Haryana Abhitak News 26/05/26

https://www.facebook.com/share/v/1BKRxVEXrE

एच.डी. पब्लिक स्कूल में इन-हाउस सीबीपी ऑन साइबर सेफ्टी एंड सिक्योरिटी विषय पर दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया
झज्जर, 26 मई, अभीतक: बिरोहड़ स्थित एच.डी. पब्लिक स्कूल में सीबीएसई के मार्गदर्शन में इन-हाउस सीबीपी ऑन साइबर सेफ्टी एंड सिक्योरिटी विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों और ऑनलाइन सुरक्षा की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान करने के लिए सक्षम करना था। कार्यक्रम में सीबीएसई के रिसोर्स पर्सन अमीत दहिया ने अध्यापकों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डेटा प्राइवेसी तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में इंटरनेट शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके सुरक्षित उपयोग की जानकारी होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों में डिजिटल अनुशासन विकसित करने और उन्हें साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड तथा गलत ऑनलाइन गतिविधियों से बचाने के उपाय बताए। विद्यालय निदेशक बलराज फौगाट ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि तकनीकी जागरूकता और साइबर सुरक्षा भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाने चाहिए ताकि वे बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रख सकें और विद्यार्थियों का सही मार्गदर्शन कर सकें। विद्यालय प्राचार्या नमिता दास ने सीबीएसई एवं रिसोर्स पर्सन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने शिक्षकों को डिजिटल दुनिया से जुड़े जोखिमों और सुरक्षा उपायों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों के हित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर अध्यापकों ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रत्येक शिक्षक और विद्यार्थी के लिए अनिवार्य हो गई है। इस अवसर पर उप प्राचार्य नवीन सनसनवाल व समस्त विद्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहा।

महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में झज्जर को बड़ी सौगात, सीएमओ डॉ. मंजू कादयान ने डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट का किया शुभारंभ
स्तन कैंसर की समय पर पहचान एवं बेहतर उपचार में मील का पत्थर साबित होगी डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट: सीएमओ डॉ. मंजू कादयान’

झज्जर, 26 मई, अभीतक: जिला अस्पताल झज्जर में महिलाओं में स्तन कैंसर की समय पर पहचान एवं उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम कैंसर स्क्रीनिंग ओपीडी में नेशनल कैंसर इंस्टिट्यूट, ।प्प्डै क्मसीप के समन्वय से आयोजित किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से जिलेभर की महिलाओं को अब स्तन कैंसर जांच के लिए बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा समय पर जांच एवं उपचार संभव हो सकेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. मंजू कादयान, डॉ. जितेंद्र कुमार मीणा, डॉ. आकृति, जे.पी. सिंह, देवेंद्र सिंह एवं पीपीएचएफ तथा भारत स्टार्स टीम की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मंजू कादयान ने कहा कि महिलाओं तक अधिकतम कैंसर स्क्रीनिंग सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर के मामलों में समय पर जांच और पहचान अत्यंत महत्वपूर्ण होती है तथा डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट महिलाओं को आधुनिक एवं सुलभ जांच सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है और यह यूनिट जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। डॉ. जितेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि यह पहल कैंसर सेवाओं के विकेंद्रीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उपचार को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। भारत स्टार्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ जे.पी. सिंह ने कहा कि इस सीएसआर सहयोग का मुख्य उद्देश्य आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सामाजिक सहभागिता समाज के लिए सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनती है। कार्यक्रम के दौरान पीपीएचएफ द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई। अंत में डॉ. आकृति हुड्डा ने सभी सहयोगी संस्थाओं एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नागरिक अस्पताल झज्जर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. गुरजीत सिद्धू, उप सिविल सर्जन डॉ. सुनीता तंवर, डॉ. शैलेंद्र डोगरा, डॉ. बसंत दुबे, उपाधीक्षक डॉ. यशपाल मोनिया, सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय सिंगला, नेत्र विशेषज्ञ एवं सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. मीनू, उप अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र दहिया, आरएमओ डॉ. अचल, मेडिकल ऑफिसर डॉ. विकास सहराय, डॉ. राशि, डॉ. राहुल जाखड़, जिला किशोर स्वास्थ्य काउंसलर संदीप कुमार जांगड़ा, मेट्रन कृष्णा, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सुदेश राठी, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर मीना, आईसीएन अंजू चाहार, एनसीडी नर्सिंग ऑफिसर सोनी, एनसीडी अकाउंटेंट अंजू, रेडियोग्राफर देवेंद्र, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमन एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी मामले का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक सेल झज्जर की बड़ी कार्रवाई’
आरोपी अजय पर पहले से आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज, पुलिस रिमांड के दौरान हुई बरामदगी’

बहादुरगढ़, 26 मई, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व एवं पुलिस उपायुक्त क्राइम शुभम सिंह के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सेल झज्जर की पुलिस टीम ने घर से सोने व चांदी के आभूषण चोरी के मामले में आरोपी अजय निवासी बुपनिया को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जिसके दौरान चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण आरोपी की निशानदेही से बरामद किए गए। बरामद किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये के करीब है।मामले की जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह टाटा एस वाहन चलाता है। 19 मई 2026 की सुबह वह अपने घर पर ताला लगाकर काम पर चला गया था। शाम को वापस लौटने पर उसने देखा कि घर के अंदर वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरे में रखी अलमारियां खुली पड़ी थीं। घर का सामान बिखरा पड़ा था तथा घर में रखें सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी हुए मिले। यह शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के निर्देशानुसार विशेष टीम गठित की गई। डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच, गुप्त सूचना तंत्र तथा सीसीटीवी फुटेज की सहायता से मामले की जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयासों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपी अजय निवासी बुपनिया तक पहुंचने में सफल रही।पुलिस द्वारा आरोपी को काबू कर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया गया, जिसमें सोने की अंगूठियां, सोने की चैन, सोने का टीका, चांदी की पायल, चांदी के सिक्के तथा अन्य कीमती सामान शामिल हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कि।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी अजय पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में आधा दर्जन से अधिक लूटपाट, चोरी, छीना-झपटी और अवैध हथियार रखने सहित मामले दर्ज हैं। नारकोटिक सेल प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है तथा उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। झज्जर पुलिस अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। ’डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क, तकनीकी जांच और तत्पर कार्रवाई के चलते मामले का खुलासा संभव हो पाया। वहीं पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

गुमशुदा व्यक्ति को तलाशने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी
झज्जर, 26 मई, अभीतक: संदेह जनक परिस्थितियों में गुम हुए एक व्यक्ति की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस द्वारा गहनता से कार्यवाही अमल में लाई जा रही है जितेंद्र निवासी गोरिया जिला झज्जर ने थाना साल्हावास में दरखास्त देते हुए बताया कि उसका पिता गुमशुदा रमेश 3 अप्रैल 2026 को बिना बताए घर से कहीं चला गया है गुमशुदा रमेश का रंग गोरा, गोल चेहरा, हस्त पुस्त शरीर, सिर पर सफेद बाल, मुंह में दांत नहीं, कद 5 फुट 10 इंच व उम्र 53 साल की है शिकायत मैं तत्परता से कार्रवाई करते हुए व्यक्ति की गुमशुदगी के संबंध में साल्हावास में मामला दर्ज किया गया थाना प्रबंधक ने बताया कि गुमशुदा उपरोक्त व्यक्ति की तलाश के लिए थाना में तैनात महिला मुख्य सिपाही सुमन के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम द्वारा गंभीरता से कार्रवाई अमल में लाई जा रही है गुमशुदा उपरोक्त व्यक्ति के संबंध में कोई भी जानकारी थाना प्रबंधक साल्हावास के मोबाइल नंबर 7056667221 अथवा चैकी इंचार्ज झाड़ली के मोबाइल नंबर पर 7056667248 पर दी जा सकती है।

रोहतक: एक बार फिर जेल से बाहर आया गुरमीत राम रहीम।
सिरसा डेरा चीफ राम रहीम की 30 दिन की पैरोल हुई है मंजूर।
16वीं बार रोहतक की सुनारियां जेल से बाहर निकला गुरमीत।
6 बजकर ठीक 34 मिनट पर चुपचाप आया बाहर, नहीं दिखी कड़ी सुरक्षा।
गुरमीत राम रहीम को बार – बार मिलने वाली पैरोल को लेकर उठते रहे हैं सवाल।
साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में सजा काट रहा है गुरमीत।
अगस्त 2017 में सुनारियां जेल में बंद किया गया था गुरमीत राम रहीम को।
15 बार पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आ चुका है राम रहीम।
इस साल जनवरी महीने में भी मिली थी 40 दिन की पैरोल।
15 फरवरी को वापस सुनारियां जेल पहुंचा था गुरमीत।

सेना भर्ती कार्यालय, रोहतक द्वारा भर्ती रैली का परिणाम घोषित: भर्ती निदेशक
रोहतक, 26 मई, अभीतक: स्थानीय सेना भर्ती कार्यालय द्वारा दिसंबर 2025 माह में आयोजित भर्ती रैली के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी (ळक्), अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित कर दिया गया है। स्थानीय सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी कर दी गई है। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे दस्तावेज सत्यापन एवं भर्ती संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए शीघ्रातिशीघ्र सेना भर्ती कार्यालय, रोहतक में रिपोर्ट करें। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश समय-समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय, रोहतक से संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क विवरण
टेलीफोन नंबर: 01262-253431, 01262-268568, हेल्पलाइन नंबर: 8901384498
सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से सावधान रहें।

बेरी उपमंडल क्षेत्र से जाने वाली सब लिंक ड्रेनों का अधिकारियों के साथ निरीक्षण करती हुईं एसडीएम रेणुका नांदल।

हर हाल में मानसून सीजन से पहले हो ड्रेन व नालों की सफाई: एसडीएम
अधिकारी फील्ड में ड्रेन व नालों की सफाई कार्य पर रखें नजर
एसडीएम रेणुका नांदल ने मंगलवार को बेरी क्षेत्र की सब लिंक ड्रेन व नालों की सफाई से जुड़े कार्यों का किया निरीक्षण

बेरी, 26 मई, अभीतक: आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर बाढ़ नियंत्रण उपायों को लेकर एसडीएम रेणुका नांदल ने मंगलवार को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ सब लिंक ड्रेन,माईनर व नालों की सफाई और जल निकासी कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जेएलएन नहर के साथ लगती सब लिंक ड्रेन, धौड़ – दुजाना लिंक ड्रेन, बाघपुर लिंक ड्रेन व नालों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी बरसात सीजन के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण व बरसाती पानी निकासी से जुड़ी सभी आवश्यक परियोजनाएं, जल निकासी व्यवस्था और नालों की सफाई का कार्य मानसून से पहले हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव या बाढ़ जैसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए ड्रेन, नालों और जल निकासी से जुड़ी संरचनाओं की समयबद्ध सफाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग समय रहते ड्रेनों की सफाई कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान सिंचाई एवं जलसंसाधन विभाग के एक्सईएन पुनीत साहनी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

आईटीआई गुढ़ा में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
1933 अथवा 90508-91508 पर दें नशे के विरुद्ध गुप्त सूचनाएं : डॉ. अशोक कुमार

झज्जर, 26 मई, अभीतक: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशानिर्देशों एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढ़ा तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) झज्जर एट गुढ़ा में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढ़ा के प्राचार्य जीतपाल तथा महिला आईटीआई की इंचार्ज सत्यवती की उपस्थिति में दोनों संस्थानों के वर्ग अनुदेशकों, अनुदेशकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा भावी पीढ़ियों के लिए अभिशाप है तथा यह मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। नशा व्यक्ति के जीवन में शौक बनकर आता है और अंत में उसका जीवन शोक में परिवर्तित कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यदि नशा अच्छा होता तो सबसे पहले मां अपने बच्चे को नशा करने के लिए देती। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर एनसीबी नेशनल हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल दबइउंदंे.हवअ.पद⁠ अथवा हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गुप्त रखा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशा मुक्त समाज निर्माण की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर संस्थान के वर्ग अनुदेशक, अनुदेशक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वर्षा खांगवाल, डीसी झज्जर।

डीएसआर तकनीक से होगी पानी व लागत की बचत: डीसी
धान की सीधी बिजाई अपनाने वाले किसानों को मिलेगी 4500 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि
खरीफ 2026 सीजन के लिए 15 जून तक पंजीकरण करें किसान

झज्जर, 26 मई, अभीतक: डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा खरीफ 2026 सीजन में धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 4500 रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। धान की सीधी बिजाई प्रदर्शन योजना के तहत इच्छुक किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 15 जून तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा इस बार खरीफ सीजन में राज्यभर में 600 डायरेक्ट सीडेड राइस (डीएसआर) मशीनें अनुदान पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन मशीनों पर कीमत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 40 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। डीसी ने बताया कि योजना के अंतर्गत किसानों के लिए अधिकतम क्षेत्रफल की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है तथा योजना का लाभ “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा। दूसरी ओर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुरेन्द्र मलिक ने बताया कि डीएसआर तकनीक पारंपरिक धान रोपाई विधि की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत तक पानी की बचत करती है। इससे किसानों की उत्पादन लागत कम होती है और भूजल संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। सहायक कृषि अभियंता राजीव पाल ने बताया कि धान की सीधी बिजाई तकनीक में प्रति एकड़ 8 किलोग्राम बीज पर्याप्त रहता है। उन्होंने किसानों को बीज उपचार एवं खरपतवार नियंत्रण के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि 10 किलोग्राम बीज के उपचार हेतु 10 ग्राम एमिसान अथवा 10 ग्राम कार्बेन्डाजिम तथा एक ग्राम स्ट्रेपटोसाइक्लिन या 25 ग्राम पोसामाइसिन को 10 लीटर पानी में घोलकर बीज को 24 घंटे तक भिगोना चाहिए। इसके बाद बीज को एक-दो घंटे तक छाया में सुखाना चाहिए ताकि अतिरिक्त नमी समाप्त हो जाए। उन्होंने बताया कि बतर अवस्था में सीधी बिजाई करने पर खरपतवार नियंत्रण हेतु पेंडीमेथालीन 1.3 लीटर प्रति एकड़ की दर से 200 लीटर पानी में घोल बनाकर बिजाई के तुरंत बाद छिड़काव करना चाहिए। यदि बिजाई सूखी अवस्था में की गई हो तो सिंचाई के तीन दिन बाद उक्त दवा का स्प्रे करें। इसके अतिरिक्त बिजाई के 15 से 25 दिन बाद खरपतवारों की 2 से 4 पत्ती अवस्था में बिसपाइरीबेक-सोडियम 100 मिलीलीटर प्रति एकड़ की दर से 120 लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इच्छुक किसान अधिक जानकारी के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, झज्जर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

गर्मी के मौसम में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव: डीसी
हीट वेव को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क
लू व गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी, लक्षण दिखने पर तुरंत लें चिकित्सीय सलाह: सिविल सर्जन

झज्जर, 26 मई, अभीतक: डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि प्रतिदिन बढ़ रही गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्क है तथा आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।गर्मी के मौसम में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने जिलेवासियों से भीषण गर्मी और लू के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा वे प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें। उन्होंने बताया कि उपमंडल सचिवालयों, बीडीपीओ कार्यालय परिसरों में गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही सरकारी कामकाज के लिए आने वाले नागरिकों को गर्मी से बचाव के लिए जागरूक करने की दिशा में सजगता से कार्य किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि नागरिक मौसम पूर्वानुमान की जानकारी नियमित रूप से लेते रहें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, भले ही प्यास महसूस न हो। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी एवं अन्य घरेलू पेय पदार्थों का सेवन लाभदायक रहता है। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि धूप में निकलते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें तथा सिर को टोपी, छाते, पगड़ी या दुपट्टे से ढक कर रखें। बाहर जाते समय पानी साथ रखें और लंबे समय तक सीधे धूप में रहने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को खुले में कार्य करना आवश्यक हो तो वह समय-समय पर विश्राम करे तथा सिर, गर्दन और चेहरे को गीले कपड़े से ढककर रखें।
निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह
डीसी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों एवं निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल एवं विश्राम की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा श्रमिकों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधे सूर्य की रोशनी में कार्य करने से बचाया जाए। कठिन कार्य सुबह या शाम के समय करवाए जाएं और गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जाए। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों और पालतू पशुओं को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें तथा गहरे रंग और तंग कपड़ों से बचें। आमजन स्वयं भी सतर्क रहें और अपने परिवार, विशेषकर बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें ताकि हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचाव संभव हो सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्मी व लू से बचाव को लेकर नागरिकों को किया जा रहा जागरूक
वहीं,सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी जिलेभर में बढ़ती गर्मी एवं लू से बचाव को लेकर डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य संबंधी टिप्स देकर जागरूक किया जा रहा हैं। नागरिक अस्पताल झज्जर में बढ़ती गर्मी से बचाव को लेकर हीट वेव कॉर्नर और ओआरएस कॉर्नर बनाए गए हैं। अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा गर्म मौसम में अपनाई जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया जा रहा हैं उन्होंने बताया कि तेज धूप एवं गर्म हवाओं के कारण शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी एवं हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आमजन से अपील की जा रही है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा बाहर जाते समय पानी अवश्य पीकर निकलें। साथ ही हल्के एवं सूती कपड़े पहनें तथा सिर को ढककर रखें। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचना चाहिए और केवल ताजा एवं स्वच्छ भोजन ही ग्रहण करना चाहिए। बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए कहा कि छोटे बच्चों को अधिक देर तक धूप में न रहने दें तथा उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ देते रहें। यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक कमजोरी, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सीय सलाह लें।
वर्षा खांगवाल, डीसी झज्जर।

वर्षा खांगवाल, डीसी झज्जर।

गैर-अधिकृत कॉलोनियों में प्लाट खरीदारी ना करें नागरिक: डीसी
बादली क्षेत्र के गांव बाढ़सा व देवरखाना में संबंधित विभाग ने अधिसूचित किए खसरा नंबर

झज्जर, 26 मई, अभीतक: डीसी वर्षा खांगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बादली क्षेत्र के गांव बाढ़सा व देवरखाना में बिना लाइसेंसध्सीएलयूध्एनओसी प्राप्त किए अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने की सूचना प्रशासन के संज्ञान में आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला की सीमा में अवैध कालोनियों को किसी सूरत नहीं पनपने दिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि बादली क्षेत्र के गांव बाढ़सा व देवरखाना में कुछ चिन्हित किलाध्खसरा नंबरों में अवैध निर्माण की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नवीनतम राजस्व अभिलेख (जमाबंदी, इंतकाल आदि) उपलब्ध कराएं और साथ ही इन खसरा नंबरों में किसी भी प्रकार की बिक्री, एग्रीमेंट टू सेल, फुल पेमेंट एग्रीमेंट या पावर ऑफ अटॉर्नी का पंजीकरण या क्रियान्वयन न करें। डीसी ने बताया कि बादली क्षेत्र के गांव बाढ़सा के किला नंबर 104ध्ध्9ध्3, 12ध्1, 19ध्3 व देवरखाना के किला नंबर 21ध्ध्9ध्1, 9ध्2, 10ध्1, 12ध्1, 12ध्2, 13ध्1, 13ध्2, 29ध्24ध्1ध्2, 36ध्ध्4ध्2 में कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना लाइसेंस के प्लाट बिक्री की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि उक्त खसरा नंबरों से जुड़े किसी भी प्रकार के सेल-डीड, एग्रीमेंट टू सेल, पावर ऑफ अटॉर्नी या फुल पेमेंट एग्रीमेंट को रजिस्टर्ड करने पर रोक लगाई गई है। डीटीपी विभाग के अनुसार उक्त मामले में न तो विभाग से कोई लाइसेंस, सीएलयू और न ही एनओसी प्राप्त की गई है। ऐसे मामलों में शहरी क्षेत्र नियोजन विभाग द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से आहवान किया कि अवैध कॉलोनी में जमीन या प्लॉट की खरीद फरोख्त न करें। प्लाट खरीदने से पहले राजस्व, डीटीपी,शहरी निकाय सहित संबंधित विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम की बैठक 29 मई को
झज्जर, 26 मई, अभीतक: जिला के उपभोक्ताओं की बिजली एवं बिल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम की बैठक 29 मई (शुक्रवार )को आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से सायं 4 बजे तक बिजली उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम झज्जर कार्यालय में संपन्न होगी। प्रवक्ता ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता पंचकूला उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम के चेयरमैन द्वारा की जाएगी। इस दौरान उपभोक्ताओं की बिजली एवं बिल से संबंधित सभी शिकायतें मौके पर ही सुनी जाएंगी और यथासंभव वहीं समाधान किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस समाधानात्मक प्रक्रिया का लाभ उठाएं।

पंजाब नैशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा 14 दिवसीय जूट उत्पाद उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया
झज्जर, 26 मई, अभीतक: गाँव गिजारोध में पंजाब नैशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, झज्जर द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 दिवसीय जूट उत्पाद उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें जूट से विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जूट से बैग, डोरमैट, सजावटी सामान, फाइल कवर, हैंडीक्राफ्ट आइटम एवं अन्य दैनिक उपयोग के उत्पाद तैयार करना सिखाया जाएगा। साथ ही उन्हें उत्पादों की मार्केटिंग, पैकेजिंग एवं स्वरोजगार स्थापित करने संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर प्रशिक्षकों एवं अतिथियों ने कहा कि जूट उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है क्योंकि यह पर्यावरण के अनुकूल एवं टिकाऊ होते हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। यह 14 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गांव गिजारोध में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। आयोजकों ने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागी स्वयं का रोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे। इस अवसर पर संस्थान से आशीष रोहिल्ला और प्रशिक्षक रिंकू देवी मौजूद रहे।

बाइसवें सुंदरकांड का सफल आयोजन
झज्जर, 26 मई, अभीतक: जेष्ठ मास के शुक्ल पक्ष कि एकादशी मंगलवार को गाँव शेखपुर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। यह पाठ पंडित महावीर जी के मकान में परिवार कि उन्नति व गाँव कि सुख -समृद्धि के लिए किया गया। यह पाठ गाँव भदाना कि सुंदरकांड मंडली ने किया । इस मंडली में अमित शर्मा, आचार्य धर्मेंद्र शर्मा, गोपाल शर्मा, धर्मदास शर्मा, भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा ने किया। पंडित महावीर जी के परिवार के साथ उनके सुपुत्र सुरेंद्र व जयभगवान का सभी ने ह्रदय कि गहराइयों से आभार किया, जिन्होंने ये शुभ कार्य आयोजित करवाया। इस अवसर महावीर वशिष्ठ के परिवार के साथ गाँव के बड़े बुजुर्ग महिला -पुरुष व युवाओं वर्ग मौजूद रहा।

समाधान समारोह 2026 के तहत विशेष लोक अदालत 21 – 23 अगस्त को
झज्जर, 26 मई, अभीतक: जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के चेयरमैन राजकुमार यादव ने बताया कि देश में न्याय व्यवस्था को सरल सुलभ एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह 2026 नामक एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है इस पहल के अंतर्गत 21,22, और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर स्थाई समाधान किया जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान सुप्रीम कोर्ट एक्शन फॉर मीडिएट एंड डिस्प्यूट हार्मोनाइजेसन एक्रॉस नेशन के तहत संचालित किया जा रहा है इस कार्यक्रम की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है और इसका समापन अगस्त माह में आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अधिवक्ताओं वादियों तथा अन्य हित धारकों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई है ताकि अधिक से अधिक मामलों का समाधान आपसी सहमति से किया जा सके। राजकुमार यादव ने बताया कि इच्छुक पक्षकार अपने मामलों के समाधान के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अथवा व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सहमति आधारित निपटारा कर सकते हैं विशेष लोक अदालत मे शामिल होने के इच्छुक पक्षकार 31 मई 2026 तक गूगल लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं यह फॉर्म सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि समाधान समारोह से सबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए सुप्रीम कोर्ट परिसर में स्थापित वन स्टॉप सेंटर के दूरभाष नंबर 011-23115652,011-23116464, तथा सीआरपी निदेशक दूरभाष नंबर 011-23115652, 011-23116465 पर संपर्क किया जा सकता है।

सर्वोदय जनित समाज कल्याण एनजीओ बनी मिसाल।

सर्वोदय जनहित समाज कल्याण एनजीओ के द्वारा नगर परिषद में आयुर्वेदिक कैंप लगाया गया
झज्जर, 26 मई, अभीतक: आज सर्वोदय जनहित समाज कल्याण एनजीओ के द्वारा नगर परिषद झज्जर में आयुर्वेदिक कैंप लगाया गया और साथ में आईक्यू हॉस्पिटल द्वारा आंखों का कैंप लगाया गया। आयुर्वेदिक कैंप में डॉक्टर पवन देशवाल और उनकी टीम ने कमेटी के कर्मचारी व आम लोगों की स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें आयुर्वेदिक दवाइयां दी। बहुत से लोगों को परामर्श भी दिया गया। अच्छे खान-पान के बारे में बताया गया, दूसरे आंखों के कैंप में एक विभाग द्वारा नेत्र चिकित्सक डॉक्टर ने मशीन के द्वारा लोगों की जांच की और सफेद मोतिया व काला मोतिया आदि रोगों की जानकारी दी गई। कैंप में लगभग 180 लोगों ने फायदा उठाया। इस मौके पर नगर परिषद चैयरमेन श्री जिले सिंह सैनी, नरेश तनेजा, ईओ, जसपाल उर्फ कुकू, मेंबर भगवती देवी, नरेश बेनीवाल, नरेश उर्फ आलू ने शिरकत की। संस्था सदस्यों ने नगर परिषद अध्यक्ष जिले सिंह सैनी व उनकी सारी टीम का फूल मालाओं से स्वागत किया। जिले सिंह सैनी व उनकी पूरी टीम ने आंखों की जांच करवाई और आयुर्वेदिक दवाइयों के बारे में जानकारी ली। नगर परिषद अध्यक्ष जिले सिंह सैनी ने कहा कि सर्वोदय जनहित समाज कल्याण एनजीओ झज्जर की मिसाल बन गई है। यह संस्था लोगों की भलाई के लिए चारों तरफ कार्य कर रही है। इसके अलावा इस संस्था द्वारा अनाथ लड़कियों की शादी भी करवाई जा रही है तथा यह संस्था गौशालाओं में चारे का प्रबंध एवं पानी की खेल भी बनवाती है। शहर में पानी की व्यवस्था के लिए वाटर कूलर भी रखवाते हैं और यह संस्था गरीब बच्चों की मदद करती है, अन्नपूर्णा चलाती है और अन्य भी बहुत सारे कार्य करती है। उन्होंने कहा कि इस संस्था की जितनी भी प्रशंसा करें उतनी कम है। सभी कर्मचारियों ने संस्था को सहयोग करने के लिए कहा। इस मौके पर संस्था के सभी साथी – प्रधान प्रदीप शर्मा, सूरजभान सैनी, राज सिंह सोनी, महेंद्र वाल्मीकि, कौशल्या वर्मा, अनिल तनेजा, रजनीश हरित, भूप सिंह काकरान, प्रदीप पासोरिया, संजय, जयपाल यादव, कुलदीप सैनी, अशोक दहिया, वह अन्य साथी मौजूद रहे।

जिला में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नए नियम प्रभावी ढंग से हो लागू: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने जिला में सफाई व्यवस्था के संबंध में की बैठक
जिला में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के क्रियान्वयन, कचरा प्रबंधन व निस्तारण को लेकर दिए दिशा-निर्देश

रेवाड़ी, 26 मई, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने स्थानीय नगर निकाय और पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों तथा नए नियमों की पालना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए। इसके अलावा जिला में बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों की पहचान करें और उनको वेस्ट सेग्रीगेशन के नए नियमों के बारे में भी जानकारी दें। साथ ही आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। डीसी अभिषेक मीणा ने लघु सचिवालय सभागार में मंगलवार को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नए नियमों की शत प्रतिशत पालना करवाने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वेस्ट सेग्रीगेशन के नए नियमों के बारे में बताया कि कचरे को चार श्रेणियों में अलग किया जाएगा, जिसमें सूखा कचरा, गीला कचरा, सेनेटरी वेस्ट और स्पेशल केयर वेस्ट शामिल है। इसके लिए कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी आवश्यक रूप से मजबूत किया जाए। जिला में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शहरी स्थानीय निकायों तथा पंचायत विभाग सहित अन्य विभागों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। बैठक में जिला में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के क्रियान्वयन, कचरा प्रबंधन, डंप साइट सुधार व प्लास्टिक वेस्ट नियंत्रण को लेकर समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों की पहचान करें और उन्हें नए नियमों के बारे में अवगत करवाएं। शत प्रतिशत वेस्ट प्रोसेसिंग सुनिश्चित करें। पुराने डंप साइट और लेगेसी वेस्ट के निस्तारण को भी प्राथमिकता से निपटाएं। जिले में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाएगी, इसलिए संबंधित अधिकारी सफाई व्यवस्था को लेकर दिए गए निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। डीसी ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों, बाजारों व संस्थानों सहित सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गतिविधियों करवाई जाएं। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी व डीएमसी ब्रह्मप्रकाश, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकित चैहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाएगी ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस पॉलिसी: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने ग्रामीण पेयजल आपूर्ति के संचालन एवं रखरखाव नीति 2026 को लेकर की बैठक
जीसीपी मॉडल के तहत जिला में शुरुआत में 10 गांवों में पंचायतें करेंगी गांवों में पेयजल आपूर्ति के संचालन व रखरखाव का कार्य

रेवाड़ी, 26 मई, अभीतक: हरियाणा सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस पॉलिसी-2026’ को सरकारी सामुदायिक भागीदारी (जीसीपी) मॉडल के तहत लागू किया है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के संचालन एवं रखरखाव का कार्य पंचायतें करेंगी। जिला में फिलहाल जीसीपी मॉडल के तहत 10 गांवों का चयन किया गया है। जल्द ही इसे जिला के सभी गांवों में लागू किया जाएगा। डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों और पंचायत सदस्यों के साथ बैठक की। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना हरियाणा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसी उद्देश्य से जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग हरियाणा के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि जिला में फिलहाल 10 गांवों में पेयजल आपूर्ति के संचालन एवं रखरखाव नीति-2026 को लागू किया गया है। जल्द ही जिला के सभी गांवों में पंचायतें पेयजल आपूर्ति, रखरखाव, नए कनेक्शन देना और बिल भुगतान तक के कार्य देखेंगी। इसके लिए ग्राम स्तर पर ग्राम जल सीवरेज समिति का गठन किया गया है। इस कमेटी का चेयरमैन सरपंच है। 16 सदस्यों की कमेटी में 8 महिलाएं व 8 पुरुष शामिल है। इसमें जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता, पंच, सेवानिवृत शिक्षक, स्वयं सहायता समूह सदस्य, आंगनवाड़ी, आशा वर्कर, सामाजिक कार्यकर्ता, पंचायती राज के कनिष्ठ अभियंता शामिल है। ग्राम सचिव इस समिति के संयोजक है। इस नीति को गांव में लागू करने के लिए विभाग और पंचायत की बीच एमओयू किया जाएगा तथा ग्राम सभा कर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करवाने उपरांत पंचायत को यह दायित्व सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘पेयजल आपूर्ति के संचालन एवं रखरखाव नीति-2026 के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं जनहितकारी बनेगी।
जिला के इन गांवों किया शामिल
जिला के गांव लुहाना, जुड्डी, बोडिया कमालपुर, अहरौद, नांगल जमालपुर, कोलाना, नांधा, बासदुधा, गुमीना व डवाना में पेयजल आपूर्ति के संचालन एवं रखरखाव नीति-2026’ का संचालित किया जाएगा। जल्द ही जिला के सभी गांवों में इस पॉलिसी को लागू करवाया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में एडीसी राहुल मोदी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकित चैहान, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता श्री विनय प्रकाश चैहान, श्री अशोक कुमार यादव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता जयप्रकाश, इंद्रजीत यादव, गजराज यादव, विनोद बागड़ी, अनिल कुमार, कनिष्ठ अभियंता स्वतंत्र कुमार, दीपांशु, आबिद, दलबीर, प्रवीण कुमार, विभाग के जिला सलाहकार योगेंद्र परमार, खंड संयोजक अनिल, विनोद, मनोज, संदीप, साहिल, राहुल, पंकज सहितं पंचायती राज विभाग के उपमंडल अभियंता, कनिष्ठ अभियंता विभिन्न गांव के सरपंच एवं ग्राम सचिव उपस्थित रहे।

ग्राम गुरावड़ा की नजुल भूमि को पट्टे पर छोड़ने के लिए बोली 4 जून को
रेवाड़ी, 26 मई, अभीतक: ग्राम गुरावडा उप-तहसील पाल्हावास में प्लाट नं. 1 रकबा 9 कनाल 2 मरला नजुल, सरकारी भूमि को पट्टे पर छोड़ने के लिए 04 जून 2026 को प्रातरू 11ः00 बजे ग्राम गुरावड़ा में बोली लगाई जाएगी। नायब तहसीलदार पाल्हावास ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति बोली लगाने के लिए निर्धारित तिथि व स्थान पर पहुंचकर इस प्रक्रिया में शामिल हो सकता है।

30 मई को होने वाली स्पेशल लोक अदालत को लेकर की बैठक
रेवाड़ी, 26 मई, अभीतक: हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार डॉ. रेनू सोलखे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी ने मंगलवार को जिला एडीआर सेंटर में आगामी स्पेशल लोक अदालत जो 30 मई 2026 को लगाई जाएगी के संदर्भ में बार प्रेसिडेंट रेवाड़ी विश्वामित्र यादव तथा बैंक के अधिकारियों के साथ मीटिंग की। बैठक में डॉ. रेनू सोलखे ने ज्यादा से ज्यादा चेक बाउंस के केस सुलझाने के लिए कहा ताकि आने वाली स्पेशल लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा चेक बाउंस के केस में समझौता कराया जा सके।

मीरपुर यूनिवर्सिटी में पोक्सो एक्ट पर स्पेशल कैंप का किया आयोजन
रेवाड़ी, 26 मई, अभीतक: डॉ रेनू सोलखे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी के मार्गदर्शन में मंगलवार को हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रोजेक्ट लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के अंतर्गत पोक्सो एक्ट पर स्पेशल कैंप का आयोजन जिला की मीरपुर यूनिवर्सिटी, मीरपुर में किया गया। इस कैंप में डॉ. रेनू सोलखे, मुख्य दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रेवाड़ी ने उपस्थित विद्यार्थियों को बताया कि ‘पोक्सो एक्ट 2012’ 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण, उत्पीडन और अश्लीलता से बचाने के लिए है। यह कानून लिंग तटस्थ है यह लडके और लडकी दोनों को समान रूप से सुरक्षा प्रदान करता है। इस एक्ट के तहत पीडित बच्चे की पहचान मीडिया या सार्वजनिक रूप से करना कानूनी अपराध है। 18 साल से कम उम्र के बच्चे के साथ किसी भी प्रकार का यौन संबंध, सहमति होने पर भी अपराध माना जाता है। अपराध की गंभीरता के अनुसार न्यूनतम 3 साल से लेकर आजीवन कारावास और मृत्युदंड तक का प्रावधान है। कानून में प्रावधान है कि दोषी से जुर्माना वसूल कर पीड़ित बच्चे के इलाज और पुनर्वास के लिए मुआवजा दिया जाता है। इस मौके पर हरीश कुमार शर्मा, चीफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम ने बताया कि पोक्सो के तहत दर्ज मामलों में आरोपी को आसानी से जमानत नहीं मिलती है और पीड़ित बच्चे को न्याय दिलाने के लिए विशेष अदालतों का गठन किया गया है। मामले की सुनवाई बंद कमरे में होती है। यदि किसी बच्चे के साथ यौन अपराध होता है या इसकी जानकारी किसी को मिलती है, तो पुलिस को सूचित करना हर नागरिक की कानूनी जिम्मेदारी है जानकारी छिपाने वाले व्यक्ति को भी सजा का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी द्वारा हेल्पलाइन नंबर 01274-220062 चलाया हुआ है जिस पर आमजन किसी भी प्रकार के कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा आमजन के लिए चलाए गए टोल फ्री नंबर 15100 पर कॉल करके निशुल्क कानूनी सहायता ली जा सकती है।

हरियाणा में ओटी असिस्टेंट की शैक्षणिक योग्यता बढ़ाई
एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार

चंडीगढ़, 26 मई, अभीतक: हरियाणा सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ा सुधार करते हुए ऑपरेशन थिएटर (ओटी) असिस्टेंट की शैक्षणिक योग्यता को बढ़ाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट वेलफेयर एसोसिएशन, हरियाणा ने ओटी असिस्टेंट की योग्यता को ष्दस जमा दो साइंस कक्षा उत्तीर्ण से बढ़ाकर बीएससी ओटी टेक्नोलॉजी किए जाने के फैसले का स्वागत किया है। एसोसिएशन के प्रधान राहुल जागलान एवं महासचिव राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से चंडीगढ़ में विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि यह निर्णय केवल एक शैक्षणिक सुधार नहीं है, बल्कि हरियाणा की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इससे सरकारी अस्पतालों में सर्जिकल सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा तथा मरीजों की सुरक्षा पहले से अधिक सुनिश्चित हो सकेगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों पर कैशलेस सर्जिकल लोड लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आधुनिक और अत्याधुनिक सर्जिकल उपकरणों के प्रभावी संचालन के लिए तकनीकी रूप से दक्ष स्टाफ की आवश्यकता समय की मांग है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने बीएससी ओटी टेक्नोलॉजी योग्यता लागू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर किसी भी अस्पताल या मेडिकल संस्थान की ष्बैक बोनष् (रीढ़ की हड्डी) होता है। ओटी असिस्टेंट ही इस विभाग के सुचारू, सुरक्षित और प्रभावी संचालन के लिए तकनीकी रूप से योग्य और जिम्मेदार कर्मी होते हैं। आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में सफल सर्जरी का आधार एक कुशल ऑपरेशन थिएटर टीम होती है, और सरकार का यह निर्णय इस व्यवस्था को और अधिक सक्षम बनाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने एसोसिएशन के सदस्यों से पूरी निष्ठा, समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया है।

मेदांता अस्पताल के सहयोग से सुदृढ़ होंगी अटेली क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं: आरती सिंह राव
स्वास्थ्य विभाग और मेदांता फाउंडेशन के बीच होगा समझौता-ज्ञापन

नारनौल, 26 मई, अभीतक: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने राज्य के ग्रामीण और कम सेवा वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा स्वास्थ्य विभाग, मेदांता फाउंडेशन के माध्यम से मेदांता अस्पताल के साथ एक समझौता ज्ञापन (डवन्) करने जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल अटेली और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर फर्रुखनगर व मीरपुर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अपग्रेड करना और उन्हें और अधिक मजबूत बनाना है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के अनुसार, यह पूरी सहभागिता पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मोड के तहत संचालित की जाएगी। इस सहयोग के अंतर्गत प्रसूति कक्षों (स्ंइवनत तववउे) और सिजेरियन सेक्शन (ब्.ैमबजपवद) ओटी सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाएगा। नवजात शिशुओं की देखभाल (छमवदंजंस बंतम), उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं और एम्बुलेंस सहायता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, स्वास्थ्य कर्मचारियों की स्किल और कैपेसिटी बिल्डिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह समझौता ज्ञापन (डवन्) शुरुआत में तीन वर्षों के लिए प्रस्तावित किया गया है। दोनों पक्षों की आपसी सहमति और संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। आरती सिंह राव ने उम्मीद जताई है कि इस एमओयू पर हस्ताक्षर होने के तुरंत बाद अटेली क्षेत्र में और इसके छह महीने के भीतर फर्रुखनगर और मीरपुर के सीएचसी में गुणवत्तापूर्ण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में बड़ा सुधार होगा। यह कदम राज्य के पिछड़े या कम सेवा वाले क्षेत्रों में माध्यमिक स्वास्थ्य सेवा वितरण (ैमबवदकंतल ीमंसजीबंतम कमसपअमतल) को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

आशा वर्कर्स ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा 9 सूत्री मांग-पत्र
आरती सिंह ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन

चंडीगढ़, 26 मई, अभीतक: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से चंडीगढ़ में आज आशा वर्कर्स के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस औपचारिक बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को अपनी मुख्य समस्याओं से अवगत कराया और उन्हें 9 सूत्री मांग-पत्र सौंपा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आशा वर्कर्स के काम की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया कि आशा वर्कर्स की जितनी भी जायज मांगें हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा के डायरेक्टर को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने डायरेक्टर को निर्देश दिए कि सौंपे गए 9 सूत्री मांग-पत्र के सभी बिंदुओं और तकनीकी मुद्दों का गहराई से अध्ययन किया जाए और इस पर त्वरित उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने एक उच्च स्तरीय ‘प्रगति’ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें राज्यभर में चल रही 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को प्रत्येक परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पेट्रोल व डीजल की खपत को कम करने के लिए निजी वाहनों के प्रयोग में कमी लाना जरूरी है और यह तभी होगा जब अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी बसों की सुविधा पहुंचेगी। इसलिए परिवहन विभाग ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बढ़ी हुई आबादी तथा भविष्य में पैदा होने वाली मांग के अनुरूप पूरे प्रदेश का रूटमैप बनाए और रिवाइज रूट प्लान के अनुरूप ज्यादा से ज्यादा गांवों व शहरों को बस सुविधा से जोडे।

  • श्री नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री

शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने बताया कि पानीपत के डाहर गांव में राजकीय महिला महाविद्यालय में इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षाएं शुरू होंगी। मुख्यमंत्री की घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए सरकार ने इस संबंध में सैद्धांतिक निर्णय ले लिया है। महाविद्यालय में कला एवं वाणिज्य संकाय की कुल 240 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र की ग्रामीण छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।

हरियाणा सरकार ने अनुग्रह वित्तीय सहायता योजना का दायरा बढ़ाते हुए सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और सार्वजनिक उपक्रमों के दिवंगत अंशकालिक कर्मचारियों के परिवारों को भी 3 लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है। पहले यह लाभ केवल एडहॉक, दैनिक वेतनभोगी और अनुबंध आधार पर कार्यरत कर्मचारियों के परिवारों को दिया जाता था। अब सरकार ने इस योजना में अंशकालिक कर्मचारियों को भी शामिल करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई सोनीपत मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (ैडक्।) की तीसरी बैठक में सोनीपत महानगर क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में सड़कों, जल निकासी, पेयजल, सीवरेज, पार्किंग, खेल सुविधाओं, धार्मिक पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सोलर ऊर्जा से संबंधित परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही गन्नौर क्षेत्र के लिए 4-लेन बाईपास निर्माण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र में यातायात और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं की योजना क्षेत्र की भविष्य की जनसंख्या को ध्यान में रखकर बनाई जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे सुनिश्चित किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *