






बिरोहड़ स्थित एचडी स्कूल में हिंदी ओलम्पियाड के विजेताओं को किया गया सम्मानित
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: बिरोहड़ स्थित एचडी स्कूल में हिंदी ओलम्पियाड के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक बलराज फौगाट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भावाभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम और विशेष अपनेपन की प्रतीक है, जो भारतवासियों के हृदय में बसी हुई है। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं को भी सम्मान देने पर बल दिया। विशेष रूप से उन्होंने हरियाणवी भाषा को मान्यता देने का आग्रह करते हुए कहा कि मातृभाषा और क्षेत्रीय भाषाएँ हमारी संस्कृति और पहचान की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने “निज भाषा उन्नति ह्वै, सब उन्नति को मूल” पंक्ति की सत्यता को स्वीकार करते हुए विद्यार्थियों से अपनी भाषा पर गर्व करने का संदेश दिया। विद्यालय की प्राचार्या नमिता दास और उपप्राचार्य नवीन सनसनवाल ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्रों में भाषा के प्रति रुचि, समझ और आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं। परीक्षा संयोजक हरिओम शास्त्री ने ओलम्पियाड के उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी दी। समारोह के अंत में विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


लोकहित के कार्य सरकार की प्राथमिकता: कृषि मंत्री
हर शिकायत के त्वरित व पारदर्शी निवारण के लिए शासन -प्रशासन प्रतिबद्ध
झज्जर स्थित संवाद भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में सुनवाई 17 में से 15 शिकायतों का मौके पर समाधान
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक सोमवार को लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में आयोजित की गई, बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने की। बैठक में जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से संबंधित कुल 17 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गईं, जिनमें से 15 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष दो परिवादों को आगामी सुनवाई हेतु लंबित रखा गया। सुचीबद्घ शिकायतों के अतिरिक्त अन्य मौजूद नागरिकों की समस्याओं को भी सुना गया और अधिकारियों दिशा-निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हमारी सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निवारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि परिवेदना समिति की मासिक बैठकें शासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त मंच हैं, जहां आमजन अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। परिवादी की समस्या का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है। सरकार जनकल्याण के लिए है और सरकार जनता की सुविधा के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों की जांच प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को हर चरण में शामिल रखा जाए, ताकि समाधान प्रभावी एवं संतोषजनक हो। मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सार्थकता तभी सिद्ध होती है जब उनका लाभ समयबद्ध रूप से अंतिम नागरिक तक पहुंचे, इसलिए सभी विभाग प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं निसंकोच परिवेदना समिति के समक्ष रखें और प्रशासन को समाधान का अवसर दें।
अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
बैठक में विधायक डा कुलदीप वत्स,भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा नेता संजय कबलाना, नगर परिषद बहादुरगढ़ की चेयरपर्सन सरोज राठी, तवीन पार्षद अलावा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल, डीसीपी बहादुरगढ मंयक मिश्रा अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास, एसडीएम झज्जर आईएएस अंकित कुमार चैकसे, एसडीएम बहादुरगढ अभिनव सिवाच आईएएस, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली डॉ. रमन गुप्ता, सीटीएम नमिता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




लूट करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार आरोपियों से करीब 29 लाख रुपए और वारदात में प्रयोग दो गाड़ी बरामद
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जम्मू-कटरा हाईवे के पास हुई लूट की वारदात का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि थाना आसौदा पुलिस और सीआईए-1 बहादुरगढ़ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की थी।यह वारदात उस समय हुई जब पीड़ित करनाल से नकदी लेकर आ रहा था। केएमपी हाईवे के नजदीक जम्मू-कटरा हाईवे पर दो गाड़ियों में सवार 5दृ6 युवकों ने पीड़ित की स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसके साथ मारपीट की और कार की डिग्गी से करीब 39 लाख रुपये की नकदी लूट ली। पुलिस जांच में चैंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस लूटकांड का मास्टरमाइंड पीड़ित का भतीजा ही था, जो अपने अन्य साथियों को मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़ित की लाइव लोकेशन भेज रहा था, जिसके आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ सुनील निवासी ईस्माईलपुर, सन्नी निवासी खेतावास गुरुग्राम, अमित निवासी बुढेडा चन्दु गुरुग्राम तथा वंश निवासी सरढाणा (गुरुग्राम) के रूप में हुई है। पुलिस ने साहिल को केएमपी हाईवे के पास से, जबकि अन्य तीन आरोपियों को फरुखनगर-बादली रोड से गिरफ्तार किया।सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर 29.10 लाख रुपये नकद तथा वारदात में उपयोग दो गाड़ियां बरामद की गई हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

स्पेशल स्टाफ झज्जर की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को 24 किलो 340 ग्राम नशीला पदार्थ चूरा पोस्त के साथ किया गिरफ्तार
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में झज्जर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की खरीददृफरोख्त करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिस मामले में जानकारी देते हुए स्पेशल स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव रूढ़ियावास बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की हुई थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में आ रहे हैं। कुछ ही देर में पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे रुकवाकर चेक किया गया।मोटरसाइकिल चालक की पहचान पवन निवासी अकेहड़ी मदनपुर के रूप में हुई, जबकि उसके पीछे बैठा व्यक्ति रविंद्र निवासी नौगांव था, जो एक कट्टा लेकर बैठा हुआ था। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उन्हें शक की बुनियाद पर काबू किया। नियमानुसार मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाया गया, जिनकी उपस्थिति में तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान कट्टे से 24 किलो 340 ग्राम नशीला पदार्थ चूरा पोस्त बरामद किया गया। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी रविंद्र को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि नशा तस्करी नेटवर्क के अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके। वहीं दूसरे आरोपी पवन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। स्पेशल स्टॉफ प्रभारी ने कहा कि झज्जर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



घना कोहरा छाया, रेंगकर चले वाहन
दिनभर कडाके की ठंड में ठिठुरते रहे लोग, स्कूली बच्चों की बढी परेशानी
झज्जर, 29 दिसम्बर, अभीतक: सोमवार को झज्जर सहित प्रदेशभर में घना कोहरा छाया रहा और दिनभर शीत लहर के चलते कडाके की ठंड में लोग ठिठुरते रहे। कडाके की ठंड ओर घने कोहरे का प्रकोप अगले कई दिनों तक जारी रहने की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है। सोमवार को घना काहरे के कारण कई स्थानों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य रही। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई और दोपहर 12 बजे तक वाहन रेंगकर चले। सोमवार को झज्जर में पांच दिनों की राहत के बाद घने कोहरे के साथ नए सप्ताह की शुरूआत हुई। दृश्यता शून्य होने के कारण वाहन रेंग कर चले। सोमवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरा से जनजीवन काफी हद तक प्रभावित हुआ और लोगों ने कहीं अलाव तापकर तो घरों में दुबकर ठंड से बचाव किया। घनी धुंघ व कडाके की ठंड सं स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पडा। सोमवार प्रातः 11 बजे के बाद तक घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय शहर का वायु गुणवत्ता सुचकांक 391 दर्ज किया गया।
10 जिलों में शीतलहर की संभावना
मौसम विभाग ने 10 जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, हिसार, रोहतक, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, भिवानी में सबसे ज्यादा तापमान रहा। वहीं, हिसार सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 दिसंबर तक मौसम शुष्क और घनी धुंध वाला रहने वाला है। वहीं, 1 जनवरी यानी नए साल पर बारिश की संभावना है। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा।

क्रिकेट खेलने के विवाद में नेपाल मूल के युवक की हत्या के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
बहादुरगढ़, 29 दिसम्बर, अभीतक: बहादुरगढ़ के थाना सेक्टर-6 क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। नेपाल मूल के युवक आदर्श की शनिवार देर शाम महावीर पार्क के पास लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उसका दोस्त अफजल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले क्रिकेट खेलते समय गेंद लगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और आदर्श पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुक्तेश्वर उर्फ आर्यन, शिवम, आयान और राहुल के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को आज बहादुरगढ़ अदालत में पेश किया गया। जहां से चारों आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




झज्जर पुलिस द्वारा जघन्य हत्याकांड का सफल खुलासा, आरोपी की मां गिरफ्तार
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: पुलिस कमिश्नर झज्जर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में झज्जर पुलिस द्वारा एक जघन्य हत्याकांड का सफल खुलासा किया गया है। थाना माछरौली पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए पत्नी की योजनाबद्ध हत्या कर साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से शव जलाने के मामले में मुख्य आरोपी की मां को भी गिरफ्तार किया है।इस संबंध में थाना माछरौली में मृतका आशा की माता द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई थी।पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि दिनांक 18-19 दिसंबर 2025 की रात्रि को आरोपी जतिन ने अपनी पत्नी आशा की हत्या की तथा अपराध को छिपाने के उद्देश्य से उसी रात शव को जला दिया। सूचना प्राप्त होते ही थाना माछरौली पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए।मामले की गहन जांच के दौरान मुख्य आरोपी की मां की संलिप्तता भी प्रकाश में आई, जिस पर उसे गिरफ्तार कर आज न्यायालय, झज्जर में पेश किया गया। जहां से पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।मामले की जांच गहनता से जारी है।

जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें अधिकारी: डीसी
जिला स्तरीय समाधान शिविर में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने सुनी जनसमस्याएं
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा सरकार की पहल पर जिला प्रशासन की ओर से जिला मुख्यालय पर लगाए जा रहे समाधान शिविर आमजन की शिकायतों का समाधान करवाने में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। समाधान शिविर में नागरिकों को एक ही स्थान पर अपनी शिकायतों व समस्याओं का समाधान करवाने का अवसर मिल रहा है। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए जन शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाकर आमजन को राहत पहुंचाई। समाधान शिविर में आधा दर्जन शिकायतें पंजीकृत हुई। डीसी ने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन की शिकायतों को नजरअंदाज करना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारी आमजन की शिकायतों के निवारण की दिशा में तत्परता से कार्रवाई कर उन्हें राहत पहुंचाए। इस अवसर पर एसडीएम अंकित कुमार चैकसे आईएएस, सीटीएम नमिता कुमारी, एसीपी दिनेश कुमार, डीआरओ मनबीर सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर, एक्सईएन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी अश्वनी सांगवान, सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




सरल केंद्र में नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें अधिकारी : डीसी
डीसी ने किया लघु सचिवालय परिसर का औचक निरीक्षण
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने लघु सचिवालय स्थित अंत्योदय सरल केंद्र, विभागीय कार्यलयों के साथ सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने सोमवार को लघु सचिवालय परिसर में साफ सफाई के साथ -साथ अंत्योदय सरल केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरल केंद्र में आने वाले आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं सुविधा स्तर की विस्तार से समीक्षा की। डीसी ने कहा कि सफाई कार्य प्रतिदिन करने से ही लघु सचिवलय परिसर साफ सुथरा रहेगा। साथ ही सचिवालय के नियुक्त सफाई क र्मी कार्यालय समय से पूर्व सफाई कार्य करें ,इसमें किसी प्रकार कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अंत्योदय सरल केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को बिना किसी परेशानी के निर्धारित समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान डीसी ने पेपर लैस रजिस्ट्रेशन, टोकन व्यवस्था, जमाबंदी, प्रतीक्षा कक्ष, बैठने की सुविधा, स्टॉल टेस्ट, साफ-सफाई, संबंधित काउंटर पर सूचना पट्ट लगाने तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि अंत्योदय सरल केंद्र जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसकी कार्यप्रणाली जितनी प्रभावी होगी, उतना ही आमजन का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा। डीसी ने कहा कि सरल केंद्र में आमजन को निर्बाध रूप से योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए बिजली बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डीसी ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी तय समय पर अपने कार्यालय पहुंचकर अपना कार्य शुरू करें। कार्यालयों में लेट लतीफी और किसी प्रकार अनुशासनहीनता सहन नहीं होगी। कर्मचारी का नियमानुसार दायित्व बनता है कि अपना स्टेशन मेंटेन करें और निर्धारित किए गए समय पर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान एसडीएम झज्जर अंकित कुमार चैक से, नगराधीश नमिता कुमारी, तहसीलदार शेखर मौजूद रहे।
उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम की बैठक आज (30 दिसंबर मंगलवार) को लगेगी बिजली अदालत
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) द्वारा अधीक्षण अभियंता कार्यालय में मंगलवार 30 दिसंबर को बिजली अदालत व उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम की बैठक का आयोजन किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि 30 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से एक बजे तक बिजली अदालत व 11 बजे से 2 बजे तक उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम का आयोजन होगा। यह अदालत फोरम के चेयरमैन एवं बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ऑपरेशन सर्कल झज्जर की अध्यक्षता में होगी। प्रवक्ता ने आगे बताया कि बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को झज्जर कार्यालय में सुना जाएगा। इस दौरान बिजली बिल, कनेक्शन और अन्य तकनीकी समस्याओं से जुड़े परिवादों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा 11 से 2 बजे तक उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम का आयोजन भी होगा। फोरम उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करता है।




कुशल युवा शक्ति देश की प्रगति की रीढ़: सीईओ
आईटीआई झज्जर एट गुढ़ा में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का जिला सीईओ मनीष फौगाट ने किया शुभारंभ
झज्जऱ, 29 दिसम्बर, अभीतक: उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल के मार्गदर्शन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, झज्जर एट गुढ़ा में सोमवार को प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिपध्रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेगा जॉब फेयर में जिला परिषद के सीईओ मनीष फौगाट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्थान के प्रधानाचार्य जीतपाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि एवं सीईओ मनीष फौगाट ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज की कुशल युवा शक्ति देश की प्रगति की रीढ़ है। उन्होंने प्रतिभागियों को चयन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कौशल विकास के महत्व पर बल दिया। संस्थान के प्रधानाचार्य जीतपाल ने बताया कि यह मेला कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। मेले में 25 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। अप्रेंटिसशिप, रोजगार मेले में आईटीआई के पास-आउट एवं अंतिम वर्ष के लगभग 185 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर कुल 65 छात्र-छात्राओं को कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा अप्रेंटिसशिप, रोजगार हेतु शॉर्टलिस्ट किया गया। आईटीआई मातनहेल के प्राचार्य अनिल दलाल ने बताया कि उम्मीदवारों को राष्ट्रीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण उपरांत रोजगार की संभावनाएं और अधिक बढ़ेंगी। इस अवसर पर उप जिला रोजगार अधिकारी मयंक अग्रवाल, आईटीआई छारा के प्राचार्य दर्शन कुमार,भापड़ोदा के प्राचार्य कृष्ण कुमार सहित संस्थान के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

डाॅ. अनिल मलिक स्कूल मार्केट नं 1 में सम्पन्न हुई अंतर विद्यालय भाषण प्रतियोगिता
संस्कारवान व्यक्ति ही देश व समाज निर्माण में दे सकता है अपना योगदान: डा. राजेश भाटिया
फरीदाबाद, 29 दिसम्बर, अभीतक: डॉ अनिल मलिक श्री सनातन धर्म महाबीर दल सीनियर सेकेंडरी स्कूल मार्केट नंबर 1 व प्रगतिशील वरिष्ठ नागरिक मंच के संयुक्त तत्वाधान में स्कूल प्रांगण में अंतर विद्यालय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया और सभी छात्र छात्राओं ने प्रदूषण की समस्या एवं समाधान, शिक्षा में संस्कारों का समावेश व शिक्षा में अनुशासन जैसे मुद्दों पर अपने विचार सांझा किए। इस मौके पर प्रधान डा. राजेश भाटिया ने प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं द्वारा रखे विचारों पर उनकी प्रशंसा करते हुए कहा कि मौजूदा समय में प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है, जो कि सभी के लिए हानिकारक है, इसलिए हम सभी का दायित्व बनता है कि हम अपने घरों व आसपास के एरियों में प्रदूषण की रोकथाम के लिए लोगों को जागरुक करे ताकि हमें शुद्ध और स्वच्छ हवा मिल सके। वहीं डॉ भाटिया ने शिक्षा में अनुशासन को लेकर कहा कि अनुशाासन में रहकर ही शिक्षा हासिल की जा सकती है और जो बच्चे ऐसा करते है, वह जिंदगी में हमेशा सफलता हासिल करते है, इसलिए अपने गुरुजनों, परिवारजनों और बड़े बुजुर्गो का सम्मान करे और अपने संस्कारों को कभी न भूले क्योंकि संस्कारवान व्यक्ति ही देश व समाज निर्माण में अपना योगदान दे सकता है। कार्यक्रम में प्रगतिशील वरिष्ठ नागरिक मंच के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और छात्र-छात्राओं द्वारा रखे गए विचारों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और उनकी हौंसला अफजाई की। प्रतियोगिता में विजेता (प्रथम स्थान भवमूल चंदानी-केएल मेहता स्कूल 5 नंबर ई ब्लॉक, द्वितीय स्थान कौशिकी शर्मा-केएल मेहता स्कूल 5 नंबर ई ब्लॉक व तृतीय स्थान मनप्रीत कौर-केएल मेहता ने एच 1, नेहरू ग्राउंड ने प्राप्त किए) छात्र-छात्राओं को प्रधान डॉ राजेश भाटिया व प्रगतिशील वरिष्ठ नागरिक मंच के प्रधान रामफूल सिंह भाटी व अन्य पदाधिकारियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर डॉ अनिल मलिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के उप-प्रधान- मोक्षित भाटिया, सचिव-जनक भाटिया, महासचिव-मनोज कुमार रतडा, कोषाध्यक्ष-सचिन भाटिया, कार्यकारिणी सदस्य-वी के मलिक व रंजय भाटिया, स्कूल समन्वयक-सोनिया अरोड़ा, रिंकल भाटिया प्रेम बब्बर भारत कपूर गगन अरोड़ा तथा प्रगतिशील वरिष्ठ नागरिक मंच के प्रधान-राम फूल सिंह भाटी, उप-प्रधान-हंसराज कपासिया व ओपी यादव, कोषाध्यक्ष-एस एस व्यास, सचिव-रमेश मेहता, लीगल एडवाइजर-ए एस नागपाल, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री-ओ पी ढींगरा, कार्यकारिणी सदस्य-कृष्ण गोपाल खत्री व सुभाष कथुरिया उपस्थित रहे।




अधिकारियों-कर्मचारियों को तनावमुक्त रह कर कार्यक्षमता बढ़ाने में वाई ब्रेक सहायक: एसडीएम’
बेरी स्थित लघु सचिवालय में एसडीएम कार्यालय में वाई ब्रेक के चलते अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास’
बेरी, 29 दिसम्बर, अभीतक: कार्यस्थल पर माहौल को अनुकूल बनाने और अधिकारियों-कर्मचारियों को तनाव मुक्त रह कर कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए ‘वाई-ब्रेक’ बहुत सहायक होता है। सोमवार को लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में वाई ब्रेक के दौरान योगा अभ्यास किया गया। इस दौरान एसडीएम रेणुका नांदल ने योग करते हुए कहा कि सरकार द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों को अब कार्यस्थल पर प्रत्येक कार्यदिवस पर कुछ ऐसी क्रियाएं और सरल योग के आसन करने के लिए समय दिया गया है, जिससे वह तनाव से मुक्त होकर और बेहतर तरीके से काम कर सकें। वाई-ब्रेक पांच मिनट का निर्धारित किया गया है। एसडीएम रेणुका नांदल ने बताया कि वाई-ब्रेक में शरीर को राहत के लिए आंखों, कंधों, कमर और अन्य अंगों के लिए क्रिया कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य कार्यस्थल पर माहौल को अनुकूल बनाने और अधिकारियों-कर्मचारियों को तनावमुक्त रह कर कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद करना है। आयुष विभाग के तत्वावधान में सोमवार को योगाचार्य जसबीर द्वारा योग ब्रेक कराया गया। योग विशेषज्ञ ने सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रतिदिन योग सत्र में भाग लेने का आह्वान भी किया। उन्होंने बताया कि वाई-ब्रेक के लिए हरियाणा योग आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक ीजजचेरूध्ध्लवहंण्ंलनेीण्हवअण्पदध्चउ-हंससमतल-वजीमतध्ल-इतमंा और अन्य वीडियो व सामग्री का उपयोग किया जा सकता है।

बेरी में 26 जनवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस समारोह’
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एसडीएम रेणुका नांदल ने अधिकारियों की बैठक में दिए जरूरी निर्देश’
बेरी, 29 दिसम्बर, अभीतक: स्थानीय भागलपुरी चैक स्थित खेल स्टेडियम में आगामी 26 जनवरी को उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। एसडीएम रेणुका नांदल ने सोमवार को उपमंडल सचिवालय स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है,कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निष्ठा और लग्न के साथ काम करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था करें। एसडीएम ने आयोजन स्थल की सफाई, बैठने की व्यवस्था, मंच की सजावट, शौचालय व्यवस्था, एंबुलेंस, पेयजल आदि व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की टीमों के चयन के लिए भी अधिकारियों की जिम्मेदारी लगाते हुए कहा कि इस बात का भी पूरा ख्याल रखा जाए कि सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सामाजिक उपदेश, राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हों। एसडीएम ने बताया कि समारोह में सरकार द्वारा क्रियान्वित जनकल्याणकारी नीतियों को प्रदर्शित करती हुई झांकियां भी शामिल की जाए। इनमें स्वास्थ्य विभाग, कृषि, बागवानी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग आदि विभागों को शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने विभाग से संबंधित सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करें। इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
बैठक में यह अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, एसएमओ डॉ सुभाष चंद्र, सचिव नगरपालिका पूजा साहू, बीएओ डॉ अशोक कुमार, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ राजीव कुमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग अजय कुमार,जेई प्रवीण कुमार, अहलावत, पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ ऋषिपाल, एआईपीआरओ डॉ अश्वनी कुमार, सेक्रेटरी मार्केट कमेटी वीरेंद्र सिंह, जेई नगरपालिका रोहित लोहचब, पुलिस विभाग से एएसआई सुनील कुमार, सुपरवाइजर ममता, दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का अधिकारी करें त्वरित निपटारा : एसडीएम’
एसडीएम रेणुका नांदल ने समाधान शिविर में सुनी नागरिकों की शिकायतें’
बेरी, 29 दिसम्बर, अभीतक: उपमंडल प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निवारण के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में एसडीएम रेणुका नांदल ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को वास्तविक राहत मिल सके। एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली को जनभावनाओं के अनुरूप बनाना और आमजन की समस्याओं के समाधान को नई गति प्रदान करना है। एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों की न केवल तत्काल सुनवाई की जाती है, बल्कि उनके समाधान की सतत निगरानी भी की जा रही है, ताकि कोई भी शिकायत लंबित या उपेक्षित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के प्रति संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना से कार्य कर रहा है। एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन गए हैं, जिनसे नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। समाधान शिविर में बिजली, पानी, सडक, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व संबंधी मामले, पंचायत भूमि, पेड़ों की अवैध कटाई, अवैध कब्जे, बीपीएल व राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन तथा परिवार पहचान पत्र जैसी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें आई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



सार्थक कदम-आमजन की शिकायतों का प्रभावी रूप से हो रहा है समाधान: लक्ष्मण सिंह
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने डीसी अभिषेक मीणा के साथ समाधान शिविर में सुनी समस्याएं
जिला प्रशासन समस्याओं के निदान को लेकर गंभीर: डीसी
रेवाड़ी, 29 दिसम्बर, अभीतक: रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि सरकार व प्रशासन की प्राथमिकता है कि नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। हर नागरिक को सरकारी सेवाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो इस उद्देश्य से जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर जनसेवा का एक सार्थक कदम है जिसके माध्यम से आमजन की शिकायतों का प्रभावी रूप से समाधान हो रहा है। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में शिकायत कर्ताओं की शिकायतों का प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निदान कर रहे थे। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने डीसी अभिषेक मीणा के साथ समाधान शिविर में आये लोगों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुना और मौके पर ही सम्बन्धित अधिकारियों को समाधान बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में आयोजित समाधान शिविर में विभागों के अधिकारी एक छत के नीचे मौजूद रहकर आमजन की समस्या का निराकरण करते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की सोच है कि हर वर्ग की समस्या को सुना जाए और उनका त्वरित समाधान किया जाए। इसी उद्देश्य से हरियाणा में आयोजित समाधान शिविर आमजन की समस्या के निवारण के लिए अहम साबित हो रहे हैं।
प्रशासन समस्याओं के निवारण के लिए सजग: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर समाधान शिविर में आ रहे हैं और जिला प्रशासन समस्याओं के निदान को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। आमजन की समस्याओं को लेकर जिला के अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को अधिकारी पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं और साथ में समस्या की वर्तमान स्थिति भी पोर्टल पर अपडेट की जा रही है। डीसी ने बताया कि समाधान शिविर में अब तक कुल 4597 शिकायतें प्राप्त हुई है, जिनमें से 3840 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है और लंबित 123 शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
इन शिकायतों का किया तत्परता से निदान
सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में रामपुरा में बिजली की तारें बदलवाने बारे आई शिकायत पर बिजली विभाग को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं गांव मोहदीनपुर में निर्माणाधीन हेल्थ केयर सेंटर से बिजली की लाइन हटवाने और बीपीएल कॉलोनी में लाइट लगवाने की शिकायत पर संबंधित विभाग को उचित संज्ञान लेने के निर्देश दिए। गांव लिसान में पीने के पानी की सप्लाई घर तक न आने पर डीसी ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। गांव साल्हावास में पीने के पानी की सप्लाई न होने पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल की आपूर्ति करने के निर्देश दिए। गांव पाली में अवैध प्लाटिंग की शिकायत पर डीसी ने जिला नगर योजनाकार के अधिकारियों को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूर्व सैनिकों ने म्यूजियम खोलने सहित अन्य मांगे रखी। जिस पर डीसी अभिषेक मीणा ने नियमानुसार म्यूजियम खोलने सहित अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। वहीं पूर्व सैनिकों की अन्य मांगों पर भी उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा पेंशन, प्रॉपर्टी आईडी, फैमली आईडी, अवैध कब्जा व पुलिस संबंधित आई शिकायत पर डीसी ने मौके पर निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार, डीएसपी पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
रेवाड़ी में समाधान शिविर में आमजन की शिकायतें सुनते हुए लक्ष्मण सिंह यादव, साथ हैं डीसी अभिषेक मीणा।




प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना है किसानों के लिए वरदान: डीसी अभिषेक मीणा
किसान रबी फसलों का बुधवार तक अवश्य करवाएं बीमा
रेवाड़ी, 29 दिसम्बर, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने जिला के किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) योजना का लाभ लेने के लिए रबी फसलों का बीमा अवश्य करवाने का आह्वान किया है। पीएमएफबीवाई के तहत 2025-26 के लिए रबी की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि बुधवार, 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।
डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मौजूदा 2025-26 रबी सीजन में गेहूं, चना, सरसों, जौ और सूरजमुखी फसलों का बीमा किया जा रहा है। किसान द्वारा रबी फसलों का देय प्रीमियम बीमित राशि का 1.5 प्रतिशत रहेगा तथा शेष प्रीमियम का भुगतान राज्य और केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि व जलभराव से फसल में नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर देय होगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसी गांव में फसल की औसत पैदावार पूर्व निर्धारित पैदावार से कम होने पर क्लेम गांव के सभी बीमित किसानों को दिया जाएगा। फसल कटाई के 14 दिनों के अंदर (फसल सूखने के लिए रखी गई हो)नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर दिया जाएगा। डीसी ने बताया बताया कि प्रति एकड़ के हिसाब से गेहूं की फसल के लिए बीमित राशि 32523.80 रुपए और किसान द्वारा दी जाने वाली प्रीमियम राशि 487.86 रुपए, चना के लिए बीमित राशि 15986.31 रुपए और प्रीमियम राशि 239.79, जौ के लिए बीमित राशि 20727.21 रुपए और प्रीमियम राशि 310.91 रुपए, सरसों के लिए बीमित राशि 21829.57 रुपए और प्रीमियम राशि 327.44 रुपए तथा सूरजमुखी फसल के लिए बीमित राशि 22050.13 और किसान द्वारा दिए जाने वाली प्रीमियम राशि 330.75 रुपए निर्धारित की गई हैं। जिन किसानों को अपनी फसलों का बीमा करवाना है, वे अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नवीनतम भूमि रिकॉर्ड, जमाबंदी, बुआई प्रमाण पत्र तथा ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ सहित संबंधित बैंक या सीएससी केंद्र (जन सेवा केंद्र) के माध्यम से बीमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान अधिक जानकारी के लिए कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447, उप निदेशक कृषि कार्यालय, सांख्यिकी शाखा, उपमंडल कृषि अधिकारी एवं खंड कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया 05 जनवरी को रेवाड़ी में करेंगी शिकायतों की सुनवाई
रेवाड़ी, 29 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया 05 जनवरी, 2026 को रेवाड़ी में शिकायतों की सुनवाई करेंगी। प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि चेयरपर्सन रेनू भाटिया सोमवार, 05 जनवरी, 2026 प्रातः 11ः30 बजे लघु सचिवालय सभागार रेवाड़ी में शिकायतों की सुनवाई करेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।



खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं पर योन शोषण के आरोप बेहद गंभीर, आरोपी डायरेक्टर के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई: अभय सिंह चैटाला
प्रदेश की बेटियों पर अत्याचार किए जा रहे हैं तो जहां बीजेपी सरकार आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करके मामले को दबा रही है वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस चुप है
इससे पता चलता है कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों आरोपी को बचा रही हैं और आपस में मिली हुई हैं
सरकार को चेतावनी – कल तक अगर बीजेपी सरकार ने आरोपी के खिलाफ कोई कठोर एक्शन नहीं लिया तो इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चैटाला सैकड़ों महिलाओं के साथ हमारी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ धरने पर बैठेंगी
चंडीगढ़, 29 दिसम्बर, अभीतक: नारनोंद स्थित खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं द्वारा कॉलेज के डायरेक्टर पर यौन उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए जाने पर इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी अभय सिंह चैटाला ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में बेटियों का सरेआम यौन उत्पीड़न किया जा रहा है और बेहद शर्म की बात है कि सरकार बजाय आरोपी को गिरफ्तार करने के उलटा पीड़ित बच्चियों पर लाठीचार्ज करवा रही है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दिया था जो अब सिर्फ नारा बनकर रह गया है। हकीकत यह है कि बीजेपी के राज में आज बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं आज सडकों पर मारी मारी फिर रही हैं लेकिन उनको कोई न्याय नहीं दिया जा रहा। सरकार द्वारा पत्रकारों पर भी इस मामले को मीडिया में न छापने का दबाव बनाया जा रहा है। छात्राओं ने यौन उत्पीडन के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं और सरकार द्वारा बनाई गई जांच एजेंसी कह रही है कि उनकेे आरोप निराधार हैं। वहीं महिला आयोग की चेयरपर्सन ने माना है कि छात्राओं के आरोप बिल्कुल सही हैं। प्रदेश की बेटियों पर अत्याचार किए जा रहे हैं तो जहां बीजेपी सरकार आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करके मामले को दबा रही है वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस चुप है। इससे पता चलता है कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों आरोपी को बचा रही हैं और आपस में मिली हुई हैं। अभय सिंह चैटाला ने बीजेपी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कल तक अगर बीजेपी सरकार ने आरोपी के खिलाफ कोई कठोर एक्शन नहीं लिया तो इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चैटाला सैकड़ों महिलाओं के साथ हमारी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ धरने पर बैठेंगी।
बहादुरगढ: बहादुरगढ़ ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास।
भाजपा समर्थित चेयरपर्सन वर्षा गौतम को पद से हटाने के लिए बुलाई गई बैठक में हुआ अविश्वास प्रस्ताव पास।
बहादुरगढ़ ब्लॉक समिति के 29 में से 20 पार्षदों की मौजूदगी में लाया गया अविश्वास प्रस्ताव।
20 पार्षदों ने दिया चेयरपर्सन वर्षा गौतम के खिलाफ वोट।
झज्जर जिले के एडीसी जगनिवास की देखरेख में हुई कार्रवाई।
पार्षद बोले- भ्रष्टाचार और राजनीतिक मतभेदों के चलते चेयरपर्सन को हटाया पद से ।
8-9 करोड़ रुपये का बजट होने के बावजूद पिछले लंबे समय से अटके पड़े हैं गांवों में विकास कार्य।
नए साल में नया चेयरमैन बना कर किये जायेंगे काम पूरे।
कहा- बहादुरगढ़ के गांवों में बहेगी विकास को बयार।
बहादुरगढ: बहादुरगढ़ के बादली रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम अपनी बदहाली पर बहा रहा आंसू।
खेल सुविधाएं पूरी तरह चैपट।
स्टेडियम में गंदगी और अवैध कब्जों का बोलबाला।
बाथरूम पर नहीं दरवाजे, रनिंग ट्रैक उबड़-खाबड़, नालों की जालियां और मैनहोल कवर गायब।
स्टेडियम की जमीन पर गौशाला, मंदिर और डॉग शेल्टर बनाकर किया गया अतिक्रमण।
सरकारी कार्यक्रमों से पहले होती है सिर्फ खानापूर्ति वाली सफाई।
खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने स्टेडियम की सुध लेने और स्थायी स्टाफ नियुक्त करने की मांग की।
झज्जर:- बहादुरगढ़ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी।
एक साथ दो वारदातों का झज्जर की पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह ने किया खुलासा।
2 दिन पहले की एमपी एक्सप्रेसवे पर हुई 40 लख रुपए की लूट से उठा पर्दा।
भतीजे ने दोस्तों के साथ मिलकर रची थी चाचा से लूट की साजिश।
आरोपी भतीजे समेत चार लोग गिरफ्तार।
2 दिन पहले मामूली कहासुनी को लेकर लाठी डंडों से पीट कर युवक को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी भी गिरफ्तार।
चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में की सफलता हासिल।
नए साल पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर भी रहेगी झज्जर पुलिस की पैनी नजर।
लोगों से नए साल के दिन शराब का सेवन नहीं करने और नशे में गाड़ी नहीं चलने की पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री ने की अपील।
कोहरे के समय हादसों से बचने के लिए गाड़ी धीरे चलाने और यातायात के नियमों का पालन करने की भी अपील।



एसीबी ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘पीछा करो’ के अंतर्गत रिश्वत लेने के मामले मेंएक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
चंडीगढ़, 29 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल रेंज ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘पीछा करो’ के अंतर्गत एक और प्रभावी सफलता प्राप्त करते हुए रिश्वत लेने के मामले में संलिप्त एक निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेहरू पुत्र श्री जिले सिंह, निवासी पिल्लुखेड़ा, जिला जींद के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता द्वारा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उप-केन्द्र जींद में दी गई शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में उसने अपनी कृषि भूमि के बंटवारे के लिए नायब तहसीलदार, पिल्लुखेड़ा के समक्ष प्रकरण प्रस्तुत किया था। इस प्रक्रिया के अंतर्गत नक्शा-बे तैयार किए जाने के एवज में तत्कालीन कानूनगो सुरेश द्वारा ₹25,000 की अवैध रिश्वत की मांग की गई। शिकायत के अनुसार, कानूनगो सुरेश ने शिकायतकर्ता को बताया कि नेहरू, जो पिल्लुखेड़ा नहर के समीप दुकान संचालित करता है, उसका परिचित है तथा उसी के माध्यम से बातचीत की जाए। इसके पश्चात शिकायतकर्ता की मुलाकात नेहरू से कराई गई, जिसने आगे कानूनगो से संपर्क कर रिश्वत की राशि तय की। शिकायतकर्ता ने बताया कि आपसी सहमति के बाद नक्शा-बे तैयार करने के बदले में ₹15,000 में सौदा तय हुआ। आरोप है कि इस दौरान कानूनगो सुरेश द्वारा शिकायतकर्ता से ₹5,000 की राशि नेहरू के माध्यम से प्राप्त करवाई गई तथा शेष ₹10,000 बाद में देने की शर्त रखी गई, जिसके पश्चात ही नक्शा-बे तैयार किए जाने का आश्वासन दिया गया। प्राप्त शिकायत पर विधिवत कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल द्वारा आरोपी सुरेश (कानूनगो, तहसील पिल्लुखेड़ा) तथा नेहरू के विरुद्ध अभियोग संख्या दिनांक 06.09.2025 अंतर्गत धारा 7 एवं 7। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 तथा धारा 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल मंडल में मामला दर्ज किया गया। मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच के उपरांत आज दिनांक 29.12.2025 को आरोपी नेहरू को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपी के संबंध में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमुख अजय सिंघल ने दोहराया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी स्तर पर संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। जनहित में इस प्रकार के अभियानों को भविष्य में भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रखा जाएगा।
हरियाणा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक्शन प्लान !
पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की समीक्षा बैठक
2013 से प्रतिबंध के बावजूद पॉलीथीन प्रदूषण की बड़ी वजह, राव नरबीर सिंह
शहरों से जन-जागरूकता अभियान शुरू करने और एक महीने में विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश। अभियान में च्भ्म्क्, सिंचाई, उद्योग एवं शहरी स्थानीय निकाय विभागों की सक्रिय भागीदारी तय। दूषित जल रोकने के लिए ैज्च्दृब्म्ज्च् पर विशेष फोकस। यमुना में गिरने वाले 11 प्रमुख ड्रेनों से औद्योगिक अपशिष्ट के प्रभाव को कम करने के लिए तेजी से कार्य करने के निर्देश। पानीपत से जींद तक सड़क के नवीनीकरण को मंजूरी मिल गई है और टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दो चरणों में बनने वाली इस सड़क के साथ जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम भी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिली है। सरकार का विशेष ध्यान सड़कों, पुलों, संपर्क मार्गों और शहरी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर है। – श्री कृष्ण लाल पंवार, विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री
हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 1 जनवरी, 2026 को सुबह 11.00 बजे हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित होगी।
हरियाणा सरकार ने राज्य कैडर के आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से उनकी अचल संपत्ति का पूरा विवरण मांगा है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। दरअसल, केंद्र सरकार ने सभी आईएएस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 31 जनवरी 2026 तक अपनी अचल संपत्ति का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से जमा करें। आदेश में कहा गया है कि अगर अधिकारी तय समय सीमा तक अपनी संपत्ति का विवरण जमा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही पदोन्नति रोके जाने और सतर्कता मंजूरी न मिलने की चेतावनी भी दी गई है। इस कदम का उद्देश्य प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना बताया गया है।
एचटेट परीक्षा हेतु 4 जनवरी तक आवेदन करना सुनिश्चित करें अभ्यर्थी,
सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों से बनाए दूरी
परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी हेतु बोर्ड की आधिकारिक वेबसाईट पर विजिट करते रहें अभ्यर्थी
परीक्षा के पारदर्शी व सुव्यवस्थित संचालन हेतु शिक्षा बोर्ड द्वारा किए जा रहे हैं अभूतपूर्व प्रंबंध
भिवानी, 29 दिसम्बर, अभीतक: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाए जाने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 का निर्विघ्न, सुव्यवस्थित संचालन करने, विश्वसनीयता व पवित्रता बरकरार रखने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा अभूतपूर्व प्रबंध किए जा रहे हैं। इस संदर्भ में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष प्रो० (डॉ०) पवन कुमार ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 हेतु आवेदन 24 दिसम्बर, 2025 से लाईव कर दिए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ूूूण्इेमीण्वतहण्पद पर दिए गए लिंक के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढकरध्समझकर 04 जनवरी, 2026 (रात्रि 12रू00 बजे) तक ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें। ऑनलाइन आवेदन व परीक्षा शुल्क के सफलतापूर्वक जमा करने के बाद अभ्यर्थी पुष्टिकरण पृष्ठ (ब्वदपितउंजपवद च्ंहम) का प्रिंट लेना सुनिश्चित कर लें। उन्होंने आगे बताया कि अभ्यर्थी अपने विवरण, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठें का निशान, लेवल, विषय के चयन (लेवल 2 व 3), जाति वर्ग, दिव्यांग श्रेणी व गृह राज्य में 04 व 05 जनवरी, 2026 को ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैली हुई किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरोंध्दुष्प्रचार पर ध्यान न दें तथा समय रहते परीक्षा हेतु आवेदन करना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर को यदि किसी अभ्यर्थी के संज्ञान में आती है तो बोर्ड वेबसाइट पर दिए गए दूरभाष नम्बरों पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को तुरन्त सूचित करें, सूचना देने वाले अभ्यर्थियों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें, ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व अति-आवश्यक जानकारीध्सूचना से वंचित न रह जाएं। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा के सफल व पारदर्शी संचालन हेतु प्रदेशभर में परीक्षा केंद्रों की कड़ी निगरानी हेतु बोर्ड द्वारा प्रभावी उडनदस्तों का गठन किया जाएगा। परीक्षाओं की पल-पल की मानिटरिंग करने के उद्देश्य से भिवानी बोर्ड मुख्यालय पर एक अत्याधुनिक ए.आई. तकनीक से लैस हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल सैन्टर बनाया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल परीक्षा आरम्भ होने से काफी समय पूर्व परीक्षा केंद्रों के बाहर तैनात रहेगा।