Haryana Abhitak News 05/05/24

बेरी विधानसभा विजय संकल्प रैली में सीएम सैनी का दावा’
अगले दो वर्षों में दुनिया की तीसरी आर्थिक ताकत बन जाएगा भारत – नायब सैनी’
’बिजली बिल को जीरो करना भी प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प – नायब सैनी’
कांग्रेस ने भ्रष्टाचार बढ़ाया, भाजपा ने भ्रष्टाचार मिटाया – नायब सैनी’
’गांवों के विकास पर ध्यान दें सरपंच, पैसों की कोई कमी नहीं है – नायब सैनी’
बेरी, 05 मई, अभीतक:- बेरी विधानसभा में विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दावा करते हुए कहा कि अगले दो वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक ताकत बन जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का संकल्प हर घर को पीएम सूर्य योजना से जोड़कर बिजली बिल जीरो करना है। रैली में बोलते हुए नायब सैनी ने सरपंचों को भी भरोसा दिया कि गांव के विकास पर ध्यान दें, पैसों की कोई कमी नहीं है, रही बात कार्यों को सरल करने की वो जिम्मेदारी मेरी है। यहां श्री सैनी ने कांग्रेस कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को सिर्फ भ्रष्टाचार में आगे बढ़ाया है, जबकि भाजपा ने भ्रष्टाचार को मिटाया है। रोहतक लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डा. अरविंद शर्मा के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प रैली में नायब सिंह सैनी ने कहा कि पीएम मोदी का लक्ष्य जनता को आत्मनिर्भर और देश को विकसित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सड़क, रेल तथा हवाई यातायात को सुगम करके समस्याओं और परेशानियों को कम किया है। श्री सैनी ने कहा कि झज्जर जिले में एम्स देने का काम बीजेपी की सरकार ने किया है और पिछले दिनों जब प्रधानमंत्री रेवाड़ी में आए थे तो उन्होंने रेवाड़ी में भी एम्स देकर लाखों लोगों को सुगम और घर के नजदीक ही विश्व स्तरीय हैल्थ सेवा दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी सिस्टम दिया है और आज अधिकतर सुविधा घर बैठे मिल रही हैं। सरपंचों का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरपंच गांव और वार्ड के विकास के लिए किसी प्रकार की चिंता ना करें। आचार संहिता हटने के बाद गांवों में विकास के काम तेजी से करवाए जाएंगे और कार्यों का सरलीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग चुनाव में झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं, ताकि वोट ले सकें, लेकिन हम सबको कांग्रेस के झूठ से बचना भी है और लोगों को बचाना भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जहां विकास को गति दी है, वहीं संस्कृति और संस्कार का भी संरक्षण किया है। एक देश एक कानून के अंतर्गत धारा 370 को खत्म किया गया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को नई पहचान मिली है और देश मजबूत होकर एक नया भारत बना है। आज विश्व भर में भारत की बात को बड़ी गंभीरता से सुना जाता है और जब भी कोई बड़ी समस्या विश्व के सामने आती है तो वह भारत की तरफ देखता है और समस्या के समाधान की उम्मीद करता है। भारत के पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए सीएम सैनी ने कहा कि अगले दो सालों में भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा और भारत 2047 तक विकसित भारत का संकल्प भी पूरा करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अगर भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है तो इसके पीछे लोगों द्वारा 2014 में नरेंद्र मोदी को दी गई ताकत के कारण बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर वह चाहते हैं कि भारत इसी प्रकार आगे बढ़े तो भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करें और तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट करें।
अब समान नागरिक संहिता लागू करेंगे – धनखड़’
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तथा हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में स्पष्ट लिखा है कि आने वाले समय में देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड यानि समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। इस देश में नागरिकों के लिए अलग-अलग कानून नहीं होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि इस बार जब लोग वोट देंगे तो उन्हें यह देखकर देना है कि उन्हें समान नागरिक संहिता चाहिए या वह लोग चाहिए जो धारा 370 को फिर से बहाल करने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 को तोड़ा तो सबसे ज्यादा खुशी इस झज्जर जिले के लोगों को हुई क्योंकि सेना में झज्जर जिले के बड़ी संख्या में जवान हैं। ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा में नेता आम आदमी में से निकलकर आता है, जबकि कांग्रेस में नेता मां के पेट से पैदा होता है।
मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुना से भी ज्यादा की – अरविंद शर्मा’
सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा ने महिला आरक्षण लागू किया जिससे महिलाओं की राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले केवल भ्रष्टाचार ही होता था, लेकिन आज विकास के नए रास्ते खोले जा रहे हैं। अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था और इस दौरान किसानों की आमदनी 2 गुना से ज्यादा हुई है और सरकार 14 फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद रही है। भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि 2014 में रेल का बजट केवल 30 हजार करोड़ रुपए होता था जो अब बढ़कर ढाई लाख करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने कहा कि वह बेरी हल्के को रेल से जोड़ने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अब देश में 20 लाख रुपए तक का लोन युवाओं को बिना गारंटी के दिया जा रहा है, ताकि वह अपना काम कर सकें। विजय संकल्प रैली में सतीश नांदल, राजपाल शर्मा कप्तान गिरधाना, विक्रम कादयान, राजीव जैन, कैप्टेन भूपेंद्र, नीलम अहलावत, कर्नल राजेंद्र सुहाग, रामफल सैनी आशा शर्मा और आनंद शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 

