Haryana Abhitak News 24/03/26

https://www.facebook.com/share/v/18ZqfG9qvh

https://www.facebook.com/share/v/18J7qDccnG

https://www.facebook.com/share/v/1CUXxoC7oy

https://www.facebook.com/share/v/17DyTKcWT6

इंडो अमेरिकन स्कूल के विद्यार्थी विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम कर रहे रोशन
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: दिल्ली गेट पर स्थित इंडो अमेरिकन स्कूल के विद्यार्थी समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अपने विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी क्रम में विद्यालय की कक्षा पहली की छात्राओं रिद्धि व भूमिका और छात्र प्रतीक ने सिल्वर जोन हिंदी ओलंपियाड में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इसी क्रम में कक्षा नौवीं की छात्रा वीरिका ने सिल्वर जोन जनरल नॉलेज ओलंपियाड व कक्षा 9वी के छात्र रजत ने सिल्वर जोन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ओलंपियाड में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ एस.ओ.एफ. मैथ्स ओलिंपियाड में कक्षा पहली से रिद्धि, आदि व प्रिंस, कक्षा दूसरी से धानी, कक्षा तीसरी से विशेष, दिव्यांशी, मीतांशी, मयंक, कक्षा चैथी से वासु, केशव पवार, मानवी यादव, कक्षा पांचवी से परी, कक्षा छठी से भूमिका, कक्षा सातवीं से निलांशी व कक्षा आठवीं से दक्ष और नारायण मिश्र ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष और गर्व का वातावरण बना हुआ है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार सिल्वर जोन ओलंपियाड व एस. ओ. एफ.ओलंपियाड परीक्षाओ में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्कूल निदेशक बिजेंद्र काद्यान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन से ही प्राप्त होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया कि वे पूरे मनोयोग से अध्ययन कर ऐसे ही श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करें। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की आशा व्यक्त की।

ग्रेजुएशन डे पर नर्सरी से दूसरी कक्षा का परिणाम घोषित, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, झज्जर में ग्रेजुएशन डे समारोह बड़े ही उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।समारोह में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और भी बढ़ा दिया। अपने बच्चों को ग्रेजुएशन परिधान में देखकर अभिभावक भावुक और गौरवान्वित नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात् विद्यार्थियों ने नृत्य और अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों का आत्मविश्वास, मंच पर उनकी सहज प्रस्तुति और उत्साह उपस्थित दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के चेहरे पर झलकती खुशी और आत्मविश्वास पूरे वातावरण को आनंदमय बना रहे थे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री पंकज वालिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही जीवन की सुदृढ़ नींव होती है। उन्होंने कहा कि डी ए वी संस्थाओं का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों का समुचित विकास करना भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों के साथ अधिक समय बिताएं और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचें, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पूरे परिसर में खुशी, गर्व और उत्सव का वातावरण व्याप्त था, जो इस आयोजन की सफलता को दर्शाता है।

बेरी में विश्व शांति महायज्ञ, 11,000 दीपों से होगा आलोकित, 750 पुलिस कर्मियों की तैनाती’
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा’

बेरी, 24 मार्च, अभीतक: नवरात्रि पर्व के अवसर पर माता भीमेश्वरी देवी मंदिर, बेरी में आयोजित हो रहे भव्य मेले के दौरान तीन दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं का लगातार आगमन जारी है। विशेष आकर्षण के रूप में 11,000 दीप प्रज्वलित कर पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित किया जाएगा।महायज्ञ की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले पुराने मंदिर परिसर के समीप बने यज्ञ स्थल का निरीक्षण किया, जहां 51 वैदिक पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दी जाएंगी।पुलिस कमिश्नर ने इस आयोजन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि विश्व शांति और सामाजिक एकता का भी महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से संवाद कर श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के उपरांत डॉ. राजश्री सिंह ने माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने मेले में लगाए गए सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया।उन्होंने जानकारी दी कि मेले की सुरक्षा के लिए लगभग 750 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। मेले के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पुलिस बल शिफ्टों में तैनात है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, साथ ही निरंतर पेट्रोलिंग और कंट्रोल रूम के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए रखी जा रही है।पुलिस कमिश्नर ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस विश्व शांति महायज्ञ में भाग लें, आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त करें और प्रशासन का सहयोग करते हुए नियमों का पालन करें।

ऑफिसर कालोनी के हनुमान मंदिर में भंडारा 2 अप्रैल को
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 अप्रैल को गुरुग्राम रोड स्थित आफिसर्ज कॉलोनी के हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ भंडारे का आयोजन होगा। यह जानकारी मन्दिर के सेवक अनिल कपूर ने दी। मंदिर के सेवक अनिल कपूर ने सभी भक्तजनों से अपील करते हुए कहा है कि वे इस अवसर पर पहुंचकर भंडारा ले और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाए। उन्होंने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव को लेकर 2 अप्रैल को सुबह 7 बजे सुन्दरकांड, 8 बजे हवन, 11 बजे कन्या पूजन व ब्रह्मभोज व दोपहर 12 बजे भण्डारे का आयोजन होगा।

नवयुग हाई स्कूल में वार्षिक उत्सव का आयोजन
बहादुरगढ़, 24 मार्च, अभीतक: नवयुग हाई स्कूल, जौहरी नगर लाइन पार में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विशिष्ट अतिथि के रूप में डीडीओ श्री अनूप दलाल और वार्ड के उब श्री करमवीर शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान से हुई। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय की डायरेक्टर मिस मोनिका डागर ने सबको सम्बोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय ले चेयरमैन श्री आर एस डागर और विशेष अतिथियों द्वारा सत्र 2025-26 के ऐकडेमिक पुरस्कार छात्रों को दिए गए ।वाईस चेयरमैन श्री विकास डागर ने सभी अतिथियो को शील्ड और बुके दे कर सम्मानित किया। इसके साथ ही कक्षा नर्सरी से दसवीं तक के बच्चों ने नृत्य, संगीत, योगा तथा नाटक जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मीना जांगड़ा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान की सराहना की।

विश्व ओरल हेल्थ माह के अंतर्गत दंत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का हुआ आयोजन’
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: विश्व ओरल हेल्थ माह के उपलक्ष्य में राजकीय प्रारम्भ कॉलेज झज्जर में चल रहे एनएसएस शिविर के छठे दिन सिविल सर्जन डॉक्टर मंजू कादयान के मार्गदर्शन में उप सिविल सर्जन डॉ ममता त्यागी के आदेश अनुसार एक विशेष दंत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज प्राचार्या डॉ. संतोष की अध्यक्षता में किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की इंचार्ज डॉ. सविता यादव के कुशल मार्गदर्शन एवं समन्वय से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सविता यादव ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु उनका आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में नागरिक अस्पताल झज्जर से सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. इंद्रा धनखड़, डेंटल सर्जन डॉ. प्रवीण, डेंटल सर्जन डॉ. रोहित, जिला किशोर स्वास्थ्य काउंसलर संदीप कुमार जांगड़ा एवं डेंटल हाइजीनिस्ट रविन कुमार अहलावत ने शिविर में उपस्थित स्वयंसेवकों एवं किशोरों को ओरल हेल्थ के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान सीनियर डेंटल सर्जन डॉ.इंद्रा धनखड़ ने विद्यार्थियों को दंत स्वास्थ्य की शपथ दिलाई तथा हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।


रैली के माध्यम से स्वस्थ दांत, स्वस्थ मुख, स्वस्थ जीवन का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया
डेंटल सर्जन डॉ. प्रवीण एवं डॉ. रोहित ने किशोरों को दांतों की देखभाल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनकी दंत जांच भी की। उन्होंने बताया कि नियमित ब्रशिंग, संतुलित आहार एवं समय-समय पर जांच से दांतों को स्वस्थ रखा जा सकता है। डेंटल हाइजीनिस्ट रविन कुमार अहलावत ने विद्यार्थियों को सही तरीके से ब्रश करने की तकनीक का प्रदर्शन कर व्यावहारिक जानकारी दी। किशोर अवस्था के बारे में जागरूक करते हुए जिला किशोर स्वास्थ्य काउंसलर संदीप कुमार जांगड़ा ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता अभियान एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या डॉ. संतोष ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ दांत न केवल अच्छे स्वास्थ्य की पहचान हैं, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में दंत स्वच्छता को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में कार्यक्रम सहायक नवभारत यादव, हॉस्टल इंचार्ज दीपक सैनी, वेदपाल सहित अन्य स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे।

कुआँ पूजन दिशौठन समारोह 26 मार्च को गांव मांडोठी में होगा, दलाल परिवार ने भारतवर्ष में दिए निमंत्रण
बहादुरगढ़, 24 मार्च, अभीतक: कुआँ पूजन दिशौठन समारोह का आयोजन 26 मार्च 2026 को हल्के के गांव मांडोठी में किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन लख्खूँ पहलवान मांडोठी द्वारा किया जा रहा है। देवांस दलाल के जन्म की खुशी में कार्यक्रम किया जा रहा है। दलाल खाप प्रवक्ता कैप्टन मान सिंह दलाल, दलाल खाप प्रतिनिधि राजपाल आर्य, समाजसेवी पप्पू दलाल, समाजसेवी सनवीर दलाल आदि ने पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए सभी को निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि 26 मार्च को गांव मांडोठी में सीनियर सकेंडरी लड़को वाले स्कूल में कार्यक्रम किया जायेगा। हवन यज्ञ सुबह 9 बजे, प्रसाद वितरण सुबह 11 बजे किया जायेगा। दलाल खाप प्रवक्ता कैप्टन मान सिंह दलाल, दलाल खाप प्रतिनिधि राजपाल आर्य, समाजसेवी पप्पू दलाल, समाजसेवी सनवीर दलाल ने बताया कि सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रम से भाईचारा बढ़ता है। और गांव मांडोठी – दलाल परिवार ऐतिहासिक कार्यक्रम करने जा रहे है जिसमें पूरे बहादुरगढ़ हल्के के साथ साथ हरियाणा, यूपी, पंजाब, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर व देश में खुशी है और प्रत्येक राज्यों से सामाजिक, राजनीतिक लोग, 36 बिरादरी और समस्त दलाल वंश इस कुआँ पूजन दिशौठन समारोह में पहुचेगे। दलाल खाप प्रवक्ता कैप्टन मान सिंह दलाल, दलाल खाप प्रतिनिधि राजपाल आर्य, समाजसेवी पप्पू दलाल, समाजसेवी सनवीर दलाल ने दलाल की रियाश्त कुचेशर राजा के वंशज, गुरु गोविन्द सिंह की सेना के सेनापति पंज प्यारे सीख भाई धर्म सिंह दलाल के वंशज बाबा गुरप्रीत सिंह दलाल जी आदि सभी गांव मांडोठी कुआँ पूजन दिशौठन समारोह में पहुचेगे। वही यूपी में दलालो के सबसे बड़े तहसील व गांव उन में 50 हजार की आबादी है वह भी शिरकत करेंगे।

ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश, झज्जर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार’
सीआईए-1 बहादुरगढ़ व चैकी मांडोठी की संयुक्त कार्रवाई से मिली बड़ी सफलता’
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में तकनीकी व गुप्तचर तंत्र का प्रभावी उपयोग’

झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में झज्जर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रभावी व परिणामदायी कार्रवाई की जा रही है। गुप्तचर तंत्र की सक्रियता और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के समुचित उपयोग के चलते पुलिस लगातार जघन्य अपराधों का पर्दाफाश कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 बहादुरगढ़ और चैकी मांडोठी की संयुक्त टीम ने एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है।चैकी प्रभारी मांडोठी, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 22-03-2026 को सांय करीब 5ः30 बजे गांव मातन, जिला झज्जर के नजदीक एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका के शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इस संबंध में थाना आसौदा में मुकदमा नंबर 104, दिनांक 22.03.2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई। शव को शिनाख्त के लिए सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ में सुरक्षित रखवाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विभिन्न टीमों का गठन किया गया। सीआईए-1 बहादुरगढ़ और चैकी मांडोठी की टीमों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।लगातार प्रयासों के चलते पुलिस टीम ने मृतका की पहचान बहादुरगढ़ के छोटूराम पार्क क्षेत्र की निवासी के रूप में की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी रिंकू पुत्र जगदीश निवासी गांव मांडोठी मृतका को पहले से जानता था और दोनों के बीच आपसी परिचय था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। झगड़े के दौरान आरोपी ने गाड़ी में रखे पाना (टूल) से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने सबूत छुपाने के उद्देश्य से शव को गांव मातन के पास फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।पुलिस टीम ने तत्परता व सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी की पहचान कर उसे शीघ्र काबू कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यशाला हुई आयोजित
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन तक कानूनी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार यादव के निर्देशानुसार यह कार्यशाला एडीआर सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल मे संपन्न हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता सचिव एवं सीजेएम विशाल ने की । कार्यशाला में पेनल अधिवक्ताओं मध्यस्थ अधिवक्ताओं, तथा पैरा लीगल वॉलिंटियर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीजेएम विशाल ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य विधिक सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है उन्होंने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी होने से की वॉलिंटियर जरूरतमंद लोगों को प्रभावी सहायता प्रदान कर सकते हैं इस वर्ष की आयोजित होने वाली दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत 9 मई 2026 में अधिक से अधिक केसों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लाकर उनका निदान करवाया जाय। सीजेएम विशाल ने बताया कि सर्विसेज टू विद इंटेलेक्चुअल डिसविजिडीज स्कीम 2024 विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों को निशुल्क और सुलभ कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए बनाई गई है। जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके और न्याय प्राप्त कर सके। उन्होंने बताया नालसा (आशा अवेयरनेस, स्पोर्ट, हेल्प एंड एक्सन स्कीम 2025 के अंतर्गत बाल विवाह उन्मूलन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान बेहद जरूरी है इसके साथ ही उन्होंने नालसा की ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया स्कीम 2025 पर भी चर्चा करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का आहान किया। कार्यशाला मे उपस्थित सभी पैनल अधिवक्ताओं, मध्यस्थ अधिवक्ताओं, सामुदायिक प्रशिक्षित मध्यस्थ, एवं पैरा लीगल वॉलिंटियर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

माता भीमेश्वरी देवी श्राइन बोर्ड की सीईओ एवं एसडीएम रेणुका नांदल।

मेले में सफाई व्यवस्था बनाए रखना हर श्रद्धालु का कर्त्तव्य: सीईओ
माता भीमेश्वरी देवी श्राइन बोर्ड की सीईओ व एसडीएम रेणुका नांदल ने माता भीमेश्वरी देवी मेला परिसर का जायजा
बेरी, 24 मार्च, अभीतक: धर्मनगरी बेरी में चल रहे माता भीमेश्वरी देवी के चैत्र नवरात्र मेले में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की खासी भीड़ माता दर्शन के लिए उमड़ रही है। मंगलवार को माता भीमेश्वरी देवी श्राइन बोर्ड की सीईओ व एसडीएम रेणुका नांदल ने मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं बारीकी से जायजा लिया। एसडीएम रेणुका नांदल ने मेला परिसर में स्थित ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेले के दिनों में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाए तथा श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई व मोबाइल शौचालयों तथा पेयजल आदि की पूरी व्यवस्था उपलब्ध रहे। उन्होंने मेले में सफाई व्यवस्था बनाएं रखने के लिए सभी कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए। साथ ही सभी श्रद्धालुओं का आह्वान करते हुए मेला परिसर में सफाई व्यवस्था बनाएं रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान अगर किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो प्राथमिक उपचार हेतु स्वास्थ्य विभाग की मंदिर परिसर में मेडिकल पोस्ट स्थापित की गई है, जहां से श्रद्धालु उपचार ले सकते हैं। नवरात्र मेला के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किये जा रहे हैं। मेला में सप्तमी और अष्टमी के मुख्य मेला के चलते मां भीमेश्वरी देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में प्रत्येक श्रद्धालु को व्यवस्था अनुरूप माता के दर्शन हो सकें, इसके लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। एसडीएम रेणुका नांदल ने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा मुख्य द्वार के साथ ही खोया पाया केंद्र बनाया गया है जहां मेले में अपनो से बिछड़े श्रद्धालुओं को मिलवाया जा रहा है।

बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी नवरात्र मेले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगाई गई हेल्प डेस्क पर योजनाओं की जानकारी लेते श्रद्धालु।

बेरी माता भीमेश्वरी देवी मेले में कानूनी जागरूकता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित: सीजेएम विशाल’
बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी मंदिर परिसर में हेल्प डेस्क पर आमजन को मिल रही कानूनी जानकारी

बेरी, 24 मार्च, अभीतक: धर्मनगरी बेरी में चल रहे माता भीमेश्वरी देवी नवरात्र मेले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव एवं सीजेएम विशाल के मार्गदर्शन में कानूनी जागरूकता के लिए एक हेल्प डेस्क लगाया गया है। इस हेल्प डेस्क पर आमजन कानूनी जानकारी ले सकते हैं। सीजेएम विशाल ने बताया कि हेल्प डेस्क पर हालसा व नालसा द्वारा चलाई गई विभिन्न स्कीमों के बारे मे विस्तार से जानकारी दी जा रही है। आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत, परमानेंट लोक अदालत, सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र आदि के बारे मे जानकारी दी जा रही है। आमजन इस हेल्प से बहुत खुश है और ज्यादा से ज्यादा जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। मंगलवार को हेल्प डेस्क के द्वारा लगभग 820 लोगों ने कानूनी जानकारी प्राप्त कर नाम दर्ज करवाया गया। इस हेल्प डेस्क पर पैरा लीगल वालंटियर सरोज देवी, प्रेम देवी, नवीन कुमारी की ड्यूटी लगाई गई है।

राम अहलावत ने साल्हावास पैक्स समिति में साल्हावास के किसानों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: मंगलवार को राम अहलावत जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा साल्हावास पैक्स समिति में साल्हावास के किसानों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया। एआर सोसाइटी मैनेजर बिजेंदर और कोऑपरेटिव बैंक का स्टाफ मौके पर मौजूद रहे और किसानां की मौके पर समस्याएं सुनी और उनका समाधान किया साल्हावास सोसाइटी में खाद बीज की कई साल से दिक्कत चल रही थी। आज राम अहलावत जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा ने मौके पर पहुंचकर खाद बीज की समस्या का भी समाधान किया। राम अहलावत जिला अध्यक्ष ने सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री श्री नायबसिंह सैनी की सरकार की तरफ से किसानों के लिए अनेक स्कीम चलाई जा रही हंै, उन सभी योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया। राम अहलावत ने कहा कि हमारी सरकार किसानों को कोई भी समस्या नहीं होनी दी जाएगी। साल्हावास में खाद बीज के लिए गोदाम की भी मंजूरी का भी प्रावधान किया।

जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक 25 मार्च को, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे बैठक की अध्यक्षता
लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में दोपहर 2 बजे होगी बैठक, 18 परिवादों पर होगी सुनवाई

झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं स्थायी समाधान के उद्देश्य से गठित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक 25 मार्च (बुधवार) को लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर बाद 2 बजे शुरू होगी। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सीटीएम नमिता कुमारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 18 परिवाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठकें जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करती हैं, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा मिलता है।

ग्राम पंचायत रईया के पंच (कार्यवाहक सरपंच) को पद से हटाया
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने हरियाणा पंचायत राज अधिनियम, 1994 की धारा 51(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए झज्जर खंड के गांव रईया एक के पंच (कार्यवाहक सरपंच)को उनके पद से हटा दिया है। ग्राम पंचायत रईया के पंच (कार्यवाहक सरपंच) के खिलाफ अनियमितता बरतने का आरोप हैं, जिनकी जांच के लिए एसडीएम झज्जर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी आदेश के अनुसार आरोपित पंच (कार्यवाहक सरपंच) ग्राम पंचायत की किसी भी कार्यवाही में भाग नहीं ले सकेंगे और न ही पंचायत की चलध्अचल संपत्ति पर उनका कोई अधिकार रहेगा। डीसी ने हरियाणा पंचायत अधिनियम, 1994 में दिए गए प्रावधान अनुसार तुरंत प्रभाव से ग्राम पंचायत की संपत्तियों का नियंत्रण बहुमत रखने वाले पंच को सौंपने के निर्देश दिए हैं।

स्वप्निल रविंद्र पाटिल,डीसी झज्जर।
जिला में एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेते उपभोक्ता।

एलपीजी गैस की जमाखोरी व कालाबाजारी पर रोक को लेकर प्रशासन सतर्क – डीसी
जिले में गैस, पेट्रोल एवं डीजल आपूर्ति की नियमित रूप से निगरानी

झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। एलपीजी गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक को लेकर शासन-प्रशासन सजग व सतर्क है, अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है। किसी प्रकार अनियमितता मिलने और अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। डीसी ने कहा कि एलपीजी गैस,पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति आवश्यकता के अनुसार हो रही है। रसोई गैस की कमी नहीं है। सभी उपभोक्ताओं से प्रशासन की सलाह है कि पैनिक होकर एलपीजी बुकिंग न करें। पहले की तरह आवश्यकता होने पर ही एलपीजी खरीदें। आमजन किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। डीसी ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिले में स्टॉक की निरंतर निगरानी रखें और यदि कोई कालाबाजारी करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल ने कहा कि जिला में गैस सिलेंडर, पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी और अनियमितता पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से विशेष निगरानी की जा रही है। इसके तहत विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो जिला भर में गैस एजेंसियों और सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। सभी आपूर्तिकर्ताओं से प्रति दिन रिपोर्ट भी ली जा रही है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि यदि गैस सिलेंडर की सप्लाई, कीमत या वितरण को लेकर कोई शिकायत होने पर सूचना तुरंत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समस्या का अविलंब समाधान किया जा सके।

खंड बहादुरगढ़ के गांव छुड़ानी में 27 मार्च को रात्रि ठहराव कार्यक्रम, डीसी सुनेंगे समस्याएं
कार्यक्रम में विभागीय स्टॉल व स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से मिलेगी योजनाओं की जानकारी

झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह आयोजित किए जाने वाले रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन 27 मार्च को खंड बहादुरगढ़ के गांव छुड़ानी स्थित बाबा हरिदास मंदिर में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल करेंगे। उपायुक्त ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन को गांव स्तर तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निवारण करना है। सीटीएम नमिता कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां नागरिकों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से अधिकारियों को गांव की जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करने और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने का अवसर मिलता है। इससे शासन और जनता के बीच संवाद और अधिक सुदृढ़ होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं, सुझाव व मांगें प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि गांव के सर्वांगीण विकास को और गति मिल सके।

झज्जर के बिजली उपभोक्ताओं की आज होगी रोहतक में सुनवाई
झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: उपभोक्ताओं की बिजली एवं बिजली बिल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निवारण के उद्देश्य से बुधवार 25 मार्च को प्रातरू11 बजे से दोपहर 01 बजे तक चेयरमैन जोनल फॉर्म उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम रोहतक द्वारा चीफ इंजीनियर ओपी, प्रवर्तन परिमण्डल, राजीव गांधी विद्युत सदन, पावर हाउस, रोहतक स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सुनवाई की जाएगी। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान चेयरमैन, चीफ इंजीनियर जोनल फॉर्म रोहतक स्वयं उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनेंगे तथा उनका त्वरित निवारण सुनिश्चित करेंगे। विशेष रूप से झज्जर जिले के उपभोक्ता भी अपने बिजली बिल संबंधी मामलों को बैठक में प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि उपभोक्ता अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता या उपमंडल अभियंता के निर्णय से संतुष्ट ना हो तो वे अपनी शिकायत चेयरमैन, जोनल फॉर्म रोहतक के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

मॉडल संस्कृति स्कूल गुडियानी में कानूनी जागरूकता कैंप का आयोजन
विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में दी जानकारी

रेवाड़ी, 24 मार्च, अभीतक: पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश व हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक सिबल तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के सदस्य सचिव जगदीप सिंह के निर्देशानुसार व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी के सचिव एवं सीजेएम अमित वर्मा के मार्गदर्शन में मंगलवार को गांव गुडियानी के मॉडल संस्कृति स्कूल में कानूनी जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लीगल लिटरेसी सैल प्रदीप ने उपस्थित बच्चों को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में समझाया। उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा आमजन के लिए टोल फ्री नंबर 15100 एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी द्वारा हेल्पलाइन नंबर 01274-220062 जारी किया हुआ है, जिस पर आमजन किसी भी प्रकार की कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर महिंद्रा से अमित संगी के सहयोग से सीएसआर योजना के तहत स्कूल के विद्यार्थियों को स्कूल बैग तथा स्टेशनरी सामान भी वितरित किया गया। इस कैंप में नाहड़ ब्लॉक से खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार, जाटुसाना ब्लॉक से खंड शिक्षा अधिकारी ईश्वर सिंह, प्रधानाचार्य विद्या भूषण गुप्ता, गौरव शर्मा व स्वरूप यादव आदि उपस्थित रहे।

अधिकारियों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण करते जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा।

डीसी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ रेवाड़ी शहर के मॉडल टाउन स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। डीसी ने निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी व साफ-सफाई सहित समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। डीसी अभिषेक मीणा ने संबंधित अधिकारियों निर्देश देते हुए कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा चाक चैबंद रहे और सीसीटीवी निरंतर एक्टिव मोड में रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में कोताही न बरती जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयर हाउस की सुरक्षा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मापदंडों की पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, फायर एक्सटिंगिशर व सीसीटीवी आदि से संबंधित विस्तृत जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डीडीपीओ एचपी बंसल, नायब तहसीलदार चुनाव अजय यादव, चुनाव कानूनगो संजय कुमार, राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधियों में कांग्रेस से प्रवीण चैधरी, भाजपा से सतपाल धूपिया, बीएसपी से किशोरी लाल, आईएनएलडी से रजवंत डहीनवाल आदि मौजूद रहे।

जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेते अधिकारीगण।

जनगणना-2027: मास्टर ट्रेनर्स ने प्रपत्र भरने और डिजिटल उपकरणों के बारे में दी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य की बारीकियों से कराया अवगत

रेवाड़ी, 24 मार्च, अभीतक: जनगणना-2027 के तहत लघु सचिवालय में डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, चार्ज लिपिक और तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रपत्र भरने और डिजिटल उपकरणों सहित जनगणना के विभिन्न कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षण कार्यक्रम में जनगणना मुख्यालय हरियाणा से सतीश व मंडल कोऑर्डिनेटर गुरविंद्र ने अधिकारियों को प्रपत्र भरने, डिजिटल उपकरणों के उपयोग की जानकारी सहित जनगणना में मकान सूचीकरण, आवास गणना आदि का बारीकी से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि जनगणना प्रबंधन व निगरानी के लिए पर्यवेक्षण प्रणाली पोर्टल का उपयोग होगा, जिससे कार्य की पारदर्शिता, गुणवत्ता, समय बद्धता पूरी हो पाएगी। उन्होंने बताया कि नागरिकों स्वयं पोर्टल के माध्यम से अपना विवरण अपलोड कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करवाएं। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, सीटीएम जितेंद्र कुमार, स्टेट कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार व जिला कोऑर्डिनेटर अमित कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

शहर के पार्कों के रखरखाव हेतु पंजीकृत संस्थाएं व एसोसिएशन 30 मार्च तक भेजे प्रस्ताव
रेवाड़ी, 24 मार्च, अभीतक: नगर परिषद रेवाड़ी द्वारा शहर के पार्कों के रखरखाव हेतु वर्ष 2026-2027 के लिए पंजीकृत संस्थाओं व एसोसिएशन से एक वर्ष की अवधि हेतु अभिव्यक्ति आमंत्रित की गई है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरुण ने जानकारी देते हुए बताया कि रेवाड़ी शहर के प्लाजा पार्क, टी.पी. स्कीम पार्क, तुलाराम पार्क, सुभाष पार्क, अपना पार्क, मंगलसेन पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क, चिल्ड्रन पार्क, मीट मार्केट पार्क, कृष्णा नगर पार्क, मार्केट कमेटी रिहायशी कॉलोनी पार्क व ब्रास मार्केट स्थित पार्क के रख-रखाव के लिए अपना प्रस्ताव जमा करवा सकते है। उन्होंने बताया कि इच्छुक पंजीकृत आरडब्ल्यूए, पंजीकृत संस्था, सेक्टर व कॉलोनी की समितियां, एनजीओ और एसोसिएशन अपना प्रस्ताव 30 मार्च 2026 तक नगर परिषद रेवाड़ी के कार्यालय में जमा करवा सकते है, या मवउबतूत1/हउंपसण्बवउ व गमदण्उबतमूंतप/हउंपसण्बवउ पर भी भेज सकते है।

आईजीएल ने पीएनजी कनेक्शन के लिए घटाई अग्रिम सुरक्षा जमा राशि
नए आवासीय पीएनजी कनेक्शन पर 7 हजार से घटाकर 5 हजार रुपए की अग्रिम सुरक्षा जमा राशि

रेवाड़ी, 24 मार्च, अभीतक: रेवाड़ी जिला में एलपीजी सिलेंडरों के साथ-साथ इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा विकसित पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क शहर के निवासियों, रेस्टोरेंट्स और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण जीवन रेखा बनकर उभरा है। आईजीएल के सीजीएम एवं जीए प्रमुख अंशुमान सिंह कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएनजी को बढ़ावा देने के लिए आईजीएल ने उपभोक्ता अनुकूल पहल शुरू की हैं। आवासीय पीएनजी कनेक्शन के लिए अग्रिम सुरक्षा जमा राशि को 7 हजार रुपए से घटाकर पांच हजार रुपए कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, वाणिज्यिक कनेक्शनों के लिए मीटर सुरक्षा शुल्क को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जो ग्राहक 31 मार्च 2026 तक अपना पीएनजी कनेक्शन पंजीकृत कर सक्रिय करेंगे उन्हें 500 रुपए की मुफ्त गैस भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीएनजी द्वारा प्रदान की गई स्थिरता ने आवश्यक सेवाओं विशेषकर खाद्य आपूर्ति श्रृंखला और स्वास्थ्य ढांचे को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप आईजीएल हरियाणा में अपने पाइपलाइन नेटवर्क का सराहनीय गति से विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप रेवाड़ी जीए में गैस पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।

भिवानी: विश्व टीबी दिवस पर टीबी से ठीक हुए टीबी चैंपियन योद्धाओं ने कहा रू टीबी का पूर्णतयारू है ईलाज, समय पर ले दवाई व पोषण
24 मार्च को हर वर्ष मनाया जाता है विश्व टीबी दिवस, विश्व के टीबी के कुल मरीजों का 25 प्रतिशत भारत में
भिवानी की 312 पंचायतों में से 153 पंचायत टीबी मुक्त घोषित: मुख्य चिकित्सा अधिकारी रघुबीर शांडिल्य
भिवानी जिला में 5 स्थानों पर की जाती है टीबी की निःशुल्क जांच, सरकार द्वारा टीबी के मरीजों को एक हजार रूपये प्रति माह सहायता करवाई जाती है उपलब्ध
15 दिन से अधिक खासी, वजन कम होना, हल्का बुखार, शाम के समय पसीना आना व भूख कम लगना हो सकते है टीबी के लक्षण, कराए जांच: सीएमओ
टीबी के 96 प्रतिशत से अधिक मरीज होते है पूर्णतया: विश्व स्वास्थ्य संगठन का वर्ष 2030 तक वैश्विक स्तर पर टीबी से मुक्त होने का है लक्ष्य

प्रदेश में करीब 3 लाख लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन निःशुल्क लगाई जाएगी: आरती सिंह राव
चंडीगढ़, 24 मार्च, अभीतक: हरियाणा की स्वाथ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश में करीब 3 लाख लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन (भ्च्ट) निःशुल्क लगाई जाएगी। अब तक लगभग 3280 किशोर लड़कियों को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है। आरती सिंह राव ने बताया कि फिलहाल, 14 साल की लड़कियों की सही लिस्ट बनाने के लिए सभी जिलों में हेड काउंट सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में टारगेट किशोर लड़कियों की संख्या कुल आबादी का 1 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 28 फरवरी, 2026 को हरियाणा में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (भ्च्ट) वैक्सीन लॉन्च की थी। यह इंजेक्शन भ्च्ट के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा देता है, जो सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार हैं, साथ ही टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा देता है। इसके टारगेट लाभार्थी वे किशोर लड़कियां हैं जिन्होंने 14 साल की उम्र पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 साल की नहीं हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वैक्सीन देने से पहले, सभी मेडिकल और पैरा-मेडिकल स्टाफ यह सुनिश्चित करें कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरी टीकाकरण के समय खाली पेट न हों। माता-पिता को सलाह दी जानी चाहिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरी खाली पेट न हों, या टीकाकरण से पहले उन्हें कुछ खाने के लिए दें। सेशन वाली जगह पर उन किशोरियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई है, जिन्होंने घर पर नाश्ता नहीं किया है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरियां 30 मिनट तक वहीं रुकें। सेशन वाली जगहों पर ऑब्जर्वेशन रूम में ऐसी गतिविधियों की व्यवस्था की गई है, जो किशोरियों का ध्यान टीकाकरण के बाद होने वाले दर्द और घबराहट से हटा सकें। तनाव से जुड़ी प्रतिक्रियाओं की संभावना को कम करने के लिए भीड़भाड़ कम से कम रखें। आरती सिंह राव ने आगे कहा कि प्रोग्राम के दिशा-निर्देशों के अनुसार, केवल उन्हीं किशोरियों को वैक्सीन लगाएं जिन्होंने 14 साल की उम्र पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 साल की नहीं हुई हैं। टीकाकरण से पहले माता-पिताध्अभिभावकों से व्ज्च्-आधारित सहमति या लिखित सहमति प्राप्त करें। वैक्सीन लगाने से पहले लाभार्थियों की गर्भावस्था, पहले एचपीवी टीकाकरण, गंभीर एलर्जी, या मध्यमध्गंभीर बीमारी के लिए स्क्रीनिंग की जाती है। टीकाकरण सेशन निर्धारित केंद्रों (च्भ्ब् स्तर तक) पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में और मेडिकल देखरेख में आयोजित किए जाते हैं। लाभार्थियों और माता-पिता को हल्के साइड इफेक्ट (दर्द, हल्का बुखार, बदन दर्द) के बारे में जानकारी दें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार पेरासिटामोल लेने की सलाह दें। उन्होंने आगे कहा कि न्-ॅप्छ पोर्टल पर सभी टीकाकरण की जानकारी समय पर और सही तरीके से दर्ज की जा रही है, और डिजिटल सर्टिफिकेट जारी करना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जागरूकता बढ़ाने और पात्र किशोरियों तक पहुँच के लिए शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा (मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता), सामुदायिक नेताओं और स्थानीय प्रभावशाली लोगों को शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। वे परिवारों को सूचित करें कि यह टीका सरकारी कार्यक्रम के तहत निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

हरियाणा के छात्रों को मुफ्त किताबों के लिए 45.05 करोड़ की मंजूरी
कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को समय पर मिलेंगी मुफ्त पाठ्यपुस्तकें
15 अप्रैल तक सभी स्कूलों में पहुंचेगी निःशुल्क किताबें

चंडीगढ़, झज्जर, 24 मार्च, अभीतक: हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद् द्वारा प्रत्येक वर्ष समग्र शिक्षा के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। इसी क्रम में, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा परियोजना अनुमोदन बोर्ड की बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 हेतु मुफ्त पाठ्यपुस्तकें मद के अंतर्गत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए कुल 45.05 करोड़ रुपये की राशि अनुमोदित की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए परिषद् के एक प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा की अध्यक्षता में उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति की बैठक 29 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार चयनित फर्मों को पाठ्यपुस्तकों के मुद्रण एवं आपूर्ति का कार्य आवंटित किया गया। उक्त निर्णय के अनुपालन में विभाग द्वारा 8 जनवरी 2026 को संबंधित फर्मों को कार्यादेश (ॅवता व्तकमत) जारी किए गए, जिनके अनुसार 15 अप्रैल 2026 तक पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति का कार्य पूर्ण किया जाना निर्धारित है। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन एवं निगरानी में संबंधित फर्मों द्वारा अम्बाला, हिसार, कुरुक्षेत्र, पानीपत, पलवल, भिवानी एवं चरखी दादरी जिलों में कक्षा 1 से 8 तक की पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति जिला स्तर पर की जा चुकी है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी विद्यालयों तक पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी। पाठ्यपुस्तकों के समयबद्ध वितरण को सुनिश्चित करने हेतु शिक्षा मंत्री का कार्यालय विभाग के साथ सतत समन्वय बनाए हुए है।

एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सरकार ने सख्त
अब तक 8 एफआईआर दर्ज की गई, 52 आरोपियों की संलिप्तता पाई गई और 825 सिलेंडर जब्त किए गए

चंडीगढ़, 24 मार्च, अभीतक: हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि एलपीजी से जुड़ी कोई भी अनियमितता सामने आती है तो उस पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर को लेकर राज्य में स्थिति सामान्य है, नागरिकों को किसी भी तरह के पैनिक की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 8 एफआईआर दर्ज की गई हैं, 52 आरोपियों की संलिप्तता पाई गई और 825 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा है कि सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के प्रति सरकार का रुख कड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी जो शरारती एवं षड्यंत्रकारी तत्व अफवाह फैला रहे हैं, सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि जब्त किये कुल 825 घरेलू एलपीजी में झज्जर जिले से 131, महेंद्रगढ़ जिले से 109 सिलेंडर, अम्बाला से 86, भिवानी से 21, फरीदाबाद से 2, फतेहाबाद से 71, गुरुग्राम से 75, हिसार से 39, जींद से 17, कैथल से 10, करनाल से 44, कुरुक्षेत्र से 21, नूंह से 16, पानीपत से 23, रेवाड़ी से 21, रोहतक से 98, सिरसा से 12, सोनीपत से 12 और यमुनानगर से 17 एलपीजी सिलेंडर जब्त किये जा चुके हैं। इनमें से फरीदाबाद में 7 और सोनीपत में 1 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस कड़ी में तीन वाहन भी पकड़े गए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य भर में आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 6 दिनों में 14.2 किलो के कुल 61034 घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 982212 है। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य भर में कमर्शियल आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 25 दिनों 19 किलो के कुल 848 कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 179566 है। प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रमुख तेल कंपनियों : इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *