Haryana Abhitak News 28/05/26

https://www.facebook.com/share/v/1B9mcYXgyB

https://www.facebook.com/share/r/1HVfExc2di

एल. ए. स्कूल झज्जर में स्कूल स्टॉफ के लिए भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा व डीपीई अमित लोहचब ने मेडिटेशन क्रियाएं करवाई
झज्जर, 28 मई, अभीतक: एल. ए. सी. सै. स्कूल झज्जर में स्कूल स्टॉफ के लिए भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा व डीपीई अमित लोहचब ने मेडिटेशन क्रियाएं करवाई। स्कूल प्राचार्या निधि कादयान ने बताया कि सभी अध्यापकों को तनाव रहित रहकर अपनी ग्रीष्म कालिन छुटियों का आनंद लेना चाहिए इसके लिए मेडिटेशन व यौगिक क्रियाएं करनी चाहिए। स्कूल प्रबन्धक के.एम.डागर ने इस कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि हमें इस तनावग्रस्त वातावरण में स्टॉफ के लिए इस तरह के मेडिटेशन कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए। आज के इस मेडिटेशन कार्यक्रम में स्टॉफ सदस्यों ने पार्टिसिपेट किया। स्कूल संचालक संचालक जगपाल गुलिया, जयदेव दहिया, अनिता गुलिया, नीलम दहिया ने बताया कि मेडिटेशन व यौगिक क्रियाएँ हमेशा मानव जीवन के लिए बेहतर होती हैं। मैनेजमेंट सदस्यों ने मिलकर भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा व डीपीई अमित लोहचब को एप्रिशिएसन सर्टिफिकेट भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर स्कूल एचओडी रविंद्र लोहचब, पिंकी अहलावत, पुष्पा यादव, सपना अहलावत आदि मौजूद रहे।

पुलिस स्टेशन के सामने शरबत की छबील पर ठंडा शरबत ग्रहण करते राहगीर

कड़ी चावल के साथ लगाई ठंडे शरबत की छबील
प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य: विनीत पोपली

झज्जर, 28 मई, अभीतक: शहर में कई स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक लोगों ने छबील लगाकर राहगीरों को शरबत पिलाया। समाजसेवी विनीत पोपली ने बताया कि मुख्य बाजार पोपली हार्डवेयर के आगे सरबत दे भले दी अरदास करते हुए युवाओं ने छबील लगाकर कड़ी चावल का प्रसाद वितरित किया गया। इस पुण्य कार्य में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ प्रीतम सैनी, लव जुनेजा, अमित सचदेवा, आशू सैनी, सोनू शर्मा, नितिन गेरा और सौरव पोपली सहित युवा टीम के सभी सदस्यों ने मिलकर रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को रोक रोककर प्रसाद वितरित किया। आयोजित छबील में बड़ी संख्या में आसपास क्षेत्र के लोगों व राहगीरों ने कड़ी चावल का प्रसाद ग्रहण किया। गर्मी के मौसम में लोगों ने ठंडा मीठा शरबत पीकर गर्मी से राहत महसूस की और सेवा कार्य की सरहना करते हुए युवाओं का आभार व्यक्त किया। विनीत पोपली ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना गया हैं। गर्मी अपने चरम पर है। गर्मी के इस दौर में लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है और हमारी युवा टीम हमेशा सामाजिक एवं जनसेवा के कार्य में तत्पर रहती हैं। धर्म की सदैव जीत होती है। कुणाल में युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया और कहा कि नशा बड़ी समस्या बन चुका है और युवा पीढ़ी इसके दलदल में फंसती जा रही है। नशा एक धीमा जहर है। खास बात यह रही कि इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक प्लेट व गिलासों का प्रयोग नहीं किया गया।

स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत झज्जर जिले में स्वास्थ्य परियोजनाओं का 29 मई को होगा उद्घाटन एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की गरिमामयी उपस्थिति में 29 मई को दोपहर बाद दो बजे वर्चुअल माध्यम से करेंगे परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शुभारंभ लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर बतौर मुख्य अतिथि लेंगे भाग

झज्जर, 28 मई, अभीतक: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 29 मई को पंचकूला से स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की गरिमामयी उपस्थिति में “स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान” के अंतर्गत प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्धघाटन और शिलान्यास करेंगेजिनमें जिला झज्जर की कई स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास शामिल है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल, झज्जर में आयोजित होगा, जिसमें हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे जबकि बहादुरगढ़ के विधायक श्री राजेश जून, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्री ओमप्रकाश धनखड़,जिला परिषद के चेयरमेन श्री कप्तान सिंह बिरधाना और भाजपा नेता श्री संजय कबलाना की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जिला नागरिक अस्पताल झज्जर में “अमृत फार्मेसी” स्टोर का शुभारंभ होगा, जिसके माध्यम से आमजन को ब्रांडेड दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके साथ ही स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार क्लिनिक कार्यक्रम की भी लॉन्चिंग की जाएगी। इस पहल के तहत महिलाओं को विशेष स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श एवं जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे महिला स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा। वहीं जिला अस्पताल में टरुनेट मशीन का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव डाबोदा खुर्द में लगभग 67.19 लाख रुपये की लागत से तैयार नवनिर्मित सब हेल्थ सेंटर का उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल रहेगा। इस उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने गांव के निकट उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में सीटी स्कैन सेवा का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को आधुनिक जांच सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा उन्हें अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। डीसी वर्षा खंगवाल ने बताया कि सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन सेवाओं के शुरू होने से जिले के लोगों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

12 वें योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश देती हुईं डीसी वर्षा खांगवाल।

12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026
स्वस्थ वृद्धावस्था के साथ योग थीम के साथ मनाया जाएगा 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: डीसी
जिला में 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस की तैयारियों को लेकर डीसी वर्षा खांगवाल ने ली अधिकारियों की बैठक
योग को जन-जन से जोड़ने के लिए जिला व सभी ब्लॉकों में होंगे कार्यक्रम
20 जून को होगी योग कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल

झज्जर, 28 मई, अभीतक: 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को जिले भर में स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय द्वारा घोषित इस वर्ष का मुख्य उद्देश्य जीवन के सभी चरणों में शारारिक स्वास्थ्य और स्फूर्ति को बढ़ावा देने की योग की क्षमता पर प्रकाश डालना है। जिला आयुष अधिकारी डॉ संगीता ने योग कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि योग केवल एक क्रिया नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है और इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि योग दिवस को “जन-आंदोलन” का रूप दिया जाएगा, जिसमें हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। योग दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी ब्लॉक स्तरों पर किया जाएगा। डीसी ने बताया कि 21 जून को सुबह रोडवेज वर्कशॉप परिसर में जिला स्तरीय योग सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिक, एनसीसीध्एनएसएस कैडेट्स, विद्यार्थी, अधिकारी और स्वयंसेवी भाग लेंगे। दिवस की पूर्व तैयारी के तहत 20 जून को सुबह 7 से 8 बजे तक फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी, साथ ही एक योगा मैराथन भी आयोजित की जाएगी। इसमें स्कूल, कॉलेज, गुरुकुल, नेहरू युवा केंद्र, पुलिस बल, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स समेत विभिन्न संस्थाएं भाग लेंगी। मैराथन रोडवेज वर्कशॉप से शुरु होगी व श्री राधा स्वामी सत्संग भवन तक जाएगी व फिर वापिस वर्कशॉप में संपन्न होगी।
ब्लॉक स्तर पर आयोजित होगा योगा दिवस
ब्लॉक स्थान बेरी: खेल स्टेडियम
बादली: सीआरआईवाईएन ग्राउंड
बहादुरगढ़: डॉ बीआर अम्बेडकर स्टेडियम
साल्हावास: आईटीआई कैंपस
मातनहेल: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
माछरौली: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
जन भागीदारी अधिक से अधिक रहेः डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, महिला समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही खंड स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण को जोड़ने पर बल दिया ।
बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल,एसडीएम बादली विशाल, सीटीएम रितु बंसीवाल, एसीपी अनिरुद्ध चैहान, डीडीपीओ निशा तंवर और आयुष विभाग से डॉ पवन देसवाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर यह रहेगा शेड्यूल
झज्जर, 28 मई, अभीतक: आयुष विभाग व हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जिला प्रशासन की ओर से 21 जून को 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। आयुष अधिकारी डॉ पवन देसवाल ने कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 2 जून को खेल विभाग, शिक्षा विभाग और हरियाणा योगासन खेल एसोसिएशन द्वारा ब्लॉक स्तर पर योगासन प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। वहीं 21 जून तक विभिन्न विभागों के सहयोग से योग संबंधित गतिविधियां आयोजित करवाई जाएंगी। विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुरूप विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण, योग जागरूकता यात्राएं, रिहर्सल और जिला स्तरीय आयोजन किए जाएंगे। 8 जून से 10 जून तक ‘योग जागरूकता यात्राएं’ निकाली जाएंगी तथा प्रत्येक जिले के प्रत्येक गांव में यह यात्रा पहुंचकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने बताया कि 11 जून से 13 जून तक तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसमें जिला तथा ब्लॉक स्तर के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि, पुलिस विभाग, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड और नेहरू युवा केंद्र संगठन के स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। वहीं 15 जून को जिला स्तर पर योग संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, जन स्वास्थ्य संस्थान, पुलिस विभाग, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा 16 जून से 18 जून तक जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, एनसीसी, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र और स्वयंसेवी संगठनों को योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्य आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों तथा खेल विभाग के प्रशिक्षकों द्वारा कराया जाएगा। डॉ पवन देसवाल ने आगे बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार 19 जून को योग संगोष्ठी एवं सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इनमें मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के सहयोग से विशेषज्ञ योग एवं स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी देंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन से पहले 20 जून को फुल रिहर्सल आयोजित की जाएगी ताकि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित किया जा सके। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम रविवार 21 जून को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों, संस्थानों और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी।

वर्षा खांगवाल, डीसी झज्जर।

गर्मी और लू से बचाव के लिए आमजन को सतर्कता बरतने की जरूरत: डीसी
हीट वेव से बचाव के लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें नागरिक

झज्जर, 28 मई, अभीतक: लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए आमजन को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लू और अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए सावधानी ही सबसे प्रभावी उपाय है। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सरकारी कार्यालयों, उपमंडल सचिवालयों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को हीट वेव से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहर के समय बिना जरूरी कार्य के घर से बाहर न निकलें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना अत्यंत आवश्यक है। लोग अधिक मात्रा में पानी पिएं तथा ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा सिर को टोपी, पगड़ी, दुपट्टे या छाते से ढककर रखें। लंबे समय तक तेज धूप में रहने से बचें और यात्रा के दौरान पानी साथ रखें। डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों एवं निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच श्रमिकों से सीधे धूप में कार्य न करवाया जाए तथा भारी कार्य सुबह या शाम के समय करवाए जाएं। डीसी ने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने पशुपालकों से भी अपील की कि पालतू पशुओं को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें तथा उनके लिए पर्याप्त पानी और छाया की व्यवस्था रखें।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर को सीजेएम
झज्जर, 28 मई, अभीतक: जिला झज्जर परिसर में 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का निपटारा करवाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव सीजेएम विशाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से त्वरित निपटारा करवाना है लोक अदालत में ट्रैफिक चालान बैंक रिकवरी मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम पारिवारिक विवाद दीवानी एवं फौजदारी मामले श्रम विभाग भूमि अधिग्रहण बिजली पानी के बिलों तथा राजस्व आदि का निपटारा किया जाएगा। सीजेएम विशाल ने आमजन से अपील की हैं कि शनिवार 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर का लाभ उठाएं।

लीगल सर्विस कैंप का आयोजन कल गांव छोछी में: सीजेएम विशाल
झज्जर, 28 मई, अभीतक: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के चेयरमैन जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार यादव के कुशल मार्गदर्शन में सचिव एवं सीजेएम विशाल के आदेश अनुसार गांव छोछी में 29 मई को लीगल सर्विस कैंप का आयोजन किया जाएगा। सीजेएम विशाल ने बताया कि इस कैंप में का मुख्य उद्देश्य है कि लोगों को कानूनी जानकारी घर घर तक पहुंचाना। और सरकारी योजनाओं का लाभ एक छत के नीचे मिले। इस कैंप में आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र,बिजली,पानी, राजस्व विभाग,पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, राशन कार्ड,वन स्टॉप सेंटर,आदि विभाग शामिल होगे। लोगो की समस्याओं को सुना जाएगा और मौके पर समाधान किया जाएगा। सीजेएम विशाल ने लोगों से अपील की हैं लीगल सर्विस कैंप का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।

अवैध हथियार के साथ एक आरोपी काबू
बहादुरगढ़, 28 मई, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह के दिशा निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ के अंतर्गत पुलिस चैकी एम आई ई बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने चैकी के एरिया से एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ काबू करने में कामयाबी हासिल की गई। मामले की जानकारी देते हुए चैकी प्रभारी एम आई ई ने बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने जिला में अवैध असला रखने वाले तथा वांछित आरोपियों की धर पकड़ करने के संबंध में कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस कमिश्नर के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए चैकी में तैनात मुख्य सिपाही रवि कुमार की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना मिली कि रवि निवासी गांव मित्रऊ कहीं जाने की फिराक में नाला रोड नजफगढ़ नेशनल हाईवे 9 बहादुरगढ़ के पास खड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए टीम उपरोक्त स्थान पर पहुंची तो वहां पर एक युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक अवैध हथियार बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी की पहचान उपरोक्त के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ नियम अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