जली अवस्था में मिले मानव शरीर के मौका घटनास्थल का पुलिस उपायुक्त डॉ अर्पित जैन ने किया निरीक्षण
मामले की गहनता से जांच करने व दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के संबंध में दिए कड़े दिशा निर्देश
झज्जर, 05 मई, अभीतक:- बीती रात को मुण्डाहेडा कोयलपुर रोड, के पास एक मानव शव जली अवस्था में मिलने की सूचना पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अर्पित जैन ने मौका घटनास्थल का बारिकी से मुआयना करते हुए सीआईए और थाना साल्हावास प्रबंधक को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए उपरोक्त मामले की गहनता से जांच पड़ताल करने तथा दोषियों की धरपकड़ के लिए कड़े दिशा निर्देश दिए गए। आपको बता दे की 4 मई 2024 की रात को पुलिस को मुण्डाहेडा के सरपंच ने सूचना दी थी कि वह मुण्डाहेडा से कोयलपुर रोड पर घूमने के लिए आया था इस दौरान उसने एक मानव शव जली अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दिया। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए उच्चअधिकारियों व एफएसएल की टीम ने मौका घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए मौके से साक्ष्य जुटाए और उपरोक्त मामले के संबंध में थाना साल्हावास में आपराधिक मामला दर्ज किया। जिसका आज पीजीआई रोहतक में पोस्टमार्टम किया गया जिसमें मानव शरीर महिला का होने की पुष्टि हुई। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की छानबीन तथा आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के संबंध में कड़े दिशा निर्देश देते हुए मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

श्याम मित्र मंडल का तृतीय श्रीश्याम महोत्सव 18 मई को
झज्जर, 05 मई, अभीतक:- श्याम दीवाने मित्र मंडल झज्जर की ओर से श्री सनातन धर्म प्राईमरी स्कूल स्थित मनभरी देवी ट्रस्ट परसा वाली चक्की में 18 मई को श्री श्याम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। समिति के प्रधान विशु गर्ग ने बताया कि रोहित पुजारी सालासर धाम, रिंकल पुजारी चुलकाना धाम के सानिध्य में आदित्य गोयल पटियाला, प्रकाश मिश्रा कोलकाता, शिवम अग्रवाल रिवाड़ी, अमित म्यूजिकल ग्रुप रिवाड़ी, कृष्णा अग्निहोत्री दिल्ली व स्थानीय कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। अजय गर्ग, विशाल सिंघल ने बताया कि तृतीय श्री श्याम महोत्सव में जी ए वी गुरुग्राम इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन पदीप कौशिक, नगर पार्षद वार्ड नौ से सुषमा रानी, मनोहर अहलावत डीघल, ब्लॉक समिति मेंबर डॉक्टर सोनू बागंड, पूर्व पार्षद प्रसिद्ध समाज सेवी तिलक राज गोसाई कार्यक्रम में मुख्यतिथि शिरकत करेंगे। मंच का संचालन संजय शर्मा करेंगे।

श्री राम धर्मशाला में मासिक संकीर्तन एवं भंडारा 12 को
झज्जर, 05 मई, अभीतक:- हारे का सहारा सेवा समिति झज्जर के द्वारा महोल्ला हरिपुरा स्थित श्री राम धर्मशाला में 12 मई को श्री श्याम संकीर्तन मासिक संकीर्तन एवं भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के ओम प्रकाश सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 से 12 बजे तक संकीर्तन के बाद साढ़े 12 बजे से प्रभु इच्छा तक भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पंहुचकर भण्डारे का प्रसाद ग्रहण करें और संकीर्तन का आनंद ले। ओम प्रकाश सैनी, गुलशन शर्मा, पंकज तलवार, राजेंद्र बजाज, राजबीर अहलावत, विक्रम सोनी सहित समिति के सदस्य 5 वें कार्यक्रम में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

 

बैग में अवैध देशी शराब भरकर ले जाते हुए एक आरोपी काबू, पकड़े गए आरोपी से 150 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद
बहादुरगढ़, 05 मई, अभीतक:- पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ श्री मयंक मिश्रा के दिशा निर्देश अनुसार नशा विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए झज्जर पुलिस की टीम ने एक आरोपी को दो बागों में अवैध देशी शराब भरकर ले जाते हुई काबू किया। सीआईए 2 बहादुरगढ़ प्रभारी विवेक मलिक ने बताया कि सीआईए टू बहादुरगढ़ की एक टीम थाना शहर बहादुरगढ़ के एरिया में तैनात थी। मुस्तैदी से तैनात टीम को गुप्त सूचना मिली कि उमेश निवासी परनाला बहादुरगढ़ से अवैध शराब ले जाकर दिल्ली बेचने का अवैध धंधा करता है। वह अवैध शराब को दिल्ली ले जाने के लिए पुराना बस स्टैंड बहादुरगढ़ के पास खड़ा है। सीआईए टू बहादुरगढ़ में तैनात मुख्य सिपाही नीरज कुमार की टीम पुराना बस स्टैंड बहादुरगढ़ के पास पहुंची तो वहां पर एक व्यक्ति दो बैग लिए हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उपरोक्त व्यक्ति को संदेह के आधार पर काबू किया। पकड़े गए आरोपी की मौके पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से अवैध शराब देशी के 150 पव्वे बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी की पहचान उमेश निवासी छुटकी नवादा डेल्हा बिहार हाल परनाला बहादुरगढ़ के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत थाना शहर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज करके नियम अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

सट्टा खाई वाली करता एक आरोपी काबू
बहादुरगढ़, 05 मई, अभीतक:- झज्जर पुलिस कि टीम द्वारा मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए सरेआम सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खाईवाली करते हुए एक आरोपी को काबू किया गया। सीआईए टू बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक विवेक मलिक ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के संबंध में पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ श्री मयंक मिश्रा द्वारा विशेष रूप से कड़े दिशानिर्देश दिए गए थे। पुलिस उपायुक्त के दिशा निर्देशानुसार मुस्तैदी से कार्यवाही करते हुए पुलिस की टीम द्वारा एक आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खाईवाली करते हुए गिरफ्तार किया गया। सीआईए टू बहादुरगढ़ मे तैनात मुख्य सिपाही सोनू कुमार की पुलिस टीम द्वारा एक आरोपी को नंबर लगाकर सट्टा खाई वाली करते नजफगढ़ रोड नजदीक चैंगान माता बहादुरगढ़ के एरिया से काबू किया गया। पकड़े गए आरोपी की मौका पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 3360 रुपए नगदी और सट्टा पर्चियां बरामद हुईं। पकड़े गए आरोपी की पहचान अभिषेक निवासी अशोक नगर नजदीक बराही फाटक बहादुरगढ़ के तौर पर हुई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ मे मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

जीआरपी ने यात्रियों को साइबर फ्रॉड के बचाव के लिए किया जागरूक
रेवाडी, 05 मई, अभीतक:- पुलिस अधीक्षक रेलवेज हरियाणा राजेश कालिया आईपीएस के मार्गदर्शन में जीआरपी ने रेल यात्रियों को जागरूक करने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में साइबर फ्राड के बारे में जागरूकता अभियान चलाया। जीआरपी एसएचओ भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में महिला एएसआई रेखा कौशिक ने यात्रियों को साइबर फ्राड के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आज के इस तकनीकी युग में हर व्यक्ति मोबाइल व कम्प्यूटर से जुड़ा हुआ है। नौकरी व पढ़ाई भी मोबाइल व कम्प्यूटर जैसे संसाधनों से जुड़ गई है। इंटरनेट की इस दुनिया में साइबर अपराधी भी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों के साथ आनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वर्तमान में साइबर अपराधी मेल पर वॉइस मैसेज भेजकर लोगों से लिंक को ओपन करने का आग्रह कर झांसे में लेकर मेल को हैक कर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मेल पर हर व्यक्ति के पास अपने जरूरी पासवर्ड व अन्य दस्तावेज होते हैं। साइबर ठग मेल को हैक करने के बाद यहां से खातों से संबंधित जानकारी व पासवर्ड चुराकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं। साइबर ठग मेल से पीड़ित के खातों की जानकारी लेकर ऑनलाइन शॉपिंग की वारदातों को भी अंजाम देते हैं,जिससे सभी को सावधान रहने की जरूरत है।
यह सावधानियां अपनाकर साइबर ठगी से बचें
अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त मेल मैसेज को ओपन न करें। अपने प्रत्येक अकाउंट जैसे नैटबैकिंग, फेसबुक व इंस्टाग्राम इत्यादि सभी की यूजर आईडी व पासवर्ड अलग-अलग बनाकर रखे। मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें। अकाउंट हैक होने पर तुरंत आॅफिशियल अधिकारियों को जानकारी दें तथा हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करें। अकाउंट पर डबल पासवर्ड का प्रयोग करें। अपनी यूजर आईडी व पासवर्ड सहित कोईभी गोपनीय जानकारी को किसी के साथ साझा न करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह।

25 मई को मतदान, सभी मतदाता वोटर लिस्ट में चेक कर लें अपना नाम – जिला निर्वाचन अधिकारी
बहादुरगढ़ में एक अतिरिक्त पोलिंग बूथ बनेगा, बेरी में 6 बूथों का केवल नाम बदला
झज्जर, 05 मई, अभीतक:- डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि 25 मई को लोकसभा चुनाव हेतु मतदान होगा। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि मतदान से पूर्व सभी मतदाता सूची में अपना नाम व अपने पोलिंग बूथ के बारे में जानकारी पता कर लें। उन्होंने बताया कि झज्जर जिले में कुल 797 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बहादुरगढ़ में बूथ संख्या 146 पर मतदाताओं की संख्या 1500 से अधिक होने के कारण एक अतिरिक्त पोलिंग बूथ (146क) बनाया गया है। इसके अलावा बेरी में बूथ संख्या 30, 31, 35, 79, 80, 170 के केवल नाम परिवर्तन किए गए हैं। इसके अलावा जिले के किसी भी पोलिंग बूथ के स्थान व नाम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। डीसी ने सभी मतदाताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वह अपने पोलिंग बूथ व मतदाता सूची में अपना नाम चेक अवश्य कर लें। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को घर बैठे आसानी से किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने कई ऑनलाइन सर्विस लॉन्च की हैं जिनके जरिये मतदाता सूची में नाम व पोलिंग बूथ के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1950 पर फोन करके भी मतदाता पोलिंग बूथ व मतदाता सूची के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की वेबसाइट ूूू.रींररंत.दपब.पद चुनाव आयोग की वेबसाइट ूूू.अवजमते.मबप.हवअ.पद पर जाकर इस संबंध में पूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है। वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एक पर भी मतदाता सूची, पोलिंग बूथ आदि को लेकर जानकारी उपलब्ध है। डीसी ने बताया कि झज्जर जिले में बहादुरगढ़ में एक अतिरिक्त पोलिंग बूथ स्थापित करने के अलावा बेरी विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ संख्या 30, 31, 35, 79, 80, 170 के केवल नाम परिवर्तन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में चुनाव की तैयारी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार किया जा रहा है।

जिला में 87 प्रतिशत सरसों और 60 फीसदी गेहूं का उठान दर्ज
मंडियों में एक लाख 79 हजार 307 मीट्रिक टन गेहूं और 57 हजार 87.72 मीट्रिक टन सरसों की खरीद
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने खरीद एजेंसियों को गेहूं व सरसों उपज उठान कार्य के दिए निर्देश
झज्जर, 05 मई, अभीतक:- डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि जिले भर में रबी की फसलों की खरीद व उठान का कार्य सुगमता से जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में मंडियों और खरीद केंद्रों से एक लाख 79 हजार 307 मीट्रिक टन गेहूं और 57 हजार 87.72 मीट्रिक टन सरसों की खरीद की गई है। खरीद एजेंसियों द्वारा 87 प्रतिशत सरसो व 60 प्रतिशत गेहूं का उठान हो चुका है। अनाज मंडियों व परचेज सेंटरों पर उठान कार्य तेजी से जारी है। डीसी ने गेहूं खरीद की जानकारी देते हुए बताया कि झज्जर अनाज मंडी में 38 हजार 696 मीट्रिक टन, बादली अनाज मंडी में 10588 मीट्रिक टन, ढाकला अनाज मंडी में 7913 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी 44 हजार 724 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी से 19331 मीट्रिक टन, माजरा डी खरीद केंद्र पर 32033 मीट्रिक टन, छारा खरीद केंद्र पर 16 हजार 160 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ अनाज मंडी पर 980 मीट्रिक टन तथा आसौदा खरीद केंद्र पर 8883 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। वहीं झज्जर अनाज मंडी में 25 हजार 165 मीट्रिक टन, बादली अनाज मण्डी में 7544 मीट्रिक टन, ढाकला अनाज मण्डी में 3637 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी 30773 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी से 7871 मीट्रिक टन, माजरा डी खरीद केंद्र पर 12 हजार 568 मीट्रिक टन, छारा खरीद केंद्र पर 10242 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ अनाज मंडी पर 980 मीट्रिक टन तथा आसौदा खरीद केंद्र पर 8863 मीट्रिक टन गेहूं का उठान हो चुका है। डीसी ने सरसों उपज उठान की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक बहादुरगढ़ अनाज मंडी में 1059.35 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी में 2455.88 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी में 11 हजार 867.56 मीट्रिक टन, झज्जर अनाज मंडी में 9500 मीट्रिक टन तथा ढाकला अनाज मंडी में 8172 मीट्रिक टन सरसों का उठान हो चुका है। वहीं खरीद को लेकर बहादुरगढ़ अनाज मंडी में 1059.35 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी में 2934.95 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी में 15 हजार 836.76 मीट्रिक टन, झज्जर अनाज मंडी में 10 हजार 258.68 मीट्रिक टन तथा ढाकला अनाज मंडी में 10379.19 मीट्रिक टन सरसों की खरीद दर्ज की जा चुकी है। डीसी ने दोहराया कि खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो पाए,इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

कैप्टन शक्ति सिंह, डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, झज्जर।

चुनाव का पर्व-देश का गर्व
लोकतंत्र का महापर्व 25 को, मतदान में बढ़ चढ़ कर भाग लें वोटर – डीसी
लोकतंत्र की सशक्त तस्वीर- उंगली पर नीली लकीर’
जिला में जगह-जगह लगी प्रचार सामग्री मतदाताओं को बढ़चढ़ कर मतदान करने दे रही संदेश
झज्जर, 05 मई, अभीतक:- डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय हरियाणा सहित जिला प्रशासन मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने और अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से हरियाणा राज्य परिवहन की बसें न केवल हरियाणा राज्य बल्कि देश के अन्य राज्यों के मतदाताओं को भी जागरूक करने में मददगार बन रही हैं। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा हरियाणा राज्य परिवहन की बसों पर मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री लगाई गई है जो मतदाताओं का ध्यान सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं और मतदाताओं को 25 मई मतदान के दिन बढ़चढ़ कर मतदान करने का आह्वान कर रही हैं। इसके अलावा जिला में जगह-जगह लगी मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री, सेल्फी प्वाइंट, स्टैंडी, बैनर, होर्डिंग्स आदि मतदाताओं को बढ़चढ़ कर मतदान करने के लिए प्रेरित व जागरूक कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला के विभिन्न बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिसके लिए भारत निर्वाचन आयोग व हरियाणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के निर्देशानुसार सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की ओर से हरियाणा रोडवेज की बसों पर मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री, बैनर व पोस्टर चस्पा करवाए गए हैं। इन पोस्टरों में आम जनता से ‘छुट्टी का दिन समझकर घर पर आराम न फरमाइए-मतदान केंद्र पर मतदान करने आइए’, ‘लोकतंत्र की सशक्त तस्वीर- उंगली पर नीली लकीर’ जैसे जागरूकता स्लोगन व टैगलाइन के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की जा रही है। बसों पर लगी प्रचार-सामग्री के माध्यम से आमजन को मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 की भी जानकारी दी जा रही है।

मतदान व मतदान के पहले दिन प्रकाशित होने वाले प्रिंट मीडिया विज्ञापन का प्रमाणीकरण अनिवार्य – डीसी
मीडिया में प्रकाशित-प्रसारित समाचारों की एमसीएसी करेगी निगरानी
रेवाड़ी, 05 मई, अभीतक:- भारत निर्वाचन आयोग के नियमानुसार मतदान के दिन और मतदान से एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में विज्ञापन प्रकाशित कराने से पहले उम्मीदवार या राजनीतिक दल को एससीएमसी से प्रमाण पत्र लेना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि जिला में 25 मई को लोकसभा के लिए मतदान होगा, इसलिए मतदान से पहले 24 मई व मतदान के दिन 25 मई के दिन प्रिंट मीडिया में विज्ञापन प्रकाशित कराने से पहले उम्मीदवार प्रस्तावित विज्ञापन का प्रमाण पत्र अवश्य लें। अन्यथा यह आदर्श आचार संहिता की अवहेलना मानी जाएगी। उन्होंने बताया कि टीवी और लोकल केबल टीवी में विज्ञापन प्रसारित कराने के लिए नामांकन करते ही एमसीएमसी से प्रमाणित कराना होगा। विज्ञापन प्रमाणित कराने के लिए विज्ञापन छपवाने व प्रसारित करने की तिथि से दो दिन पहले एमसीएमसी के पास निर्धारित प्रोफार्मा में जमा कराना होगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में निर्देशन में मीडिया मॉनिटरिंग एवं सर्टिफिकेशन कमेटी का गठन किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एमसीएमसी पूरी गंभीरता से अपना कार्य कर रही है। पेड न्यूज पर नजर रखने के लिए स्पेशल कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने में नागरिक सबसे अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। नागरिक जितना सजग होता है व लोकतंत्र उतना ही मजबूत होता है। एमसीएमसी चुनाव के दौरान ऐसे समाचारों पर पैनी नजर रखेगी, जो पेड न्यूज की श्रेणी में आते हैं।

पंफलेट या पोस्टर आदि पर प्रकाशक, प्रकाशन करवाने वाले का नाम होना जरूरी – जिला निर्वाचन अधिकारी
डीसी राहुल हुड्डा ने कहा-प्रकाशित सामग्री पर प्रतियों की संख्या होनी चाहिए अंकित
रेवाड़ी, 05 मई, अभीतक:- डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने बताया कि लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान प्रचार सामग्री का प्रकाशन करने के लिए पोस्टर या पंफलेट पर प्रकाशन करने वाले का नाम, प्रकाशन करवाने वाले का नाम तथा प्रतियों की संख्या छपी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन विभाग, हरियाणा निर्वाचन आयोग सहित जिला प्रशासन की ओर से चुनाव खर्च के विवरण पर पूरी निगरानी रखी जाएगी। इसलिए प्रिंटिंग प्रैस संचालक एनेक्सचर फॉर्म वन और बी भरकर यह स्पष्ट करेंगे कि प्रचार की सामग्री किस प्रैस से छपवाई गई और इस सामग्री को छपवाने वाला कौन है। साथ ही कितनी प्रतियां छापी गई हैं, यह ब्यौरा भी प्रैस संचालकों को देना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रचार की सामग्री को प्रकाशित करने से पहले प्रैस संचालक इस बात की जांच कर लें कि प्रचार सामग्री की भाषा और विषयवस्तु में कोई आपत्तिजनक शब्द तो नहीं है। प्रचार सामग्री की भाषा किसी व्यक्ति या दल के प्रति अपमानजनक नहीं होनी चाहिए। यह शिकायत कहीं पाई गई तो प्रकाशन करवाने वाले तथा प्रकाशक दोनों के खिलाफ जनप्रतिनिधि अधिनियम 1951 की धारा 127 ए के तहत कार्यवाही की जा सकती है। उन्होंने बताया कि हैंडबिल, पंफलेट, पोस्टर, बैनर इत्यादि छापने का पूर्ण विवरण प्रैस संचालक अपने पास रखेंगे। इसे निर्वाचन विभाग की ओर से कभी भी मांगा जा सकता है। चुनाव प्रचार सामग्री के छापने पर पूरी जिम्मेदारी प्रकाशक तथा प्रकाशन करवाने वाले की रहेगी। इस कार्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता का ध्यान रखें।

शराब की अवैध आवाजाही व नकली शराब की शिकायत के नियंत्रक कक्ष किया गया स्थापित – डीसी
विभाग की ओर से जारी किए गए नंबर व ई-मेल आईडी पर की जा सकती है शिकायत
रेवाड़ी, 05 मई, अभीतक:- उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने बताया कि आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा की ओर से लोकसभा आम चुनाव, 2024 के दौरान शराब की अवैध आवाजाही के सम्बन्ध में शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि आमजन लोकसभा आम चुनाव, 2024 के दौरान आचार संहिता के संचालन के दौरान हरियाणा राज्य में शराब की अवैध आवाजाही, बिक्री एवं नकली शराब से सम्बन्धित शिकायतें देने व प्राप्त करने के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग, हरियाणा द्वारा प्रधान कार्यालय, पंचकूला में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में दे सकते हैं। शिकायतें ध् सूचना नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 18001022012 (टोल फ्री) 0172-4112222 और ईमेल ीमसचकमेा/ींतलंदंजंÛ.हवअ.पद पर दर्ज की जा सकती है। नियंत्रण कक्ष सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चालू रहेगा। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति शराब की किसी भी अवैध आवाजाही ध् बिक्री व हरियाणा राज्य में नकली शराब की आवाजाही व बिक्री के सम्बन्ध में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है या सूचना दे सकता है।
जिला में अवैध शराब की सप्लाई रोकने के लिए उठाए जा रहे हैं प्रभावी कदम: जिला निर्वाचन अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने कहा कि जिला में छठे चरण में होने वाले लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर जिला में अवैध रूप से शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी, जिसके लिए शराब की बिक्री पर जिला प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इस दौरान अगर कहीं भी अवैध शराब पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस विभाग की ओर से सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों व स्थानों पर पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी नजर रखते हुए जिला में अवैध शराब की सप्लाई को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

टीम सोशल मीडिया की निगरानी पर रखें विशेष फोकस – जिला निर्वाचन अधिकारी
किसी के पक्ष या खिलाफ में नहीं चला सकते वीडियो, भ्रामक सामग्री का नहीं कर सकते प्रसारण
रेवाड़ी, 05 मई, अभीतक:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने संबंधित टीम के अधिकारियों को सोशल मीडिया की निगरानी पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्टड्ढ निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर आने वाले विज्ञापनों का खर्चा भी संबंधित उम्मीदवार या पार्टी के खाते में जोड़ा जाएगा। डीसी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि अखबार, टेलीविजन व रेडियो की तरह सोशल मीडिया पर भी चुनाव के दौरान प्रचार किया जाता है, जिस पर राशि खर्च होती है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जिला में गठित टीम इस बारे लोकसभा आम चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखें और किसी भी तरह का विज्ञापन मिलने पर उसकी रिपोर्ट खर्च के ब्यौरे सहित खर्चा निगरानी टीम को देना सुनिश्चित करें। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित उम्मीदवार या पार्टी के खाते में उस विज्ञापन का खर्चा जोड़ दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि लोकसभा आम चुनाव के दौरान सोशल मीडिया की निगरानी बहुत जरूरी है। सोशल मीडिया पर भी कई बार चुनाव के दौरान यूट्यूब वीडियो प्लेटफॉर्म आदि पर उम्मीदवार व पार्टी चुनाव का प्रचार करते हैं। निगरानी टीम को यदि ऐसे चैनल या वीडियो मिलते हैं जो किसी प्रत्याशी या राजनीतिक दल का समर्थन करते हो या जाति, धर्म विशेष के पक्ष में या कोई भ्रामक सामग्री दर्शाते हो या आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हों तो उस स्थिति में संबंधित यूट्यूब चैनल चलाने वाले के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवाकर कार्यवाही की जाएगी।
चुनाव के दौरान मीडिया कर्मियों को निभानी चाहिए निष्पक्ष भूमिका – जिला निर्वाचन अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने बताया कि आदर्श आचार संहिता एक समान रूप से सभी लोगों पर लागू होती है, जिसमें समाचार पत्र, टेलीविजन, रेडियो और सोशल मीडिया भी शामिल है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मीडिया के सभी माध्यमों में चुनाव में एक समानता होनी चाहिए। मीडिया मेें प्रकाशित या प्रसारित होने वाली खबर, किसी के पक्ष में या किसी के खिलाफ नहीं होनी चाहिए। ऐसी खबरें छापने या चलाने से परहेज किया जाए, जो किसी धर्म, जाति या समुदाय के पक्ष एवं विपक्ष में हों। साथ ही किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी पुष्टि कर लेनी चाहिए। सभी उम्मीदवारों एवं पार्टियों को एक समान स्थान देना चाहिए। साथ ही चुनाव के दौरान मीडिया कर्मियों को निष्पक्ष भूमिका निभाते हुए भारत निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का पालन करना चाहिए।

 

मतदान प्रक्रिया में स्कूली बच्चों का भी होगा योगदान, हरियाणा में शुरू हुई नई पहल
मतदान के दिन वोट करने के बाद बच्चों को परिवारजन के साथ सेल्फी करनी होगी अपलोड
जिला स्तर पर निकाले जाएंगे ड्रा, विजेता को मिलेगा 10 हजार रुपये का नकद इनाम
जिले के जिस स्कूल के विद्यार्थी सबसे अधिक सेल्फी अपलोड करेंगे, उस स्कूल को भी 25 हजार रुपये का मिलेगा विशेष पुरस्कार
चण्डीगढ़, 05 मई, अभीतक:- हरियाणा में 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा एक नई पहल की गई है, जिसमें स्कूली बच्चों को जोड़ा गया है और उन्हें नगद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल के तहत बच्चों द्वारा इस बार अपने अभिभावकों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा और मतदान के दिन वोट करने के बाद परिवार के मतदाताओं की उंगली पर लगी नीली स्याही के साथ सेल्फी अपलोड करनी होगी। जिला स्तर पर ड्रॉ के माध्यम से प्रथम, द्वितीय व तृतीय विजेताओं को क्रमशः 10 हजार रुपये, 5 हजार रुपये और 2.5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अनुराग अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल के तहत जिले के जिस स्कूल के विद्यार्थी सबसे अधिक सेल्फी अपलोड करेंगे, उस स्कूल को भी 25 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। सेल्फी अपलोड करने के लिए https://www-ceoharyana-gov-in/ पोर्टल पर एक लिंक विकसित किया गया है, जोकि मतदान के दिन यानी 25 मई को खुलेगा। प्रातः 7 बजे से मतदान के साथ ही सेल्फी अपलोड करने का लिंक स्कूली बच्चों के लिए खुल जाएगा और रात्रि 8 बजे तक सेल्फी अपलोड की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य न केवल इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाना है बल्कि स्कूली बच्चे, जो भावी मतदाता बनेंगे, उन्हें अभी से मतदान अधिकारों के प्रति सजग करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट का महत्व होता है, इसलिए यह पहल शुरू की गई है ताकि हर मतदाता अपना वोट अवश्य दे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 के प्रति मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने श्श्चुनाव का पर्व-देश का गर्वश्श् शीर्ष वाक्य दिया है। हरियाणा में भी इस पर्व को अनूठे तरीके से मनाने की पहल की गई है और मतदाताओं को चुनाव मेला देखण जावांगे, सारे वोट डाल के आवांगे जैसे अनेक स्लोगनों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।
हरियाणा में 2 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हरियाणा में 2 करोड़, 41 हजार 353 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 1 करोड़ 6 लाख 34 हजार 532 पुरुष, 94 लाख 6 हजार 357 महिला तथा 464 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि गुड़गांव लोकसभा में मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक 25 लाख 66 हजार 159 है, जबकि फरीदाबाद में 24 लाख 24 हजार 281 है। इसी प्रकार, अंबाला लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 19 लाख 92 हजार 252, कुरुक्षेत्र लोकसभा में 17 लाख 92 हजार 160, सिरसा लोकसभा में 19 लाख 34 हजार 614, हिसार में 17 लाख 88 हजार 710, करनाल में 21 लाख 439, सोनीपत में 17 लाख 64 हजार 954, रोहतक में 18 लाख 86 हजार 796 और भिवानी-महेंद्रगढ़ में 19 लाख 90 हजार 988 मतदाता हैं।

जिला के सभी 8 लाख 6 हजार 206 वोटर 25 मई को बढ़ चढ़कर करें मतदान – डीसी
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने मतदाताओं से महापर्व में सहभागी बनने का किया आह्वान
जिला के 64-बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 242701, 65-बादली में 188962 मतदाता और 66-झज्जर 190255 व 67-बेरी विस क्षेत्र में 184288 मतदाता पंजीकृत
मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जिला प्रशासन का विशेष फोकस
झज्जर, 05 मई, अभीतक:- रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला झज्जर में 25 मई को होने वाले 18वीं लोकसभा के आम चुनाव को लेकर तैयारियां प्रभावी रूप से जारी हैं। जिला प्रशासन की ओर से चुनाव ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों से अवगत कराते हुए प्रशिक्षित किया जा रहा है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया पर पूर्ण फोकस रखते हुए शांतिप्रिय ढंग से चुनाव संपन्न कराने में सक्रिय हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों पर नजर डालें तो जिला में इस बार कुल 8 लाख 6 हजार 206 वोटर रोहतक लोकसभा क्षेत्र से नए सांसद का चुनाव करेंगे। झज्जर जिला के 64-बहादुरगढ़ विस क्षेत्र में 242701,65-बादली में 188962 मतदाता, 66-झज्जर में 190255 व 67-बेरी विस क्षेत्र में 184288 मतदाताओं के अलावा कुल 13 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 64-बहादुरगढ़ विस क्षेत्र में एक लाख 29 हजार 446 पुरूष, एक लाख 13 हजार 250 महिलाएं तथा 5 थर्ड जेंडर मतदान में भाग लेंगे, वहीं बादली विस क्षेत्र में 99 हजार 779 पुरूष, 89 हजार 181 महिलाएं तथा 2 थर्ड जेंडर, 66-झज्जर विस क्षेत्र में 99 हजार 672 पुरूष, 90 हजार 582 महिलाएं तथा एक थर्ड जेंडर वोटर मतदान का हिस्सा बनेंगे। इसी प्रकार 67-बेरी विस क्षेत्र में 98 हजार 402 पुरूष, 85 हजार 881 महिलाएं तथा 05 थर्ड जेंडर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि झज्जर विधानसभा क्षेत्र के गांव खातीवास निवासी 106 वर्षीय मेवा देवी धर्मपत्नी श्योराम और गांव खेतावास निवासी 104 वर्षीय भरतो धर्मपत्नी अमरनाथ तथा बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव कुकडौला निवासी 104 वर्षीय तारावती धर्मपत्नी भरथू व गांव दरियापुर निवासी 103 वर्षीय मनकौर धर्मपत्नी रामानंद और बेरी विधानसभा क्षेत्र के गांव डीघल निवासी भगवानी धर्मपत्नी दयानंद सबसे उम्रदराज वोटर के रूप में पंजीकृत हैं।

 

 

साइबर फ्रॉड रोकने के लिए 8 बडे बैंकों ने मिलाया हरियाणा पुलिस के साथ हाथ, 13 नोडल अधिकारियों की हरियाणा पुलिस की साइबर टीम 1930 के साथ की तैनाती
राज्य पुलिस द्वारा साइबर अपराध में संलिप्त 2.1 लाख बैंक खातों को करवाया गया फ्रिज
3800 से अधिक मामले किए दर्ज तथा 2600 से अधिक साइबर अपराधी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 05 मई, अभीतक:- हरियाणा पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने के लिए किए जा रहे सक्रिय व अभूतपूर्व प्रयासों के चलते प्रदेश की जनता के नवंबर 2021 से कुल 103 करोड़ रूपये की राशि को साइबर ठगी से बचाया गया है जबकि पिछले 6 महीनों में 1 सितंबर 2023 से 30 अप्रैल 2024 तक राज्य पुलिस ने 73 करोड़ रूपये की राशि को साइबर ठगो के चंगुल से बचाया है। हरियाणा पुलिस की इस उपलब्धि पर अन्य राज्यों ने भी हरियाणा पुलिस के इस मॉडल को अपनाने की इच्छा जाहिर की है। भारत सरकार के वित मंत्रालय द्वारा 30 अप्रैल 2024 को फिनटेक एवं लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसियो के साथ विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित बैठक में इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला जब हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराध रोकने को लेकर अपनाई गई बैस्ट प्रैक्टिसिज को अन्य राज्यों के साथ सांझा किया गया। इस बैठक में फिनटैक कंपनियों जैसे-गुगलपे, फोनपे, पेटीएम तथा अमेजान सहित इस क्षेत्र से जुड़ी 60 अन्य कंपनियां ने भाग लिया।
रणनीतिक साझेदारी और सहयोग – सफलता की कुंजी
साइबर सुरक्षा तंत्र मजबूत करने के लिए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के नेतृत्व में मौजूदा व्यवस्था में विद्यमान कमियों का साइबर टीम के साथ बारिकी से अध्ययन किया गया। सबसे पहले साइबर हेल्पलाइन नंबर पर तैनात कर्मियों की संख्या को दोगुना करते हुए उनकी संख्या को 70 किया गया। इन सभी पुलिसकर्मियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण दिया गया और उनकी अलग-2 शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई।
दूरदर्शी नेतृत्व तथा आधारभूत संरचना में वृद्धि
साइबर अपराध नियंत्रण में बैंको की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है इसलिए साइबर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने को लेकर हरियाणा पुलिस ने बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए मौजूदा कमियों को दूर करने की कार्ययोजना तैयार की। इसी कड़ी में एचडीएफसी बैंक ने हरियाणा पुलिस के साथ पायलट तौर पर काम किया जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर की अध्यक्षता में अन्य बड़े बैंको के साथ बैठक आयोजित की गई और उनके साथ मिलकर इस दिशा में काम करने के लिए रणनीति तैयार की गई। हरियाणा पुलिस की टीम के साथ वर्तमान में 8 बड़े बैंको के 13 नोडल अधिकारी काम कर रहे हैं जिसके परिणामस्वरूप फंड ब्लॉकिंग की दर जो सितंबर- 2023 में मात्र 8 प्रतिशत थी वह मार्च -2024 में बढ़कर 27 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर (आई4सी) के अनुसार देशभर में यह प्रतिशत दर सबसे अधिक है। इसी प्रकार, आई4सी में हरियाणा पुलिस के 4 अधिकारी तैनात किए गए जो देशभर के 20 बड़े बैंको के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड रोकने के लिए एक मंच पर कार्य कर रहे हैं।
सक्रिय उपायः हॉटस्पॉट निगरानी तथा लक्षित गिरफ्तारियां
साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर हरियाणा पुलिस द्वारा देश भर के राज्यों जैसे बिहार,राजस्थान, झारखंड, बिहार आदि के ऐसे 50 स्थानों को सूचीबद्ध किया गया जहां से साइबर फ्रॉड को लेकर सबसे अधिक अपराधी फोन पर सक्रिय हैं। हरियाणा पुलिस द्वारा ऐसे क्षेत्रों की मॉनीटरिंग करते हुए साइबर की टीम द्वारा नियमित तौर पर रेड की जा रही है और अपराधियों को पकड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए अप्रैल माह में ऑपरेशन साइबर आक्रमण चलाया गया जिसके तहत प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से 137 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि 1 जनवरी 2023 से लेकर अप्रैल 2024 तक हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराध को लेकर 3810 मामले दर्ज किए गए हैं तथा 2638 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रौद्योगिकी, जागरूकता और क्षमता निर्माण एक व्यापक दृष्टिकोण
हरियाणा पुलिस ने अस्त्र सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करते हुए फेशियल रिकॉग्निशन तकनीक के माध्यम से फर्जी तरीके से लोगों के पहचान पत्र का दुरुपयोग करके साइबर अपराध में संलिप्त मोबाइल नंबरों को बंद करवाने की ऐतिहासिक पहल की। इस कार्य में दूरसंचार विभाग के सहयोग से हरियाणा के नूह जिला में इस प्रकार के 496000 मोबाइल नंबरों को बंद करवाया गया। इसके अलावा, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल का इस्तेमाल करते हुए पिछले 1 साल में साइबर अपराध में संलिप्त 72935 मोबाइल नंबरों को बंद तथा साइबर अपराधियों के 210000 बैंक खाता को फ्रिज करवाया गया।
साइबर जागरूकता को बनाया अभियान
हरियाणा पुलिस द्वारा 9584 जागरूकता अभियान चलाते हुए 60 लाख लोगों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया। इसी प्रकार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तौर तरीकों के बारे में जानकारी दी जा रही है ताकि लोग साइबर फ्रॉड का शिकार ना हो। इसके अलावा, विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में थाना प्रभारियों की देखरेख में साइबर जागरूकता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि बच्चों के साथ साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जा सके। हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा को लेकर 45654 लोगों के मोबाइल पर मैसेज भेजे गए तथा 42 लाख लोगों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजते हुए साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। इसी प्रकार, हरियाणा पुलिस द्वारा 3383 पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर प्रशिक्षित किया गया। श्री कपूर ने बताया कि साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर फील्ड यूनिट को सुदृढ़ करते हुए लॉ एनफोर्समेंट के लिए प्रशिक्षित किया गया। हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में 29 साइबर पुलिस थाने खोलते हुए 4989 पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध पड़ताल तथा साइबर फॉरेंसिक को लेकर प्रशिक्षित किया गया। साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर हरियाणा पुलिस द्वारा 1 फरवरी 2022 से लेकर अब तक 7.25 लाख लोगों की कॉल को रिस्पांड किया गया। पुलिस महानिदेशक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंक खाता संबंधी निजी जानकारी साझा न करें और यदि साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाए तो जल्द से जल्द साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड होने पर शुरुआती 1 घंटे जिसे गोल्डन आवर कहा जाता है, में साइबर फ्रॉड की गई राशि को फ्रीज करने की संभावना अपेक्षाकृत अधिक होती है इसलिए लोग ऐसा होने पर तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवाए।

 

किसान नेता गुरनाम सिंह चढुनी ने कुरूक्षेत्र लोकसभा के उम्मीदवार अभय सिंह चैटाला को लोकसभा चुनाव के लिए दिया समर्थन
किसान नेत्री कांता अलाड़िया ने भी दिया समर्थन
भूपेंद्र हुड्डा हरियाणा में भाजपा को जितवाना चाहते हैं: गुरनाम सिंह चढुनी
मैं तो यह कहूंगा कि कांगे्रस पार्टी को सबसे पहले हुड्डा से किनार कर लेना चाहिए और हुड्डा को सभी पदों से मुक्त कर देना चाहिए: चढुनी
कांगे्रस और बीजेपी दोनो ही पार्टियां कारपोरेट घरानों की एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं और कारपोरेट घरानों के लिए ही कानून बना रहे हैं
कहा था कि बीजेपी और जेजेपी को गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा आज मेरी बात सच साबित हो रही हैः अभय सिंह चैटाला
भाजपा और कांगे्रस को सत्ता से दूर रखेंगे और 4 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों में भी हम सब इकटृठे रहेंगेः अभय सिंह
कुरूक्षेत्र, 05 मई, अभीतक:- संयुक्त संघर्ष पार्टी के प्रधान एवं किसान नेता गुरनाम सिंह चढुनी और किसान नेत्री बहन कांता अल्हाड़िया ने रविवार को कुरूक्षेत्र में इनेलो के लोकसभा के उम्मीदवार अभय सिंह चैटाला को लोकसभा चुनाव के लिए अपना समर्थन दिया। चढुनी ने किसान संगठन एसकेएम से भी अपील की कि वो भी अभय सिंह चैटाला को समर्थन दें। अभय सिंह चैटाला ने किसान नेताओं द्वारा समर्थन दिए जाने पर उनका धन्यवाद किया और अभार जताया। गुरनाम सिंह चढुनी ने कहा कि किसानों के दुख दर्द को इनेलो ने समझा है और किसान आंदोलन में अभय सिंह चैटाला पूरे देश में एक मात्र विधायक थे जिन्होंने अपने विधायक पद से इस्तीफा दिया और आंदोलन को मजबूत किया। आज उस कर्ज को उतारने का समय आ गया है। गुरनाम सिंह चढुनी ने जहां भाजपा को किसानों का दुश्मन बताया वहीं विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुडृडा पर निशान साधा और कहा कि भूपेंद्र हुडृडा हरियाणा में भाजपा को जितवाना चाहते हैं और भाजपा और हुडृडा का खेल हरियाणा में चल रहा है। बीजेपी ने हुडृडा के साथ सैटिंग की है जिसका सबूत यह है कि अगर हुडृडा हरियाणा में लोकसभा की दसों सीटें जीतना चाहते तो एक सीट इनेलो और एक सीट हमें देते जिससे दसों सीटें हम सब मिल कर जीतते। पहली सैटिंग बीजेपी ने हुडृडा के साथ यह की कि किसी भी मजबूत पार्टी के साथ समझोता नहीं करना है, दूसरा कमजोर उम्मीदवार देने हैं जैसे कुरूक्षेत्र में सुशील गुप्ता को उतारा। सुशील गुप्ता का हरियाणा में क्या है न तो उनका यहां कोई घर है और न ही यह उनकी जन्म स्थली है। भूपेंद्र हुडृडा और बीजेपी की हरियाणा में मिलीभगत है जो देश और प्रदेश के लिए खतरा है। मैं तो यह कहूंगा कि कांगे्रस पार्टी को सबसे पहले हुडृडा से किनार कर लेना चाहिए और हुडृडा को सभी पदों से मुक्त कर देना चाहिए। गुरनाम सिंह चढुनी ने कहा कि कांगे्रस और बीजेपी दोनो ही पार्टियां कारपोरेट घरानों की एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं और कारपोरेट घरानों के लिए ही कानून बना रहे हैं। अभय सिंह चैटाला ने कहा कि हमने हमेशा ही किसान और कमेरे की आवाज को विधानसभा के अंदर और बाहर उठाया है। मैने विधानसभा में कहा था कि बीजेपी और जेजेपी को गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा आज मेरी बात सच साबित हो रही है। अभय सिंह ने कहा कि बीजेपी ने भूपेंद्र हुडृडा को ईडी के माध्यम से डराया हुआ है जिसके कारण भूपेंद्र हुडृडा बीजेपी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांगे्रस को सत्ता से दूर रखेंगे और 4 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों में भी हम सब इकटृठे रहेंगे। करनाल विधानसभा के उम्मीदवार का आज रात को फैंसला करेंगे और ऐसा उम्मीदवार देंगे जो बीजेपी और कांग्रेस को धूल चटा देगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *