



एच.डी. विद्यालय बिरोहड़ में आयोजित बौद्धिक ज्ञान परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया
झज्जर, 30 दिसम्बर, अभीतक: एच.डी. विद्यालय बिरोहड़ में आयोजित बौद्धिक ज्ञान परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की तर्कशक्ति, सामान्य ज्ञान, नैतिक मूल्यों, गणितीय क्षमता एवं मानसिक दक्षता का मूल्यांकन करना था। परीक्षा में विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया। निदेशक बलराज फौगाट ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बौद्धिक ज्ञान परीक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती है। इससे न केवल उनकी सोचने-समझने की क्षमता बढती है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता एवं नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं सतत परिश्रम से ही यह परीक्षा आयोजित की गई। प्राथमिक विभाग प्रभारी प्रिति पाहवा ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा कराई जा रही इस प्रकार की परीक्षाओं की प्रशंसा की और कहा कि इससे बच्चों में पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी भावना का विकास होता है। अंत में विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्या नमिता दास, उप प्राचार्य नवीन सनसनवाल एवं अध्यापकों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में भी छात्र इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

हर किसान को फार्मर आईडी बनवाना जरूरी, किसान जल्द बनवाएं आईडी
फार्मर आईडी के लिए मिशन मोड में कार्य करें अधिकारी: डीसी
डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों की बैठक में एग्रीस्टैक फार्मर आईडी कार्यक्रम की समीक्षा
झज्जर, 30 दिसम्बर, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि फार्मर आईडी एग्रीस्टैक प्लेटफार्म का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो किसानों की पहचान को सुरक्षित करने और उन्हें सरकारी सेवाओं के लाभ तक पहुंच प्रदान करने में मददगार होगा। प्रत्येक किसान की एग्री स्टैक फार्मर आईडी हो, इसके लिए अधिकारी मिशन मोड में कार्य करें। डीसी ने कहा कि एग्रीस्टैक फार्मर आईडी का उद्देश्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं तक किसानों की पहुंच को आसान बनाते हुए किसान केंद्रित लाभ प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि बैंक ऋण, पीएम किसान सम्मान निधि, क्षतिपूर्ति, खाद व बीज के अलावा कृषि अनुदान आधारित योजनाओं का लाभ आदि एग्री स्टैक फार्मर आईडी के माध्यम से दी जाएगी। कृषि संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को फार्मर आईडी बनवाना बेहद जरूरी है।
एग्री स्टैक आईडी के लिए किसान इस तरह कर सकेंगे सेल्फ रजिस्ट्रेशन
एग्री स्टैक फार्मर आईडी जनरेट करने के लिए किसान को सबसे पहले हरियाणा फार्मर रजिस्ट्रेशन पोर्टल ओपन करना होगा,जिसमें डेस बोर्ड पर किसान को अपना अकाउंट बनाना है,इसके उपरांत ई-केवाईसी सत्यापन की प्रक्रिया होगी। किसान को लॉगिन करके अपनी जमीन सम्बन्धी डिटेल अपलोड करनी है,जिसके बाद मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा,ओटीपी वेरीफाई होने उपरांत किसान की आईडी बन जाएगी।
इन दस्तावेजों से बनेगी किसानों की एग्री स्टैक आईडी
डीसी ने बताया कि एग्रीस्टैक आईडी बनवाने के लिए किसानों को मोबाईल नंबर से लिंक आधार कार्ड, पिछली फसल के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पंजीकरण की प्रति या जमीन से जुड़ी फर्द साथ लाना जरूरी है। एग्रीस्टैक आईडी के लिए किसान स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा सीएससी सेंटरों के माध्यम से सेल्फ रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से किसान आईडी जनरेट करा सकते हैं। बैठक में सभी एसडीएम, सभी तहसीलदार और बीडीपीओ वीसी के माध्यम से जुड़े।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीआरओ मनबीर सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, डीईओ रतिंद्र सिंह कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के तकनीकी अधिकारी डॉ रोहित वत्स, एएसओ कुलदीप नरवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



टेबल टेनिस प्रतियोगिता हेतु करनाल में ट्रायल 5 जनवरी को
झज्जर, 30 दिसम्बर, अभीतक: राष्ट्रीय स्तरीय सिविल सेवा खेल टेबल टेनिस (पुरुष एवं महिला वर्ग) प्रतियोगिता के लिए खिलाडियों के चयन हेतु ट्रायल 5 जनवरी को जिला खेल कार्यालय, करनाल में आयोजित किए जाएंगे। यह ट्रायल संबंधित जिला खेल अधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षकों द्वारा लिए जाएंगे। जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ट्रायल में जिले में कार्यरत सभी सिविल सेवाओं के कर्मचारी एवं अधिकारी भाग ले सकते हैं। केन्द्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड की हिदायतों के अनुसार इन प्रतियोगिताओं में बोर्ड व कॉरपोरेशन के अधीन कार्यरत कर्मचारीध्अधिकारी, पुलिस विभाग, बिजली बोर्ड तथा एचएसआईआईडीसी के कर्मचारी व अधिकारी भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। इच्छुक अधिकारी एवं कर्मचारी ट्रायल में भाग लेने हेतु अपने-अपने विभाग से सत्यापित फोटो सहित प्रमाण-पत्र, विभागाध्यक्ष द्वारा जारी प्रमाण-पत्र तथा आदान-प्रदान अधिकारी की अनुमति-पत्र (एनओसी) साथ लेकर निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगा 3 लाख रूपये का अनुदान
इच्छुक किसान 15 जनवरी तक करें ऑनलाइन आवेदन
झज्जर, 30 दिसम्बर, अभीतक: कृषि विभाग द्वारा जिला के अनुसूचित जाति के किसानों को नए ट्रैक्टर की खरीद पर अनुदान का अवसर दिया जा रहा है। सहायक कृषि अभियंता राजीव पाल ने बताया कि कृषि निदेशालय द्वारा जारी हिदायतों के मुताबिक जिला के अनुसूचित जाति के किसानों को 45 हॉर्स पॉवर से उपर के नए ट्रेक्टर की खरीद पर एस बी 89 स्कीम के तहत 3 लाख रूपये का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान 15 जनवरी 2026 तक www.agriharyana.gov.in विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।





डीसी ने किया विश्व विजेता शूटर सुरुचि फोगाट को सम्मानित
विश्व विजेता शूटर सुरूचि ने अपने पिता और ताऊ के साथ की डीसी से मुलाकात
डीसी ने कहा होनहार खिलाड़ी सुरुचि को हर संभव देगा प्रशासन
झज्जर, 30 दिसम्बर, अभीतक: जिला के गांव सासरौली की शूटिंग की विश्व विजेता खिलाड़ी सुरुचि फोगाट ने अपने पिता हवलदार इंद्र सिंह फोगाट और अपने ताऊ सतीश पहलवान के साथ डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने दोहा में आयोजित आईएसएसएफ (इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन) शूटिंग विश्वकप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उल्लेखनीय है शूटिंग में विश्व रैंकिंग की टॉप खिलाड़ी सुरुचि फोगाट ने वर्ष 2025 में विश्व स्तर पर आयोजित शूटिंग प्रतियोगिताओं में पांच गोल्ड मेडल जीते हैं। पिछले वर्ष राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में सात गोल्ड मेडल जीते थे। इसी माह दोहा में आयोजित आईएसएसएफ (इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन) शूटिंग विश्वकप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया है। सुरूचि ने बताया कि फिलहाल, वह आगामी फरवरी में दिल्ली में आयोजित हो रही एशियन चैंपियनशिप में भाग लेने की तैयारी कर रही है। उन्होंने डीसी को बताया कि वर्ष 2019 से शूटिंग खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया था। डीसी ने कहा कि सुरुचि फोगाट ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपने परिवार, गांव, जिला, प्रदेश और देश का नाम विश्व खेल पटल पर रोशन किया है। हम सभी कामना करते हैं कि भविष्य में ओलंपिक सहित अन्य खेल स्पर्धाओं में और मेडल जीतकर सुरुचि जिले का नाम रोशन करेगी। डीसी ने सुरुचि के परिवार और कोच को भी बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन होनहार खिलाड़ी को हर संभव मदद करेगा। इस दौरान एडीसी जगनिवास, डीआरओ मनबीर सांगवान और डीआईपीआरओ सतीश कुमार ने भी विश्व विजेता खिलाड़ी को बधाई और शुभकामनाएं दी।


शिक्षित बेटी सामाजिक उत्थान का आधार :डीसी
डीसी ने की बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की समीक्षा
स्कूल ड्रॉप आउट बेटियों का स्कूल में दाखिला सुनिश्चित करें विभाग
झज्जर, 30 दिसम्बर, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने मंगलवार को बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत गठित जिला टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि शिक्षित बेटी सामाजिक उत्थान का आधार है। सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि स्कूल ड्रॉप आउट बेटियों का स्कूलों में दाखिला हो। स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रही बेटियों को गुणवता की शिक्षा दें। बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ साथ उनकी प्रतिभा के अनुरूप अन्य क्षेत्रों में भी उनका कौशल निखारने के लिए प्रेरित करें। डीसी ने कहा कि लिंगानुपात में सुधार एक अनवरत सतत प्रक्रिया है। सरकार समय समय पर विस्तार से गाइडलाइन जा कर रही है, साथ ही इनके क्रियान्वयन की भी समीक्षा कर रही है। उन्होंने शत-प्रतिशत संस्थागत डिलिवरी और हर शिशु के जन्म का पंजीकरण करने पर फोकस करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग ने बैठक में बताया कि इस वर्ष में अभी तक 10 हजार 831 बच्चों के जन्म का पंजीकरण हुआ है। इनमें 5562 लडके और 5169 लड़कियां शामिल है। डीसी ने कहा कि पीएनडीटी और एमटीपी एक्ट को पूरी गंभीरता के साथ लागू करें। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि चालू वर्ष में अभी तक सात रेड पीएनडीटी एक्ट के तहत की गई, जिनमें से पांच सफल हुई। एमटीपी एक्ट के तहत छह सफल रेड की गइ। आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जा रही है। डीसी ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमानुसार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि बेटियों को सुरक्षित माहौल देना हमारा सभी का दायित्व है। शिक्षण संस्थानों में, यातायात के दौरान, सार्वजनिक स्थानों, कार्य स्थलों आदि पर ऐसा सुरक्षित वातावरण होना चाहिए कि बेटियों व महिलाओं में असुरक्षा का भाव पैदा न हो। डी सी ने कहा कि बेटी बचाओ -बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम में प्रशासन के साथ साथ समाज की बड़े स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करें। ज्यादा से ज्यादा सामाजिक संस्थाओं को कार्यक्रम के साथ जोड़ें, विशेषकर कम लिंगानुपात वाले गांवों व शहरी वार्डों में। बैठक में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पुलिस, खेल, समाज कल्याण सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।




संत शिरोमणि दुर्बलनाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर का प्रधान प्यारेलाल कटारिया की देखरेख में चल रहा निर्माण कार्य
रोहतक, 30 दिसम्बर, अभीतक: रोहतक में बन रहे संत शिरोमणि दुर्बलनाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर जो प्रधान श्री प्यारेलाल कटारिया की देखरेख में निर्माण कार्य चल रहा है। वहां पर पहुंचे वरिष्ठ उपप्रधान श्री मामराज बडगूजर, उप प्रधान रामप्रताप बसवाला, संस्था के सचिव श्री नीटा सोलंकी एवं दिल्ली पुलिस के एसीपी श्री जयपाल भमभोरिया उनके साथ आए हुए जयदेव बागोरिया, राम प्रताप बागोरिया, अशोक रतवाया, राजेंद्र बागोरिया, आत्मा प्रकाश भंभोरिया सोनीपत, भगवान दास खींची रेवाड़ी, श्री विनोद एवं नमन सोनीपत ने भी संस्था में पहुंचकर चल रहे कार्य को देखकर बहुत प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधान श्री प्यारेलाल कटारिया के साथ बैठकर आगे किस तरह से संस्था जल्द से जल्द बनाकर तैयार हो, उस पर विचार विमर्श किया गया। एसीपी जयपाल भांभोरिया एवं उनके साथ आए हुए सभी सदस्यों ने भविष्य में समाज ज्यादा से ज्यादा सहयोग दिलाने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। प्रधान श्री प्यारेलाल कटारिया ने कहा कि इसी तरह से संस्था का सहयोग समाज के द्वारा होता रहा तो यह संस्था जल्द से जल्द बनाकर तैयार होगी और जिस उद्देश्य के लिए इस संस्था का निर्माण किया जा रहा है। उसमें समाज के होनहार गरीब बच्चों को कोचिंग दिल करके क्लास वन ऑफिसर बनने में संस्था अपना सहयोग करेगी।





झज्जर जिले के सभी 291 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा दूसरी-तीसरी की सेंसस आकलन सफलतापूर्वक संपन्न
झज्जर, 30 दिसम्बर, अभीतक: निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत जिले के सभी 291 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों का सेंसस आकलन सफलतापूर्वक पूरा हो गया। डॉ. सुदर्शन पूनिया, जिला निपुण समन्वयक ने बताया कि 29 दिसंबर को हिंदी विषय तथा 30 दिसंबर को गणित विषय का आकलन आयोजित किया गया। सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति अत्यंत उत्साहजनक रही, जो निपुण मिशन के प्रति अभिभावकों एवं शिक्षकों के सहयोग को दर्शाता है। इस आकलन के संचालन हेतु पीजीटी एवं टीजीटी शिक्षकों को ड्यूटी सौंपी गई थी, जिन्हें खंड स्तर पर पूर्व में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका था। जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर आकलन प्रक्रिया का अवलोकन किया। सभी खंड शिक्षा अधिकारियांे ने अपने-अपने खंडो के विद्यालयों का दौरा कर प्रक्रिया की गुणवत्ता सुनिश्चित की। जिला शिक्षा अधिकारी रतिंदर सिंह ने सरकारी कन्या प्राथमिक विद्यालय झज्जर का दौरा किया। डाइट मच्छरोली के प्राचार्य अनिल श्योरण सरकारी प्राथमिक विद्यालय काहडी, भतेडा पहुंचे। जिला परियोजना समन्वयक अनिल शर्मा ने सरकारी कन्या प्राथमिक विद्यालय माजरी का निरीक्षण किया। जिला निपुण समन्वयक डॉ. सुदर्शन पूनिया ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर, दादनपुर और कुलाना में प्रक्रिया का अवलोकन किया। सभी डाइट फैकल्टी सदस्य एवं क्लस्टर समन्वयक भी आकलन अवधि में विद्यालयों का दौरा कर प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित होते देख संतुष्टि व्यक्त की। सभी विद्यालयों में आकलन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न हुआ। इस प्रक्रिया से प्राप्त डेटा न केवल विद्यार्थियों की वर्तमान अधिगम स्थिति का सटीक चित्रण करेगा, प्राप्त आंकड़ों के माध्यम से आधारभूत साक्षरता एवं अंकगणितीय क्षमताओं को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी रतिंदर सिंह, डाइट प्राचार्य अनिल शयोराण जिला परियोजना समन्वयक ने सभी आकलनकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यालय प्रमुखों एवं बीईओ को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि इस प्रामाणिक एवं विश्वसनीय डेटा के आधार पर भविष्य में प्रभावी रणनीतियां तैयार की जाएंगी, जिससे जिले का प्राथमिक शिक्षा स्तर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट बनेगा।





हरियाणा गर्व पी.डब्ल्यू.डी मैकेनिकल यूनियन शहरी ब्रांच का त्रिवार्षिक चुनाव सम्पन्न
बिजेन्द्र परमार बने प्रधान व जयकिशन बने चेयरमैन
भिवानी, 30 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा गर्व. पी.डब्ल्यू.डी मैकेनिकल वर्करज यूनियन रजि. नं. 41 मुख्यालय चरखी दादरी संबंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ का शहरी ब्रांच का त्रिवार्षिक चुनाव चिडिया घर रोड़ स्थित जिला युनियन कार्यालय में चुनाव परिवेक्षक राज्य प्रधान ईश्वर शर्मा, राज्य सचिव संदल सिंह राणा उपस्थिति में संपन्न हुआ। चुनाव से पहले पूर्व राज्य प्रधान स्व. शिवकुमार पाराशर की तृतीय वर्षी पर उनके परिजनों उनके बड़े भाई सीताराम पाराशर, धर्मपत्नी उर्मिला पाराशर, पुत्री मीनाक्षी, पुत्र मनीष पराशर, पुत्रवधु सुमन शर्मा, दामाद अरविंद भारद्वाज व सभी कर्मचारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। चुनाव में विशेष रूप से राज्य मुख्य सलाहकार सज्जन भारद्वाज, प्रांतीय कार्यालय सचिव राजकुमार सैन, जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार टोनी ने शिरकत की। यह जानकारी देते हुए जिला प्रेस प्रवक्ता अमित कुमार जांगड़ा ने बताया कि चुनाव में सर्वसम्मति से चेयरमैन जयकिशन शर्मा, प्रधान बिजेन्द्र परमार, सचिव सुखबीर गुर्जर, कोषाध्यक्ष संदीप कोंट को चुना गया। चुनाव पर्यवेक्षक ईश्वर शर्मा व संदल सिंह राणा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई। सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे संगठन की मजबूती और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। चुने हुए पदाधिकारियों ने चुनाव में आए कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है उसे वे पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निभाएंगे। राज्य प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम में दर्ज कर्मचारियों को जॉब सुरक्षा दी जाए, जिन कर्मचारियों की जन्मतिथि गलत दिखाई गई है, नाम व मोबाईल नंबर गलत दर्ज उन्हें दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि अनेक कर्मचारियों का सितंबर से लेकर नवंबर माह तक का वेतनमान जारी नहीं किया गया उसे जारी किया जाए। टर्म एंड कंडीशन के कर्मचारियों को सरकार की हिदायतों के अनुसार एचकेआरएन पॉर्टल पर नाम दर्ज करके उनका वेतनमान निर्धारित किया जाए और उन्हें जोब सुरक्षा दी जाए। पंचायत में लगे ऑपरेटरों को भी पोर्टल पर दर्ज करके उन्हें जोब सुरक्षा प्रदान की जाए। ब्लॉक ईयर 2020 से 23 की एलटीसी का भुगतान शीघ्र किया जाए। ग्रुप डी के कर्मचारियों का वाशिंग अलाउंस 440 रुपये पहले की तरह वेतनमान के साथ दिया जाए तथा एक साल का वाशिंग अलाउंस हो गया है उसका फंड जारी कर कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाए। इस अवसर पर जिला कार्यालय सचिव चांदीराम कादियान, जिला प्रैस सचिव अमित जांगड़ा, बजरंगलाल, विनोद शर्मा, रविन्द्र शर्मा, धर्मबीर सैन, मनीष पराशर, रामधारी, अशोक, संदीप, राकेश, अमित, प्रमोद, सुरेन्द्र, अंचल, भीछाराम, धुप सिंह, रामोतार, देवेन्द्र, कृष्ण, रणधीर, बिट्टू, महेन्द्र, अशोक आदि कर्मचारी उपस्थित थे।


आनंद श्योरण बने पी.डल्ब्यू.डी मैकेनिकल वर्करज यूनियन के फिल्ड प्रधान
भिवानी, 30 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा गर्व. पी.डब्ल्यू.डी मैकेनिकल वर्करज यूनियन रजि. नं. 41 मुख्यालय चरखी दादरी संबंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ का फिल्ड ब्रांच काचुनाव चिडिया घर रोड़ स्थित जिला युनियन कार्यालय में चुनाव परिवेक्षक राज्य प्रधान ईश्वर शर्मा, राज्य सचिव संदल सिंह राणा उपस्थिति में संपन्न हुआ। चुनाव में विशेष रूप से प्रांतीय कार्यालय सचिव राजकुमार सैन, जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार टोनी ने शिरकत की। यह जानकारी देते हुए जिला प्रेस प्रवक्ता अमित कुमार जांगड़ा ने बताया कि चुनाव में सर्वसम्मति से प्रधान आनंद श्योराण, सचिव अमित सहरावत, कोषाध्यक्ष संजय बापोड़ा को चुना गया। चुनाव परिवेक्षकों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई। चुने हुए पदाधिकारियों ने चुनाव में आए कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है उसे वे पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन की मजबूती और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। राज्य सचिव राजकुमार सैन ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ब्लॉक ईयर 2020 से 23 की एलटीसी का भुगतान शीघ्र किया जाए। ग्रुप डी के कर्मचारियों का वाशिंग अलाउंस 440 रुपये पहले की तरह वेतनमान के साथ दिया जाए तथा एक साल का वाशिंग अलाउंस हो गया है उसका फंड जारी कर कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाए। हरियाणा कौशल रोजगार निगम में दर्ज कर्मचारियों को जॉब सुरक्षा दी जाए, जिन कर्मचारियों की जन्मतिथि गलत दिखाई गई है, नाम व मोबाईल नंबर गलत दर्ज उन्हें दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि एचकेआरएन के अनेक कर्मचारियों का सितंबर से लेकर नवंबर माह तक का वेतनमान जारी नहीं किया गया उसे जारी किया जाए। टर्म एंड कंडीशन के कर्मचारियों को सरकार की हिदायतों के अनुसार एचकेआरएन पॉर्टल पर नाम दर्ज करके उनका वेतनमान निर्धारित किया जाए और उन्हें जोब सुरक्षा दी जाए। पंचायत में लगे ऑपरेटरों को भी पोर्टल पर दर्ज करके उन्हें जोब सुरक्षा प्रदान की जाए। इस अवसर पर जिला कार्यालय सचिव चांदीराम कादियान, जिला प्रैस सचिव अमित जांगड़ा, सुरेन्द्र अत्री, विजय शर्मा, प्रदीप, कृष्ण, प्रशांत, राजेश कायला, बनीसिंह, बाबूलाल, मदन, राजेन्द्र, संदीप, अमित, रविन्द्र, श्रद्धानंद, कालूराम, बीरबल, मनोज, धर्मबीर, जितेश, धर्मेंद्र, राहुल भारद्वाज, रमेश चन्द्र, गुरूवचन, सन्नी शेखावत, सचिन आदि कर्मचारी उपस्थित थे।




परोपकार की सेवा से जरूरतमंद को मिलता है लाभ: मिड्ढा
पंजाबी जागृति मंच ने जरूरतमंद बच्चों को वितरित किए गर्म वस्त्र
भिवानी, 30 दिसम्बर, अभीतक: सर्दी के मौसम में जरूरतमंद बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाबी जागृति मंच द्वारा हनुमान ढाणी स्थित विवेकानंद हाई स्कूल में 31 जरूरतमंद बच्चों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए। इस सेवा कार्य में बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का संदेश दिया गयज्ञं पंजाबी जागृति मंच के जिला प्रधान दर्शन कुमार मिड्ढा ने बताया कि मंच पिछले कई वर्षों से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंच द्वारा हर वर्ष जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर, जूते, जुराब, किताबें व अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की जाती है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चे भी बिना किसी बाधा के शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का स्वस्थ रहना भी अत्यंत आवश्यक है और ठंड के मौसम में गर्म वस्त्र बच्चों को बीमारियों से बचाने में सहायक होते हैं। दर्शन कुमार मिठा ने बताया कि पंजाबी जागृति मंच द्वारा अनेक स्कूलों में गरीब बच्चों की फीस भरने में भी सहयोग किया जाता है। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद परिवारों को समय-समय पर मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जाता है। मंच की ओर से रिश्तों की फ्री सर्विस भी कृष्णा कॉलोनी स्थित कार्यालय में निरंतर चलाई जा रही है, जिसके माध्यम से समाज में आपसी सहयोग और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परोपकार और सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है। अधिक ठंड और कोहरे के इस मौसम में गर्म वस्त्र बच्चों को काफी राहत प्रदान करते हैं। मंच का उद्देश्य है कि जरूरतमंद बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। इस अवसर पर पूर्व खेल अधिकारी एवं समाजसेवी दर्शन मिड्डा, उमाकांत शर्मा, मनोहर लाल सरदाना, जगन्नाथ गंभीर, ओमप्रकाश दुरेजा, ओमप्रकाश सुखीजा, घनश्याम सनेजा, कृष्ण कुमार हंस, राधाकृष्ण चावला, भारत भूषण मेहता, धर्मपाल बजाज, विवेकानंद हाई स्कूल की निदेशक सावित्री यादव, अवशेष कुमार, मास्टर दयानंद, सतीश कुमार, उषा, बबीता बरगूजर, युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज तथा पूनम सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय संचालिका सावित्री यादव ने पंजाबी जागृति मंच के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा व्यक्त की और भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्य जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकसित गुरुग्राम महारैली में की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत’
गुरुग्राम में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संबोधन’
विकसित गुरुग्राम महारैली में गुरु द्रोण की पावन धरा पर आना मेरे लिए गौरव की बात- मुख्यमंत्री
यह रैली गुरुग्राम को विश्व के सर्वश्रेष्ठ शहरों की श्रेणी में खड़ा करने का हमारी सरकार के संकल्प का प्रतिबिंब
मुख्यमंत्री ने आगामी नव वर्ष की भी सभी प्रदेशवासियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं
गुरुग्राम में विकास को लेकर के हरियाणा सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी- मुख्यमंत्री
आज 113 करोड़ 64 लाख रुपए की 6 परियोजनाओं के हुए उद्घाटन एवं शिलान्यास
गुरुग्राम केवल हरियाणा की नहीं बल्कि भारत की आर्थिक राजधानी के रूप में उभर कर आ रहा है सामने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा बढ़ रहा है गति से आगे- मुख्यमंत्री
हमारे कार्यकाल में गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2 हजार करोड रुपए के हुए विकास कार्य
गुरुग्राम में 28.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर का भी शिलान्यास किया गया
इस पर 5500 करोड रुपए का आएगा खर्चा जिससे नए और पुराने गुरुग्राम को जोड़ने का किया जाएगा काम
गुरुग्राम में शीतला माता मेडिकल कॉलेज का कार्य भी गति से चल रहा है- मुख्यमंत्री
हमारी सरकार हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर प्रदेश में कर रही है कार्य
गुरुग्राम पुलिस लाइन के निकट स्थित गौशाला मैदान में नए विद्यालय भवन का करवाया जाएगा निर्माण
इस भवन पर 4 करोड़ 90 लख रुपए की आएगी लागत
नेहरू स्टेडियम में पुराने खेल हॉस्टल के स्थान पर नए खेल हॉस्टल का किया जाएगा निर्माण- मुख्यमंत्री
गुरुग्राम में शुरू करवाए जाएंगे 30 आरोग्य मंदिर- मुख्यमंत्री
गुरुग्राम के सेक्टर 29 में सिटी बस टर्मिनल का भी करवाया जाएगा निर्माण
सेक्टर 23 के बायोडायवर्सिटी पार्क में लाइब्रेरी का करवाया जाएगा निर्माण- मुख्यमंत्री
गुरु द्रोणाचार्य और माता शीतला के नाम पर गुरुग्राम में बनवाए जाएंगे प्रवेश द्वार
कमला नेहरू पार्क में एक सामुदायिक केंद्र का भी करवाया जाएगा निर्माण
सदर बाजार को सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ स्मार्ट बाजार के तौर पर किया जाएगा विकसित- मुख्यमंत्री
गुरुग्राम में 100 किलोमीटर से अधिक की स्मार्ट रोड का भी करवाया जाएगा कार्य
गुरुग्राम के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ने अलग से 5 करोड रुपए देने की भी घोषणा की।






नववर्ष से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम को दी विभिन्न विकास परियोजनाओं की कई नई सौगातें’
गुरुग्राम बना भारत की आर्थिक प्रगति का इंजन, डबल इंजन सरकार से तेज हुआ हरियाणा का विकास: नायब सिंह सैनी’
मुख्यमंत्री ने 113.64 करोड़ की लागत से गुरुग्राम में 6 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास’
मुख्यमंत्री ने कहा, 11 वर्षों में 1,909 करोड़ के विकास कार्य, 67 घोषणाओं से बदली गुरुग्राम विधानसभा की तस्वीर’
मुख्यमंत्री ने विधायक मुकेश शर्मा की मांग पर नए साल से पहले गुरुग्राम के समग्र विकास हेतु लगाई घोषणाओं की झड़ी’
गुरुग्राम, 30 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज गुरुग्राम केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक प्रगति का इंजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में राज्य सरकार की ‘डबल इंजन’ सरकार की मजबूत नेतृत्व क्षमता का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूरे हरियाणा का संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है, चाहे वह शहर हो या गांव, और इसी संकल्प के साथ सरकार पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में विधायक द्वारा आयोजित विकसित गुरुग्राम महारैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधायक मुकेश शर्मा को जन्मदिन तथा उपस्थिति जनसमूह को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जो वायदे करती है, उन्हें धरातल पर उतारती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के संकल्प-पत्र में किए गए 217 वादों में से 54 वादे मात्र एक वर्ष में पूरे कर दिए गए हैं, जबकि 163 वादों पर कार्य प्रगति पर है। यह सरकार जनता की अपनी सरकार है।सरकार का संकल्प ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्रवाद और जातिवाद की राजनीति को पीछे छोड़ते हुए सरकार ‘हरियाणा एक, हरियाणवी एक’ के मंत्र पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गुरुग्राम के समग्र विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी और इसे देश का सबसे विकसित नगर बनाने की दिशा में निरंतर एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
113.64 करोड़ की लागत से गुरुग्राम में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास’
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा आज गुरुग्राम में कुल 113 करोड़ 64 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। उद्घाटन के तहत 72.96 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में सदर बाजार में मल्टी लेवल कार पार्किंग (55.20 करोड़) तथा सेक्टर-14 में सामुदायिक केंद्र (17.76 करोड़) शामिल हैं। वहीं शिलान्यास के अंतर्गत 8.32 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-16 में आरएमसी मॉडल रोड व ड्रेन, 6.28 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-17ए में सीवरेज व पेयजल पाइप लाइन, 6.67 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-16 में हॉस्टल निर्माण कार्य तथा 19.41करोड़ रुपये की लागत से नई सब्जी मंडी में विशेष मरम्मत कार्य शामिल हैं। ये परियोजनाएं गुरुग्राम के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाकर नागरिक सुविधाओं को नई मजबूती प्रदान करेंगी।
11 वर्षों में 1,909 करोड़ के विकास कार्य, 67 घोषणाओं से बदली गुरुग्राम विधानसभा की तस्वीर’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल में गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में 1,909 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक विकास कार्य करवाए गए हैं तथा पिछले साढ़े 11 वर्षों में क्षेत्र के लिए की गई 67 घोषणाओं में से 39 पूरी हो चुकी हैं और 11 पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि विकास की इस दौड़ में प्रकृति संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है, जिसके तहत शहर के बीचों-बीच छोटे-छोटे ऑक्सीजन पॉकेट्स और पार्कों का विस्तार किया जा रहा है। प्रदूषण को एक बड़ी चुनौती बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और आधुनिक कचरा प्रबंधन तकनीकों के माध्यम से इसे नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य ऐसा समग्र विकास है, जिसका लाभ सड़कों और इमारतों से आगे बढ़कर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने विधायक मुकेश शर्मा की मांग पर नए साल से पहले गुरुग्राम के समग्र विकास हेतु लगाई घोषणाओं की झड़ी’
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विधायक मुकेश शर्मा के विस्तृत मांग पत्र पर गुरुग्राम के समग्र विकास के लिए विभिन्न बड़ी घोषणाएं की। जिसमें गुरुग्राम पुलिस लाइन के निकट गौशाला मैदान में लगभग 4 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से नए विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही नेहरू स्टेडियम में पुराने खेल हॉस्टल के स्थान पर नया आधुनिक खेल हॉस्टल बनाया जाएगा। गुरुग्राम में 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे। सिविल हॉस्पिटल का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। वजीराबाद में पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर 50 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध होते ही सरकार यह कार्य पूरा करेगी। वजीराबाद गांव में मैत्री वन को शीघ्र पूर्ण कराने, खाटू धाम के लिए धार्मिक संस्था द्वारा आवेदन किए जाने पर नियमानुसार प्लॉट उपलब्ध कराने, सेक्टर 29 में सिटी बस टर्मिनल के निर्माण तथा पुराने बस अड्डे के शिफ्ट होने के बाद वहां सिटी बस डिपो व अन्य सुविधाएं विकसित करने की भी घोषणा की गई। इसके अलावा बायोडायवर्सिटी पार्क में लाइब्रेरी, गुरु द्रोणाचार्य और मां शीतला के नाम पर प्रवेश द्वार, राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में श्मशान घाट, कमला नेहरू पार्क में सामुदायिक केंद्र तथा सिलोखरा गांव में भूमि उपलब्धता पर सामुदायिक केंद्र के निर्माण की घोषणा की। सदर बाजार को सभी मूलभूत सुविधाओं सहित स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा और 100 किलोमीटर से अधिक लंबाई की स्मार्ट सड़कों का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम, सोहना व पटौदी विधानसभा के विकास के लिए पाँच-पाँच करोड़ रुपये की घोषणा’
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम, सोहना तथा पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रत्येक क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पाँच-पाँच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि गुरुग्राम की पेयजल व्यवस्था को आने वाले 50 वर्षों तक सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ी एवं दीर्घकालीन परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ गुरुग्राम सहित पूरे क्षेत्र को देश के सबसे विकसित और सुविधासंपन्न नगरों में शामिल करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गुरुग्राम बनेगा विकसित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर: सुधा यादव’
विकसित गुरुग्राम महारैली को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद एवं भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में गुरुग्राम निश्चित रूप से विकासशील से विकसित शहर की ओर तेजी से अग्रसर होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की जनहितैषी नीतियों, योजनाबद्ध विकास कार्यों और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था के चलते वर्ष 2026 तक गुरुग्राम स्वच्छता, विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण तथा बेहतर स्वास्थ्य ढांचे पर सरकार का विशेष फोकस है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा और गुरुग्राम एक आदर्श व विकसित शहर के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गुरुग्राम में तेजी से धरातल पर उतर रहीं जनकल्याणकारी योजनाएं: राव नरबीर सिंह’
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में गुरुग्राम में जनकल्याणकारी नीतियों को निरंतर प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम एक तेजी से बढ़ता हुआ शहर है और इसकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 में भी विकास की यह गति थमेगी नहीं, बल्कि और अधिक तेज होगी। आने वाले समय में गुरुग्रामवासियों को अनेक नए शिलान्यास और उद्घाटन की सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का यह अभियान इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ता रहेगा, जिससे गुरुग्राम विकास, सुशासन और जनसेवाओं के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गुरुग्राम व हरियाणा आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर: विधायक मुकेश शर्मा’
विकसित गुरुग्राम महारैली के संयोजक एवं गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में गुरुग्राम सहित पूरा हरियाणा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अथक मेहनत, ऊर्जा और स्पष्ट सोच से प्रदेश के युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिल रही है, जिससे वे विकास में भागीदार बनकर आगे बढ़ रहे हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके जनहितैषी और निर्णायक फैसलों का प्रत्यक्ष लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में 900 मीटर क्षेत्र में रेवेन्यू रास्तों पर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का समुचित विकास सुनिश्चित होगा। विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि सरकार की विकासोन्मुख नीतियों से गुरुग्राम एक आधुनिक, सशक्त और आत्मनिर्भर शहर के रूप में उभर रहा है तथा आने वाले समय में यह विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
यह रहें मौजूद’
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पूर्व सांसद एवं भाजपा के संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, पटौदी की विधायक बिमला चैधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, बावल से विधायक डॉ कृष्ण कुमार, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, जीएमडीए के सीईओ पी.सी मीणा, सीपी विकास अरोड़ा, डीसी अजय कुमार, निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, पूर्व जिला अध्यक्ष कमल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, भाजपा गुरुग्राम महानगर के जिला अध्यक्ष अजीत यादव, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, पूर्व मेयर मधु आजाद, भाजपा के जिला प्रभारी संदीप जोशी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।




वर्क स्लिप मामले में 13 जिलों की रिपोर्ट देखकर हम हैरान, जांच आगे बढ़ना जरूरी, मामला और भी बड़ा हो सकता है: श्रम मंत्री अनिल विज’
श्रम विभाग का चार्ज संभालते ही यह मामला मेरे संज्ञान में आया था: अनिल विज’
चंडीगढ़, 30 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा के श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने श्रम विभाग में सामने आए लगभग 1500 करोड़ रुपये के वर्कस्लिप घोटाले को गंभीर बताते हुए कहा कि यह एक बड़ा फर्जीवाड़ा है और इसकी गहन जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने श्रम विभाग का कार्यभार संभाला, तभी यह मामला उनके सामने आया था कि एक ही व्यक्ति द्वारा हजारों श्रमिकों का वेरिफिकेशन किया गया, जो किसी भी स्थिति में संभव नहीं है। पत्रकारों से बातचीत में श्रम मंत्री ने बताया कि निर्माण श्रमिकों को सरकार द्वारा अनेक लाभ दिए जाते हैं। उनके बच्चों की पढ़ाई का खर्च पीएचडी तक उठाया जाता है, शादी, बच्चे के जन्म, बीमारी की स्थिति में आर्थिक सहायता दी जाती है। इन सभी लाभों के लिए श्रमिक का पंजीकरण और सत्यापन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जब यह तथ्य सामने आया कि एक-एक कर्मचारी द्वारा कई-कई हजार श्रमिकों का सत्यापन किया गया है, तो सबसे पहले तीन जिलों में समरी इंस्पेक्शन कराई गई, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों में जांच कराने का निर्णय लिया गया। श्रम मंत्री ने बताया कि विभाग के पास सीमित स्टाफ होने के कारण सभी जिलों में स्वयं जांच कर पाना संभव नहीं था। इसलिए सभी जिला उपायुक्तों को पत्र लिखकर तीन सदस्यीय समितियां गठित करने और पंजीकृत कामगारों की सूचियों के आधार पर घर-घर जाकर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। अब तक 13 जिलों की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जबकि 9 जिलों की रिपोर्ट आना शेष है। प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, 13 जिलों में कुल 5,99,758 वर्कस्लिप में से केवल 53,249 वर्कस्लिप वैध पाई गईं, जबकि शेष अवैध हैं। इसी प्रकार, 2,21,517 पंजीकृत श्रमिकों में से केवल 14,240 श्रमिक ही वैध पाए गए हैं। मंत्री अनिल विज ने कहा कि इसका स्पष्ट अर्थ है कि जिन मजदूरों के नाम पर सरकारी लाभ लिए जा रहे हैं, वे लाभ वास्तव में कोई और व्यक्ति ले रहा है। अब यह जांच जरूरी है कि ये वर्कस्लिप किसने बनाईं, कब से लाभ लिया जा रहा है, किन-किन लोगों ने लाभ उठाया और किसने इनका सत्यापन किया। जांच में यह मामला और भी बड़ा रूप ले सकता है। उल्लेखनीय है कि श्रम विभाग में हुए इस बड़े फर्जीवाड़े की जांच स्वयं श्रम मंत्री अनिल विज के निर्देश पर कराई गई, जिसमें लगभग 1500 करोड़ रुपये के वर्कस्लिप घोटाले का खुलासा हुआ है। इस मामले में मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री से विस्तृत जांच की सिफारिश भी की गई है।

दक्षता और संवेदनशीलता विकसित करने के लिए अपनाई गई कैरट एंड स्टिक नीति
लंबित भूमि बंटवारा मामलों का त्वरित निपटान करें राजस्व अधिकारी: डीसी
रेवाड़ी, 30 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा में भूमि बंटवारा (पार्टिशन) मामलों के शीघ्र निपटारे के उद्देश्य से व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए है, इस पहल का उद्देश्य राजस्व न्यायालयों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने व देरी के कारण लंबे समय से परेशान नागरिकों को राहत प्रदान करना है। डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समयबद्ध निपटारे को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि भूमि बंटवारा कार्यवाही राजस्व अधिकारियों की सबसे महत्वपूर्ण वैधानिक जिम्मेदारियों में से एक है। नए निर्देशों के तहत प्रत्येक सहायक कलेक्टर (द्वितीय श्रेणी) को प्रति माह न्यूनतम 12 बंटवारा मामलों का निपटारा अनिवार्य रूप से करना होगा। इन लक्ष्यों की कड़ाई से निगरानी के लिए तीन-स्तरीय मजबूत निगरानी तंत्र स्थापित किया गया है। अनुपालन की समीक्षा मासिक रूप से की जाएगी। डीसी ने बताया कि आपसी सहमति से समाधान को बढ़ावा देने और मुकदमेबाजी कम करने के लिए एफसीआर ने वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) तंत्र लागू किया है। इसके तहत संविदा आधार पर सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों की सेवाएं लेकर लंबित बंटवारा मामलों का निपटारा कर सकते हैं। सेवानिवृत्त अधिकारियों द्वारा गांव स्तर पर विवादित पक्षों को आपसी सहमति से समाधान के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सहमति बनने के बाद संबंधित पक्ष विधिक क्रियान्वयन के लिए संबंधित राजस्व अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होंगे। इस व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति सफल निपटारे पर 10 हजार रुपए का मानदेय स्वीकृत किया गया है, जिसे विवादित पक्ष समान रूप से वहन करेंगे। एडीआर तंत्र के लिए विस्तृत दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकुशलता बढ़ाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक प्रदर्शन समीक्षा तंत्र लागू किया गया है। डीसी अभिषेक मीणा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आदेशों का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बंटवारा मामलों को राजस्व न्यायालयों के कार्यों में प्राथमिकता दी जाएगी और निर्धारित लक्ष्यों, समय-सीमाओं व प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




रबी की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि आज
योजना का लाभ लेने के लिए बीमा करवाना अनिवार्य: डीसी अभिषेक मीणा
रेवाड़ी, 30 दिसम्बर, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने जिला के किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) योजना का लाभ लेने के लिए रबी फसलों का बीमा अवश्य करवाने का आह्वान किया है। पीएमएफबीवाई के तहत 2025-26 के लिए रबी की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि बुधवार, 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मौजूदा 2025-26 रबी सीजन में गेहूं, चना, सरसों, जौ और सूरजमुखी फसलों का बीमा किया जा रहा है। किसान द्वारा रबी फसलों का देय प्रीमियम बीमित राशि का 1.5 प्रतिशत रहेगा तथा शेष प्रीमियम का भुगतान राज्य और केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि व जलभराव से फसल में नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर देय होगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसी गांव में फसल की औसत पैदावार पूर्व निर्धारित पैदावार से कम होने पर क्लेम गांव के सभी बीमित किसानों को दिया जाएगा। फसल कटाई के 14 दिनों के अंदर (फसल सूखने के लिए रखी गई हो) नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर दिया जाएगा। डीसी ने बताया बताया कि प्रति एकड़ के हिसाब से गेहूं की फसल के लिए बीमित राशि 32523.80 रुपए और किसान द्वारा दी जाने वाली प्रीमियम राशि 487.86 रुपए, चना के लिए बीमित राशि 15986.31 रुपए और प्रीमियम राशि 239.79, जौ के लिए बीमित राशि 20727.21 रुपए और प्रीमियम राशि 310.91 रुपए, सरसों के लिए बीमित राशि 21829.57 रुपए और प्रीमियम राशि 327.44 रुपए तथा सूरजमुखी फसल के लिए बीमित राशि 22050.13 और किसान द्वारा दिए जाने वाली प्रीमियम राशि 330.75 रुपए निर्धारित की गई हैं। जिन किसानों को अपनी फसलों का बीमा करवाना है, वे अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नवीनतम भूमि रिकॉर्ड, जमाबंदी, बुआई प्रमाण पत्र तथा ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ सहित संबंधित बैंक या सीएससी केंद्र (जन सेवा केंद्र) के माध्यम से बीमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान अधिक जानकारी के लिए कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447, उप निदेशक कृषि कार्यालय, सांख्यिकी शाखा, उपमंडल कृषि अधिकारी एवं खंड कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

एसडीएम बावल मनोज कुमार ने आईटीआई टांकड़ी का किया निरीक्षण
रेवाड़ी, 30 दिसम्बर, अभीतक: एसडीएम बावल मनोज कुमार ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान टांकड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में संचालित कार्यशालाओं का निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं की ओर से किए जा रहे कार्यों को देखा और उनकी सराहना की। एसडीएम मनोज कुमार ने इस अवसर पर कौशल प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय कंप्यूटर का है और डिजिटल साक्षरता आज के समय में बेहद जरूरी है। आधुनिक शिक्षा ग्रहण करके ही बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में करियर बनाएं, हमेशा समर्पण की भावना से मन लगाकर पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि सभी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा आत्मनिर्भर बने और समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाते हुए रोजगारपरक बने। एसडीएम मनोज कुमार ने आईटीआई के प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षुओं को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करें। नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ बच्चों को कुशल बनाने के लिए तकनीकी शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाए।




एग्रीस्टैक के तहत किसानों की यूनिक आईडी बनाने के कार्य में लाएं तेजी: एडीसी
सीएचसी में किसानों की एग्रीस्टैक पर निशुल्क आईडी बनाने के दिए निर्देश
रेवाड़ी, 30 दिसम्बर, अभीतक: एडीसी राहुल मोदी ने कहा कि एग्रीस्टैक के तहत जिला के किसानों की यूनिक आईडी बनवाने के कार्य को तय समय सीमा में पूरा करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को सरकार की योजनाओं व अन्य संबंधी लाभ सुगमता और तेजी से मिल सके। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। एडीसी राहुल मोदी ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में एग्रीस्टैक के तहत किसानों की बनाई जा रही यूनिक आईडी को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक से पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग हरियाणा के विशेष सचिव प्रभजोत सिंह तथा कृषि विभाग के निदेशक राजनारायण कौशिक ने अधिकारियों के साथ केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना एग्रीस्टैक को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि सरकार द्वारा किसान कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। एग्रीस्टैक के माध्यम से किसानों की जानकारी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज होगी, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सकें। किसानों की यूनिक आईडी बनवाने का मुख्य उद्देश्य किसानों को अधिक से अधिक किसान कल्याण योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने इस कार्य के लिए जिला के सभी सीएचसी में किसानों की एग्रीस्टैक पर निःशुल्क आईडी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तहसीलों, कृषि विज्ञान केंद्रों में किसानों को फार्मर आईडी के बारे में जागरूक किया जाए तथा मौके पर ही उनकी आईडी बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा के नियम बदले, अब 600 अंकों के छह पेपर, 75 अंकों का होगा पर्सनालिटी टेस्ट
चंडीगढ, 30 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के नियमों में बदलाव किया है। अब मुख्य लिखित परीक्षा में चार की बजाय छह प्रश्नपत्र होंगे, कुल 600 अंकों के। इसमें अंग्रेजी, हिंदी और चार सामान्य अध्ययन के पेपर शामिल हैं। व्यक्तित्व परीक्षा 75 अंकों की होगी। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अधिसूचना जारी की है। मुख्य लिखित परीक्षा में अब छह प्रश्नपत्र होंगे। हरियाणा सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के नियमों में बदलाव किया है। अब मुख्य लिखित परीक्षा में चार की बजाय कुल 600 अंकों के छह प्रश्नपत्र होंगे। इसमें अंग्रेजी, हिंदी और चार सामान्य अध्ययन के पेपर शामिल हैं। पर्सनालिटी टेस्ट 75 अंकों की होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में इसी महीने हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बदले हुए नियमों पर मुहर लगने के बाद मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। बदले हुए नियमों के अनुसार, मुख्य लिखित परीक्षा में छह प्रश्नपत्र होंगे, जो कि 600 अंकों के रहेंगे। अंग्रेजी और हिंदी का पेपर प्रत्येक 100-100 अंकों का होगा। इसके अलावा चार जनरल स्टडीज के पेपर होंगे और प्रत्येक 100-100 अंकों के रहेंगे। पहले चार पेपर हुआ करते थे, जिनमें बदलाव किया गया है। प्रश्न पत्र एक अंग्रेजी (अंग्रेजी निबंध सहित) होगा, जबकि प्रश्न पत्र दो हिंदी (हिंदी निबंध सहित) रहेगा। प्रश्न पत्र तीन सामान्य अध्ययन-वन का होगा, जबकि प्रश्न पत्र चार सामान्य अध्ययन-टू का रहेगा। प्रश्न पत्र पांच सामान्य अध्ययन-तीन और प्रश्न पत्र छह सामान्य अध्ययन-चार का होगा। परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र परंपरागत (निबंध) प्रकार का होगा। प्रत्येक पेपर की अवधि तीन घंटे होगी। भाषा या साहित्य पेपर को छोडकर, उम्मीदवारों को सभी प्रश्न पत्रों के उत्तर अंग्रेजी या हिंदी में देने का विकल्प रहेगा। व्यक्तित्व परीक्षा 75 अंकों की होगी। मुख्य लिखित परीक्षा में सम्मिलित किए जाने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या समान अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार, अगर कोई होगा, सहित विज्ञापित रिक्तियों की संख्या से बारह गुणा होगी। इसी प्रकार पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाए जाने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या समान अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार, यदि कोई होगा, सहित विज्ञापित रिक्तियों का तीन गुणा होगी। भूतपूर्व सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों को सभी पेपरों में बैठना अनिवार्य होगा।’ किसी भी उम्मीदवार को व्यक्तित्वध्मौखिक परीक्षा के लिए तब तक नहीं बुलाया जाएगा, जब तक उसने सभी लिखित पेपरों के कुल योग के कम से कम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त न किए हों और हिंदी व अंग्रेजी भाषा में प्रत्येक में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त न किए हों। जहां बेंचमार्क दिव्यांगता वाले उम्मीदवार पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं होंगे, हरियाणा राज्य लोक सेवा आयोग 45 प्रतिशत अंकों की उक्त सीमा को घटा कर 35 प्रतिशत अंक तक कर सकता है।’अंतिम चयन, उम्मीदवारों द्वारा प्रयोग किए गए सेवा के अधिमान को ध्यान में रखते हुए मुख्य लिखित परीक्षा तथा व्यक्तित्वध्मौखिक परीक्षा अर्थात 675 अंकों में से उम्मीदवार द्वारा प्राप्त किए गए कुल अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली वरिष्ठता सूची पर आधारित होगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, उम्मीदवार अपने-अपने उत्तर हिंदी या अंग्रेजी में लिखेंगे (भाषा या साहित्य पेपरों को छोड़कर)। जब तक अन्यथा निर्देशित न हों, सामान्य ज्ञान (1 से प्ट) के पेपरों के उत्तर या तो अंग्रेजी भाषा में या हिंदी भाषा में दिए जाएंगे, लेक्नि किसी भी उम्मीदवार को किसी एक पेपर के उत्तर आंशिक रूप से हिंदी और आंशिक रूप से अंग्रेजी में देने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को इन पेपरों के उत्तर किसी अन्य माध्यम में देने के विकल्प के लिए अनुमति नहीं मिलेगी, लेकिन हिंदी भाषा या साहित्य पेपरों को छोड़कर, पेपर द्विभाषी अर्थात अंग्रेजी और हिंदी में तैयार किए जाएंगे।’ मुख्य लिखित परीक्षा स्नातक स्तर की होगी और उसका पाठ्यक्रम सरकार द्वारा अधिसूचित किया जाएगा। उसके बाद सरकार राज्य लोक सेवा आयोग के परामर्श से राजपत्र में अधिसूचित करने के बाद प्रारंभिक या मुख्य परीक्षा के लिए पाठ्यक्रम में परिवर्तनध्संशोधनध्पुनरीक्षण कर सकती है। आवेदन प्रारूप की लागत और परीक्षा फीस सरकार से परामर्श कर लोक सेवा आयोग द्वारा निश्चित की जाएगी। आवेदन प्रारूप की प्राप्ति की अंतिम तिथि तक परीक्षा के लिए निर्धारित फीस जमा करवाने में असफल रहने पर उम्मीदवार को परीक्षा में बैठने के लिए अयोग्य ठहरा दिया जाएगा। अगर दो या दो से अधिक उम्मीदवारों द्वारा मुख्य लिखित परीक्षा और व्यक्तित्वध्मौखिक परीक्षा में प्राप्त किए गए अंक बराबर हैं, तो मुख्य लिखित परीक्षा के पेपरों में अधिक अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को योग्यता में उच्चतर माना जाएगा। अगर ऐसे उम्मीदवारों के मुख्य लिखित परीक्षा के पेपरों के कुल अंक भी बराबर हैं तो आयु में बड़े उम्मीदवार को योग्यता में उच्चतर माना जाएगा।



कापसहेड़ा के सब-रजिस्ट्रार और महरौली के तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कदम लगातार मिल रही शिकायतों और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के आधार पर उठाया गया है।
साथ ही, कापसहेड़ा में पदस्थ एक डीड राइटर का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है।
भारतीय परिवारों के पास मौजूद कुल सोने की वैल्यू 5 ट्रिलियन डॉलर (₹450 लाख करोड़) के पार निकल गई है। यह आंकड़ा देश की कुल 4.1 ट्रिलियन डॉलर यानी, 370 लाख करोड़ रुपए की GDP से भी ज्यादा है। सोने की कीमतें रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के कारण ऐसा हुआ है। मॉर्गन स्टेनली की एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय घरों में लगभग 34,600 टन सोना जमा है। अभी सोने की वैल्यू 1.38 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब चल रही है। वहीं इंटरनेशनल मार्केट में सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस (करीब 28 ग्राम) के पार ट्रेड कर रहा है। रुपए में इसे बदले तो इसकी वैल्यू 1.30 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब होती है।
आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्रों की श्महा गुरुदक्षिणा: एक ही बैच ने संस्थान को दिए ₹100 करोड़
गांधी परिवार में जल्द बजेगी शहनाई, प्रियंका के बेटे रेहान गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से करेंगे सगाई। कांग्रेस महासचिव और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे। रेहान अपनी सात साल पुरानी गर्लफ्रेंड अवीवा बेग के साथ सगाई करने जा रहे हैं।
भारत के साथ तनावपूर्ण संबंध के बीच बांग्लादेश विदेश मंत्रालय ने तत्काल दिल्ली से अपने उच्चायुक्त को ढाका बुलाया है। बांग्लादेश के भारत में हाई कमिश्नर एम रियाज हामिदुल्लाह कल रात ढाका पहुंच गये हैं। बांग्लादेश ने ऐसा क्यों किया है, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। आकाशवाणी समाचार के मुताबिक, बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो ने डिप्लोमैटिक सूत्रों के हवाले से बताया है कि उच्चायुक्त को दोनों देशों के संबंधों की मौजूदा स्थिति पर बातचीत के लिए नई दिल्ली से वापस बुलाया गया था और मैसेज मिलने के तुरंत बाद वह वापस आ गए। आपको बता दें कि पिछले साल अगस्त में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने भारत से संबंध काफी खराब कर लिए हैं। दिल्ली और ढाका के बीच राजनीतिक तनाव काफी तेज है और इस महीने इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में अशांति की नई लहर के बाद यह और बढ़ गया है।