नशा मुक्ति टीम ने शैक्षणिक संस्थानों में जाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, डायल 112 नशा और यातायात के नियमों के बारे में किया जागरूक
झज्जर, 28 मई, अभीतक: पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए झज्जर पुलिस की अलग-अलग टीमें शैक्षणिक संस्थाओं और घर-घर जाकर युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में कर रही है जागरूक इसी कड़ी में सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार और उसकी टीम ने बेरी में लाइब्रेरी में आए हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों और डायल 112 के बारे में जागरूक किया।इस दौरान नशा मुक्ति टीम ने मौजूदा युवाओं को बताया की नशा समाज के लिए गंभीर समस्या है। इसे मिटाने के लिए जन आंदोलन की आवश्यकता है जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने गांव, मोहल्ला तथा वार्ड की जिम्मेदारी लेगा और ना ही स्वयं नशा करेगा और ना ही अपने क्षेत्र में नशे को बिकने देगा तभी हम अपने क्षेत्र से नशे को दूर भगाने में कामयाब होंगे। युवा नशे की चपेट में आकर अपराध की तरफ बढ़ रहा है इसलिए माता-पिता को भी अपने बच्चों की दैनिक गतिविधि पर ध्यान रखना चाहिए और उन्हें शिक्षा खेल-कूद तथा सामाजिक हित की गतिविधियों में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।उन्होंने कहा कि झज्जर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थ की खरीद फिरौत करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर आपके आसपास में कोई व्यक्ति नशा करता है तो आप उसे सिविल अस्पताल के एडिशन सेंटर में काउंसलिंग करवा कर दवाई दिला सकते हो। नशा हंसते खेलते परिवार को तबाह कर देता है। यातायात नियमों के बारे में बताते हो कहा कि हमें दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। सड़क पर दर्शाए गए चिन्हों पालन करना चाहिए। यातायात नियमों की पालना करना चाहिए। इन्हें अनदेखा न करें। आगे उन्होंने डायल 112 के बारे में बताते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में इसका प्रयोग करें।उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति नशे की खरीद फिरौत कर रहा है तो इसकी सूचना 1933 मानस हेल्पलाइन पर दें आपके द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाएगी और आपकी पहचान को गुप्त रखा जाएगा।

बेरी हलके में पेयजल का भारी संकट: विक्रम कादयान
झज्जर, 28 मई, अभीतक: बेरी हलके में लगातार विकराल होती पेयजल समस्या को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विक्रम कादयान ने हरियाणा सरकार और जन स्वास्थ्य विभाग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बेरी हलके के लगभग सभी गांव आज डार्क जोन की भयावह स्थिति में पहुंच चुके हैं और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। दूषित और जहरीले पानी के कारण मनुष्य ही नहीं बल्कि पशु भी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। विक्रम कादयान ने कहा कि बेरी कस्बे में सप्ताह में केवल एक-दो बार ही नलों में पानी आता है, जबकि भागलपुरी, वजीरपुर, बाघपुर, पलड़ा, जहाजगढ़, बिरड़-माजरा, धौड़ दुजाना, दूबलधन, मदाना, दिमाना, रोहद, छारा, रेवड़ीखेड़ा, खरमान, दहकोरा, बिसाहन और गोछी सहित दर्जनों गांवों में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। कई गांवों में महिलाएं और बुजुर्ग सुबह से लेकर देर शाम तक पानी के इंतजार में लाइनें लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सिवाना गांव का वाटर वर्क्स पूरी तरह सूखा पड़ा है, जबकि माजराडी गांव में लोगों को अनुपचारित और दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है। वहां का वाटर बॉक्स भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि मलिकपुर, अछेज-पहाड़ीपुर, सफीपुर, गोधड़ी, डीघल, बहराना, दिमाना, छोछी, दहकोरा, भापड़ोदा, खरहर, छुडानी, मदाना, धाँधलान लकड़िया और गोछी जैसे गांवों में पेयजल संकट ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है, जबकि निजी पानी सप्लायर लोगों से मनमाने दाम वसूल कर जनता की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। भूमिगत पानी खारा होने के कारण सभी गांवों के कुएं नकारा हो गए हैं। तालाब और जोहड़ बदबूदार पानी की झील बन चुके हैं। सरकार की “जोहड़ सुधारो” परियोजनाएं पूरी तरह नकारा साबित हुई हैं। विक्रम कादयान ने आरोप लगाया कि जन स्वास्थ्य विभाग की जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अधिकांश गांवों का भूमिगत जल आर्सेनिक युक्त और जहरीला हो चुका है, जिससे जलजनित रोग तेजी से फैल रहे हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से कहीं भी पर्याप्त टैंकर सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई जा रही, जबकि पानी उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर घर नल से जल” के दावे की पोल बेरी हलके में पूरी तरह खुल चुकी है। सरकार जनता के धैर्य की परीक्षा ले रही है। यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी और कांग्रेस पार्टी बेरी हलके की पेयजल समस्या को लेकर बड़ा जनआंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी।

सोनीपत: गर्म लू लगने से एक व्यक्ति की हुई मौत
भयंकर गर्मी से एक व्यक्ति की सोनीपत में हुई मौत
बुधवार को गर्मी का पारा था 40 डिग्री टेंपरेचर से भी अधिक
शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनो को पुलिस ने सौंपा शव
40 वर्षीय व्यक्ति भयंकर गर्मी में गांव नागल कला से फ्लैट में जा रहा था कि रास्ते में उनको गर्म लूं ने अपनी चपेट में ले लिया और जैसे ही वह घर पहुंचे उनकी मौत हो गई।

झज्जर: झज्जर में बिजली विभाग के ठेकाकर्मी की मौत का मामला
अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण हुए पोस्टमार्टम कराने को राजी
बिजली विभाग के अधिकारियों, एसीपी और कांग्रेस विधायक वत्स की मौजूदगी में बनी सहमति
मृतक कर्मचारी के आश्रितों को नौकरी और मुआवजा राशि दिए जाने का मिला आश्वासन
घटना के दौरान लापरवाहीं बरतने वाले बिजली कर्मचारी के खिलाफ भी होगी कार्यवाहीं
पूरी घटना की होगी जांच,जांच के बाद हो सकती है लापरवाहीं बरतने वाले कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
घंटों चली जद्दोजहद के बाद परिजन हुए पोस्टमार्टम कराने को तैयार
तलाव गांव में बिजली की मेन लाईन पर काम करने के दौरान हुई थी ठेकाकर्मी प्रदीप की मौत
ग्रामीणों ने दी थी मांगें न माने जाने पर शव के साथ धरना दिए जाने की चेतावनी
सहमति बनने तक प्रशासनिक अधिकारियों की अटकी रहीं सांसे,भारी संख्या में पुलिस बल रहा तैनात
झज्जर के बिजली विभाग में ठेके पर बतौर लाईन मैन काम करता था फतेहपुरी गांव का प्रदीप
काम करने के दौरान परमिट लिए जाने के बावजूद अचानक छोड़ दिया गया था हाईटेंशन तार में करंट

गुरुग्राम: गुरुग्राम में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन।
पार्क, पार्किंग और सड़क किनारे नशाखोरी करने वालों पर चला पुलिस का अभियान।
बीएनएसएस की धारा 172(2) के तहत लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई।
साइबर सिटी में हुड़दंगबाजों पर सख्ती, गुरुग्राम पुलिस का स्पेशल ड्राइव जारी।
सार्वजनिक स्थलों को नशाखोरी का अड्डा बनाने वालों को गुरुग्राम पुलिस की चेतावनी।
पार्कों और खुले इलाकों में शराब पीना पड़ा भारी, 500 से ज्यादा लोग पुलिस की गिरफ्त में।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त एक्शन, गुरुग्राम पुलिस अलर्ट मोड पर।

गर्मी से बचने के लिए ये आसान और असरदार उपाय अपनाएं
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
बाहर जाते समय सिर पर टोपी, गमछा या छाता रखें।
दिनभर खूब पानी पिएं, शरीर में पानी की कमी न होने दें।
नींबू पानी, छाछ, लस्सी, नारियल पानी और ओआरएस का सेवन करें।
हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें।
ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना कम खाएं।
तरबूज, खीरा, ककड़ी और खरबूजा जैसे पानी वाले फल खाएं।
घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे, कूलर या पंखे का इस्तेमाल करें।
छोटे बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
अगर चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत छांव में जाएं और डॉक्टर से संपर्क करें।
लू लगने के संकेत
तेज सिरदर्द
शरीर बहुत गर्म होना
चक्कर आना
बेहोशी या उल्टी
ऐसी स्थिति में तुरंत पानी पिलाएं, शरीर को ठंडा करें और अस्पताल ले जाएं।

स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत कार्यक्रम आज
जिला को टेली-ईसीजी, अमृत स्टोर सहित श्स्वस्थ नारी : सशक्त परिवार क्लीनिक” की मिलेगी सौगात
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की गरिमामयी उपस्थिति में वर्चुअल माध्यम से करेंगे परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शुभारंभ
जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा रहेंगी मुख्य अतिथि

रेवाड़ी, 28 मई, अभीतक: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 29 मई को पंचकूला से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की गरिमामयी उपस्थिति में “स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान” के अंतर्गत प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्धघाटन और शिलान्यास करेंगे। जिनमें जिला रेवाड़ी को भी टेली-ईसीजी, अमृत स्टोर सहित श्स्वस्थ नारीदृसशक्त परिवार क्लीनिक” की सौगात मिलेगी। डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी कड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस रेवाड़ी में आयोजित होगा, जिसमें राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार और कोसली के विधायक अनिल यादव की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

वीर सावरकर का जीवन राष्ट्रवाद, राष्ट्र सेवा और अदम्य साहस का प्रतीक: राव नरबीर सिंह
वीर सावरकर जयंती पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने रखी अखंड भारतवर्ष द्वार की आधारशिला
रेवाड़ी के वीर सावरकर उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत

रेवाड़ी, 28 मई, अभीतक: हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने वीरवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी और विचारक विनायक दामोदर सावरकर की जयंती (वीर सावरकर जयंती) पर वीर सावरकर उद्यान रेवाड़ी में अखंड भारतवर्ष द्वार का शिलान्यास किया। अखिल भारतीय वीर सावरकर मंच तथा वीर सावरकर उद्यान विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिकरत की। वहीं कार्यक्रम में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव भी विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भी वीर सावरकर उद्यान और अखंड भारतवर्ष गेट के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम में पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों ने मंत्री राव नरबीर सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिवादन किया। हरियाणा के वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने वीर सावरकर को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की आजादी के लिए सेलुलर जेल (काला पानी) की असंख्य यातनाएं झेल कर भी कभी अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके। उनका राष्ट्रवाद के प्रति संकल्प अडिग था, जो आज भी करोड़ों युवाओं में देशभक्ति की लौ जलाता है। उन्होंने कहा कि आज हम अपने वीर शहीदों की बदौलत ही खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें अपने वीर शहीदों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए हमेशा रहना चाहिए। यह अखंड भारतवर्ष द्वार वीर सावरकर की जीवन के संघर्ष से रूबरू करवाते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगा। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वतंत्रता सेनानियों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में हरियाणा भी अग्रणी भूमिका में रहेगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के समान रूप से पूरे प्रदेश में विकास कार्य करवा रही है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा रही है।
प्रदेश में एक जून से लाई जाएगी नई उद्योग नीति
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नई उद्योग नीति 1 जून से लागू की जाएगी। यह उद्योग नीति देश के समस्त राज्यों से सबसे बेहतर उद्योग नीतियों में से एक होगी। इस नीति में उद्योगों की सभी सहूलियत का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है। इसके साथ-साथ गुरुग्राम में भी ग्लोबल सिटी बनाई जाएगी, जिसकी विश्व स्तर पर पहचान होगी। इसके अलावा रेवाड़ी में भी बावल के बाद कोसली क्षेत्र में भी आईएमटी का निर्माण करवाया जाएगा। यह आईएमटी प्रदेश की सबसे बड़ी आईएमटी के रूप में विकसित की जाएगी।
अखंड भारतवर्ष द्वार होगा भव्य, नहीं आने दी जाएगी कोई कमी: विधायक लक्ष्मण सिंह यादव
रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की जयंती पर उनको नमन करते हुए कहा कि वीर सावरकर ने देश की आजादी के लिए कड़ा संघर्ष किया। उन्होंने अपने जीवनकाल में दो बार कारावास की यातनाएं झेल कर हमें आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके संघर्ष के बारे में जानकर आज भी हमारे रोंगटे खड़े हो जाते है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए देशहित में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी में अखंड भारतवर्ष द्वार का भव्य निर्माण करवाया जाएगा। इसके साथ-साथ वीर सावरकर उद्यान में वीर सावरकर के जीवन से प्रेरित करती हुई प्रदर्शनी आदि भी लगाई जाएगी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर वीर सावरकर उद्यान समिति के संरक्षक श्रीनिवास शास्त्री, अध्यक्ष रिपुदमन गुप्ता, महासचिव समाजसेवी अशोक सोमाणी, सुरेश जाजोरिया, डा. रमेश यादव, नरेंद्र चैहान, सुधीर भार्गव व मंच संचालक सत्यवीर नाहडिया, तरुण जैन व शिव कुमार सहित गणमान्यजन मौजूद रहे।

सावधानी रखते हुए गर्मी में धूप और लू से करें बचाव – डीसी
जिला प्रशासन द्वारा बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जारी की गई एडवाइजरी

रेवाड़ी, 28 मई, अभीतक: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन एवं डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि दिनों दिन बढ़ती गर्मी के मौसम में गर्म हवाओं और बढ़े हुए तापमान से लू (हीट वेव) लगने का खतरा बढ़ जाता है, लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें और सावधानी रखते हुए स्वयं जागरूक होकर सरकार की एडवाइजरी की अनुपालना सुनिश्चित करें। डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर गर्मी के मौसम में गर्म हवा और बढ़ते तापमान-लू से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा जनहित में एडवाइजरी जारी की गई है, जिसका सभी पालन करें। उन्होंने बताया कि गर्म लहर की स्थिति में लू के प्रभाव को कम करने तथा लू के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए कुछ उपाय कर सकते हैं। हीटवेव यानी लू की चपेट में आने के कारण शरीर में पानी की कमी, हीट स्ट्रोक, उल्टी, चक्कर आना, बुखार, सिरदर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। कई बार हीट वेव जानलेवा भी साबित हो सकती है। ऐसे में कुछ खास बातों का ध्यान रखना चाहिए। हीट वेव से सुरक्षित रहने के लिए कुछ टिप्स को फॉलो कर अपना व परिवार का बचाव रख सकते है।
हीट वेव से बचने के लिए क्या करें
हीट वेव से बचने के लिए अपने शरीर को हाइड्रेट रखने की कोशिश करें। इसके लिए अधिक से अधिक पानी का सेवन करें। इसके अलावा, आप नारियल पानी, नींबू पानी, ओआरएस और छाछ जैसे प्राकृतिक पेय का सेवन कर सकते हैं। अपने घर को ठंडा रखें, इसके लिए पर्दे, शटर या सनशेड का उपयोग करें और रात में खिड़कियां खुली रखें। घर से बाहर धूप में निकलते समेत चश्मा, टोपी, जूते या चप्पल पहनें और छाते का प्रयोग करें। शरीर को अच्छी तरह कवर करके ही घर से बाहर निकलें। हीटवेव से बचने के लिए सूती, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें। सूती कपड़े आपके शरीर को ठंडा रखने में मददगार साबित होते हैं। ताजे फलों और हरी सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल करें। पशुओं को छाया में रखें और उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी दें। अगर आप ठीक महसूस नहीं कर रहे हैं तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
हीट वेव से बचने के लिए क्या न करें
एडवाइजरी के अनुसार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में न निकलें। शराब, कोल्ड-ड्रिंक्स जैसी कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन न करें। गर्मी के मौसम में जंक फूड का सेवन ना करें। पालतू जानवरों या बच्चों को कभी भी बंद कारों जैसे पार्क किए गए वाहनों में न छोड़ें, नंगे पांव बाहर न जाएं। बहुत गर्मी में तुरंत ठंडे पानी से नहाने से बचें, इससे तबीयत खराब हो सकती है। अगर आप देर तक बाहर रहते हैं, तो इससे आप लू की चपेट में आ सकते हैं, इसलिए इस स्थिति से बचना चाहिए।

इनेलो पार्टी का ऐलान – पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की बेतहाशा बढ़ाई गई कीमतों के विरोध में 1 जून 2026 को पूरे हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर करेगी विरोध प्रदर्शन
पेट्रोलियम और गैस के दाम बढ़ने से मध्यम और गरीब वर्ग परेशान, जीना हुआ दुभर: प्रो. संपत सिंह
केंद्र और राज्य सरकारों ने मिलकर वित्त वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच पेट्रोलियम पर टैक्स और राजस्व से लगभग 75 लाख करोड़ रुपए कमाए, हरियाणा सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर टैक्स के जरिए 1 लाख करोड़ रूपए से ज्यादा कमाए
सरकारी तेल कंपनियों ने 10 लाख करोड़ रुपए और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी निजी कंपनियों ने 9 लाख करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया
हाल ही में आई एक रिपोर्ट में यह खुलासा भी हुआ है कि जनवरी 2026 से लेकर मार्च 2026 तक निजी तेल कंपनियों का कुल लाभ 41 प्रतिशत बढ़ा है

चंडीगढ़, 28 मई, अभीतक: पूर्व मंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने बीजेपी की केंद्र और हरियाणा सरकारों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार जनता की जेब काटने वाली सबसे बड़ी लुटेरी सरकार साबित हुई है। पेट्रोल-डीजल में 7.50 रुपये प्रति लीटर, घरेलू गैस सिलेंडर में 110 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 993 रुपये की मनमानी बढ़ोतरी न सिर्फ लूट है, बल्कि जनता के साथ खुली बर्बरता है। यह बात उन्होंने चंडीगढ़ स्थित इनेलो पार्टी मुख्यालय पर वीरवार को प्रेस वार्ता कर कही। प्रो. संपत सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार ने पेट्रोलियम और गैस को राजनीतिक हथियार बना लिया है। जब चुनाव आते हैं तो कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल होने पर भी दाम नहीं बढ़ाए जाते, वोट लूट लिए जाते हैं। और जैसे ही चुनाव खत्म होते हैं, कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर से नीचे गिर जाने के बावजूद जनता की कमर तोड़ दी जाती है। यह बेहद घटिया और धोखेबाज राजनीति है। बीजेपी की लूट का हिसाब देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने 2014-15 से 2025-26 के बीच पेट्रोलियम पर 75 लाख करोड़ रुपये की भारी लूट की। हरियाणा की बीजेपी सरकार ने अकेले पेट्रोल-डीजल पर 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली की। सरकारी तेल कंपनियों ने 10 लाख करोड़ और रिलायंस जैसी निजी कंपनियों ने 9 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। जनवरी से मार्च 2026 के बीच निजी तेल कंपनियों का मुनाफा 41 प्रतिशत बढ़ गया। प्रो. संपत सिंह ने कहा, बीजेपी ने 2014 में पेट्रोल-डीजल की महंगाई और रुपए के गिरने पर तत्कालीन सरकार पर तीखे हमले किए थे। आज वही बीजेपी पेट्रोल पर 33 रुपये और डीजल पर नौ गुना टैक्स वसूल रही है। यह डबल स्टैंडर्ड और जनता के साथ खुला धोखा है। उन्होंने आगे कहा कि आज मध्यम वर्ग और गरीब परिवार पेट्रोल-डीजल-गैस की आसमान छूती कीमतों के कारण जीने की लड़ाई लड़ रहे हैं। परिवहन महंगा हो गया, खेती-किसानी महंगी हो गई, घरेलू खर्च बढ़ गए, फिर भी बीजेपी और उसकी सरकारी-अर्धसरकारी कंपनियां मुनाफे की लूट में मस्त हैं। प्रो. संपत सिंह ने बीजेपी सरकार को साफ चेतावनी दी कि 31 मई 2026 तक बढ़ी हुई कीमतें वापस न की गईं तो 1 जून 2026 को पूरे हरियाणा में इनेलो का जोरदार और आक्रामक विरोध प्रदर्शन होगा। यह प्रदर्शन इतना तीखा होगा कि बीजेपी सरकार को जनता की गुस्से भरी आवाज सुननी पड़ेगी और इस लूट को वापस लेना पड़ेगा। इनेलो मांग करती है पेट्रोल, डीजल और गैस पर लगाए गए अत्यधिक टैक्स तुरंत कम किए जाएं। निजी और सरकारी कंपनियों की मुनाफाखोरी पर तुरंत रोक लगाई जाए। कच्चे तेल की सस्ती कीमत का फायदा आम जनता, किसान, मजदूर, ट्रांसपोर्टर और मध्यम वर्ग तक पहुंचाया जाए। बीजेपी सरकार जनता विरोधी है, लुटेरी है और मुनाफाखोर है कृ इसे जनता अब बर्दाश्त नहीं करेगी।

हरियाणा सरकार बनाएगी Gig Workers का पूरा डाटा, विशेष अभियान चलाने के निर्देश
महिलाओं की रोजगार भागीदारी बढ़ाने पर फोकस, हर जिले में बनेंगे Working Women Hostel
हरियाणा विजन-2047 के तहत श्रम विभाग का नया रोडमैप तैयार
गिग वर्कर्स को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चलेंगे विशेष शिविर
हरियाणा में 21 हजार से ज्यादा Gig Workersका रजिस्ट्रेशन, बाकी के लिए तेज हुई प्रक्रिया

नई दिल्ली, 28 मई, अभीतक: हरियाणा सरकार राज्य में कार्यरत गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर सभी गिग वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने ये निर्देश हरियाणा विजन-2047 के तहत श्रम विभाग की आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना और रोडमैप की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण और महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों स्तर पर ळपह ॅवतामते के लिए नई योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में कार्यरत सभी गिग वर्कर्स तक पहुंच बनाकर उनका रजिस्ट्रेशन किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित प्लेटफॉर्म कंपनियों से भी संपर्क किया जाए और पात्र कामगारों को सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि रजिस्ट्रेशन अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विभाग विस्तृत कैलेंडर तैयार करे। बैठक में श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 21,777 गिग वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। शेष कामगारों के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से संबंधित प्लेटफॉर्म्स पर कर्मचारियों को भेजकर डाटा एकत्र किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक कामगारों को इस प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के लिए 30 से अधिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग का संरचनात्मक पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले पांच वर्षों के लिए वार्षिक कार्ययोजना, लक्ष्य और समयसीमा का विस्तृत खाका तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रोजगार और अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि और घरेलू क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं के श्रम का अक्सर उचित मूल्यांकन नहीं हो पाता। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कामकाजी महिलाओं के लिए हर जिले में ॅवतापदह ॅवउमद भ्वेजमस बनाए जाएं। साथ ही छोटे बच्चों की देखभाल के लिए ब्तमबीम सुविधाएं भी विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को राष्ट्रीय औसत से ऊपर ले जाना है। इसके अलावा ळतममद श्रवइे में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन, क्मचंतजउमदज व िथ्नजनतम की प्रधान सचिव अमनीत पी कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी व स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू तथा मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

43 साल बाद महिला के हाथ आई हरियाणा भाजपा की कमान
चंडीगढ़, 28 मई, अभीतक: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता को भाजपा हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से पत्र भी जारी कर दिया गया है। डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर महिलाओं सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह है।
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित पूरे संगठन का दिल की गहराईयों से धन्यवाद किया और आभार जताया। नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में भाजपा का संगठन काफी मजबूत है। उन्होंने कहा कि सभी धर्म, सम्प्रदाय, जाति, वर्ग सहित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला सशक्तिकरण पर काम करना मेरी सबसे ज्यादा प्राथमिकता है, ताकि महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में अधिक से अधिक भागीदारी हो सके। नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता 9 सितंबर 2015 को पानीपत जिला महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बनीं। जून 2017 में जिला जनसंपर्क और शिकायत निवारण समिति सदस्य नियुक्त किया गया। उन्होंने 13 अगस्त 2019 को पानीपत जिला अध्यक्ष का दायित्व मिला और वे 5 जनवरी, 2024 तक जिला अध्यक्ष के पद पर रहीं। इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने 5 जनवरी 2024 को डा. अर्चना गुप्ता को संगठन में प्रदेश महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी दी। डा. अर्चना गुप्ता वर्तमान में अग्रवाल संगठन हरियाणा में सचिव, राष्ट्रीय सेविका समिति की सदस्य, भारत विकास परिषद की सदस्य हैं। सक्रिय राजनीति में आने से पहले से ही डा. अर्चना गुप्ता 2014 से विश्व हिंदू परिषद की भारतीय स्वास्थ्य रेखा की हरियाणा उपाध्यक्ष हैं। 2013 से 2014 तक डा. अर्चना गुप्ता ने विश्व हिंदू परिषद की मेडिकल सेल की सह-संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाली है। डा. अर्चना गुप्ता पेशे से गोल्ड मेडलिस्ट डाक्टर हैं। उन्होंने वर्ष 1990 एमबीबीएस, पीजीआईएमएस, 1994 में एमडी, रेडियो डायग्नोसिस (पीजीआईएमएस, रोहतक) से की। वे चिकित्सा सोसाइटी, उत्तर चैप्टर की संस्थापक अध्यक्ष भी हैं। भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) और भारतीय रेडियोलॉजिकल और इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) की आजीवन सरदस्य भी हैं। उन्होंने अपने 31 वर्षों की प्रैक्टिस में 5 लाख से अधिक महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। 20 जनवरी 1968 को जन्मी डा. अर्चना गुप्ता का बचपन देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण की चर्चाओं में बीता। वे अपने दादा स्वतंत्रता सेनानी सूरजभान से काफी प्रभावित रहीं। डा. अर्चना गुप्ता के पिता पुरुषोत्तम दास गुप्ता, बी.ई. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, वर्तमान में समालखा में अपना व्यवसाय चला रहे हैं और उनकी माता जी संतोष गुप्ता, स्नातक, गृहिणी हैं। डा. अर्चना गुप्ता के पति डा. अनिल गुप्ता भी एम.बी.बी.एस. एम.एस. नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। इनके एक बेटी डा. आरुषि गुप्ता और एक बेटा अविरल गुप्ता हैं। डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, संगठन मंत्री सहित भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए दी बधाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लड्डू खिलाकर डा. अर्चना गुप्ता को दी बधाई एवं शुभकामनाएं
डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए डा. अर्चना गुप्ता को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। पानीपत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटियों और मातृशक्ति को आगे बढ़ाने के ंसकल्प को डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बनने से नई मजबूती मिलेगी। संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने डा. अर्चना गुप्ता को लड्डू खिलाकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर डा. अर्चना गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में डा. अर्चना गुप्ता का व्यापक संगठनात्मक अनुभव, समर्पित कार्यशैली एवं मजबूत नेतृत्व क्षमता निश्चित रूप से संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगा। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने डॉ. अर्चना गुप्ता को भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि डा. अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में हरियाणा में भाजपा अंत्योदय एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने डा. अर्चना गुप्ता को सफल एंव यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी। राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के बधाई देते हुए कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन नई ऊचाईयां प्राप्त करें और हरियाण में राष्ट्रवाद एवं जनसेवा की भावना और अधिक मजबूत हो। उन्होंने डा. अर्चना गुप्ता के सफल ऊर्जावान एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की। संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में सगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि डा. अर्चना गुप्त के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन निरंतर प्रगति करते हुए जनविश्वास एवं संगठनात्मक मजबूती के नए आयाम स्थापित करे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सोशल मीडिया पर लिखते हुए कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व, अनुभव एवं संगठनात्मक क्षमता से पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान और संगठन का विस्तार नई गति प्राप्त करेगा। प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया सहित तमाम भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वे पूरी निष्ठा और मेहनत से सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी व संगठन को और अधिक मजबूत करने का काम करेंगी।

विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण बतौर मुख्यतिथि एम डब्ल्यू बी के कार्यक्रम में आज कैशलेश मेडिकल पॉलिसीज देंगे’
मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव तरुण भंडारी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि होंगे’
अमर शहीद लाला जगत नारायण अवार्ड डॉ. मनमोहन सिंह को मिलेगा’
पत्रकारिता रत्न अवॉर्ड के बलजीत सिंह व पत्रकारिता अलंकार अवार्ड महेंद्र गोयल को मिलेगा’
एम डब्ल्यू बी का फैसलारूपुराने सभी आई कार्ड रद्द,स्पीकर कल्याण के हाथों नए कार्डों की लांचिंग व आबंटन होगा’
ए आई की पत्रकारों को ट्रेनिंग की पहल करेगी एम डब्ल्यू बी’
बिना किसी से एक पैसा लिए एक्सिडेंटियल,टर्म व कैशलेश मेडिकल इंश्योरेंस करवा रही है एम डब्ल्यू बी’

चंडीगढ़, 28 मई, अभीतक: शुक्रवार 29 मई को पंचकुला रेड बिशप में आयोजित होने वाला मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन मुफ्त एक्सिडेंटियल पॉलिसी,टर्म पॉलिसी व पहली बार शुरू की जा रहीप मुफ्त कैंसल्ड मेडिकल पॉलिसी आबंटन एक मिल पत्थर साबित होगा। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण बतौर मुख्यतिथि इन पॉलिसीज को आबंटित करेंगे। मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव तरुण भंडारी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि होंगे।पत्रकारिता जगत की दो बड़ी हस्तियां दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।दैनिक उत्तम हिन्दू के प्रधान संपादक श्री इरविन खन्ना विशिष्ट अतिथि होंगे।वेलकम कमेटी के चेयरमैन अजय वीर सहगल समाजसेवी होंगे। इस कार्यक्रम में इस वर्ष का अमर शहीद लाला जगत नारायण अवार्ड डॉ. मनमोहन सिंह को मिलेगा।पत्रकारिता रत्न अवॉर्ड सिरसा के बलजीत सिंह व पत्रकारिता अलंकार अवार्ड हिसार के महेंद्र गोयल को मिलेगा।
एमडब्ल्यूबी के प्रमुख वार्षिक अवार्ड
पत्रकारिता को सम्मानित करने और उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एमडब्ल्यूबी प्रत्येक वर्ष तीन प्रमुख अवार्ड प्रदान करती है:
पंजाब केसरी के संस्थापक अमर शहीद लाला जगत नारायण अवॉर्ड, दिया जाता है।पत्रकारिता रत्न अवॉर्ड दिया जाता है। पत्रकारिता अलंकार अवॉर्ड
वर्ष 2026 से प्रारंभ स्मृति अवार्ड दिया जाता है। संस्था से जुड़े दिवंगत तीन पत्रकार साथियों की स्मृति में वर्ष 2026 से तीन नए स्मृति अवार्ड शुरू किए गए हैं।
स्वर्गीय ज्ञानेंद्र भरतीयता अवॉर्ड
स्वर्गीय ज्योति संग अवॉर्ड
स्वर्गीय रमेश शर्मा अवॉर्ड
ये अवार्ड प्रत्येक वर्ष उनकी स्मृति में प्रदान किए जा रहे हैं।
अवार्ड चयन की पारदर्शी व्यवस्था
एमडब्ल्यूबी ने अवार्ड एवं सम्मान के लिए पत्रकारों के चयन हेतु एक तीन सदस्यीय अवार्ड सिलेक्शन कमेटी गठित की है, जो वरिष्ठ पत्रकार दीपक मिगलानी के नेतृत्व में कार्य कर रही है।
कमेटी पत्रकारों द्वारा भेजे गए आवेदनों पर गहन विचार-विमर्श के बाद अपनी संस्तुति देती है, जिस पर संस्था के अध्यक्ष चन्द्र शेखर धरणी अंतिम स्वीकृति प्रदान करते हैं।
मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन आज पत्रकारों के लिए सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुकी है। यह संस्था निरंतर विस्तार के साथ पत्रकार हितों की लड़ाई को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है और भविष्य में भी पत्रकार कल्याण के लिए अपनी भूमिका मजबूती से निभाती रहेगी।
एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) ट्रेनिंग
इस अवसर पर बदलते तकनीकी दौर में पत्रकारिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से मीडिया वेलबींग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था की ओर से 29 मई को पंचकूला स्थित रेड बिशप में पत्रकारों के लिए एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) ट्रेनिंग कार्यक्रम की लॉन्चिंग की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण के करकमलों द्वारा किया जाएगा।
एम डब्ल्यू बी द्वारा पत्रकारों को एआई की ट्रेनिंग के लिए सेवानिवृत्त खुफिया अधिकारी
डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। मनमोहन सिंह वर्तमान में अध्यक्ष, ऑल इंडिया समाज सेवा केंद्रः पिछले 27 वर्षों से हैं।चेयरमैन, सांझा रेडियोदृ पिछले 15 वर्षों से हैं। यह प्रोड्यूसर-डायरेक्टर, लमेजअमम.पद भी हैं।इन्होंने 35 पुस्तकों के लेखन का कार्य किया है। भारत के पत्रकार संगठनों के इतिहास में मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन एक मात्र ऐसा संगठन बन कर उभरा है। जो पत्रकारों को तीन तरह की निःशुल्क इंश्योरेंस पॉलिसीस पिछले पांच सालों से लगातार उपलब्ध करवा रहा है। मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चन्द्र शेखर धरणी के अनुसार संस्था ने कोरोना काल की समाप्ति के बाद लगभग पांच वर्ष पूर्व पत्रकारों को दस दस लाख रुपए की मुफ्त एक्सीडेंटियल पॉलिसी उपलब्ध करवाई।जो पांच साल से लगातार जारी है।