस ऐतिहासिक अवसर पर परिसर में मानो उत्सव जैसा माहौल रहा। इस खास मौके पर जाट सेवा संघ के चेयरमैन एडवोकेट रणधीर सिंह, आईटी प्रभारी डॉक्टर धर्मवीर राठी, श्री रामकरण दलाल कैशियर, श्री अशोक सिहाग, ब्रांड एंबेसडर दीपक फोगाट, दीपक राठी, राष्ट्रीय अध्यक्ष हरज्ञान मलिक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जागलान, सीओ नरेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश सचिव रामकिशन कुंडू, गुरुग्राम जिला प्रधान दर्शन सिंह हुड्डा, झज्जर जिला प्रधान सत्य प्रकाश गुलिया, सोनीपत जिला प्रधान कर्मवीर घणघस, रोहतक जिला प्रधान कर्म सिंह हुड्डा, दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष साहब सिंह दूहन एवं सूबे सिंह ढिल्लों, श्री राजबीर सहरावत, श्री योगेश्वर दहिया, कमांडेंट सत्यवीर सिंह, उप प्रधान झज्जर जगबीर सहरावत, श्री श्रीभगवान सहरावत उपाध्यक्ष झज्जर, कृष्ण कुंडू उपाध्यक्ष रोहतक, सतबीर कामरेड, रामनिवास जून (पूर्व सरपंच), अशोक नंबरदार सहित सैकड़ों गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। जाट सेवा संघ (चैधरी छोटूराम धाम) की ओर से चैधरी राकेश जून एवं चैधरी सुनील कुमार सोलंकी का भी आभार जताया।







हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने सिसवान झील और वन अभ्यारण्य का दौरा किया
चंडीगढ़, 31 मार्च, अभीतक: हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने, लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष के साथ, मंगलवार को सिसवान झील और उसके साथ लगते हुए वन अभ्यारण्य के शांत वातावरण का दौरा किया और वहां की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता और पारिस्थितिक समृद्धि का अनुभव किया। इस दौरान, माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष और हरियाणा लोक भवन के सचिव श्री डी.के. बेहेरा ने मोटरबोट की सवारी की और शिवालिक पहाड़ियों के आसपास के नजारों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां स्थित संग्रहालय का भी दौरा किया, जिसमें क्षेत्र की पारिस्थितिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है और जिसे विभाग द्वारा अत्यंत सावधानीपूर्वक संरक्षित किया गया है। वहां के स्वच्छ वातावरण, शांत जल और सुव्यवस्थित बुनियादी ढांचे से अत्यंत प्रभावित होकर, हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रो. घोष ने इस प्राकृतिक और छिपे हुए स्थल को संरक्षित करने के लिए पंजाब के वन विभाग के प्रयासों की सराहना की। मंडल वन अधिकारी श्री अमनीत सिंह (आईएफएस) ने उन्हें झील के महत्व, वन अभ्यारण्य की जैव विविधता और पंजाब के वन विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण प्रयासों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर, पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त श्री हरप्रीत संधू ने सम्मान और स्मृति चिह्न के रूप में, राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष को सिसवान झील का एक चित्र, साथ ही उनके नाम की पट्टिकाएं और फूलों के गमले भेंट किए। इस अवसर पर राज्यपाल के एडीसी श्री नीतीश अग्रवाल, एसएमओ डॉ. राजेश तलवार, राज्यपाल के निजी सचिव श्री शंख चटर्जी और हरियाणा लोक भवन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष व लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष ने भगवान महावीर जैन की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया
चंडीगढ़, 31 मार्च, अभीतक: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष के साथ मंगलवार को हरियाणा लोक भवन में भगवान महावीर जैन की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर हरियाणा लोक भवन के सचिव श्री डी.के. बेहेरा, राज्यपाल के एडीसी श्री नीतीश अग्रवाल और अन्य अधिकारियों ने भी भगवान महावीर जैन को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

