


https://www.facebook.com/share/v/1E2kcJpUWj
https://www.facebook.com/share/v/17b7s3coZw
https://www.facebook.com/share/v/1CxWYAXTsM


एल. ए. स्कूल के ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच रोमांचक व उत्साहपूर्ण वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया
झज्जर, 16 मई, अभीतक: एल. ए. स्कूल के ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच रोमांचक व उत्साहपूर्ण वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल संचालक जगपाल गुलिया, जयदेव दहिया, अनिता गुलिया तथा नीलम दहिया, योजित गुलिया व भविष्य दहिया ने दोनों कक्षाओं के कैप्टन खिलाड़ियों के बीच टॉस करवाकर इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ करवाया। स्कूल मैनेजर के. एम. डागर व प्राचार्या निधि कादयान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को बढ़ावा दिया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश, अनुशासन और टीम भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल डीपीई महेंद्र सैनी, अमित लोहचब व विशाल ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। इस प्रतियोगिता कि रूप रेखा म्यूजिक टीचर जितेंद्र कि महत्वपूर्ण भूमिका रही। लाइव कमेंट्री का कार्य भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा ने किया।

बालश्रम व बंधुआ मजदूरी की रोकथाम के लिए प्रशासन सजग: डीसी
श्रमिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा सहायता व्यवस्थाओं के बारे में जागरूक करें अधिकारी
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जिला सतर्कता समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
झज्जर, 16 मई, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित सभागार में बंधुआ श्रम अधिनियम, 1976 (एएलसी) के अंतर्गत जिला सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बंधुआ मजदूरी की रोकथाम, श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, पुनर्वास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान श्रम विभाग के एएलसी राजेन्द्र हुड्डा ने बालश्रम व बंधुआ मजदूरी रोकने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बंधुआ मजदूरी जैसी कुप्रथा समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी स्तर पर यदि बाल श्रम से संबंधित मामला सामने आता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संबंधित विभाग समय-समय पर निरीक्षण अभियान चलाकर ईंट-भट्टों, औद्योगिक इकाइयों, निर्माण स्थलों तथा अन्य श्रमिक स्थलों का निरीक्षण करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा सहायता व्यवस्थाओं के बारे में जागरूक करना भी बेहद आवश्यक है। इसके लिए श्रम विभाग, पुलिस विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाएं। गांवों और शहरी क्षेत्रों में श्रमिकों के बीच प्रचार-प्रसार कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक दबाव के कारण बंधुआ मजदूरी का शिकार न बने। बैठक में उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों से संबंधित शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरती जाए। यदि किसी व्यक्ति को बंधुआ मजदूरी से संबंधित जानकारी मिलती है तो उस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित व्यक्ति को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित श्रमिकों के पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाया जाए। श्रम विभाग के एएलसी राजेन्द्र हुड्डा ने बैठक में अधिनियम के तहत जिले में किए जा रहे निरीक्षणों, जागरूकता गतिविधियों तथा श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है तथा श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जिले में श्रमिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त कार्य वातावरण उपलब्ध करवाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने समिति के सदस्यों से भी सुझाव मांगे और कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीएमसी अभिनव सिवाच,जिला परिषद सीईओ मनीष फौगाट, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसीपी शमशेर सिंह व सुरेंद्र सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर,सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान, डीसीपीओ विकास वर्मा, डिप्टी डीईओ रूपेंद्र नांदल, सीडब्ल्यूसी सदस्य पंकज शर्मा, स्वयंसेवी संस्था से मनोज शर्मा, जिला सतर्कता समिति के सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




शिक्षा सुधार समिति व कादयान खाप प्रतिनिधियों ने एमडीयू कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित
ग्रामीण शिक्षा, युवाओं के भविष्य और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों पर हुई चर्चा
रोहतक, 16 मई, अभीतक: शिक्षा सुधार समिति (कादयान खाप, बेरी, झज्जर) के पदाधिकारियों ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ से आज उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने कुलपति को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और विश्वविद्यालय में शिक्षा, शोध तथा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रो. मिलाप पूनियाँ के नेतृत्व में एमडीयू नए शैक्षणिक क्षितिज की ओर अग्रसर है। विश्वविद्यालय में गुणवत्तापरक शिक्षा, शोध गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक कार्य कर रहा है। भेंट के दौरान ग्रामीण शिक्षा, युवाओं के भविष्य, कौशल विकास और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने तथा उन्हें प्रतियोगी माहौल के अनुरूप तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस सम्मान के लिए शिक्षा सुधार समिति का आभार जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय सर्व समाज और विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य कर रहा है तथा ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें रोजगार और शोध के लिए भी सक्षम बनाया जा रहा है। कुलपति ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है तथा विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ना है। इस अवसर पर भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक प्रो. कुलताज सिंह, एमडीयू गैर-शिक्षक संघ के पूर्व प्रधान राजकुमार शर्मा, शिक्षा सुधार समिति, दूबलधन के प्रधान चै. सुखचंद, जिला परिषद के सदस्य कृष्ण फोर्ड, मास्टर जयभगवान, प्रिंसिपल रणबीर कादियान, जाट शिक्षण संस्थान के कार्यकारिणी सदस्य पवन कादियान, प्रिंसिपल शिव नारायण शास्त्री, प्रो. समंदर कौशिक, सतबीर एसडीओ, चाँद मास्टर माजरा, सुरेंद्र सरपंच बाकरा, दिनेश सरपंच दूबलधन, डॉ. कमलदीप, जयभगवान कादियान बेरी, चै. छाजूराम दूबलधन, मास्टर कृष्ण सिवाना, संजय कादियान, जोगेंद्र कादियान जोगी, मनोज कादियान, सत्यवान दूबलधन, रविंद्र कादियान और मोहित सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को डेंगू से बचाव की दी जानकारी’
झज्जर, 16 मई, अभीतक: सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर सनराइज हाई स्कूल, झज्जर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को डेंगू बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी देना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल निदेशक रवि यादव एवं प्राचार्या श्रीमती रूबी यादव ने की। इस अवसर पर शिक्षक रोशन सिंह सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ कुलदीप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ एचआई अशोक, एमपीएचडब्ल्यू धीरज गोयल तथा कृष्ण कुमार भी उपस्थित रहे। डॉ कुलदीप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डेंगू एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से बचाव योग्य बीमारी है। यदि हम अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तो डेंगू के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं तथा लोगों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी दी जा रही है। डॉ कुलदीप ने कहा कि बुखार, शरीर दर्द, आंखों के पीछे दर्द या प्लेटलेट्स कम होने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। कार्यक्रम में लगभग 125 से 150 बच्चों ने भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विद्यार्थियों को डेंगू के लक्षण, मच्छरों से बचाव, घरों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा पानी जमा न होने देने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए कूलर, गमले, टायर तथा पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करना आवश्यक है। इस अवसर पर ड्राइंग प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
प्रतियोगिता में ये रहे विजेता
ड्राइंग प्रतियोगिता में विपिन पुत्र अशोक, इशान पुत्र संजीव, तनिष पुत्र सतिश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को रिफ्रेशमेंट वितरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई कि वे डेंगू से बचाव हेतु अपने आसपास साफ-सफाई रखें और किसी भी प्रकार के बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।








फिशरीज मिनिस्ट्रियल स्टाफ वेलफेयर समिति द्वारा सम्मान समारोह में हरिराम जांगड़ा का किया सम्मान
फिशरीज मिनिस्ट्रियल स्टाफ वेलफेयर समिति किया गठन, प्रमोद कुमार सहायक हेड क्वार्टर को अध्यक्ष व अमित कुमार सनसनवाल को प्रधान बनाया
रोहतक, 16 मई, अभीतक: शनिवार को फिशरीज मिनिस्ट्रियल स्टाफ वेलफेयर समिति द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न डिविजनों से करीब 30 सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के उप चेयरमैन अमित कुमार ने की। अपने संबोधन में अमित कुमार ने सेवानिवृत्ति श्रीमती सरोज यादव, हरिराम जांगड़ा, विनोद कुमार को सेवानिवृत्ति की अग्रिम बधाई दी और उनके सुखद भविष्य व स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। इसके उपरांत महासचिव दलबीर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सम्मान समारोह की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। समिति प्रधान दीपक, अध्यक्ष अमित कुमार व अन्य पदाधिकारी द्वारा हरिराम जांगड़ा लेखापाल एवं विनोद कुमार लेखपाल का निकट भविष्य में सेवानिवृत्ति की ओर के चलते फूल मालाओं से उनका सम्मान किया गया। सभी लेखपालों, लिपिक सदस्यों ने समिति उप प्रधान रेणुका तेवतिया, श्रीमती रचना अरोड़ा लेखापाल गुड़गांव डिवीजन तथा उपस्थित सदस्यों ने 31 मई को सेवानिवृत हो रहे हरिराम जांगड़ा, विनोद कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर हरिराम ने समिति के उपस्थित सभी सदस्यों का भव्य सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी जहां भी किसी साथी व विभाग को जब कभी आवश्यकता होगी, वे हर समय उपस्थित मिलेंगे। विनोद कुमार लेखापाल ने भी सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सम्मान समारोह के उपरांत समिति के प्रधान व अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ की गई। वर्तमान प्रधान दीपक लेखापाल ने अपना त्यागपत्र समिति के समक्ष प्रस्तुत किया और समिति की कार्य प्रणाली की जानकारी दी। आपसी सहमति व सभी सदस्यों द्वारा विचार-विमर्श के उपरांत प्रमोद कुमार सहायक हेड क्वार्टर को फिशरी मिनिस्ट्रियल स्टाफ वेलफेयर समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जबकि पूर्व अध्यक्ष श्री अमित कुमार सनसनवाल को समिति का प्रधान बनाया गया। उप चेयरमैन पद हेतु राकेश प्रकाश अंबाला डिवीजन लेखपाल को मनोनीत किया गया। प्रधान पद की जिम्मेदारी ग्रहण करते हुए अमित कुमार ने उपस्थित सभी सदस्यों के समक्ष शपथ ली और कहा कि वे समिति की जिम्मेदारियांे को पूर्ण निष्ठा से निभायेंगे। समिति को संगठित व मजबूत करने के लिए काम करेंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष ने प्रमोद कुमार ने भी समिति के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने हेतु हर संभव प्रयास किए जाने की बात कही और कहा कि जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सबके सामने होंगे। प्रमोद कुमार ने कहा कि समिति सदस्यों का विश्वास वे टूटने नहीं देंगे। उप चेयरमैन राकेश प्रकाश ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान दीपक, उपप्रधान रेणुका, महासचिव दलबीर सिंह, सचिव सुनील, सलाहकार नरेश कुमार, उप सलाहकार श्री सुभाष चंद्र, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, उपकोषाध्यक्ष लविश, श्रीमती रचना अरोड़ा लेखापाल, श्री राकेश प्रकाश लेखापाल, श्री रोहित कुमार सैनी, दीपक, प्रमोद सहायक हेड क्वार्टर, जयवीर लेखापाल, सेवानिवृत्ति लेखापाल श्री रमेश डाबला, श्री भीम सिंह राठी समाज सेवक गुरुग्राम, रमेश डावला सोनीपत, श्री नरेंद्र छिकारा बहादूरगढ और श्री अशोक वत्स बहादूरगढ और समिति के पद अधिकारी श्री दलबीर, श्री दीपक, श्री प्रमोद सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने संगठन को मजबूत करने पर विचार का संकल्प लिया।

ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने बढ़ाई हड़ताल का ऐलान, 20 मई तक जारी रहेगी
24-25 मई को प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी नरवाना में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के कार्यालय पर महापड़ाव डालेंगे: सीटू’
झज्जर, 16 मई, अभीतक: यह निर्णय आज ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा की ऑनलाइन हुई राज्य कमेटी मीटिंग में लिया गया। मीटिंग की अध्यक्षता राज्य प्रधान बसाऊराम ने की तथा संचालन उपमहासचिव देवीराम में किया। बैठक के बाद प्रेस ब्यान जारी करते हुए यूनियन प्रधान बसाऊ राम, महासचिव विनोद कुमार, कोषाध्यक्ष संदीप सिंह, उपमहासचिव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने हड़ताल बढ़ाना हमारी मजबूरी है। 19 साल से ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का भयंकर शोषण हो रहा है। न कर्मचारी का दर्जा दिया जा रहा और ना ही पूरा वेतन दिया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि शहरी और ग्रामीण सफाई कर्मचारी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। पॉलिसी बनाकर पक्का करने, 31 दिसंबर 2025 के उच्च न्यायालय का आदेश लागू करने, 400 की आबादी पर एक कर्मचारी की भर्ती करने, मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 26000 और 27000 रूपये वेतन लागू करने, एक्सग्रेसिया नीति बनाने तथा कर्मचारी की मृत्यु होने पर 50 लाख मुआवजा देने की मांग आदि को लेकर लगातार आंदोलन करते आ रहे हैं लेकिन सरकार सफाई कर्मियों की आवाज को अनसुना कर रही है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि ये सरकार कितना दलित हितैषी है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता कि मार्च 2024 के बजट सत्र में निवर्तमान मुख्यमंत्री ने 1000 की आबादी पर एक ग्रामीण सफाई कर्मचारी की भर्ती करने की घोषणा की थी, जिसको आज तक लागू नहीं किया और 9700 पद ग्रामीण सफाई कर्मियों के खाली पड़े हैं। बैठक में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा ने अपने संघर्ष को करते हुए राज्यव्यापी हड़ताल को 20 मई तक जारी रखने का निर्णय लिया है। वहीं हड़ताल के साथ मंत्री और मुख्यमंत्री को आवास का घेराव करने की भी निर्णय लिया है। सरकार को चेतावनी देते हुए यूनियन कहा कि सरकार समय रहते मांगों का समाधान नहीं किया तो ग्रामीण सफाई कर्मचारी प्रदेश भर में आंदोलन को तेज करेंगें। डीसी कार्यालय पर बैठे हड़ताली ग्रामीण सफाई कर्मचारीयों को रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने अपना समर्थन दिया। इस दौरान रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान दिलबाग दलाल, राजेंद्र जुलाना, रमेश जाखड़, राजबीर राहड़, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामबीर, सीटू की जिला कन्वीनर किरण बहराना व यशवंत दूल्हेड़ा सचिव केकेसी ने भी संबोधित किया।


छोटी-छोटी युक्ति से डेंगू व चिकनगुनिया से मिल सकती है मुक्ति: अशोक कुमार
झज्जर, 16 मई, अभीतक: छोटी-छोटी युक्ति डेंगू चिकनगुनिया से दिलाए मुक्ति यह कहना है जिला मलेरिया अधिकारी डॉक्टर कुलदीप का। डॉ कुलदीप आज विश्व डेंगू और चिकनगुनिया दिवस पर सनराइज हाई स्कूल कच्चा बाबरा रोड झज्जर में स्कूल स्टाफ हुए बच्चों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया लेडिस नामक मच्छर से फैलता है और वह साफ पानी में पैदा होता है, इसलिए अगर जरूरत ना हो तो ज्यादा पानी इकट्ठा नहीं करना चाहिए अगर पानी इकट्ठा करना पड़े तो उसे ढककर रखना चाहिए ताकि उसमें कूड़ा करकट ना जाए और मच्छर पैदा न होने पाए।उन्होंने बताया कि डेंगू व चिकनगुनिया फैलाने वाला मच्छर सिर्फ दिन में ही काटता है और ठहरे हुए साफ पानी में पैदा होता है। अशोक कुमार हेल्थ इंस्पेक्टर ने संबोधित करते हो बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया के मुख्य लक्षणों में अचानक तेज बुखार होना, तेज सिर में दर्द होना, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होना, आंखों के पीछे दर्द होना जो घूमने पर बढ़ता है। चिकनगुनिया में जोड़ों पर सूजन होना,ठंड के साथ तेज बुखार आना मुख्य लक्षणों में है, उन्होंने बताया कि रैली निकाल कर, पेंटिंग प्रतियोगिता करवा कर और भाषण प्रतियोगिता करवा कर लोगों को प्रेरित किया गयाऔर और प्रतियोगिता में जिन बच्चों ने हिस्सा लिया सभी को स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित कियाऔर रिफ्रेसमेंटभी दी गई।धीरज गोयल और किशन कुमार ने डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव में मुख्यतः अपने आसपास पानी जमा न होने दे गढ्डों में पानी भरा है तो उसे मिट्टी से भरवा दें , अपने कूलर होदी और पानी से भरे हुए बर्तनों ,को कपड़े से रगड़कर सप्ताह में एक बार साफ करें, शरीर को ढककर रखें कीटनाशक क्रीम का प्रयोग करें और पूरी बाजू के वस्त्र पहने, छतों पर की पानी की टंकी यो को ढक्कन लगाकर रखें, डेंगू चिकनगुनिया जहां ज्यादा फैलता है वहां पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें और बुखार होने पर डॉक्टर की सलाह से दवाई ले। इस कार्यक्रम में सनराइजर्स हाई स्कूल के डायरेक्टर पवन यादव, प्रिंसिपल रूबी यादव, फरहान और स्कूल का सभी स्टाफ उपस्थित रहा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्व. चैधरी भजनलाल की कार्यशैली की तारीफ की
पूर्व चैधरी मुख्यमंत्री भजन लाल का हरियाणा को आगे बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान- मुख्यमंत्री
चैधरी भजन लाल जी हमारे लिए बहुत सम्मानित, हम सब उनका बहुत सम्मान करते हैं- मुख्यमंत्री
सांसद रेखा शर्मा ने भी अपने दिए गए वक्तव्य पर जताया खेद
मेरा बयान किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी का नहीं बल्कि एक पार्टी की व्यवस्था के खिलाफ था- सांसद रेखा शर्मा
चैधरी भजनलाल जी जमीनी और सम्मानित मुख्यमंत्री रहे- सांसद रेखा शर्मा
बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई ने भी समर्थकों से की अपील
सांसद रेखा शर्मा के बयान पर संतुष्टि जताते हुए सभी मतभेद खताम कर बीजेपी को मजबूत करने की करी अपील



सीआईए वन बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक आरोपी को किया काबू
बहादुरगढ़, 16 मई, अभीतक: पुलिस आयुक्त झज्जर डॉ राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में सीआईए वन बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने नशीले मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक आरोपी को थाना लाइनपार बहादुरगढ़ के एरिया से काबू करने में कामयाबी हासिल की। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सीआईए वन बहादुरगढ़ की एक टीम थाना लाइनपार के एरिया में मौजूद थी। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि अनुज निवासी विकास नगर लाइनपार बहादुरगढ़ मादक पदार्थ स्मैक बेचने का काम करता है और वह विकास नगर गली नंबर 7 लाइनपार बहादुरगढ़ में बेचने की फिराक में खड़ा है। जिस सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ में तैनात उप निरीक्षक योगेश की पुलिस टीम द्वारा मिली गुप्त सूचना के आधार पर उपरोक्त स्थान पर पहुंची तो वहां पर एक व्यक्ति दिखाई दिया। जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास मादक पदार्थ होने के संदेह पर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। जिसके पश्चात मौका पर पहुंचे राजपत्रित अधिकारी के समक्ष नियम अनुसार कार्रवाई करते हुए उपरोक्त आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से नशीला पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। जिसका वजन करने पर 05.81 ग्राम पाया गया। मादक पदार्थ स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान उपरोक्त के तौर पर की गई। मादक पदार्थ के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना लाइनपार में मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई करते हुए अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

शहर में अलग-अलग स्थानों पर शनि जयंती मनाई गई
शनि जयंती श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई
भगवान श्री कृष्ण ने कोयल के रूप में शनि महाराज को दिए थे दर्शन
झज्जऱ, 16 मई, अभीतक: शनि आमवस्या पर शनिवार को शहर के विभिन्न मंदिरों व शनि मन्दिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भक्तों ने शनि देव की प्रतिमा पर सरसों का तेल चढ़ाया और नत्मस्तक होकर आशीर्वाद ग्रहण किया। इस दिन शनिदेव की विशेष पूजा अर्चना करने से व्यक्ति पर शनि की विशेष कृपा बनी रहती है। साथ ही इस दिन शनि के मंत्रों का जप करने से शनि के प्रकोप से राहत मिलती है। न्याय के देवता भगवान शनिदेव की जयंती का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सिलानी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ व भण्डारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भण्डारे का प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों ने हवन यज्ञ में आहुतियां डाली व भगवान शनिदेव से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूर्णाहुति हवन यज्ञ के उपरांत पंडित वरुण हंस ने उपस्थित श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि शनि जयंती का दिन शनिदेव के भक्तों के लिए बहुत खास माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि ज्येष्ठ अमावस्या के दिन शनिदेव का जन्म हुआ था। आज श्रद्धा भाव से शनि जयंती मनाई गई। शनि से ही हमारा कर्म संचालित होता है। शनि महाराज भगवान श्री कृष्ण के भक्त माने जाते हैं। भगवान श्री कृष्ण के दर्शनों के लिए शनि महाराज ने कठोर तपस्या की। शनि की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान श्री कृष्ण ने वन में कोयल के रूप में शनि महाराज को दर्शन दिए थे। इंसान जैसे कर्म करता है, शनि वैसा ही उसे फल देते है। शनि की कृपा प्राप्त करने के लिए सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए। पंडित वरुण हंस ने शनि महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और सभी का आभार व्यक्त किया। भक्त संदीप प्रजापत ने बताया कि सिलानी गेट डाकोतो वाली गली में श्री वैष्णव दरबार नवग्रह प्राचीन शनिदेव मंदिर में शनि महाराज की जयंती श्रद्धा भाव से मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर में विशेष सजावट की गई। मंदिर को फूलों और रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया जो आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना की और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान नवग्रह शनिदेव मंदिर से महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई और भंडारा आयोजित किया गया।

भामाशाहों ने पेश की अनूठी मिसाल : विद्यालय को सौंपा वाटर कूलर और सोलर सीसीटीवी कैमरा
जोधपुर, 16 मई, अभीतक: चामु क्षेत्र की गिलाकोर पंचायत स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, उम्मेदसिंह की ढाणी में भामाशाहों और ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से विकास कार्यों की एक नई मिसाल पेश की गई। विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीतल जल एवं ेसीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई। ग्रामीण त्रिलोक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए भामाशाह उत्तम सिंह पुत्र भोजराज सिंह ने अपनी ओर से विद्यालय में एक आधुनिक वाटर कूलर भेंट किया। इसके साथ ही, विद्यालय परिसर की पुख्ता सुरक्षा के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने जनसहयोग राशि जुटाकर विद्यालय परिसर में मोशन ट्रैकिंग 360 डिग्री घुमावदार सेंसर वाला सोलर सीसीटीवी कैमरा स्थापित करवाया।
सुरक्षा होगी मजबूत, मिलेगा ठंडा पानी
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन नई सुविधाओं के शुरू होने से अब चिलचिलाती गर्मी में भी नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों को पीने के लिए स्वच्छ और ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। वहीं दूसरी ओर, सोलर कैमरा के लगने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत और पारदर्शी होगी। भामाशाहों के इस सराहनीय और अनुकरणीय कार्य की विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं तथा समस्त ग्रामीणों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
यह रहे उपस्थित
इस विशेष अवसर पर दानदाता उत्तम सिंह, गणपत सिंह, दलपत सिंह, देवी सिंह, सांगसिंह, भंवर सिंह, एसएमसी अध्यक्ष गोपाल सिंह, हनुवंतसिंह चावड़ा, संस्था प्रधान संतोष कुमार, भोम सिंह, शेर सिंह, मूल सिंह, जितेन्द्र कुमार, सूर्यवीर सिंह, हेमा बाई, पुनाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।



जिला झज्जर की मंडियों व खरीद केंद्रों पर 2 लाख 38 हजार 728 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई दर्ज रू डीसी
खरीद केंद्रों और मंडियों से 97.5 प्रतिशत गेहूं उपज का हो चुका उठान
झज्जर, 16 मई, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि जिले में रबी सीजन में गेहूं खरीद एजेंसियों द्वारा अनाज मंडियों में फसल की खरीद सरकार द्वारा निर्धारित 15 मई तक की गई है। डीसी ने बताया कि अभी तक जिले की अनाज मंडियों व परचेज सेंटरों पर गेहूं की 2 लाख 38 हजार 728 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई है,जबकि 2 लाख 27 हजार 6 एमटी गेहूं की खरीद की गई है जिसमें से 97.5 प्रतिशत उपज उठान के साथ 2 लाख 21 हजार 276 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया जा चुका है। उन्होंने खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों व एजेंसियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आई पूरी उपज की खरीद व उठान में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी कार्य सुचारू रूप से संपन्न किए जाएं। जिला प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन जरूरी: डीसी
स्कूलों में पीटीएम के दौरान अभिभावकों को वैक्सीन को लेकर जागरूक करें अधिकारी’
शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग को तालमेल से अभियान सफल बनाने के निर्देश
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ की एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम की समीक्षा
झज्जर, 16 मई, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जिला के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और इसका उद्देश्य बेटियों को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।
डीसी ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा स्कूल स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं। डीसी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को वैक्सीनेशन कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि किशोरियों और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में सही जानकारी दी जाए। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है। यह वैक्सीन एचपीवी के टाइप-16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण माने जाते हैं, साथ ही टाइप-6 और 11 से भी बचाव करती है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) में विकसित होने वाला कैंसर है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है। धूम्रपान, कम उम्र में विवाह व गर्भधारण, बार-बार प्रसव तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली इसके जोखिम को बढ़ाते हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों में किशोरियों का डाटा तैयार कर स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा किया जाए। पीटीएम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को आमंत्रित कर अभिभावकों और छात्राओं को जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों इस अभियान का लाभ उठा सकें। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे श्रमिकों के माध्यम से उनकी बेटियों को वैक्सीन के लिए प्रेरित करें। डीसी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और सर्वाइकल कैंसर की घटनाओं को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जागरूकता, समय पर जांच और बेहतर उपचार सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर डीएमसी अभिनव सिवाच, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, डीडीपीओ निशा तंवर, सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान, जिला टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. बसंत दुबे, डिप्टी डीईओ, डीपीओ सपना होलकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





आपदा प्रबंधन कार्यों में प्रशिक्षित कर्मचारियों की अहम भूमिका: डीसी
कुरुक्षेत्र में आयोजित बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर की प्रतियोगिताओं में झज्जर टीम बनी चैंपियन
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने टीम के सदस्यों को किया सम्मानित
झज्जर, 16 मई, अभीतक: गत दिनों कुरुक्षेत्र स्थित ब्रह्मसरोवर में आयोजित बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर में जिला झज्जर के कर्मचारियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिला झज्जर का नाम रोशन किया। झज्जर पहुँचने पर डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने टीम के सभी सदस्यों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में प्रशिक्षित कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जिले के कर्मचारियों ने अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। शिविर में भाग लेने के लिए जिला झज्जर से विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग से हरदीप, सिंचाई विभाग से अमित कुमार, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग से सुमित राठी तथा लोक निर्माण विभाग (भवन एवं मार्ग) से दीपक कुमार शामिल रहे। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने टीम के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए आपदा प्रबंधन कार्यों में योगदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत कार्य करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले की टीमें इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करती रहेंगी। इस अवसर पर डीआरओ मनवीर सांगवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

शहरों को कैटल फ्री बनाने के लिए बेहतर योजना तैयार करें विभागः डीसी
बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान को लेकर डीसी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
झज्जर, 16 मई, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में बेसहारा पशुओं (स्ट्रे कैटल) की समस्या के समाधान को लेकर अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद, पशुपालन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा समाजसेवी व कई गौशालाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों को कैटल फ्री बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा गौ सेवा आयोग द्वारा अनुदान भी दिया जा रहा है जिसका लाभ लेते हुए गौवंश को गौ शालाओं में शिफ्ट किया जाए। डीसी ने गौशाला से जुड़े समाजसेवियों से अपील की कि वे सेवा भावना के साथ इस कार्य में प्रशासन का सहयोग करें। बेसहारा पशुओं की सुरक्षा, देखभाल और व्यवस्थापन के लिए जनसहभागिता और सरकारी योजना दोनों को एक साथ जोड़ना आवश्यक है। उपायुक्त ने नगर परिषद झज्जर और बहादुरगढ़ के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहरों में बेसहारा पशुओं के प्रबंधन के लिए ठोस योजना तैयार करें और गौशालाओं के साथ संपर्क स्थापित करके गौवंश को वहां स्थानांतरित करें। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे गांवों में स्थित गोचरान भूमि पर गौशालाएं बनाने की संभावनाओं पर ग्राम पंचायतों से चर्चा करें ताकि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मनीष डबास ने बैठक में जानकारी दी कि हरियाणा सरकार द्वारा बेसहारा नंदियों और गायों के लिए ‘हरियाणा गौ सेवा आयोग’ के माध्यम से अनुदान प्रदान किया जाता है, जिससे गौशालाओं को आर्थिक सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ सभी पात्र संस्थाएं उठा सकती हैं। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे इस योजना की रूपरेखा तैयार करें और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बेसहारा पशुओं को सुरक्षित रूप से पकड़ने और उन्हें गौशालाओं में भेजने के लिए एक बेहतर और व्यावहारिक रणनीति तैयार की जाए,जिससे ऐसे पशुओं की देखरेख भी सुनिश्चित हो।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीएमसी अभिनव सिवाच,सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, डीडीपीओ निशा तंवर, डिप्टी डायरेक्टर (पशुपालन विभाग) मनीष डबास, सचिव (नगर परिषद झज्जर) पूजा साहू सहित विभिन्न गौशालाओ के प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना
तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए स्पेशल ट्रेन श्भारत गौरव श् का रेवाड़ी आगमन पर भव्य स्वागत
रेवाड़ी के साथ झज्जर और महेन्द्रगढ़ के श्रद्धालु भी यात्रा में हुए शामिल
श्रद्धालुओं के लिए वातानुकूलित विश्राम गृह में अल्प ठहराव का किया विशेष प्रबंध
रेवाड़ी, 16 मई, अभीतक: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए स्पेशल ट्रेन श्भारत गौरव श् का शुक्रवार रात्रि रेवाड़ी आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम सुरेश कुमार और भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली विशेष रूप से मौजूद रहे। इस स्पेशल ट्रेन में रेवाड़ी के साथ झज्जर और महेन्द्रगढ़ के श्रद्धालुओं को भी रवाना किया गया। इस स्पेशल ट्रेन के आगमन से पूर्व रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर रेवाड़ी के साथ-साथ झज्जर और महेन्द्रगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए वातानुकूलित विश्राम गृह में अल्प ठहराव कराया गया। वातानुकूलित विश्राम गृह में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग और आईआरसीटीसी की तरफ से बेहतरीन व्यवस्था और जलपान का विशेष प्रबंध किया गया। रेलवे स्टेशन पर इन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग जिलों के हेल्प डेस्क भी बनाए गए। इस अवसर पर वृद्ध श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से भजन कीर्तन कर विश्राम गृह को भक्तिमय कर दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली ने कहा कि यह धार्मिक यात्रा केवल दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्रद्धालुओं को सिख इतिहास, गुरु परंपरा और बलिदान की महान गाथाओं से जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विभिन्न जिलों के 900 से अधिक श्रद्धालु इस विशेष यात्रा में शामिल हुए हैं। श्रद्धालुओं में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। उन्होंने कहा कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब वह पावन स्थल है, जहां दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ज्योति ज्योत समाए थे। यह स्थान सिख इतिहास और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत चलाई जा रही यह विशेष ट्रेन भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनकर उभरी है। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेन में श्रद्धालुओं से की गई व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली, जिस पर श्रद्धालुओं ने हरियाणा सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं को बेहतरीन बताते हुए सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर एसडीएम सुरेश कुमार ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र की पवित्र धरती का कण-कण गुरुओं के इतिहास, तप और बलिदान की गौरवगाथा समेटे हुए है। यहां पहुंचने वाला हर श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था का विशेष अनुभव करता है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु इस यात्रा के दौरान तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, गुरुद्वारा नगीना घाट साहिब, बाबा बंदा सिंह बहादुर से जुड़े ऐतिहासिक स्थल तथा माता साहिब कौर जी की तपोभूमि के दर्शन करेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं को पवित्र गोदावरी नदी के दर्शन का अवसर भी मिलेगा। धार्मिक स्थलों के भ्रमण से श्रद्धालु सिख इतिहास और गुरु परंपराओं को नजदीक से जान सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य, भोजन और परिवहन सहित समस्त व्यवस्थाएं कर रखी हैं।
धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों से लोगों को जोड़ रही हरियाणा सरकार
श्रद्धालुओं ने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे यादगार धार्मिक यात्राओं में शामिल रहेगी और वे गुरु साहिबानों के संदेश को समाज तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से ही प्रदेश के श्रद्धालुओं को यह आध्यात्मिक यात्रा संभव हो पाई है। सरकार लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों से लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने इस यात्रा के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त भी किया।

हरियाणा विज्ञान रत्न एवं हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कारों के लिए करें आवेदन: डीसी अभिषेक मीणा
नामांकन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित
रेवाड़ी, 16 मई, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा राज्य उच्चतर शिक्षा विभाग के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार तथा हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिक 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपए का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी जबकि हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार के तहत एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी दी जाएगी। हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार 40 वर्ष से अधिक की आयु वाले प्रख्यात वैज्ञानिकों को जबकि हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार 40 वर्ष से कम की आयु वाले प्रख्यात वैज्ञानिकों को दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुरस्कार से जुड़े दिशा निर्देशों की विस्तृत जानकारी केज.ीपहीमतमकनीतल.ंब.पदध् पर देखी जा सकती है।





जिला में 30 मई को होगा स्पेशल लोक अदालत का आयोजन
पर्यावरण का संदेश देने के लिए 5 जून को चलाया जाएगा पौधारोपण अभियान
रेवाड़ी, 16 मई, अभीतक: हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी सचिव डॉ रेनू सोलखे ने शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी के पैनल एडवोकेट, मेडिएटर तथा पैरा लीगल वॉलिंटियर के साथ बैठक की। इस बैठक में सचिव डॉ रेनू सोलखे ने पैनल एडवोकेट, मेडिएटर तथा पैरा लीगल वॉलिंटियर को कार्य क्षेत्र में आने वाली समस्याओं के बारे में जाना तथा उचित दिशा निर्देश दिए। डॉ रेनू सोलखे ने बताया कि 30 मई को जिला न्यायालय रेवाड़ी, सब-डिवीजन कोसली तथा सब-डिवीजन बावल में स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें चेक बाउंस के केस समझौते के लिए रखे जाएंगे। डॉ रेनू सोलखे ने मीटिंग में उपस्थित पैनल एडवोकेट्स तथा पैरा लीगल वालंटियर को बताया कि स्पेशल लोक अदालत के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जानकारी दें ताकि इसका फायदा उठाया जा सके। इसके अतिरिक्त डॉ रेनू सोलखे ने बताया कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रोजेक्ट ष् लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012” के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्कूलों में कानूनी जागरूकता कैंप लगाकर 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण उत्पीड़न और अश्लीलता से बचने के लिए कानून की जानकारी दी जाएगी तथा हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार 5 जून से विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाना है ताकि वातावरण को स्वच्छ और हरा भरा बनाया जा सके।