उसके बाद संस्था ने हरियाणा के तत्कालीन गृह मंत्री व वर्तमान ऊर्जा मंत्री अनिल विज व हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री व अब केंद्र में मंत्री मनोहर लाल द्वारा मिले सहयोग से हरियाणा के अधिकांश जिलों में 60 साल से कम आयु के पत्रकारों के लिए मुफ्त दस दस लाख रुपए के टर्म इंश्योरेंस करवाएं। हाल ही में वर्ष 2026.2027 में संस्था ने ऐतिहासिक फैसला करते हुए संस्थापक सदस्यों को 33 -33 लाख रुपए की मुफ्त मेडिकल कैश लेस पॉलिसी बनवाई जिसका लाभ लगभग 150 लोगों को मिलेगा।यही नहीं मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन द्वारा कैंसर,किडनी,हार्ट व अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पत्रकारों व उनके परिवारों के लिए आर्थिक सहायता योजना शुरू की हुई है।जिसके तहत लगभग 35 लाख रुपए की मदद अभी तक अलग अलग लोगों व 52 परिवारों को की जा चुकी है। चन्द्र शेखर धरणी ने बताया कि मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन हरियाणा ही नहीं दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, चंडीगढ़ जैसे राज्यों में प्रांतीय संगठन खड़े कर चुकी है।दिल्ली में संजीव शर्मा,जम्मू कश्मीर में मीर आफताब,हिमाचल प्रदेश में विशाल सूद, पंजाब में सुमित खन्ना, चंडीगढ़ (यू टी) में संजीव महाजन प्रदेशाध्यक्ष हैं। धरणी ने बताया कि संस्था की किसी सदस्य से सदस्यता व इंश्योरेंस के नाम पर एक पैसा भी नहीं लिया जाता।संस्था आई कार्ड बनाने के नाम पर भी किसी से कुछ नहीं लेती। संस्था के महासचिव डॉक्टर सुरेंद्र मेहता ने बताया कि एम डब्ल्यू बी जल्दी 11 सदस्यों के एक सलाहकार बोर्ड का गठन करने जा रही है।जिसमें प्रबुद्ध पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों को शामिल किया जाएगा।इसके लिए वरिष्ठ पत्रकार सुमन भटनागर को संयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। डॉक्टर मेहता ने बताया कि आई टी विंग के संयोजक संजीव शर्मा बनाए गए हैं।जो पांच सदस्यों की टीम गठित करेंगे।तथा सक्रियता बढ़ाएंगे। मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन रजिस्टर्ड ने फैसला लिया है कि पुराने जारी सभी आई कार्ड रद्द किये जाते है,29 मई को संस्था के सदस्यों को न्यू आई कार्ड जारी होंगे। पेंशनधारी पत्रकार की मृत्यु की स्थिति में उनकी पत्नी अथवा आश्रित परिवारजनों को पारिवारिक पेंशन प्रदान करने का प्रावधान सरकारी कर्मचारियों की भांति लागू करने की मांग है। इससे परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी व पत्रकार का समर्पण व्यर्थ न जाए। एमडब्ल्यूबीए ने कहा कि यह कदम पत्रकार बिरादरी के सम्मान को बढ़ाएगा।सरकारी बसों में पत्रकारों के लिए सीटें आरक्षित करने व निजी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा परिवहन विभाग की सभी श्रेणियों की बसोंकृडीलक्स, वीडियो कोच, एसी आदिकृमें पत्रकारों के लिए न्यूनतम दो सीटें आरक्षित करने व निजी बसों में पुलिस कर्मचारियों की तर्ज पर निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने की अपील की गई है। ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को खबरों की कवरेज हेतु यह सुविधा क्रांतिकारी सिद्ध होगी, जो उनकी गतिशीलता व कार्यक्षमता को बढ़ाएगी।
एमडब्ल्यूबीए के मुख्यालय हेतु आवासीय सुविधा एवं शिक्षा-रोजगार में आरक्षण मिले
पंचकूला में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के मुख्यालय हेतु रियायती दरों पर सरकारी भूखंड आवंटित करने की मांग है। इससे संगठन पत्रकार कल्याण के लिए और सक्रिय भूमिका निभा सकेगा। पत्रकारों के लिए विशेष आवासीय योजनाएं प्रारंभ करने अथवा रियायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने की अपील की गई है, जो आर्थिक बोझ को कम करेगा।पत्रकारों के बच्चों को विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सरकारी नौकरियों में 3ः आरक्षण प्रदान करने की महत्वपूर्ण मांग भी शामिल है। इससे भावी पीढ़ी सशक्त बनेगी व पत्रकारिता पेशे का सामाजिक सम्मान बढ़ेगा। चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि एमडब्ल्यूबीए ने कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट जैसे मामलों में पहले ही मदद की है। नायब सिंह सैनी सरकार से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा है, जो हरियाणा पत्रकारिता को नई दिशा देगी। पत्रकार समुदाय इन सुधारों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। पत्रकारों की लगातार समय समय पर आर्थिक सहायता करती है संस्था संस्था द्वारा समय समय पर हरियाणा के पत्रकारों व इनके परिवारों को आवश्यकता अनुसार आर्थिक मदद भी की जाती है।हरियाणा व चंडीगढ़ के तीन दर्जन से अधिक पत्रकारों को चार वर्ष में तीस लाख रुपए से अधिक की मदद की गई है।पत्रकारों या इनके परिवारों को आर्थिक मदद किसी भी बीमारी,आपात स्थिति में की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *