Haryana Abhitak News 16/03/26

https://www.facebook.com/share/v/1D8PeMsaWi

https://www.facebook.com/share/v/1D1gJXw2qn

जटेला धाम में स्वामी नितानंद की वाणी सामाजिक सरोकार से आध्यात्मिक उत्कर्ष तक विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई
राष्ट्रीय संगोष्ठी की श्री महंत राजेन्द्र दास ने की अध्यक्षता

झज्जर, 16 मार्च, अभीतक: माजरा दूबलधन स्थित जटेला धाम में श्री महंत राजेन्द्र दास की अध्यक्षता में स्वामी नितानंद की वाणी सामाजिक सरोकार से आध्यात्मिक उत्कर्ष तक विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी पंचकूला की सहभागिता से तथा जनता कॉलेज के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग एवं स्वामी नितानंद वाणी प्रचार प्रसार समिति के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित हुई। संगोष्ठी का शुभारंभ स्वामी नितानंद जी महाराज की प्रतिमा के समक्षदीप प्रज्वलित करके किया।तत्पश्चात संगोष्ठी के मार्गदर्शक एवं संरक्षक प्रोफेसर यशवीर सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा कार्यक्रम के सह संयोजक डॉ. महेश कुमार ने संगोष्ठी का परिचय प्रस्तुत किया। प्रथम सत्र में दिल्ली से पधारी प्रोफेसर साधना शर्मा ने अपना बीज वक्तव्य दिया। उन्होंने बताया कि संत नितानंद की वाणी सत्य सहज जीवन, निष्काम कर्म, वाणी की मर्यादा, जीवन मूल्य आदि की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी है। संतों की वाणी मनुष्य की प्रकृति को विकृति से हटकर संस्कृति की ओर उन्मुख करती है। इसी सत्र की दूसरी वक्ता दिल्ली के भारती कॉलेज की सह आचार्या डॉ. आशा तिवारी ने संत नितानंद की वाणी के आध्यात्मिक पक्ष के विविध आयामों को स्पर्श किया तथा सामाजिक समरसतापर प्रकाश डाला। डॉ मनमोहन शर्मा ने स्वामी नितानंद की वाणी का अमूल्य ग्रंथ सत्य सिद्धांत प्रकाश का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया। महंत राजेंद्र दास जी महाराज ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि संतों की वाणी जीव कल्याण के लिए है। सभी संत यह बताते हैं कि जीवन को सार्थक करना जरूरी है तथा मनुष्य मात्र को अपना जीवन सात्विक ढंग से जीना चाहिए। दूसरे सत्र में मुख्य वक्ता प्रोफेसर विश्व बंधु शर्मा ने संत नितानंद की वाणी के अनेक पक्षों पर व्यापक विमर्श किया तथा शोधार्थियों को शोध पत्र लेखन की विधि संबंधी अनेक जानकारियाँ दीं। इस सत्र में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन शर्मा ने मुख्यअतिथि के रूप् में शिरकत की। उन्होंने नितानंद की वाणी को अध्यात्म से जोड़ते हुए जाग्रत अवस्था के बारे में अनेक जानकारिया ँप्रदान की। इस तरह से शोधार्थियों के लिए यह संगोष्ठी बहुत उपयोगी सिद्ध हुई। जनता महाविद्यालय चरखी दादरी के हिंदी विभाग की साधना, राजेश कुमारी, रजनी, मीनाक्षी आदि छात्राओं ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। डॉ. दयानंद कादयान, डॉ. रोहित नारा, डॉ. किरण आदि आदि प्राध्यापकों सहित 40 शोधार्थियों ने अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए।अंत में संगोष्ठी की संयोजक डॉ. हेमलता शर्मा ने सभी वक्ताओं, शोधार्थियों, प्राध्यापकों का धन्यवाद ज्ञापन किया। संगोष्ठी का संचालन डॉ. महेंद्र सिंह एवं डॉ. दयानंद कादयान ने किया।

झज्जर स्थित लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक की अध्यक्षता करते डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल।

आमजन को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करे विभाग: डीसी
डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की सातवीं बैठक में दिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश

झज्जर, 16 मार्च, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडबल्यूएसएम) की सातवीं बैठक आयोजित हुई। इससे पहले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता अमित श्योकन्द ने डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल का स्वागत किया और 22 मार्च तक चलने वाले जल महोत्सव पखवाड़ा की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि आमजन को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति प्रदान करना सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल समुचित मात्रा में मिले, इसके लिए गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग अभी से विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। उन्होंने ग्रामीण व शहरी पेयजल उपभोक्ताओं को बकाया पेयजल बिल अदा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग व बिजली विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा ताकि गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल की किल्ल्त का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही लीकेज व इंसेंटरी पेयजल कनेक्शन,बिना टूटी के खुले चल रहें नलों को चिन्हित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीसी ने जल महोत्सव को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जन को जल संरक्षण, जल प्रबंधन व पेयजल की शुद्धता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जागरूक करना है, ताकि आम जन की सहभागिता हो सके। बैठक में नोडल ऑफिसर एक्सईएन अश्वनी सांगवान ने विभाग की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जल अर्पण दिवस, विश्व महिला दिवस व वर्ल्ड पलंबर डे कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा चुका है। वहीं 22 मार्च को विश्व जल दिवस मनाया जायेगा स उन्होंने आम जन से भी पेयजल बिल समय पर अदा करने की अपील की।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, जनस्वास्थ्य विभाग के एसई अमित श्योकंद, डीडीपीओ निशा तंवर, कार्यकारी अभियंता अश्विनी सांगवान, बहादुरगढ से एक्सईएन अमन मोर, राजेश कौशिक, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी के जिला सलाहकार श्याम अहलावत, सिंचाई विभाग से पुुनीत कुमार, शिक्षा विभाग से राजबाला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

झज्जर स्थित लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर के दौरान आमजन की समस्याएं सुनते डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल।

अधिकारी समाधान शिविर की हर शिकायत का यथाशीघ्र करें उचित निपटारा: डीसी
एक छत के नीचे सभी विभागों से संबंधित हर शिकायत के तुरंत निपटारे के उद्देश्य से आयोजित किये जा रहे समाधान शिविर
डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने जिला स्तरीय समाधान शिविर में सुनी समस्याएं

झज्जर, 16 मार्च, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे समाधान शिविर में प्राप्त हर शिकायत का यथाशीघ्र उचित निपटारा सुनिश्चित करें। समाधान शिविर में हर विभाग से संबंधित हर शिकायत का एक छत के नीचे तुरंत निपटारा करने का लक्ष्य रखा गया है। डीसी सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में नागरिकों की समस्या सुन रहे थे। समाधान शिविर में लगभग एक दर्जन शिकायतें दर्ज की गई हैं। डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं बहादुरगढ़, बेरी व बादली उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे समाधान शिविरों की शिकायतों का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद करें। अधिकारी नागरिक को शिकायत निपटारे के लिए विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें, ताकि शिकायत का स्थायी समाधान हो सके। इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर अंकित कुमार चैकसे, सीटीएम नमिता कुमारी, सतेंद्र जाखड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य व्यक्तिउपस्थित रहे।

दिव्यांगजनों की मदद करना पुण्य का कार्य: एसडीएम
बेरी स्थित लघु सचिवालय परिसर में एसडीएम रेणुका नांदल, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के लिए बैटरियां भेंट कीं

बेरी, 16 मार्च, अभीतक: बेरी की एसडीएम रेणुका नांदल ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक दिव्यांगजन को उसकी मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के लिए नई बैटरियां भेंट कीं। यह बैटरियां सोमवार को बेरी स्थित लघु सचिवालय परिसर में प्रदान की गईं, जिससे दिव्यांगजन को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह दिव्यांगजन बाघपुर निवासी देवेंद्र सिंह ने एसडीएम कार्यालय में पहुंचकर अपनी मोटराइज्ड ट्राई साइकिल की खराब हो चुकी बैटरियों को बदलवाने की मांग रखी थी। बैटरियों के खराब होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों और आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले की गंभीरता को समझते हुए एसडीएम रेणुका नांदल ने तुरंत जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के बाद रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के लिए नई बैटरियों की व्यवस्था करवाई गई। सोमवार को लघु सचिवालय परिसर में एसडीएम रेणुका नांदल ने दिव्यांगजन देवेन्द्र सिंह को दोनों बैटरियां सौंपते हुए उन्हें इसका सही तरीके से उपयोग करने और आत्मनिर्भर बनकर जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहता है और दिव्यांगजन को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान दिव्यांगजन देवेंद्र सिंह ने एसडीएम रेणुका नांदल और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई बैटरियां मिलने से उन्हें अब आवागमन में काफी सुविधा होगी और वे अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सकेंगे।

झज्जर में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों की सुनवाई के लिए बिजली अदालत 17 मार्च को
झज्जर, 16 मार्च, अभीतक: उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) द्वारा अधीक्षण अभियंता कार्यालय में आज 17 मार्च मंगलवार को बिजली अदालत व उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम की बैठक का आयोजन किया जाएगा। बिजली अदालत तथा उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम की बैठक का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक किया जाएगा। यह अदालत फोरम के चेयरमैन एवं बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ऑपरेशन सर्कल झज्जर की अध्यक्षता में होगी। प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को झज्जर कार्यालय में सुना जाएगा। इस दौरान बिजली बिल, कनेक्शन और अन्य तकनीकी समस्याओं से जुड़े परिवादों की समीक्षा की जाएगी।

राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर जिले में चला विशेष अभियान, लगाए गए 869 टीके: सीएमओ डॉ मंजू कादयान’
झज्जर, 16 मार्च, अभीतक: राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग झज्जर द्वारा जिले भर में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला उपायुक्त श्री स्वप्निल रविंद्र पाटील के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं सत्र स्थलों पर बच्चों का टीकाकरण किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यक्रम अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. बसंत दुबे ने बताया कि सिविल सर्जन डॉक्टर मंजू कादयान के निर्देश अनुसार राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिले में विशेष जागरूकता गतिविधियां एवं टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के दौरान आज पूरे जिले में कुल 869 टीके लगाए गए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे तथा छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण भी जल्द पूरा कराया जाए। सिविल सर्जन झज्जर डॉ. मंजू कादयान ने जिले के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का समय पर पूर्ण टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। इसके साथ ही 14 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीन भी स्वास्थ्य संस्थानों पर उपलब्ध है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे टीकाकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आशा या एएनएम से संपर्क कर बच्चों एवं किशोरियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं।

समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनते हुए डीसी अभिषेक मीणा।

समाधान शिविर जनसमस्याओं के निवारण का बने प्रभावी माध्यम: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने समाधान शिविर में सुनी आमजन की समस्याएं

रेवाड़ी, 16 मार्च, अभीतक: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर जन समस्याओं के निवारण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। डीसी ने लोगों की शिकायतें सुनते हुए मौके पर ही निवारण करवाया और लंबित शिकायतों के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों प्राथमिकता से निवारण करवाने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में गांव बगथला में पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीसी ने डीडीपीओ को जांच करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। धारूहेड़ा के सेक्टर-4 में ग्रीन बैल्ट पर शौचालय बनाने की शिकायत पर डीसी ने एचएसवीपी के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। डीसी ने समाधान शिविर में आए गांव नांगल पठानी के रामपाल की मौके पर ही विधुर पेंशन भी बनवाई। इसके अलावा समाधान शिविर में आई प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, बिजली और पुलिस विभाग की शिकायतों का डीसी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से निवारण करवाने के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि समाधान शिविर का लाभ उठाते हुए अपनी शिकायतों का समाधान करवाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक लेते हुए डीसी अभिषेक मीणा।

डीसी ने जिला स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी के साथ की बैठक
नियमित होने वाली कॉलोनियों में विकास कार्य करवाने को लेकर दिए दिशा-निर्देश

रेवाड़ी, 16 मार्च, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक हुई। बैठक में डीसी ने जिला में विभिन्न क्षेत्रों में नियमितीकरण के नियम पूरी करने वाली आबादी क्षेत्र के बारे में रिपोर्ट तैयार करने संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा हरियाणा नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की कमी वाले क्षेत्रों के प्रबंधन (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 2021 के तहत नगर-निगम, नगर परिषद व नगर पालिका सीमा से बाहर अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने संबंधी अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए नीति अधिसूचित की गई है। उन्होंने नियमितीकरण के नियम पूरी करने वाली आबादी क्षेत्र के बारे में रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।डीसी ने जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नीति के तहत नियमित होने वाली कॉलोनियों में विकास कार्य करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी कंपनियां जो नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की कमी वाले क्षेत्रों के रूप में घोषित करने के लिए आवेदन जमा नहीं करेंगी, वे अनाधिकृतध्अवैध बनी रहेंगी। इसके अलावा उन कॉलोनियों और क्षेत्रों में जलापूर्ति और अन्य सेवाओं जैसे सीवरेज, ड्रेनेज, बिजली आदि के लिए कोई कनेक्शन प्रदान नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, जिला योजनाकार अधिकारी मनदीप सिहाग, डीडीपीओ एचपी बंसल, अग्निशमन अधिकारी नीतिश भारद्वाज और अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

जिला बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए डीसी अभिषेक मीणा।

चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संवेदनशील मामलों में हो त्वरित कार्रवाई: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने जिला बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के साथ की बैठक

रेवाड़ी, 16 मार्च, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। डीसी ने बैठक में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास, स्पॉन्सरशिप, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीसी अभिषेक मीणा ने गोद लेने की प्रक्रिया के संबंध में जिला स्तरीय समिति के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित बच्चों को आवश्यक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपिका यादव ने बताया कि इस साल जिला रेवाड़ी में पंजीकृत बाल संरक्षण से संबंधित 76 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें बाल श्रम, बाल विवाह, गुमशुदा बच्चों और पॉक्सो एक्ट आदि केस शामिल है। उन्होंने बताया कि जिला में पॉक्सो एक्ट और बाल सुरक्षा को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम भी लगातार किए जा रहे है। बाल श्रम रोकने के लिए भी टीम द्वारा रेड करने की कार्रवाई की जाती है। वहीं इन बच्चों की मेडिकल जांच व काउंसिलिंग भी करवाई जाती है। इसके उपरांत डीसी अभिषेक मीणा ने गोद लेने की प्रक्रिया के संबंध में जिला स्तरीय समिति के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिला में दत्तक दंपतियों द्वारा गोद लिए बच्चों के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि बच्चा गोद लेने की प्रक्रिया पूरी तरह कानूनी रूप से मान्य और पारदर्शी होनी चाहिए। जो भी बच्चा गोद दिया गया है उसकी भी सुरक्षा को लेकर मॉनिटरिंग की जानी सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव, डीएसपी जोगिंद्र शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत नाहड़ आकांक्षी खंड की समीक्षा बैठक करते हुए डीसी अभिषेक मीणा।

संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत खंड नाहड़ में 14 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम
डीसी अभिषेक मीणा ने की आकांक्षी खंड नाहड़ में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा

रेवाड़ी, 16 मार्च, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आकांक्षी खंड नाहड़ को पूर्ण रूप से विकसित ब्लॉक बनाने को लेकर आयोजित किए जा रहे कार्यो की समीक्षा की। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 को शुरू किया गया है। अभियान के सफल संचालन को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत केंद्र सरकार के नीति आयोग द्वारा 6 पैरामीटर को शामिल किया गया है। सभी संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी इन मानकों का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए एकजुटता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व शौचालय की उचित व्यवस्था हो। इसी प्रकार खंड के प्रत्येक राजकीय व निजी विद्यालय में लड़कियों के लिए साफ-सुथरा शौचालय बना होना चाहिए। बैठक में एडीसी एवं सीईओ जिला परिषद राहुल मोदी ने बताया कि संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत पोषाहार, स्वच्छता एवं पशुपालन की दृष्टि से 6 मानकों तय किए गए है, जिसके तहत नाहड़ खंड को पूर्ण रूप से विकसित बनाने के लिए 14 अप्रैल तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। नाहड़ ब्लॉक में मानकों के तहत 6 माह से 6 साल तक की आयु के सभी बच्चों को रोजाना पूरक पोषाहार दिया जाए। हर एक बच्चे का रिकॉर्ड होना चाहिए, जिनको नियमित रूप से प्रतिदिन पोषण आहार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी आयु वर्ग के बच्चों के कद व वजन का माप महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण ट्रैकर पर अपलोड होना चाहिए। इसके लिए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में मापन मशीनें ठीक होनी चाहिए। सभी दुधारू पशुओं के एफएमडी वैक्सीन लगाई जाए। एक भी पालतू पशु इस वैक्सीन से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्राइवेट स्कूलों में जो बच्चे पढ़ रहे हैं, उनका विवरण लेकर उन्हें पोषाहार के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्कूलों में लड़कियों के शौचालयों की स्थिति और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल सुविधा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 14 अप्रैल तक आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों में पेयजल सुविधा, टीबी, स्वास्थ्य, मातृत्व व नवजात शिशु सुरक्षा और पोषण, शिक्षा आदि को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। बैठक में एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव, डीएसपी जोगेंद्र शर्मा, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव, बीडीपीओ नाहड़ अनिल कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक निशीथ व्हाईट आदि मौजूद रहे।

महिला थाना बहादुरगढ़ का पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने किया औचक निरीक्षण’
अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश, कहा दृ पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें’

बहादुरगढ, 16 मार्च, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने सोमवार को महिला थाना बहादुरगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में तैनात अनुसंधानकर्ताओं (आईओ) की बैठक भी ली और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने कहा कि महिला संबंधित मामलों में पीड़ितों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी महिला की शिकायत या दरखास्त प्राप्त होने पर तुरंत उचित कार्रवाई की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार पीड़ितों में विश्वास पैदा करने वाला होना चाहिए ताकि वे बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिए कि सभी मामलों की जांच कानून के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार की जाए। उन्होंने कहा कि जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए।पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ठोस और मजबूत साक्ष्य जुटाकर उन्हें कानून के तहत सजा दिलाना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला थाना आने वाली प्रत्येक पीड़िता को सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।

राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल भुरावास के वंश ने सुपर 100 में लहराया परचम
झज्जर, 16 मार्च, अभीतक: राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूरावास की कक्षा 10 के विद्यार्थी वंश शर्मा ने सुपर-100 लेवल 1 की परीक्षा उत्तीर्ण करके प्रदेश स्तर पर भूरावास विद्यालय का नाम रोशन किया है। अब वंश शर्मा को लेवल -2 परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए 2 वर्ष तक विकल्प अकादमी रेवाड़ी में एनआईआईटी, आईआईटी में प्रवेश हेतु सरकारी खर्च पर निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा व आवासीय सुविधाएं प्रदान की जाएगी। सालावास ब्लॉक में से मात्र पांच विद्यार्थियों का चयन हुआ है, इनमें से वंश शर्मा एक है। समस्त विद्यालय परिवार की ओर से व होनहार विद्यार्थी वंश को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी । अब आगे की तैयारी के लिए वंश पहले की भांति अपने विद्यालय के शिक्षकों मार्ग निर्देशन प्राप्त करेगा।

गरीब की बेटी का घर बसाना सबसे बड़ा पुण्य: कर्मवीर सैनी
अर्जुन स्टेडियम में मानवता का अनूठा उत्सवय 32 बेटियों को मिला सपनों का नया घर

जींद, 16 मार्च, अभीतक: शहर के अर्जुन स्टेडियम में रविवार को सामाजिक संस्था युवा मित्र मंडल की ओर से भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 32 कन्याओं का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के साथ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। अपने संबोधन में कर्मवीर सैनी ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक संवेदना का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। जिन माता-पिता के मन में वर्षों से बेटियों के विवाह की चिंता थी, आज वह चिंता खुशी और संतोष में बदल गई है। कर्मवीर सैनी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बेटियों को देवी का रूप माना गया है। बेटी घर की खुशियों की वह रोशनी होती है जो पूरे परिवार को प्रेम और संस्कारों के सूत्र में बांधकर रखती है। लेकिन कई गरीब परिवारों के लिए बेटी का विवाह एक बड़ी चिंता बन जाता है। ऐसे में युवा मित्र मंडल जैसे सामाजिक संगठनों द्वारा सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज सेवा की सर्वोत्तम मिसाल बनकर सामने आते हैं। कर्मवीर सैनी ने समारोह के आयोजक युवा मित्र मंडल,समाजसेवियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कई परिवारों के जीवन में खुशियों का दीप जला है। मानवता का अनुपम उदाहरण बने इस प्रकार के समारोह समय-समय पर होते रहने चाहिए। बेटियों के बारे बताते हुए उन्होंने कहा कि बेटियां भगवान की सबसे सुंदर सौगात होती हैं, घर की खुशियों की मीठी सी मुस्कान होती हैं। जिस घर में बेटियों की हंसी गूंजती रहती है,वही घर सच में स्वर्ग के समान होता है। नवविवाहित जोड़ों को संदेश देते हुए राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। इस रिश्ते की सबसे बड़ी शक्ति विश्वास, सम्मान और प्रेम है। यदि ये तीनों जीवन में बने रहें तो हर कठिनाई आसान हो जाती है। उन्होंने बेटियों को अपने संस्कारों और प्रेम से नए घर को खुशियों से भरने का संदेश दिया, वहीं बेटों से कहा कि जीवनसाथी का सम्मान करना ही अच्छे संस्कारों की पहचान है क्योंकि पत्नी केवल जीवनसंगिनी ही नहीं बल्कि सबसे अच्छी मित्र और सच्ची साथी भी होती है। नव विवाहित जोड़ों से आह्वान करनते हुए कर्मवीर सैनी ने कहा कि वे अपने दांपत्य जीवन को ऐसा सुखद और प्रेरणादायक बने,जिससे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें। समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के प्रतिनिधि रुद्राक्ष मिड्ढा, नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी, आम आदमी पार्टी की नेता डॉ. रजनीश जैन, कांग्रेसी नेता पवन गर्ग, राजेंद्र सैनी, राजू लखीना, सुभाष सैनी, सेवा सिंह सैनी, सूरजभान समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और नवयुगलों के परिवारजन उपस्थित रहे तथा नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया
रेवाड़ी, 16 मार्च, अभीतक: अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने शनिवार को विशेष सर्च अभियान चलाया। यह अभियान थाना कोसली और रामपुरा क्षेत्र में चलाया गया, जहां पुलिस टीमों ने ईंट भट्टों सहित झुग्गी-झोपड़ियों, होटलों, पोल्ट्री फार्म और अन्य संदिग्ध स्थानों पर गहन जांच की। पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करना और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जांच कर लोगों की पहचान और दस्तावेजों की भी पड़ताल की।

25 हजार रुपये लेते हुए थाने के हेल्पर व महिला सब इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार
गुरूग्राम, 16 मार्च, अभीतक: गुरुग्राम कुछ दिन पहले दो पक्ष थाने में झगड़े की शिकायत लेकर पहुंचे थे। मामले की जांच महिला सब इंस्पेक्टर दामोद को दी गई थी। मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ, इसमें समझौता कराने के लिए एक पक्ष से 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। बात 25 हजार रुपये में तय हुई। इस पर शिकायतकर्ता ने एसीबी को इसकी शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को 25 हजार रुपये के साथ थाने के पास भेजा। यहां एसआई ने रुपये थाने के हेल्पर को देने के लिए कहा। इसी दौरान टीम ने 25 हजार रुपये लेते हुए थाने के हेल्पर दीपक और महिला सब इंस्पेक्टर दामोद को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

पिता अपनी दो साल की बेटी को गोद में उठाकर सोसाइटी की 23वीं मंजिल से कूदा, दोनों की मौके पर ही मौत
गुरूग्राम, 16 मार्च, अभीतक: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को एक पिता अपनी दो साल की बेटी को गोद में उठाकर सोसाइटी की 23वीं मंजिल से कूद गया। नीचे गिरते ही दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के नांगलोई निवासी राहुल के तौर पर हुई है। वह गुरुग्राम में सेक्टर-102 स्थित जॉयविला सोसाइटी में पत्नी और बेटी के साथ रहता था। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि व्यक्ति ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जनता की आवाज भगवान की आवाज है और जनता ने मुझे कांग्रेस और बीजेपी से दूरी बनाने को कहा है: अभय सिंह चैटाला
कहा – हमने प्रदेश के सभी विधानसभाओं में 1-1 पर्यवेक्षक भेजा था, उनके फीडबैक मिलने के बाद हमने मतदान से गैरहाजिर रहने का फैसला किया है
विधानसभा चुनाव में सारी टिकट भूपेंद्र हुड्डा ने बांटी है, अगर क्रॉस वोटिंग होती है तो उसके लिए वही जिम्मेदार होंगे
आज विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग हो रही है जो लोकतंत्र के खिलाफ है, हॉर्स ट्रेडिंग में खरीदने वाले और बिकने वाले दोनों ही पक्ष दोषी होते हैं
बीजेपी सांपनाथ है, कांग्रेस नागनाथ है और तीसरा बिच्छूनाथ है, एक पार्टी को तो जनता ने साइडलाइन कर दिया है, आगे 2029 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस को भी जनता आइना दिखा देगी

चंडीगढ़, 16 मार्च, अभीतक: इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी अभय सिंह चैटाला ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यसभा चुनाव में वोट देने के मुद्दे पर कहा कि जनता की आवाज भगवान की आवाज है और जनता ने मुझे कांग्रेस और बीजेपी से दूरी बनाने को कहा है। ऐसे में पार्टी के दोनों विधायक मतदान से अनुपस्थित रहेंगे। कांग्रेस से हमारी दूरी पहले से ही है। वही बीजेपी ने पिछले ग्यारह सालों में जातिवाद, सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और विधायक रामकुमार गौतम की भाषा इनेलो विरोधी रही है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी हमारे बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। हम बीजेपी को वोट किसी कीमत पर नहीं देंगे। इस दौरान इनेलो के दोनों विधायक अदित्य देवीलाल और विधायक अर्जुन चैटाला भी उनके साथ मौजूद रहे। चुनाव से पूर्व भूपेंद्र सिंह हुड्डा 37 विधायकों के समर्थन का दावा करते थे। लेकिन ऐसा नहीं होता लग रहा। कांग्रेस में भी कुछ विरोधी है। मतदान के दौरान भूपेंद्र हुड्डा परेशान दिखाई दे रहे थे। कांग्रेस अपने 37 विधायकों को संभाले। विधानसभा चुनाव में सारी टिकट भूपेंद्र हुड्डा ने बांटी है। क्रॉस वोटिंग के लिए वही जिम्मेदार होंगे। कांग्रेस में 100 करोड़ रुपए देकर राज्यसभा सांसद बनते हैं। बीजेपी बताए उसने कितने खर्च किया। मीडिया के अनुसार बीजेपी द्वारा कांग्रेस विधायकों को 20-20 करोड़ रुपए में खरीदा जा रहा है। कांग्रेस को विधायकों की खरीद फरोख्त पर अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए। आज विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग हो रही है। जो लोकतंत्र के खिलाफ है। जिस पार्टी के विधायक बिकते है, तो उस पार्टी पर भी सवालिया निशान लगता है। हॉर्स ट्रेडिंग में खरीदने वाले और बिकने वाले दोनों ही पक्ष दोषी होते हैं। इसका कारण ये है कि टिकट देते समय सही प्रत्याशी को नहीं चुना गया। अभय सिंह चैटाला ने कहा कि क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए भी कानून बनाना चाहिए। क्रॉस वोटिंग करने वालों पर भी 6 साल चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगना चाहिए। निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के वोट मांगने पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि नांदल का कॉल आया था। मेरे वोट डालने या नहीं डालने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अभय सिंह चैटाला ने कहा कि हमने प्रदेश के सभी विधानसभाओं में 1 पर्यवेक्षक भेजा था। उनके फीडबैक मिलने के बाद हमने मतदान से गैरहाजिर रहने का फैसला किया है। हरियाणा में 3 पार्टी प्रदेश का नाश कर रही हैं। कुल मिलाकर बीजेपी सांपनाथ है, कांग्रेस नागनाथ है और तीसरा बिच्छू नाथ है। तीन में से एक पार्टी को तो जनता ने साइडलाइन कर दिया है। आगे 2029 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस को भी जनता आइना दिखा देगी।

जर्नलिस्ट क्लब के नए पदाधिकारियों की घोषणा, डॉ विष्णु दत्त शास्त्री बने उप-प्रधान’
भिवानी, 16 मार्च, अभीतक: जर्नलिस्ट क्लब भिवानी के नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। क्लब के महा सचिव प्रदीप चैहान ने बताया कि प्रधान ईश्वर धामु से विचार विमश कर तोशाम से वरिष्ठ पत्रकार डॉक्टर विष्णु दत्त शास्त्री को उप-प्रधान नियुक्त किया गया है। इनके अलावा श्रीमती शशी कौशिक को सह-सचिव और मुकेश भारद्वाज को कोषाधिकारी पद की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदीप चैहान ने बताया कि ये नियुक्तियां तीन साल के लिए की गई है। उन्होने आगे बताया कि अब भविष्य में क्लब के होने वाले सभी कार्यक्रम के लिए चार प्रोजेक्ट डायरेक्टर भी बनाए गए हैं। इनमें लोहारू से राजेन्द्र सैनी, राकेश वर्मा, सुखदेव और गुलशन टांक को प्रोजेक्ट डायरेक्टर बनाया गया है। क्लब के सभी कार्यक्रमों की व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स की होगी। महासचिव प्रदीप चैहान ने बताया कि अप्रैल माह में क्लब की और से श्रीमद्भगवत गीता और पत्रकारिता विषय पर एक विचार संगोष्ठी करवाई जायेगी, जिसमें गीता मनीषी श्री ज्ञानानंद जी महाराज मुख्य वक्ता रहेगा। उन्होने यह भी बताया कि क्लब की ओर से जल्द ही यूट्यूब पत्रकारों को मान-सम्मान दिलवाने के लिए मुख्यमंत्री के नाम एक उपायुक्त के माध्यम से भेजा जायेगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 में कार्यकर्ताओं को मिला विकास का’ मंत्र
जींद के पिंडारा, गतौली व जुलाना मंडल में कार्यशालाएं, मुख्यमंत्री मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने रखे केंद्र व हरियाणा सरकार की 10 वर्षों की उपलब्धियों के तथ्य’
संगठन की विचारधारा और अंत्योदय के सिद्धांत पर विस्तृत चर्चा, योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान’
उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी’

जींद, 16 मार्च, अभीतक: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान -2026 के तहत जींद जिले के पिंडारा, गतौली और जुलाना मंडल में आयोजित कार्यशालाओं में हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने बतौर मुख्य वक्ता कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा पिछले दस वर्षों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का तुलनात्मक अध्ययन कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में अशोक छाबड़ा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश में विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई परंपरा स्थापित हुई है। केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा पिछले दस वर्षों में किए गए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत विवरण कार्यकर्ताओं के सामने रखा। अशोक छाबड़ा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश में विकास की नई दिशा और गति देखने को मिली है। केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से 9 करोड़ से अधिक महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के करोड़ों परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आर्थिक सहायता दी जा रही है। हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत किया गया है। ‘मेरी फैमिली-मेरी पहचान, ई-टेंडरिंग प्रणाली, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन ट्रांसफर नीति जैसी पहलों से प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाया गया है। कार्यशाला के दौरान उन्होंने संगठन के सिद्धांतों, विचारधारा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उत्साह और ऊर्जा से भरे कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए उन्होंने सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की। अशोक छाबड़ा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की हैं तथा प्रदेश में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। कार्यशाला के दौरान अशोक छाबड़ा ने कार्यकर्ताओं के’ साथ संगठन के सिद्धांतों, विचारधारा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन के समर्पित कार्यकर्ता ही सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे मजबूत माध्यम हैं।
प्रमुख वक्तव्य
पिछले दस वर्षों में विकास और सुशासन की नई मिसाल स्थापित हुई है।
अंत्योदय के सिद्धांत के अनुसार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।
संगठन के समर्पित कार्यकर्ता ही सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
पारदर्शिता और जवाबदेही हरियाणा सरकार की कार्यशैली की पहचान बन चुकी है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और क्षमता को नई दिशा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *