


https://www.facebook.com/share/v/1GMChajQiF
https://www.facebook.com/share/v/1DFHBBshut
https://www.facebook.com/share/v/1DXoQxfHG7









समाज को नई दिशा देने का सबसे बड़ा माध्यम शिक्षा: शिक्षा मंत्री
ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का मजबूत आधार तैयार करना सरकार की प्राथमिकता – बोले शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
गांव दूबलधन स्थित राजकीय महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित
प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
झज्जर, 22 मई, अभीतक: हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा समाज को नई दिशा देने का सबसे बड़ा माध्यम है और जब ग्रामीण क्षेत्र का युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ेगा तभी हरियाणा वास्तविक मायनों में नंबर वन बनेगा। शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा शुक्रवार की देर सायं गांव दूबलधन स्थित राजकीय महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का मजबूत आधार तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है और आने वाले समय में क्षेत्र के बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने शिक्षा सुधार समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कॉलेज को पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कॉलेज का दर्जा मिलने की घोषणा करते हुए कहा कि अब क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को एमए और एमकॉम जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए रोहतक या अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों को प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में बदलने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम काफी कमजोर था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में सरकारी स्कूलों ने निजी संस्थानों को पीछे छोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला हरियाणा देश का अग्रणी राज्य बना है और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से खासकर बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार संसाधन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा रही है, लेकिन मेहनत विद्यार्थियों को स्वयं करनी होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को ऐसा मंच मिलना चाहिए जिससे वे देश-दुनिया के किसी भी मंच पर आत्मविश्वास के साथ खड़े होकर अपने गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। अपने संबोधन में उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि जब बेटियों को अवसर मिलता है तो वे उसे सफलता में बदल देती हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के बिना आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता, इसलिए सरकार लगातार महिला सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने कॉलेज भवन में साइंस ब्लॉक के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही आसपास के गांवों के स्कूलों को मॉडल संस्कृति स्कूल और पीएम श्री स्कूल के रूप में विकसित करने का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि गांवों से प्राप्त मांगों और समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने समारोह में सम्मानित हुई 8 मेधावी छात्राओं को अपनी ओर से 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा शिक्षा सुधार समिति को विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
दूबलधन का इलाका मातृशक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक: ओमप्रकाश धनखड़
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्री ओमप्रकाश धनखड़ ने शिक्षा, संस्कृति और भारतीय मूल्यों पर आधारित समाज निर्माण का संदेश देते हुए कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से समृद्ध भूमि है, जहां शिक्षा के प्रति लोगों में विशेष जागरूकता और लगाव दिखाई देता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दूबलधन और आसपास का इलाका मातृशक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक रहा है। पूर्व मंत्री श्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा एकात्म मानववाद की विचारधारा को मानने वाली पार्टी है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को सही दिशा देने के लिए विचारधारा और विवेक दोनों का संतुलन आवश्यक है। यदि विचारधारा बिना बुद्धि के चलेगी तो कट्टरता पैदा होगी और यदि बुद्धि बिना संस्कार और विचारधारा के चलेगी तो अराजकता का वातावरण बनेगा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और इतिहास से भी जोड़े रखना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जुड़कर आगे बढ़ना चाहिए ताकि वे आधुनिक चुनौतियों का विवेकपूर्ण ढंग से सामना कर सकें। भाजपा नेता ने कहा कि भारत की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत और संत-महात्माओं की परंपरा से है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास और सामाजिक मूल्यों को समझते हुए शिक्षा के माध्यम से देश निर्माण में योगदान दें। उन्होंने शिक्षा मंत्री के समक्ष क्षेत्र के लोगों द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करने का समर्थन किया ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। इस बीच पूर्व चेयरमैंन मनीष शर्मा नम्बरदार ने दुजाना कालेज भवन से जुड़े निर्माण को पूरा करने की मांग रखी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में अनेक नपा पार्षदों, कई गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं को पार्टी का पटका पहनाकर जॉइन कराया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समिति के अध्यक्ष सुखचंद कादयान, उपप्रधान मा जयभगवान कादयान,प्रो कुलताज सिंह आदि को बधाई दी। कार्यक्रम में जटेला धाम के महंत राजेंद्र दास महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी, जिला परिषद के चेयरमैंन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा नेता संजय कबलाना शिक्षा सुधार समिति के अध्यक्ष सुखचंद कादयान, उप प्रधान मास्टर जय भगवान कादयान, डॉ दयानंद कादयान ने भी अपना संबोधन दिया।
कार्यक्रम में यह गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर चेयरमैन नगर पालिका बेरी देवेंद्र कादयान, पूर्व चेयरमैन मनीष शर्मा नम्बरदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजबीर कौशिक, विहिप नेता पीतांबर गौड़, डॉ सुमित्रा धनखड़, भाजपा प्रवक्ता गीतांशु चावला, संदीप कादयान बेरी, राजबीर आर्य, डॉ समुंदर कौशिक, बीडीसी सदस्य सूरजमल कौशिक माजरा, कालू राम राजोतिया, मा चांद सिंह, अजय कादयान, राजबीर डबास, मंगत राम सरपंच, नीरज, विनोद, मंजीत, अनिता देवी, विकास, अमन देसवाल, प्रवेश सहरावत, रविन्द्र कौशिक दूबलधन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






घायल श्रमिकों की हर संभव मदद के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध: डीसी’
डीसी वर्षा खांगवाल ने बहादुरगढ़ कैमिकल फैक्टरी पहुंचकर घटनास्थल का लिया जायजा, घायल श्रमिकों के परिजनों से की बातचीत’
एसडीएम की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित, दो दिन में सौंपेगी रिपोर्ट’
बहादुरगढ़, 22 मई, अभीतक: स्थानीय एमआईई क्षेत्र स्थित एक कैमिकल फैक्टरी में शुक्रवार को बॉयलर फटने से हुए हादसे में पांच श्रमिक घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चार श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, जबकि एक श्रमिक उपचाराधीन है। हादसे की सूचना मिलते ही उपायुक्त वर्षा खांगवाल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि शासन और प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित श्रमिकों के साथ खड़ा है तथा प्रभावित श्रमिकों को हर संभव नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। उल्लेखनीय है कि बॉयलर फटने से हुए हादसे के चलते फैक्टरी का लैंटर गिर गया और आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें पांच लोग आग में झुलस गए। घायलों में नीरू, संतोष, धर्मेंद्र, जयराम और सुभाष शामिल हैं। इनमें चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, जबकि श्रमिक सुभाष बहादुरगढ़ के जीवन ज्योति हॉस्पिटल में उपचाराधीन है। इसके उपरांत उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने जीवन ज्योति हॉस्पिटल पहुंचकर घायल श्रमिक के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों का उचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा इलाज में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। डीसी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल करते हुए एक कमेटी गठित की गई है, जो पूरे घटनाक्रम की जांच कर दो दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटनास्थल पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी राहत कार्यों की निगरानी की। इस दौरान एसीपी दिनेश कुमार, तहसीलदार सुदेश महरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




विश्वकर्मा सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाटोदा में हरियाणा योगा कमिशन के द्वारा काॅमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगा क्लास आयोजित की गई
झज्जर, 22 मई, अभीतक: शुक्रवार को विश्वकर्मा सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाटोदा में हरियाणा योगा कमिशन के द्वारा काॅमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगा क्लास आयोजित की गई तथा असेंबली समय के दौरान योग क्रियाएं करने का सभी बच्चों ने संकल्प लिया। आयुष योग शिक्षक डॉ राजेंद्र सिंह ने स्कूल के सभी बच्चों व अध्यापकों सहित योगा का अभ्यास करवायाऔर योगा के लाभ की विस्तृत जानकारी दी। अंत में प्रबंधक श्री बलवंत सिंह ने योग प्रशिक्षक श्री राजेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को बताया कि नियमित योग करने से बच्चों में शारीरिक बल की वृद्धि होती है, मांस पेशियां मजबूत होती हैं, मानसिक स्थिति ठीक होती है और मन आत्मा बुद्धि का संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है। योग हमारी तंत्रिकाओं और मांसपेशियों को ऊर्जावान बनाता है। इसका नियमित अभ्यास पूरे शरीर में शुद्ध रक्त का संतुलित संचार और सभी प्रणालियों में पूर्ण समन्वय प्रदान करता है। इस प्रकार यह साधक को संपूर्ण मानसिक और शारीरिक पुष्टता प्रदान करता है। अंत में सभी बच्चों व अध्यापकों को योग करते रहने का संकल्प भी दिलाया।




एल. ए. स्कूल झज्जर में बच्चों के लिए काउंसलिंग सभा का आयोजन किया गया
झज्जर, 22 मई, अभीतक: एल. ए. सी. सै. स्कूल झज्जर में कक्षा छठी से नौवीं के बच्चों के लिए काउंसलिंग सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में मुख्य वक्ताओं ने भाग लिया। उन्होनें बच्चों को आने वाली चुनौतीयों व मूल्यवान शिक्षा की तैयारी के लिए तनाव रहित शिक्षा ग्रहण करने पर बल दिया। स्कूल प्रबंधक के. एम डागर ने बच्चों को नैतिक मूल्यों बढानें पर व मल्टीमीडिया का कम से कम इस्तेमाल करने के बारे में बताया। स्कूल प्राचार्या निधि कादयान ने मुख्य वक्ताओं के वक्तव्य की तारीफ करते हुए कहा कि आने वाले समय में बच्चों को मनोवैज्ञानिक कक्षाएं अत्यधिक जरूरी हो जाएंगी। स्कूल संचालन जगपाल गुलिया, जयदेव दहिया, अनीता गुलिया, नीलम दहिया, योजित गुलिया, भविष्य दहिया ने सभी बच्चों को जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए उनका मानसिक रूप से स्वस्थ जरूरी बहुत जरूरी हो जाएगा। एचऑडी रविंद्र लोहचब, पिंकी अहलावत, पुष्पा यादव, सपना अहलावत व भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा ने मुख्य वक्ताओं का स्वागत किया।

चित्रकला सिर्फ रंग और कागज का खेल नहीं, ये हमारे मन की खिड़की और कला भी है
झज्जर, 22 मई, अभीतक: चित्रकला सिर्फ रंग और कागज का खेल नहीं है। ये हमारे मन की खिड़की है। जो बात हम शब्दों में नहीं कह पाते, वो एक तस्वीर कह देती है। उक्त पंक्ति को चरितार्थ करते हुए एचडी स्कूल बिरोहड़ में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पॉट डेकोरेशन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं-कक्षा ग्यारहवीं से स्नेहा, हिमानी, दीक्षा, ईशु, निकिता, साक्षी, वंशिका, खुशी, प्रिया, दिव्या, मनिषा, नयाशा व कक्षा बारहवीं से निरव शर्मा, खुशी, गरिमा, रिया, प्राची, याचना, अंशिका, ईशु, पूजा, निधि, सिया, रितिका, रिया, अंशु, ऐकता, हिमांशी, किर्ति, ईशिका, नेहा, मीनु, तमन्ना, डिम्पी, सुहानी, भावना, नितु एवं वर्षा ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंग-बिरंगे गमलों को आकर्षक कलाकृतियों में बदल दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कला, सौंदर्यबोध तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने मिट्टी के साधारण गमलों को रंगों, चित्रकारी, फूल-पत्तियों और पारंपरिक डिजाइनों से सजाकर अपनी कल्पनाशीलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। किसी ने प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया तो किसी ने भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। छात्राओं की सुंदर कलाकृतियों ने सभी शिक्षकों एवं उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। विद्यालय के निदेशक बलराज फौगाट ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के मानसिक विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता दिखाने के अवसर भी मिलने चाहिए। जब हम चित्रकारिता में रंग भरते हैं, तो हम अपनी कल्पना को उड़ान देते हैं। किसी के लिए ये पहाड़ होता है, किसी के लिए नदी, किसी के लिए माँ का चेहरा। हर चित्र में एक कहानी छुपी होती है। पोट प्रतियोगिता हमें यही मौका देती है। यहां हार-जीत से ज्यादा जरूरी है भाग लेना। जब हम सब साथ बैठकर अपने भाव बिखेरते हैं, तो हम एक-दूसरे की सोच को समझते हैं। कोई प्रकृति बनाता है, कोई देशभक्ति, कोई समाज की समस्या। रंगों के जरिए हम बड़ा संदेश दे देते हैं। इसलिए मैं कहना चाहूँगा-डरो मत, बनाओ। चित्र अच्छा-बुरा नहीं होता। हर चित्र अनोखा होता है, क्योंकि वो आपका अपना है। अंत में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं-आप सभी विजेता हैं, क्योंकि आपने बनाने की हिम्मत की। विद्यालय की प्राचार्या नमिता दास ने छात्राओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कला गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी प्रकार विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को अत्यंत सफल बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित करने का संकल्प लिया। उप प्राचार्य नवीन सनसनवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा को सही मंच मिले तो वह अपनी कला से सभी को प्रभावित कर सकती है। इस कार्यक्रम में अध्यापिका अनु गुप्ता व अध्यापक कुष्ण कुमार आर्ट एण्ड क्राफ्ट का विशेष योगदान रहा।




श्री बाबा प्रसाद गिरी मन्दिर में श्री मदभगवत कथा 24 मई से आरंभ
झज्जर, 22 मई, अभीतक: श्री बाबा प्रसाद गिरी जी मन्दिर में श्री मदभागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। मन्दिर से जुड़े भक्त शिव कुमार, चिमन लाल वर्मा ने बताया कि पुरुषोत्तम ज्येष्ठ मास के पावन अवसर पर महंत परमानंद गिरी जी के सानिध्य में अद्धेतानंद गिरि जी महाराज व मृत्युंजय गिरी जी महाराज के मार्गदर्शन में 24 से 30 मई तक प्रतिदिन 2 से 6 बजे तक कथा वाचक आचार्य उपेंद्र कृष्ण शास्त्री जी अपने मुखारविंद से श्री मदभगवत कथा का रसपान करवाएंगे। रविवार को प्रातः 9 बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने आव्हान किया ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर पुरुषोत्तम मास की कथा श्रवण करें।







जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है वैसे-वैसे बिजली, पानी का संकट भी गहराता जा रहा: दीपेन्द्र हुड्डा
बीजेपी सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने की बजाय महंगाई का झटका दे रही है: दीपेन्द्र हुड्डा
बीजेपी सरकार ने अर्थव्यवस्था का भट्ठा बैठा दिया: दीपेन्द्र हुड्डा
कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा में 4 थर्मल पॉवर प्लांट और एक परमाणु संयंत्र बनवाकर प्रदेश को पावर सरप्लस राज्य बनाया, 12 साल में बीजेपी सरकार ने बिजली का कोई नया प्लांट नहीं लगवाया: दीपेन्द्र हुड्डा
भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार यदि ये प्लांट नहीं लगवाती तो आज हरियाणा में भयंकर बिजली संकट होता: दीपेन्द्र हुड्डा
झज्जर, 22 मई, अभीतक: सांसद दीपेन्द्र हुड्डा आज झज्जर के अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में शहर हो या गाँव कोई भी क्षेत्र बिजली कटौती से अछूता नहीं है। लंबे-लंबे पॉवर कट से न केवल घरेलू उपभोक्ता और किसान परेशान हैं बल्कि उद्योग धंधे भी चैपट हो रहे हैं। वहीं, डीजल महंगा होने के कारण उद्योगों के लिए अब जेनरेटर का इस्तेमाल करना घाटे का सौदा हो गया है। ऐसे में गरीब, किसान, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है वैसे-वैसे बिजली, पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले दिनों में हालात बद से बदतर हो जायेंगे। बीजेपी सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने की बजाय एक के बाद एक महंगाई का झटका दे रही है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था संकट के दौर से गुजर रही है। बीजेपी सरकार ने अर्थव्यवस्था का भट्ठा बैठा दिया है। देश के इतिहास में रुपया कभी डॉलर के मुकाबले इतना नहीं गिरा जितना बीजेपी सरकार में गिर चुका है। बीजेपी सरकार ने ऐसे हालात बना दिए हैं कि देश में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। कमरतोड़ महंगाई के चलते जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। रोजमर्रा की जरूरत के सामान भी लोगों की पहुँच से बाहर हो रहे हैं। आज भारतीय रुपया पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे देशों की करेंसी के मुकाबले भी पिछड़ गया है। उन्होंने आगे कहा कि नीट परीक्षा का पेपर हर दूसरे साल लीक हो रहा है इससे युवा डिप्रेशन में जा रहे हैं। बीजेपी सरकार साफ-सुथरे ढंग से एक परीक्षा भी नहीं करवा पा रही है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश के इतिहास में पेट्रोल डीजल, फर्टिलाइजर कभी इतना महंगा नहीं हुआ जितना इस सरकार में हो गया है। बीजेपी सरकार प्रत्येक लीटर पर भारी टैक्स वसूल रही है। उन्होंने बताया कि यूपीए सरकार के समय जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव 140 डॉलर प्रति बैरल था, तब गैस सिलेंडर ₹400, पेट्रोल ₹70 और डीजल ₹50 पर था और सरकार सब्सिडी देती थी। लेकिन, पिछले 12 वर्ष में जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव ऐतिहासिक रूप से कम था, तब सरकार ने सब्सिडी हटा ली और टैक्स बढ़ा दिया साथ ही सारा मुनाफा बड़ी तेल कंपनियों को सौंप दिया। कांग्रेस सरकार के समय डीजल पर ₹3, पेट्रोल पर ₹9.5 प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी थी, जो आज डीजल पर ₹24 और पेट्रोल पर ₹25 प्रति लीटर है। अगर बीजेपी सरकार टैक्स घटाकर कांग्रेस की यूपीए सरकार जितना कर दे तो आज ही करीब 20 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से दाम में गिरावट आ सकती है। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय हमने हरियाणा में 4 थर्मल पॉवर प्लांट और एक परमाणु बिजली संयंत्र लगाकर प्रदेश को पॉवर सरप्लस राज्य बनाया, निजी बिजली कंपनियों के साथ सस्ती दरों पर दीर्घकालीन समझौता कर हरियाणा को 24 घंटे बिजली मिलने का प्रबंध कराया। बिजली के दाम नहीं बढ़ाये, उल्टे किसानों के लिये बिजली के रेट कम किये। किसानों के 1600 करोड़ के बिजली के बिल माफ किए और उनके कार्यकाल में पूरे देश में सबसे सस्ती बिजली हरियाणा में मिलती थी। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार यदि ये प्लांट नहीं लगवाती तो आज हरियाणा में भयंकर बिजली संकट होता। उन्होंने बताया कांग्रेस सरकार ने खेदड़ हिसार में राजीव गांधी थर्मल पॉवर – 1200 मेगावाट, झज्जर स्थित इंदिरा गांधी सुपर थर्मल पावर -1500 मेगावाट, झज्जर स्थित महात्मां गांधी सुपर थर्मल पावर -1320 मेगावाट, दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर यमुनानगर -600 मेगावाट, पानीपत थर्मल पावर स्टेज 6 – 250 मेगावाट के बिजली कारखाने लगवाये। इसके अलावा भारत अमेरिका समझौते के तहत 2800 मेगावाट बिजली पैदा करने वाला देश का पहला परमाणु पावर प्लांट फतेहाबाद के गांव गोरखपुर में मंजूर कराकर काम शुरु कराया। प्रदेश के लोगों को आज जो बिजली मिल पा रही है वो भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के शासन काल में लगे बिजली कारखानों की बदौलत मिल रही है। पिछले 12 साल में डबल इंजन वाली बीजेपी सरकार ने एक भी नया बिजली कारखाना नहीं लगवाया, उलटे हरियाणा की बिजली सरेन्डर करके प्रदेश की जनता को बिजली किल्लत की सौगात दी और तो और बिजली भी महंगी कर दी। इस दौरान विधायक गीता भुक्कल, झज्जर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।




हीटवेव से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतें नागरिक: डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से किया आह्वान
झज्जर, 22 मई, अभीतक: डीसी वर्षा खांगवाल ने झज्जर जिला वासियों से भीषण गर्मी और हीटवेव के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए नागरिक अपनी दिनचर्या में आवश्यक बदलाव करें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को गंभीरता से अपनाएं, ताकि लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। डीसी ने कहा कि नागरिक अनावश्यक रूप से दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें तथा अधिकतर समय छायादार और ठंडी जगहों पर रहें। यदि किसी कारणवश बाहर जाना जरूरी हो तो सुबह और शाम ठंडे समय में ही बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि बाहर जाते समय छाता, टोपी, गमछा अथवा तौलिये का प्रयोग अवश्य करें, ताकि शरीर को सीधी धूप से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, जिससे शरीर को आराम और ठंडक मिल सके। साथ ही शरीर में पानी की कमी न होने दें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, लस्सी, ओआरएस एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। उन्होंने नागरिकों से मौसमी फल एवं पानी से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे तरबूज, खीरा, संतरा आदि का अधिक सेवन करने की भी अपील की। उपायुक्त ने कहा कि नागरिक समय-समय पर ठंडे पानी से स्नान करें तथा घरों में पर्दे, पंखे और उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था रखें ताकि कमरे का तापमान नियंत्रित रह सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, चक्कर, बेहोशी जैसी स्थिति महसूस हो तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर प्राथमिक उपचार दें और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि हीटवेव के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही पक्षियों और बेसहारा पशुओं के लिए भी पानी और दाने की व्यवस्था करें, ताकि इस भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति लू से प्रभावित दिखाई दे तो तुरंत सहायता प्रदान करें तथा आपात स्थिति में 108 अथवा 112 एम्बुलेंस सेवा पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी जागरूकता और सावधानी अपनाकर हीटवेव के दुष्प्रभावों से काफी हद तक बचाव संभव है।

छोछी गांव में (29 मई शुक्रवार को) लगेगा लीगल सर्विस कैंप
विभिन्न विभागों से जुड़े विषयों पर होगी सुनवाई
झज्जर, 22 मई, अभीतक: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बेरी खंड के गांव छोछी में (29 मई शुक्रवार को) लीगल सर्विस कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल ने बताया कि कैंप में परिवार पहचान पत्र से संबंधित मामले सुने जायेंगे। कैंप में परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं को सुना जाएगा व मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। इसके अलावा बिजली-पानी, राजस्व विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, समाज कल्याण, रोजगार, शिक्षा, फूड एंड सप्लाई आदि करीब 20 विभागों से जुड़े विषयों पर सुनवाई की जाएगी। कैंप को लेकर संबंधित विभागों को तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह 9 बजे से कैंप शुरू हो जाएगा। प्राधिकरण के सचिव ने ग्रामीणों से इस कैंप का लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, या अन्य प्रमाण पत्र साथ लाएँ, ताकि उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके।




पूरी जिम्मेदारी के साथ जन समस्याओं का निपटान करें विभागाध्यक्ष: डीसी
जिला में आयोजित समाधान शिविरों में दर्ज 6062 शिकायतों में से 231 शिकायतें ही पेंडिंग
डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में समाधान शिविर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
झज्जर, 22 मई, अभीतक: डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि समाधान शिविर जनता की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक निवारण के लिए सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि अब तक जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में कुल 6062 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 231 शिकायते ही पेंडिंग हैं। डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में परिवहन विभाग के एसीएस राजा शेखर वुंडरु की वीसी उपरांत साप्ताहिक समाधान शिविर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। इस दौरान डीसीपी दीप्ति गर्ग भी मौजूद रही। डीसी वर्षा खांगवाल ने विभागवार प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत के समाधान के उपरांत एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) बिना विलंब संबंधित पोर्टलध्कार्यालय को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान है, जिसे प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझ कर पूरा करे। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष एटीआर हर सप्ताह के बुधवार तक भेजना सुनिश्चित करें।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, सीटीएम रितु बंसीवाल, डीआरओ मनबीर सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर, सीएमओ डॉ मंजू कादयान, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीईईओ राजबाला मलिक, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुमित कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें विभाग: डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को लेकर अधिकारियों की बैठक में दिए जरूरी निर्देश
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी से चलाई जाएं स्वच्छता गतिविधियां
झज्जर, 22 मई, अभीतक: डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट)2026 नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार और न्यायालय के निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाए। डीसी वर्षा खांगवाल शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर रही थी। डीसी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ जिले के निर्माण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट के लिए भूमि चिन्हित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा जहां भी कमियां हैं उन्हें निर्धारित समयावधि में दूर किया जाए। डीसी वर्षा खांगवाल ने विकास एवं पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय विभागों को कूड़ा संग्रहण, डोर-टू-डोर कलेक्शन, कचरे के पृथक्करण एवं निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर कचरा संग्रहण की दिशा में नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रभावी रूप से कार्य किये जाएं। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरुक करने तथा स्वच्छता गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 30 मई तक नई सोच-नया शहर स्वच्छ हरियाणा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्वच्छता को लेकर पेंटिंग, स्वच्छता रैली व अन्य जागरूकता गतिविधियां बढाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में बायो वेस्ट सेग्रीगेशन की दिशा में प्रभावी रूप से कार्य किये जाएं।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीडीपीओ निशा तंवर,डीईओ रतिंद्र सिंह,नगर परिषद के ईओ दविंदर कुमार,परियोजना अधिकारी लखविंदर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आ’ग लग गई और दो मंजिला इमारत का लेंटर गिर पड़ा। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है और मौके पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सूचना मिलते ही डीसी वर्षा खांगवाल भी मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।


सीएमओ डॉ मंजू कादयान बोली: आशा वर्कर स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी, दृष्टि कार्यक्रम बनेगा जनसेवा की मिसाल
दृष्टि कार्यक्रम के तहत झज्जर में 50 हजार रीडिंग ग्लासेस वितरण अभियान को मिली नई गति’
झज्जर, 22 मई, अभीतक: भारत सरकार द्वारा संचालित दृष्टि कार्यक्रम के अंतर्गत ।सस प्दकपं प्देजपजनजम व िडमकपबंस ैबपमदबमे क्मसीप एवं छनकहम थ्वनदकंजपवद के तत्वावधान तथा स्वास्थ्य विभाग झज्जर के सहयोग से जिलेभर में रीडिंग ग्लासेस वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले में कुल 50 हजार रीडिंग ग्लासेस वितरित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 25 हजार चश्मे आशा वर्करों तथा 25 हजार चश्मे स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। यह कार्यक्रम 25 जून 2025 से आरंभ किया गया था तथा अब तक लगभग 17 हजार चश्मों का वितरण किया जा चुका है। कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एम्स दिल्ली एवं नज फाउंडेशन की टीम द्वारा स्वास्थ्य विभाग झज्जर के सहयोग से आशा वर्करों एवं स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में विस्तारपूर्वक बताया गया कि किस प्रकार गांव स्तर पर लोगों की आंखों की स्क्रीनिंग कर उचित नंबर के रीडिंग ग्लासेस उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रशिक्षण की विशेष बात यह रही कि आशा वर्कर एवं एसएचजी सदस्याओं को अत्यंत सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रशिक्षित किया गया, जिससे वे आसानी से लाभार्थियों की दृष्टि जांच कर सही नंबर के चश्मे उपलब्ध करवा सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एम्स दिल्ली के प्रोफेसर सूरज सिंह सेंजाम, कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर एवं ऑप्टोमेट्रिस्ट प्रवीण यादव, फील्ड इन्वेस्टिगेटर जय प्रकाश द्विवेदी एवं आशीष तंवर तथा नज फाउंडेशन की कोऑर्डिनेटर नम्रता एवं उनकी टीम ने उप सिविल सर्जन डॉ मीनू के नेतृत्व में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देकर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आशा वर्करों एवं स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को स्क्रीनिंग किट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी रूप से नेत्र जांच अभियान को आगे बढ़ा सकें। दृष्टि कार्यक्रम के अंतर्गत आशा वर्करों द्वारा अन्य सदस्यों को क्षेत्र में नेत्र जांच करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो भी दिया गया, जिससे उपस्थित प्रतिभागियों ने व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन जिला किशोर स्वास्थ्य काउंसलर संदीप कुमार जांगड़ा द्वारा किया गया। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, एचपीवी वैक्सीनेशन, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में आशा वर्करों एवं उपस्थित जनों को जागरूक करते हुए क्षेत्र के किशोर एवं किशोरियों को मित्रता क्लीनिक से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर नेत्र विशेषज्ञ डॉ नविता यादव जिला किशोर स्वास्थ्य काउंसलर संदीप कुमार जांगड़ा, मुस्कान, अमन गहलावत सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे। ।सस प्दकपं प्देजपजनजम व िडमकपबंस ैबपमदबमे क्मसीप एवं छनकहम थ्वनदकंजपवद द्वारा क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर आशा वर्कर बीरमति बादली एवं आशा वर्कर मीना को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान आशा वर्करों एवं स्वयं सहायता समूह की सदस्यों द्वारा दिए गए डेमो की सराहना करते हुए कहा कि आशा वर्कर स्वास्थ्य विभाग की “रीढ़ की हड्डी” एवं “आईना” हैं, जो सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान ने कहा कि प्रशिक्षण में उपस्थित आशा वर्करों एवं स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों का उत्साह देखकर प्रतीत होता है कि यह कार्यक्रम आने वाले समय में जिले में नई मिसाल स्थापित करेगा तथा दृष्टि कार्यक्रम को चार चांद लगाने का कार्य करेगा। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन की प्रशंसा करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




विश्व कछुआ दिवस की पूर्व संध्या पर एक विशाल कछुए का रंगोली रेखाचित्र बनाया
झज्जर, 22 मई, अभीतक: गाँव भदाना की चैपाल में भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा व उनकी बेटी अंशुल शर्मा ने मिलकर विश्व कछुआ दिवस की पूर्व संध्या पर एक विशाल कछुए का रंगोली रेखाचित्र बनाया। 23 मई को पूरे विश्व में कछुआ दिवस मनाया जाता है। कछुओं के संरक्षण में मदद करने तथा इसके नष्ट होते पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए लोगों को जागरूक करने हेतु प्रतिवर्ष 23 मई को कछुआ दिवस मनाया जाता है । कछुओं की आयु सभी जीवों में सबसे अधिक होती है। ये वास्तु शास्त्र के अनुसार पवित्र भी माने जाते हैं। हम सबको इनकी अवैध तस्करी को रोकना होगा व अपने जीवमंडल में इनकी रक्षा करनी होगी। कछुए का संघर्ष मनुष्य को आदि काल से ही प्रेरणा प्रदान करता रहा है। खरगोश व कछुए की कहानी को सुनकर हम सब बड़े हुए हैं। अतः आज इस शुभवसर पर हम सब मिलकर कछुओं की जीवन रक्षा का संकल्प लेना होगा व पानी की बचत करके जल प्रदूषण को रोककर इस दुर्लभ जीव का संरक्षण करना होगा। इस चैपाल रंगोली में पूर्व सैनिक देवीदत्त शर्मा, सूबेदार सुभाष शर्मा, केशव शर्मा, अर्जुन शर्मा व अलीशा शर्मा आदि ने मौजूद रहकर सभी जीव जंतुओं की रक्षा का संकल्प लिया।
होमगार्ड से जॉइनिंग के लिए ₹50 हजार रिश्वत लेने वाले कमांडेंट हुए गिरफ्तार
50 हजार की रिश्वत लेता होमगार्ड कमांडेंट सुधीर गिरफ्तार३
नौकरी लगवाने के नाम पर लिए थे पैसे
विजिलेंस ने ऑफिस में दबोचा
रेवाडी, 22 मई, अभीतक: रेवाड़ी विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पर सस्पेंड चल रहे होमगार्ड जवान को दोबारा नौकरी जॉइन करवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, सस्पेंड होमगार्ड जवान सुरेश से आरोपी कमांडेंट ने कुल 1.50 लाख रुपए की डिमांड की थी। आरोप है कि वह पहले ही 80 हजार रुपए ले चुका था। वीरवार को बाकी 50 हजार रुपए गढ़ी बोलनी रोड स्थित कार्यालय में मेज की दराज में रखवाए गए। सूचना मिलते ही विजिलेंस टीम ने छापा मारकर आरोपी को रिश्वत की रकम सहित पकड़ लिया। फिलहाल विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




नशा मुक्त झज्जर अभियान को लेकर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने ली समीक्षा बैठक’
जिले के 126 गांवों को किया गया नशा मुक्त, लोगों को जागरूक कर काउंसलिंग व उपचार पर दिया जोर’
झज्जर, 22 मई, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने नशा मुक्त झज्जर अभियान को लेकर नशा मुक्ति टीम की विशेष बैठक आयोजित कर अब तक की गई कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ-साथ समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों की काउंसलिंग करवाकर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जाए ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।बैठक में बताया गया कि झज्जर जिले में करीब 250 गांव हैं जिनमें से अब तक 126 गांवों को नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है। इनमें झज्जर जोन के 82 गांव तथा बहादुरगढ़ जोन के 44 गांव शामिल हैं। पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह ने इस कार्य पर संतोष जताते हुए टीम की सराहना की, लेकिन साथ ही कहा कि अभी और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है ताकि पूरे जिले को नशा मुक्त बनाया जा सके। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। युवाओं को खेलों, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाए ताकि वे नशे से दूर रह सकें।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बैठक के दौरान अधिकारियों को 15 दिन में उनके द्वारा किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी की जा सके।

दुर्गा शक्ति की टीम ने विद्यार्थियों को डायल 112 और ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के फायदे के बारे में किया जागरूक
बहादुरगढ़, 22 मई, अभीतक: पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को ध्यान में रखते हुए दुर्गा शक्ति टीम द्वारा आज कन्या माध्यमिक विद्यालय बहादुरगढ़ में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक सरला व दुर्गा शक्ति टीम के सदस्यों ने बच्चों को डायल 112 आपातकालीन सेवा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी, दुर्घटना, झगड़ा या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो वे तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता ले सकते हैं। बच्चों को यह भी बताया गया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर रहती है और ऐसी स्थिति में घबराने की बजाय तुरंत सूचना देनी चाहिए।इसके साथ ही विद्यार्थियों को ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के बारे में भी सरल भाषा में जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि यह सेवा यात्रा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करती है और आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को लोकेशन भेजकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। बच्चों को सुरक्षित यात्रा करने, अजनबियों से सावधान रहने, स्कूल आते-जाते समय सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को देने के बारे में भी जागरूक किया गया। इस दौरान दुर्गा शक्ति टीम ने छात्राओं को स्व-सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए तथा सभी विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी वाले पम्पलेट वितरित किए, ताकि वे इस जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचा सकें।
जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, आरोपी 2 दिन के पुलिस रिमांड पर
झज्जर, 22 मई, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह के दिशा निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना बेरी की पुलिस टीम ने एक आरोपी को जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रबंधक बेरी उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि उपेंद्र निवासी चिमनी जिला झज्जर ने शिकायत देते हुए बताया कि दिनांक 17 मई 2026 को अपने कमर में सोने के लिए गया था और करीब 11ः30 बजे पेशाब करने के लिए गया तो एक व्यक्ति ने मेरे ऊपर जान से मारने के नियत से गोली चला दी। गोली बाथरूम के दरवाजे मैं लगी। जिससे मैं बाल बाल बच गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौका से फरार हो गया। जिस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ थाना बेरी में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह द्वारा उपरोक्त मामले में वांछित आरोपियों को पकड़ने के संबंध में कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस कमिश्नर के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए थाना में तैनात उप निरीक्षक राजेश कुमार की पुलिस टीम ने उपरोक्त मामले में गहनता से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान हर्ष निवासी चिमनी जिला झज्जर के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए अदालत झज्जर में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।




जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है शिक्षा: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने पीएम श्री रा.क.व.मा.वि. रेवाड़ी की होनहार छात्राओं को किया सम्मानित
रेवाड़ी, 22 मई, अभीतक: पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में शुक्रवार को मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीसी अभिषेक मीणा ने बोर्ड परीक्षाओं एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। शिक्षा न केवल व्यक्ति के ज्ञान और व्यक्तित्व का विकास करती है, बल्कि उसे आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक भी बनाती है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लड़कियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं। डीसी ने विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों की भी सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, पार्षद चंदन यादव, कार्यवाहक प्राचार्या मोनिका यादव और शिक्षिका पूनम यादव सहित स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।

महाभारत अनुभव केंद्र में आधुनिक तकनीक से दर्शाया जा रहा भारतीय संस्कृति, गीता का संदेश और महाभारत का इतिहास: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने की शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं युवा समूहों से महाभारत अनुभव केंद्र का भ्रमण करने की अपील
महाभारत काल की घटनाओं, पात्रों और जीवन मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है महाभारत अनुभव केंद्र
रेवाड़ी, 22 मई, अभीतक: कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में स्थित महाभारत अनुभव केंद्र को भारतीय संस्कृति, गीता के संदेश और महाभारत के गौरवशाली इतिहास को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जोड़ा गया है। शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन एवं युवा समूह इस केंद्र का भ्रमण कर न केवल इतिहास को समझ सकेंगे, बल्कि नैतिकता, कर्तव्य और राष्ट्रहित जैसे मूल्यों से भी प्रेरणा प्राप्त करेंगे। डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्योतिसर वह पावन स्थल है जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य उपदेश दिया था। इसी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा यहां अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित महाभारत अनुभव केंद्र स्थापित किया गया है। इस केंद्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में एडवांस्ड ऑडियो-विजुअल तकनीक के माध्यम से महाभारत काल की घटनाओं, पात्रों और जीवन मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। डीसी ने जिला के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, युवा संगठनों तथा सांस्कृतिक संस्थाओं को विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह केंद्र केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि शोधकर्ताओं, विद्वानों और युवाओं के लिए ज्ञान एवं प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने बताया कि ऐसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक भ्रमण युवाओं में भारतीय विरासत के प्रति सम्मान, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे।

जनसेवा से जुड़े पोर्टल पर लंबित शिकायतों का तुरंत करें समाधान: नगराधीश
नगराधीश जितेंद्र कुमार ने की समाधान प्रकोष्ठ व सीएम विंडो की समीक्षा
रेवाड़ी, 22 मई, अभीतक: नगराधीश जितेंद्र कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे आमजन से जुड़ी योजनाओं व सेवारत पोर्टल की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करते हुए शिकायतों का तय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों के समाधान उपरांत एटीआर भी पोर्टल पर अवश्य अपलोड करे। नगराधीश जितेंद्र कुमार शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में समाधान प्रकोष्ठ व सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। बैठक में एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। सीटीएम ने कहा कि हरियाणा सरकार जनसेवा से जुड़े पोर्टल के माध्यम से लोगों को घर बैठे लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर जनसेवा को समर्पित होकर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आमजन से जुड़ी योजनाओं व सेवारत पोर्टल की स्वयं मॉनिटरिंग करते हैं, ऐसे में सभी विभागाध्यक्ष अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को पोर्टल पर समाधान सुनिश्चित करते हुए रिपोर्ट भी अपलोड करें। उन्होंने समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल की अपडेट रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान प्रकोष्ठ की सभी लंबित शिकायतों का अति शीघ्र समाधान किया जाए। सीटीएम ने सीएम विंडो की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लें और समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें। हर रोज पोर्टल चेक करें और समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें।

आईएसआई मार्क युक्त उत्पादों की अनिवार्यता विषय पर दिया प्रशिक्षण
भारतीय मानक ब्यूरो के विभिन्न स्टेंडर्ड मार्क के बारे में विस्तार से दी जानकारी
बीआईएस केयर मोबाइल एप और पोर्टल के माध्यम से विस्तृत जानकारी के साथ दर्ज करा सकते हैं शिकायत
रेवाड़ी, 22 मई, अभीतक: आईएसआई मार्क युक्त उत्पादों की अनिवार्यता विषय पर शुक्रवार को लघु सचिवालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुणवत्ता मानकों और प्रमाणित उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), फरीदाबाद शाखा के निदेशक एवं ई-वैज्ञानिक महेंद्र कुमार परमाणिक ने बताया कि उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत भारतीय मानक ब्यूरो वस्तुओं और सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा तथा विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मानक निर्धारित करता है। उन्होंने बताया कि आईएसआई मार्क उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उत्पादों की पहचान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सरकारी खरीद प्रक्रियाओं में आईएसआई मार्क युक्त उत्पादों की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इससे सरकारी विभागों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध होने के साथ-साथ पारदर्शिता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होती है। कार्यक्रम के दौरान बीआईएस के विभिन्न स्टैंडर्ड मार्क, उनकी उपयोगिता तथा उपभोक्ताओं के अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर शिकायत हो तो उपभोक्ता बीआईएस केयर मोबाइल एप और बीआईएस पोर्टल के माध्यम से विस्तृत जानकारी के साथ शिकायत दर्ज कर भी सकते हैं। इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, फरीदाबाद शाखा के उप निदेशक रोहित रेड्डी, मानक पदोन्नति अधिकारी गौरव कुमार तथा जिला संयोजक वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

भारतीय मानक ब्यूरो ने विद्यार्थियों को करवाया औद्योगिक भ्रमण
विद्यार्थियों ने उद्योगों की कार्यप्रणाली एवं गुणवत्ता मानकों के बारे में ली जानकारी
रेवाड़ी, 22 मई, अभीतक: भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), फरीदाबाद शाखा द्वारा विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास एवं औद्योगिक समझ को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत बीबीडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिहारीपुर के विद्यार्थियों को आईएमटी मानेसर स्थित एंब्रोस शू कंपनी का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर कंपनी के गुणवत्ता मैनेजर निखिल दीक्षित एवं अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों तथा गुणवत्ता प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की। विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों का अवलोकन कर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया तथा कौशल विकास से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा। भारतीय मानक ब्यूरो, फरीदाबाद शाखा के वैज्ञानिक ‘ई’ एवं निदेशक महेंद्र कुमार परमाणिक ने बताया कि इस प्रकार की विशेष विजिट विद्यार्थियों में तकनीकी जागरूकता, आत्मविश्वास एवं कैरियर निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का समन्वयन मानक पदोन्नति अधिकारी गौरव कुमार और जिला संयोजक वीरेंद्र सिंह द्वारा किया गया। विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए भारतीय मानक ब्यूरो तथा कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।


विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ करें पूरा – डा. कृष्ण कुमार
बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार ने विकास कार्यों को लेकर की समीक्षा बैठक
बावल, 22 मई, अभीतक: बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस बावल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एसडीएम संजीव कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। विधायक डा. कृष्ण कुमार ने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करना सुनिश्चित करें तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बावल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले बावल क्षेत्र के सभी नालों व सीवरेज आदि की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में कोई परेशानी न हो। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश की सरकार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से बावल क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक में एसडीएम संजीव कुमार ने बावल क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने सडक निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सीवरेज, बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

केमिकल कंपनी में हुई आगजनी की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे विधायक
बावल में केमिकल कंपनी जीएलएस में हुई आगजनी की घटना के बाद विधायक डा.कृष्ण कुमार स्थिति का जायजा लेने के लिए पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम बावल संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि इस घटना की गहनता से जांच करवाई जाएगी तथा पीडितों की हर संभव मदद की जाएगी।
विधायक डा. कृष्ण कुमार ने सुनी जन समस्याएं, मौके पर कराया समाधान
बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार ने शुक्रवार को अपने रेवाड़ी कार्यालय में आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए मौके पर अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करवाएं, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। विधायक ने जनसुनवाई करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अंतोदय की भावना से बिना भेदभाव के तेजी से विकास कार्य करवा रही है और जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है।

बावल कोर्ट परिसर में लगाया स्वास्थ्य जागरूकता कैंप
रेवाड़ी, 22 मई, अभीतक: डा.रेनू सोलखे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी ने शुक्रवार को को सब डिविजनल लीगल सर्विस कमेटी, बावल का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने फ्रंट ऑफिस का निरीक्षण किया एवं रजिस्टर भी जांचें। सचिव डा.रेनू सोलखे ने सब डिविजनल लीगल सर्विस कमेटी, बावल के पैनल अधिवक्ताओं के साथ मीटिंग भी की तथा उनकी समस्याओं के बारे में जाना तथा उचित दिशा निर्देश दिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी तथा बार एसोसिएशन बावल के सहयोग से बावल कोर्ट में निःशुल्क चिकित्सा कैंप का आयोजन एसपी यादव हॉस्पिटल रेवाड़ी के द्वारा किया गया। इसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, आंखों की चिकित्सा तथा जनरल फिजिशियन उपस्थित रहे। इस अवसर पर अरविंद नशियर, प्रिंसिपल जज पारिवारिक न्यायालय, रेवाड़ी, डा.रेनू सोलखे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी, आलोक आनंद, अध्यक्ष, सब डिविजनल लीगल सर्विस कमेटी, बावल, प्रदीप कुमार सिविल जज, जूनियर डिवीजन, बावल, प्रीतम ढिल्लों, बार प्रेसिडेंट बावल तथा अनेक गणमान्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।